Halloween party ideas 2015

                                                                                                                                                                     ऋषिकेश;



                                                     हरेला पर्व के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश में रोटरी क्लब व इनर व्हील क्लब के संयुक्त तत्वावधान में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत, संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर रवि कांत के साथ ही क्लब के पदाधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। एम्स निदेशक प्रो. रवि कांत ने बताया कि सामाजिक संस्थाओं द्वारा पर्यावरण संवर्धन के लिए रोपे गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी संस्थान के एमबीबीएस के विद्यार्थी उठाएंगे। इस दौरान नीम, अमरूद, अमलतास, आंवला, साल आदि प्रजातियों के 85 पौधे रोपे गए।  इस अवसर पर क्लब की ओर से वन मंत्री ने निदेशक प्रो.रवि कांत को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।                                                                                                                                                                                                बृहस्पतिवार को हरेला पर्व पर एम्स संस्थान में रोटरी क्लब व इनर व्हील क्लब की ओर से पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सूबे के वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने ऋषिकेश एम्स की प्रगति को काविलेगाैर बताया, उन्होंने कहा कि सभी नए एम्स संस्थानों में ऋषिकेश एम्स सबसे तेजी से विकास कर रहा है, साथ ही संस्थान ने निदेशक पद्मश्री प्रो. रवि कांत की अगुवाई में आम जनमानस में कम खर्च व उच्च गुणवत्ता के साथ बेहतर उपचार के लिए तेजी से विश्वास जगाया है। उन्होंने एम्स में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तारीकरण में निदेशक पद्मश्री प्रो. रवि कांत के प्रयासों की सराहना भी की। वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार के स्तर पर एम्स के विस्तारीकरण के लिए अवशेष भूमि जल्द से जल्द दिलाई जाएगी। इस दौरान उन्होंने रोटरी क्लब व इनर व्हील क्लब द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाए जा रहे पौधरोपण अभियान को सराहा और लोगों से परिवार में किसी बच्चे के जन्म, विवाह समारोह, शादी की सालगिरह के साथ ही दिवंगत प्रियजनों की स्मृति में पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण को मुहिम बनाने का आह्वान भी किया।

 कार्यक्रम में एम्स निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर रवि कांत ने कहा कि वर्तमान दौर डेवलपमेंट के लिए इन्वायरमेंट के द्वंद्व का दौर है, लिहाजा ऐसी स्थिति में विकास के लिए काटे जाने वाले पेड़ों के बदले में दस गुना पेड़ लगाए जाने चाहिंए, तभी प्रकृति व पर्यावरण का संरक्षण हो सकता है। निदेशक प्रो. रवि कांत ने बताया कि एम्स में बीते दो वर्षों में हर तरह की कैंसर सर्जरी, ब्रेन सर्जरी, हार्ट सर्जरी, किडनी डाइलिसिस आदि महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने बताया कि एम्स का ट्रॉमा केयर सेंटर एक माह में सुचारूरूप से कार्य करने लगेगा। निदेशक एम्स पद्मश्री प्रो. रवि कांत ने बताया ​कि मरीजों को अगले तीन माह में संस्थान में किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा व इसके बाद लीवर ट्रांसप्लांट की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। निदेशक ने बताया कि एम्स संस्थान मेडिकल की पढ़ाई व स्वास्थ्य सेवा के साथ ही समाजसेवा व अनुसंधान के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। इस अवसर पर डिप्टी डायरेक्टर( प्रशासन) अंशुमन गुप्ता, एमएस डा. ब्रह्मप्रकाश, डीन प्रो. सुरेखा किशोर, प्रो. बीना रवि, प्रोफेसर मनोज गुप्ता, कार्यक्रम समन्वयक प्रो. ब्रिजेंद्र सिह, रोटरी क्लब अध्यक्ष जितेंद्र बर्तवाल,सचिव डा. रवि कौशल, इनर व्हील अध्यक्ष मीनू डंग, सचिव आरती अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, डीन नर्सिंग प्रो. सुरेश के. शर्मा, डा. सोमप्रकाश बासू,डा. किम जैकब मेमन,डा. श्रीपर्णा बासू,एसई सुलेमान अहमद,डा. अनुभा अग्रवाल, डा. प्रेरणा बब्बर, डा. हरिओम प्रसाद, डा. ऋतु प्रसाद,बलवंत डंग, मनाेज वर्मा, नितिन गुप्ता, नवीन अग्रवाल, चेतन शर्मा आदि मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.