Halloween party ideas 2015

 

 *मुख्यमंत्री ने छात्रसंघ चुनाव में जीत पर दी बधाई एवं शुभकामनाएं* 

 *युवा प्रत्येक क्षेत्र में स्वयं को अपडेट रखें और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहें : मुख्यमंत्री* 

 *व्यक्तिगत विकास के साथ संगठन और समाज के सशक्तिकरण में भी योगदान दें युवा


ABVP meet CM Dhami



मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हाल ही में संपन्न छात्रसंघ चुनाव में विजयी हुए सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में प्राप्त दायित्व युवाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ ही नेतृत्व क्षमता को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।



मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के महत्व और उसकी संगठनात्मक भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद लंबे समय से छात्रहितों के साथ-साथ राष्ट्रहित, सामाजिक सरोकारों और युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण के लिए कार्य करती रही है। संगठन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी, राष्ट्र के प्रति समर्पण और समाज के प्रति संवेदनशीलता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से संगठन की मूल भावना और उद्देश्यों के अनुरूप छात्र-छात्राओं के हितों के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।



मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन, समर्पण और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता से सुनिश्चित होती है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की तथा छात्र-छात्राओं से निरंतर संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को समझते हुए सकारात्मक भूमिका निभाने की बात कही।



मुख्यमंत्री श्री धामी ने युवाओं से ‘फ्यूचर रेडी’ बनने का आह्वान करते हुए कहा कि आज का समय तेजी से बदल रहा है। तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल माध्यमों, रोजगार के नए अवसरों और वैश्विक स्तर पर हो रहे बदलावों के बीच युवाओं के लिए स्वयं को निरंतर अपडेट रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवा केवल अपने विषय या अध्ययन के क्षेत्र तक सीमित न रहें, बल्कि देश-दुनिया में हो रहे बदलावों, नई तकनीकों, सामाजिक विषयों और रोजगार की बदलती संभावनाओं की जानकारी भी रखें।


उन्होंने कहा कि “युवा जितना अधिक स्वयं को अपडेट रखेंगे, उतना ही उनका व्यक्तिगत विकास होगा और उनकी क्षमताओं का लाभ संगठन तथा समाज को भी मिलेगा।” मुख्यमंत्री ने युवाओं को निरंतर सीखने, नई चीजों को समझने और अपने ज्ञान एवं कौशल को समय के साथ विकसित करने के लिए प्रेरित किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र जीवन केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नेतृत्व, संवाद, अनुशासन, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी सीखने का भी महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक जीवन के साथ-साथ रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।


मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा की कि वे छात्र-छात्राओं के हितों के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे और अपने व्यवहार एवं कार्यों से अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सकारात्मक सोच राज्य एवं देश के विकास की महत्वपूर्ण शक्ति है।



इस अवसर पर एबीवीपी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए छात्रहितों से जुड़े विषयों तथा आगामी कार्ययोजनाओं के संबंध में भी चर्चा की।


7 अक्टूबर को डोईवाला में निकलेगा ‘वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च’



डोईवाला में परवादून जिला कांग्रेस द्वारा आयोजित बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठी


डोईवाला, 3 अक्टूबर 2026



भारत निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची में बदलाव और SIR प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों के बीच परवादून जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आज काईट रेस्टोरेंट, डोईवाला में INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।


बैठक में तय किया गया कि 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


इसी क्रम में 7 अक्टूबर को डोईवाला में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च’ निकाला जाएगा, जो डोईवाला उपजिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचेगा।


बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, मतदाता सूचियों में बदलाव की पूरी जानकारी सार्वजनिक करने, मतदाता सूची से नाम हटाए जाने पर संबंधित मतदाता को सूचना एवं अपील का अवसर देने, SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा चुनावी प्रक्रिया की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया।


कांग्रेस कार्यसमिति ने भी 29 सितंबर को CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे/हटाने तथा SIR से संबंधित पारदर्शिता एवं जांच की मांग उठाई थी।


सुरेंद्र शर्मा, सहप्रभारी उत्तराखंड कांग्रेस ने कहा कि,

“मतदाता का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है। मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब मिलना चाहिए। 7 अक्टूबर का मार्च लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की आवाज को मजबूत करेगा।”


मोहित उनियाल, जिलाध्यक्ष परवादून कांग्रेस ने कहा कि,

“वोट किसी दल की संपत्ति नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अपारदर्शिता लोकतंत्र के लिए गंभीर विषय है। परवादून में INDIA गठबंधन के साथ मिलकर ‘वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च’ के माध्यम से जनता की आवाज उठाई जाएगी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को प्रमुखता से रखा जाएगा। प्रत्येक बूथ स्तर पर कार्यक्रम की तैयारी को लेकर बैठक आयोजित की जाएगी।


