हरिद्वार प्रशासन के मार्गदर्शन एवं सहयोग से सेवानिवृत्त पुलिस-परिवारजन कल्याण जनसमिति एवं शिव शक्ति वेलनेस फाउंडेशन सोसाइटी द्वारा संयुक्त रूप से गंगा स्वच्छता अभियान आयोजित
हरिद्वार:
हरिद्वार प्रशासन के मार्गदर्शन एवं सहयोग से डॉ. ललित नारायण मिश्र जी, मुख्य विकास अधिकारी (CDO), हरिद्वार, सुश्री मीरा रावत जी, जिला मलेरिया अधिकारी (DMO), हरिद्वार तथा डॉ. पवन कार्की जी, प्रभारी नगर निगम, हरिद्वार के सहयोग एवं प्रेरणा से आज दिनांक 02 नवंबर 2026 को प्रातः 08:00 बजे से 11:30 बजे तक माँ गंगा की अविरल धारा एवं गंगा घाटों की स्वच्छता तथा निर्मलता के संकल्प के साथ हरकी पौड़ी से नीचे धोबी घाट स्थित विभिन्न घाट क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।
इस पुनीत अभियान का आयोजन सेवानिवृत्त पुलिस-परिवारजन कल्याण जनसमिति, जनपद हरिद्वार द्वारा किया गया, जिसमें शिव शक्ति वेलनेस फाउंडेशन सोसाइटी, हरिद्वार के पदाधिकारियों एवं सक्रिय सदस्यों ने संयुक्त रूप से सहभागिता करते हुए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अभियान के दौरान गंगा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में फैले कूड़े-कचरे को एकत्रित कर सफाई की गई तथा घाटों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का प्रयास किया गया। सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने अपने सेवाकाल के दौरान विकसित अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, टीम भावना एवं सेवा के संकल्प को बरकरार रखते हुए इस अभियान को धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी सेवा के रूप में संपन्न किया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पुलिस-परिवारजन कल्याण जनसमिति की ओर से समिति के सचिव श्री चेतन बहुगुणा, संरक्षक श्री जे.पी. जुयाल, उपाध्यक्ष श्री सोहन लाल जुयाल, कोषाध्यक्ष श्री जयकृत भंडारी, श्री सुरेश कुमार, श्री सत्यप्रकाश एवं समिति के अन्य कर्मठ सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
वहीं शिव शक्ति वेलनेस फाउंडेशन सोसाइटी की ओर से अध्यक्षा श्रीमती शिप्रा गुप्ता, उपाध्यक्ष श्री भूपेश चंद्र पांडेय, सह सचिव श्री जितेंद्र परमार, वरिष्ठ प्रवक्ता एवं सेवानिवृत्त श्रीमती रेणुका श्रीवास्तव, वरिष्ठ प्रबंधक श्री विनय श्रीवास्तव (पीएनबी बैंक, रानीपुर, बीएचईएल, हरिद्वार), श्रीमती नीतू धीमान, श्रीमती अनिता कर्णवाल, श्रीमती मनीषा गुप्ता, श्री मनोज सैनी, श्री आलोक सहित अन्य सक्रिय सदस्यों ने पूरे उत्साह, निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपनी सेवाएँ प्रदान कीं।
दोनों संस्थाओं के सदस्यों ने सामूहिक सहभागिता एवं आपसी समन्वय के माध्यम से यह संदेश दिया कि माँ गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता केवल प्रशासन या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों को निरंतर जारी रखने तथा समाज में स्वच्छता, जागरूकता एवं सेवा भावना को प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया।
दोनों संस्थाओं ने इस पुनीत अभियान में मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं सहयोग प्रदान करने वाले हरिद्वार प्रशासन, नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
माँ गंगा की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के प्रति दोनों संस्थाओं का यह संयुक्त प्रयास निश्चित रूप से समाज के लिए प्रेरणादायी है।