Halloween party ideas 2015

 

देहरादून:


भारत निर्वाचन आयोग को भंग किये जाने एवं मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार सहित दोनों निर्वाचन आयुक्तों को तत्काल पद से हटाये जाने तथा उनके द्वारा पूर्व में लिए गये फैसलों को निरस्त किये जाने की मांग को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल के नेतृत्व मे प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष श्री यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, सीडब्लूसी सदस्य करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापडी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, अनुशासन समिति अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी सहित पार्टी विधायकों एवं वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में विशाल प्रदर्शन के साथ सचिवालय स्थित निर्वाचन कार्यालय का घेराव किया गया तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्रवान पर देशभर में आयोजित कार्यक्रमों के तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से सचिवालय तक नारेबाजी करते हुए मार्च निकाला तथा सचिवालय स्थित निर्वाचन कार्यालय का घेराव किया।

महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी सदर को सौंपते हुए प्रदेश कांग्रेस ने मांग की कि भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार एवं दोनों निर्वाचन आयुक्तों को तत्काल पद से हटाते हुए गिरफतार किया जाय तथा उनके द्वारा पूर्व में लिए गये फैसलों को निरस्त करने के साथ ही उनके स्थान पर नये मुख्य निर्वाचन आयुक्त एवं निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति की जाय।

कांग्रेस पार्टी ने कहा कि भारत का निर्वाचन आयोग देश के लोकतांत्रिक व्यवस्था का एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवैधानिक संस्थान है। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराना निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। देश के करोड़ों मतदाताओं का विश्वास निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता एवं संवैधानिक प्रतिबद्धता पर टिका हुआ है।

 उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी का स्पष्ट मत है कि हाल के दिनों में निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण तथा चुनावी पारदर्शिता से जुड़े अनेक गंभीर प्रश्न सामने आए हैं। विशेष रूप से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने तथा आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों एवं आम मतदाताओं के बीच चिंता उत्पन्न हुई है। एसआइआर प्रक्रिया में किये जा रहे भेदभाव पर विपक्षी दलों की शिकायतों का निर्वाचन आयोग द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। ऐसी परिस्थितियों में निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और सभी राजनीतिक दलों के प्रति समान व्यवहार अत्यंत आवश्यक है।

कंाग्रेस नेताओं ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दो निर्वाचन आयुक्तों की असहमति के बावजूद मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार द्वारा एक तरफा असंवैधानिक फैसले लिए जा रहे हैं जो कि लोकतांत्रिक व्यवस्था का पूरी तरह हनन है।

कांग्रेस पार्टी का मानना है कि निर्वाचन आयोग जैसे संवैधानिक संस्थान की विश्वसनीयता तभी कायम रह सकती है, जब उसके निर्णयों एवं कार्यप्रणाली पर आम जनता तथा सभी राजनीतिक दलों का विश्वास बना रहे। यदि निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता एवं निर्णय प्रक्रिया को लेकर व्यापक स्तर पर सवाल उठते हैं तो उन सवालों का स्पष्ट एवं संतोषजनक उत्तर दिया जाना आवश्यक है।

कंाग्रेस ने कहा कि इसी प्रकार की धांधली उत्तराखंड राज्य में एसआइआर की प्रक्रिया में की गई। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी राज्य में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान सामने आ रही गंभीर अनियमितताओं एवं प्रक्रियागत विसंगतियों की ओर भी आपका ध्यान आकृष्ट करना चाहती है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखना निर्वाचन आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है। इसके विपरीत एसआइआर प्रक्रिया के दौरान जिस प्रकार बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नामों पर आपत्तियां दाखिल की जा रही हैं, उससे मतदाता सूची की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता को लेकर गंभीर प्रश्न उत्पन्न हो रहे हैं। उत्तराखंड राज्य के अनेक विधानसभा क्षेत्रों से ऐसी शिकायतें सामने आई हैं कि कुछ व्यक्तियों द्वारा बड़ी संख्या में फार्म-7 दाखिल कर अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास किया गया। यदि कोई व्यक्ति संबंधित मतदाताओं का वास्तविक पड़ोसी अथवा स्थानीय निवासी नहीं है, तो उसके द्वारा इतनी बड़ी संख्या में आपत्तियां दाखिल किये जाने की परिस्थितियों की जांच आवश्यक है।


उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने निम्नलिखित मांगें महामहिम के समक्ष प्रस्तुत करते हुए उनसे हस्तक्षेप की मांग की:-

1. भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार अपने पद से तत्काल इस्तीफा दें, ताकि निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता के प्रति जनता का विश्वास पुनः स्थापित हो सके।

2. निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण एवं संशोधन की प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

3. मतदाता सूची से नाम हटाने अथवा किसी मतदाता के विरुद्ध आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया में निष्पक्ष जांच एवं उचित सुनवाई का अधिकार सुनिश्चित किया जाए।