राजेंद्र भंडारी, संगठन महासचिव उत्तराखंड कांग्रेस ने कहा कि,

“हर पात्र नागरिक का वोट सुरक्षित रहना चाहिए। मतदाता सूची में किसी भी बदलाव की जानकारी सार्वजनिक हो और नागरिकों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिले। 7 अक्टूबर का मार्च इसी मांग को मजबूती से उठाएगा।”


सीपीआईएम से जाहिद अंजुम एवं सपा से फुरकान कुरैशी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव प्रक्रिया पर जनता का भरोसा सर्वोपरि है। मतदाता सूची और SIR से जुड़े सवालों का स्पष्ट जवाब और पूरी पारदर्शिता आवश्यक है। INDIA गठबंधन लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए संयुक्त संघर्ष करेगा।


बैठक में उपस्थित रहे:


उत्तराखंड देहरादून जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर, सीपीआईएम से जाहिद अंजुम, सपा से फुरकान कुरैशी, अनुराग कुकरेती, बलबीर सिंह (किसान सभा), गौरव चौधरी, जयेंद्र रमोला, नीरज त्यागी, अश्विनी बहुगुणा, सागर मनवाल, हेमा पुरोहित (सेवादल प्रदेश अध्यक्ष), तजिंदर सिंह ताज, इंद्रजीत सिंह, डोईवाला नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी, ऋषिकेश महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, डोईवाला ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रमोद कप्रवान शास्त्री, श्यामपुर ब्लॉक अध्यक्ष विजय पाल पंवार, रायवाला ब्लॉक अध्यक्ष गोकुल रमोला, रेखा कांडपाल सती, अफसाना अंसारी, हरभजन सिंह, सरजीत सिंह, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव भारती, कांग्रेस एससी विभाग जिलाध्यक्ष मुकेश प्रसाद, पंचायत संगठन जिलाध्यक्ष राहुल खरोला, कांग्रेस पूर्व सैनिक संगठन जिलाध्यक्ष महेश कुकरेती, सेवादल जिलाध्यक्ष सुनील बर्मन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं INDIA गठबंधन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बांद्रा से चलकर हरिद्वार सराय रोहिल्ला स्टेशन तक जाने वाली बांद्रा दिल्ली एक्सप्रेस  ट्रैन 12215/ 22216 गरीब रथ को अब उत्तराखंड में हरिद्वार तक आने के लिए एक्सटेंशन मिल गई है या तेरे को सुविधा होगी बांद्रा से आने वाले यात्रियों को उत्तराखंड यह एक्सप्रेस यात्रियों को सुविधा प्रदान करेगी।

garib rath express train bandra to haridwat


 दिनेश आर्य को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर प्रदेश अध्यक्ष ने दी बधाई, केंद्र का जताया आभार

कांग्रेस के पास झूठी जातिवादी राजनीति पर प्रायश्चित का अंतिम अवसर, आर्य को दे समर्थन : 


देहरादून 4 अक्टूबर

dinesh arya rajyasabha candidate


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने श्री दिनेश आर्य को उत्तराखंड से राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किए जाने पर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने श्री आर्य को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस निर्णय से पुनः साबित हुआ कि भाजपा निष्ठावान, समर्पित कार्यकर्ता तथा अंत्योदय वर्ग के उत्थान के प्रति पूर्णतया प्रतिबद्ध है। उन्होंने जीत का दावा करते हुए आग्रह किया कि अपनी झूठी जातिवादी राजनीति के प्रायश्चित के लिए कांग्रेस को भी भाजपा उम्मीदवार का समर्थन करना चाहिए। 


प्रदेश अध्यक्ष ने अपने बधाई संदेश में कहा कि शीर्ष नेतृत्व का यह निर्णय पार्टी के निष्ठावान, समर्पित एवं सामान्य कार्यकर्ता तथा समाज के अंतिम छोर पर खड़े अंत्योदय वर्ग को सम्मान के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। भाजपा ही एक ऐसी लोकतांत्रिक पार्टी है जहाँ एक साधारण एवं जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ता के समर्पण और निष्ठा का सदैव मूल्यांकन एवं सम्मान किया जाता है। पार्टी की ओर से लिए गए निर्णय विपक्ष को चौंकाने वाला हो, लेकिन भाजपा मूल कार्यकर्ताओं को लेकर कितनी संजीदा है यह पहले भी कई बार साबित हुआ है। 

उन्होंने कहा कि श्री दिनेश आर्य ने कर्मठ, संघर्षशील, सक्रिय कार्यकर्ता रहते हुए पार्टी के विभिन्न पदों पर अपने दायित्वों का शानदार तरीके से निर्वहन किया है। एक जनप्रतिनिधि के नाते भी वे अपने जनसुलभ, विनम्र, संवेदनशील और समर्पित जनप्रतिनिधि रूप में पहचाने जाते हैं। 


श्री भट्ट ने कहा कि श्री दिनेश आर्य के लंबे सार्वजनिक जीवन और सांगठनिक अनुभव का लाभ प्रदेशवासियों को राज्यसभा सांसद के रूप में मिलेगा। वे राज्यसभा में जीतकर राज्य के समग्र विकास, क्षेत्रीय मुद्दों और जन-कल्याण की प्राथमिकताओं को संसद के उच्च सदन में पुरजोर तरीके से उठाएंगे।


प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड में भाजपा उम्मीदवार की राज्यसभा चुनाव में जीत पूरी तरह सुनिश्चित है। राज्य की देवतुल्य जनता का प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और धामी सरकार की विकासपरक नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर अटूट विश्वास है। और उसी क्रम में जनता ने अपना भरपूर आशीर्वाद विधानभा में दो तिहाई बहुमत के रूप में हमें दिया हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 6 अक्टूबर को श्री आर्य के नामांकन के साथ राज्यसभा चुनाव में कमल का खिलना निश्चित है। क्योंकि संख्या बल और नैतिक मानकों के धरातल पर विपक्ष की चुनौती, कहीं से भी गंभीर नहीं नजर आती है। इसलिए कांग्रेस को सुझाव दिया कि कल तक दलित अपमान का झूठ फैलाने वालों को अब श्री आर्य का समर्थन कर अपने पापों का प्रायश्चित करना चाहिए। साथ ही उम्मीद जताई कि बेहतर हो कि विपक्ष सकारात्मक रवैया अख्तियार करते हुए स्वास्थ्य लोकतान्त्रिक प्रक्रिया और जनता की ईच्छा के साथ खड़ा हो।



 *खटीमा एकलव्य विद्यालय के लिए 10 करोड़ रुपये की घोषणा : जुएल ओराम* 

jjanjatiy mahotsav uttarakhand


केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल ओराम ने जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल को याद किया और जनजातीय समाज के विकास के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उ


न्होंने कहा कि वर्ष 1999 में श्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्री बनने के बाद जनजातीय मामलों के लिए पृथक मंत्रालय का गठन किया गया। इसका उद्देश्य थारू, बोक्सा, जौनसारी सहित विभिन्न जनजातीय समुदायों के सर्वांगीण विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना था। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन वर्ष 1999 में हुआ था।


केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों के साझा प्रयासों से खटीमा में एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल का निर्माण संभव हुआ है। उन्होंने घोषणा की कि खटीमा स्थित एकलव्य विद्यालय के विस्तार एवं सुविधाओं के लिए भारत सरकार लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च करेगी।


उन्होंने बताया कि लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हॉस्टल का टेंडर पूरा हो चुका है और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। विद्यालय में 240 बालकों और 240 बालिकाओं सहित कुल 480 विद्यार्थियों के अध्ययन की क्षमता होगी। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की निर्धारित क्षमता भी 480 विद्यार्थियों की है।


केंद्रीय मंत्री ने खटीमा के एकलव्य विद्यालय के शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के अन्य स्थानों, जिनमें बाजपुर, चकराता तथा देहरादून का कालसी क्षेत्र शामिल हैं, में भी ऐसे विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।


श्री जुएल ओराम ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार जनजातीय समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र की जनजातीय समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।


 *जनजातीय संस्कृति और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व की सराहना : किरेन रिजिजू* 


केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री श्री किरेन रिजिजू ने उत्तराखंड की जनजातीय विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी सहित विभिन्न जनजातीय समुदाय निवास करते हैं, जिनकी विशिष्ट संस्कृति और परंपराएं राज्य की पहचान को समृद्ध बनाती हैं।


उन्होंने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली का उल्लेख करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदाओं, सुरंग दुर्घटनाओं, भूस्खलन और अन्य विपरीत परिस्थितियों के दौरान उन्होंने विभिन्न चुनौतियों का सामना किया है। उन्होंने कहा कि ऐसा जनसेवक सदियों में मिलता है।