4. राजनीतिक दलों द्वारा उठाई गई निर्वाचन संबंधी आपत्तियों एवं शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण किया जाए तथा संबंधित पक्षों को कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

5. निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के पक्षपात, दबाव अथवा मनमानी की शिकायतों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए।

6. मतदाता सूची एवं निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सभी महत्वपूर्ण आंकड़े, आपत्तियां, उनके निस्तारण तथा नाम हटाने/जोड़ने की प्रक्रिया को यथासंभव सार्वजनिक एवं पारदर्शी बनाया जाए।

7. यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम राजनीतिक अथवा प्रशासनिक दबाव के कारण मतदाता सूची से न हटे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम नियमों के विरुद्ध शामिल न किया जाए।

8. निर्वाचन आयोग की संवैधानिक गरिमा, स्वतंत्रता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए आवश्यक संस्थागत सुधार एवं जवाबदेही की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

9. एसआइआर प्रक्रिया के दौरान प्राप्त सभी फार्म-7 आवेदनों का विधानसभा एवं बूथवार विवरण सार्वजनिक किया जाए तथा ऐसे व्यक्तियों की सूची सार्वजनिक की जाए जिन्होंने असामान्य संख्या में फार्म-7 दाखिल किये हैं तथा उनके द्वारा दाखिल आपत्तियों की विशेष जांच कराई जाए। साथ ही एक व्यक्ति द्वारा बड़ी संख्या में दाखिल फार्म-7 की स्थिति में यह सत्यापित किया जाए कि वह संबंधित मतदाताओं एवं क्षेत्र से वास्तविक रूप से जुड़ा हुआ है अथवा नहीं तथा किसी भी वैध मतदाता का नाम केवल फार्म-7 अथवा किसी


आपत्ति के आधार पर तब तक न हटाया जाए, जब तक बीएलओ/ईआरओ द्वारा वास्तविक भौतिक सत्यापन एवं संबंधित मतदाता को सुनवाई का पूर्ण अवसर न दिया जाए।

कंाग्रेसजनों ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता का मत सर्वोच्च है। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर उठने वाला प्रश्न सीधे लोकतंत्र की विश्वसनीयता से जुड़ा हुआ है। देश में संवैधानिक संरक्षक होने के नाते उत्तराखंड प्रदेश कंाग्रेस कमेटी महामहिम राष्ट्रपति से आग्रह करती है कि भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार एवं दोनों निर्वाचन आयुक्तों को तत्काल पद से हटाते हुए गिरफतार किया जाय तथा उनके द्वारा पूर्व में लिए गये फैसलों को निरस्त करने के साथ ही उनके स्थान पर नये मुख्य निर्वाचन आयुक्त एवं निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति की जाय।

कंाग्रेस ने विश्वास व्यक्त किया कि महामहिम राष्ट्रपति संविधान की रक्षा के लिए कंग्रेस पार्टी की उपरोक्त मांगों का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए आवश्यक संवैधानिक एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

 