श्री रिजिजू ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में जनजातीय समाज के कल्याण और उनकी पहचान को नई प्राथमिकता मिली है। स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के योगदान को सम्मान देते हुए भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई। उन्होंने कहा कि पीएम-जनमन जैसी योजनाओं के माध्यम से विकास की पहुंच दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


केंद्रीय मंत्री ने उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और मिजोरम सहित विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय प्रतिनिधियों एवं कलाकारों का अभिनंदन किया। उन्होंने सभी समुदायों से अपनी सांस्कृतिक विरासत, पहचान और परंपराओं को संरक्षित रखने का आह्वान करते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनजातीय समाज की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।


 *विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने प्रस्तुत कीं सांस्कृतिक झलकियां* 


उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मिजोरम और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय कलाकारों ने अपनी-अपनी लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य, संगीत एवं कला की प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा और लोक प्रस्तुतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहीं।


कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास ने उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में पधारे सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए आयोजन के लिए सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, कलाकारों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।




कार्यक्रम में सांसद श्री अजय भट्ट, सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, श्री सुबोध उनियाल, श्री प्रदीप बत्रा, श्री खजान दास, श्री राम सिंह कैड़ा, श्री भरत सिंह चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अजय मौर्य, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष श्री मुकेश कुमार, विधायक श्रीमती सरिता आर्या, दर्जा राज्यमंत्री श्री गीता राम गौड़, श्री रणजीत सिंह नामधारी, श्री विनय रुहेला, श्रीमती मोहनी पोखरिया, श्री गम्भीर सिंह धामी, श्रीमती फरजाना बेगम, श्री किशन सिंह किन्ना, श्री उत्तम दत्ता, श्रीमती लीलावती राणा, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सरिता राणा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रमेश चंद्र जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री कमल जिंदल सहित जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति एवं अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

 

रानीमाजरा में हजारों लोगों ने भरी हुंकार, आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा और कथित दुरुपयोग पर रोक की उठी मांग


पथरी (हरिद्वार):

UGC Roll back haridwar village pepple, CM dhami


लक्सर रोड स्थित ग्राम रानीमाजरा के रुबराज वेंकट हॉल में रविवार को सामान्य वर्ग एकता मंच के आह्वान पर यूजीसी रोलबैक एवं रिजर्वेशन रिफॉर्म की मांग को लेकर विशाल जनसभा आयोजित की गई। जनसभा में हरिद्वार के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के साथ ही आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। 


उत्तर प्रदेश के शामली से पहुंचे ठाकुर पूरण सिंह चौहान ने कहा कि यूजीसी तथा एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग को लेकर सामान्य वर्ग में जागरूकता बढ़ी है। किसी भी कानून का उद्देश्य न्याय और सुरक्षा देना होना चाहिए, किसी वर्ग में भय अथवा असमानता की भावना उत्पन्न करना नहीं। उन्होंने सामान्य वर्ग से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने और लोकतांत्रिक माध्यमों से अपनी राजनीतिक शक्ति का उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए केवल सरकारों की ओर देखने के बजाय लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भूमिका को समझना होगा। आगामी चुनावों में राजनीतिक दलों से सवाल पूछने और अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की दिशा में समाज को गंभीरता से विचार करना चाहिए।


सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल मिश्र ने आरक्षण व्यवस्था के कानूनी एवं सामाजिक प्रभावों पर चर्चा करते हुए कहा कि आजादी के बाद कई दशकों में आरक्षण व्यवस्था का व्यापक क्रियान्वयन हुआ है। अब आवश्यकता है कि इसके परिणामों और इससे उत्पन्न विसंगतियों का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी नौकरियों में सामान्य वर्ग के युवाओं के बीच अवसरों को लेकर असंतोष है। सरकार को ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए जिसमें प्रतिभा, आर्थिक स्थिति और वास्तविक वंचना जैसे पहलुओं पर भी गंभीरता से विचार हो। उन्होंने कहा कि संविधान में विश्वास रखते हुए समाज को अपने अधिकारों के लिए संगठित और संवैधानिक तरीके से आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने उपस्थित लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतंत्र में सत्ता जनता द्वारा बनाई जाती है और जनता ही उसे बदलने की शक्ति रखती है। इसलिए समाज को अपने मत की शक्ति को पहचानना होगा।


पंडित पदमप्रकाश शर्मा, अध्यक्ष ब्राह्मण महासभा उत्तराखण्ड ने कहा कि आरक्षण सहित सामाजिक नीतियों पर समय के साथ पुनर्विचार और स्वस्थ बहस लोकतंत्र की स्वाभाविक प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता किसी एक वर्ग के हित से ही नहीं वरन सभी वर्गों के न्यायपूर्ण सम्मान से मजबूत होती है। उन्होंने समाज से शांतिपूर्ण, संवैधानिक और तथ्याधारित तरीके से अपनी मांगों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम अध्यक्ष बलवंत सिंह चौहान ने कहा कि सामान्य वर्ग की समस्याओं को लंबे समय से अलग-अलग मंचों पर उठाया जाता रहा है, लेकिन अब आवश्यकता है कि इन विषयों पर संगठित और तथ्याधारित विमर्श हो। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता तभी मजबूत होगी जब प्रत्येक वर्ग को न्याय और समान अवसर का विश्वास हो।

जनसभा में आरक्षण व्यवस्था की वर्तमान संरचना, यूजीसी से जुड़े प्रावधानों तथा एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग को लेकर सरकार से पुनर्विचार और आवश्यक सुधार की मांग की। जनसभा में केवल आरक्षण व्यवस्था ही नहीं अपितु समान अवसर, प्रतियोगी परीक्षाओं में निष्पक्षता, कानूनों के दुरुपयोग की रोकथाम और सामान्य वर्ग के युवाओं के अधिकार जैसे विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। जनसभा में वक्ताओं ने आव्हान किया कि सामाजिक न्याय के नाम पर बनाई गई किसी भी व्यवस्था का मूल्यांकन समय-समय पर उसके वास्तविक प्रभाव के आधार पर होना चाहिए।


जनसभा में मांगेराम त्यागी, राष्ट्रीय अध्यक्ष त्यागी एवं ब्राह्मण समाज मुजफ्फरनगर, ठाकुर जयपाल सिंह चौहान, राष्ट्रीय अध्यक्ष क्षत्रिय कल्याण महासभा, अधीर कौशिक, अध्यक्ष श्री अखंड परशुराम अखाड़ा हरिद्वार, सुनील कुमार अग्रवाल, पार्षद हरिद्वार,  राजू ओबराय, प्रदेश उपाध्यक्ष पंजाबी समाज उत्तराखण्ड, उत्तम सिंह चौहान, वरिष्ठ अधिवक्ता हरिद्वार तथा नरेंद्र सिंह चौहान, वरिष्ठ अधिवक्ता हरिद्वार सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। जनसभा के पश्चात विशाल जनसमुदाय पैदल चलकर महान क्षत्रिय सम्राट महाराणा प्रताप चौक धारीवाला पहुंचा जहां उपजिलाधिकारी लक्सर को अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा।


जनसभा में पहुंचे अतिथियों एवं विभिन्न जनपदों से आए सामाजिक प्रतिनिधियों का स्थानीय ग्रामीणों और आयोजन समिति ने ढोल-नगाड़ों तथा फूलमालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर समाज की एकजुटता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश देने वाले नारे भी गूंजते रहे। कार्यक्रम के आयोजन में ठाकुर अर्जुन सिंह चौहान, धर्मेंद्र चौहान, अतुल चौहान, शिवकुमार चौहान, ठाकुर अक्षय चौहान, पीयूष चौहान, नाथीराम चौहान, त्रिलोक चौहान, सौरभ चौहान, सचिन चौहान, अभिषेक चौहान, पंकज प्रधान, तरुण चौहान, विशाल चौहान, शिवम चौहान, रविन्द्र शर्मा तथा नितिन चौहान सहित आयोजन समिति के सदस्यों एवं स्थानीय ग्रामीणों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।




जौनपुर;

rohit yadav bronze medalist


राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव ने ग्राम डभिया अदारी पहुंचकर एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतकर देश, प्रदेश और जौनपुर का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ी रोहित यादव से मुलाकात की। उन्होंने रोहित यादव को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


राज्यमंत्री ने रोहित यादव के आवास पर पहुंचकर उनके माता-पिता से भी मुलाकात की और उन्हें बेटे की उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि रोहित यादव ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। उनकी यह सफलता जौनपुर के साथ-साथ पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व की बात है।


गिरीश चंद्र यादव ने कहा, “रोहित यादव की उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, समर्पण और प्रतिभा का परिणाम है। उन्होंने एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतकर यह साबित किया है कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की पूरी क्षमता है। उनकी सफलता जिले के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।”


उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि प्रदेश के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।


राज्यमंत्री ने रोहित यादव से भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इसी तरह मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ते रहें और देश के लिए और पदक जीतकर जौनपुर का नाम रोशन करें। इस दौरान परिजनों और स्थानीय लोगों ने भी रोहित की उपलब्धि पर खुशी जताई।

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.