कार्यक्रम में विधायक ममता राकेश, फुरकान अहमद, लखपत बुटोला, रवि बहादुर, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, पूर्व विधायक रंजीत रावत, ओम गोपाल रावत, ललित फर्स्वाण, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र भंडारी, महामंत्री अश्विनी बहुगुणा,  मीडिया चेयरमैन एवं उपाध्यक्ष राजीव महर्षि, सुजाता पॉल, लालचंद शर्मा, कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली, सोशल मीडिया अध्यक्ष अभिनव थापर, संजय कनौजिया, आर्येंद्र शर्मा, सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, महामंत्री राजेन्द्र शाह, नवीन जोशी, राकेश नेगी, अमरजीत सिंह, सुरेन्द्र रांगड़, प्रवक्ता डॉ प्रतिमा सिंह, अमेन्द्र बिष्ट, पूर्व मंत्री अजय सिंह, शीशपाल बिष्ट, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, सुंदरलाल मोयल, महेंद्र सिंह नेगी, वीरेंद्र पोखरियाल, वीरेंद्र रावत, विनय सारस्वत, जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, संजय किशोर, मदन लाल, राकेश नेगी, सुनीता प्रकाश, सोनिया आनंद, नितिन बिष्ट, अजय रावत, संग्राम सिंह पुण्डीर, राजीव केशववाल, त्रिलोक सिंह सजवान, विजय चौहान, विनोद चौहान, अरुणा कुमार, गरिमा दसौनी, परिणीता बडोनी, अमरजीत सिंह, रुचि कैन्तुरा, भगवती प्रसाद सेमवाल, उपेंद्र थापली, मोहन काला, सुनीत राठौर, मंजू त्रिपाठी, शीशपाल बिष्ट, राजीव कुमार, डॉ0 प्रदीप जोशी, बब्बन सती, विजयप्रताप मल्ल, जगदीश धीमान, सुशील डोभाल, अल्पसंख्यक अध्यक्ष सुलेमान अंसारी, एससी अध्यक्ष मदन लाल, महन्त विनय सारस्वत, सुलेमान अली, मोहन काला, यशपाल चौहान, कविन्द्र इष्टवाल, टीटू त्यागी, गुल्जार अहमद, संजय रावत, विकास नेगी, पिया थापा, अनूप कपूर, अखिलेश उनियाल, रॉबिन त्यागी, विपुल जैन, अर्जुन प्रधान, अमरदेव गोनियाल, जय बरसवाल, पूनम कंडारी, विरेन्द्र पंवार, नजमा खान, आशा शर्मा, चन्द्रकला नेगी, पुष्पा पंवार, एतात खान, मुकीम अहमद, ललित भद्री, राकेश नेगी, कमल सिंह रावत, सुमेन्द्र बोहरा, विनोद कुमार, भूपेन्द्र चौधरी, प्रीतम आर्य, मोहन राणा, प्रशांत खंडूरी, रितेश जोशी, रितेश क्षेत्री, तेलू राम प्रधान, लाखीराम बिजलवाण, स्वाति नेगी, सत्येन्द्र पंवार, अनूप सक्सेना, संजय उनियाल, नवीन रमोला, करतार नेगी, विजय चौहान, आनन्द पुडीर, देवेन्द्र रावत, महेश जोशी, अरूण बाल्मीकि, प्रवीण कश्यप, सचिन टिचकुले, गुलशेर मुन्ना, अनिल बसनेत, सावित्री थापा, सरिता बिष्ट, सीपी सिंह, आदर्श सूद, रितेश क्षेत्री, मदन कोहली, मोहम्मद फैजल, शरीफ बेग, हुकम सिंह कठैत, निधि नेगी, मधुसूदन सुन्द्रियाल, सोनू, अंकित पंवार, गुलफाम, नजीर हसन, रेहाना परवीन, मोहन खत्री मनवर सिंह, नन्द किशोर नौटियाल, दीपक मनवाल, सलीम प्रधान, आदि सैकडों कार्यकर्ता उपस्थित थे।  



देहरादून:

VHP chairman Ashok singhal anniversary uttarakhand



भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आज श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के मुख्य सूत्रधार एवं विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंहल जी की जन्म शताब्दी के अवसर पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।


इस कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा स्वर्गीय अशोक सिंहल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित सभी वक्ताओं ने उनके जीवन, दूरदर्शी नेतृत्व और सनातन संस्कृति की पुनर्प्रतिष्ठा में उनके अमूल्य योगदान को याद किया।


श्रद्धांजलि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री श्रीमती दीप्ति रावत ने कहा कि अशोक सिंहल जी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक युगदृष्टा और आंदोलन थे। उन्होंने भारत की सांस्कृतिक चेतना को जगाने और करोड़ों राम भक्तों को एक मंच पर लाने का ऐतिहासिक कार्य किया। आज अयोध्या में भव्य श्री राम मंदिर का जो स्वरूप हम देख रहे हैं, उसकी नींव में अशोक जी का अतुलनीय त्याग, समर्पण और अनवरत संघर्ष निहित है।


वहीं प्रदेश महामंत्री श्री तरुण बंसल ने स्वर्गीय सिंहल के जीवन को रेखांकित किया कि किस प्रकार बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और धर्म की सेवा में समर्पित कर दिया। कहा, उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा की प्रेरणा बना रहेगा।


इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय सचिव श्री जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री मनवीर चौहान, दायित्वधारी श्री जगत सिंह चौहान, सह मीडिया प्रभारी श्री राजेंद्र नेगी, श्री विनोद खंडूड़ी, श्री विजय बडोनी समेत पार्टी पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 



 


90th time blood donor


आज आई एम ए ब्लड बैंक मे होलसेल कैमिस्ट एसोसिशन द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में ब्लड बून के संयोजक डॉक्टर पियूष मौर्य ने 90वीं बार रक्तदान किया,

इस अवसर पर देहरादून जिले के सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर श्री एम. एस. राणा, एवं ड्रग इंक्पेक्टर श्री विनोद जगूड़ी,एवं देहरादून जिले के कैमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री मनीष नंदा ने डॉक्टर पियूष मौर्य को सम्मानित किया है,साथ ही पियूष मौर्य द्वारा समाज में किये जा रहे रक्तदान एवं नशे के खिलाफ चलाये जा रहे आयोजन की प्रसंशा की है!

आपको बता दे की कैमिस्ट एसोसिएशन द्वारा प्रत्येक वर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है, जिसमे शहर ने नागरिक एवं युवा बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेते है, इसी क्रम में इस वर्ष लगभग 108 लोगो ने रक्तदान हेतु रजिस्ट्रेशन कराया, और रक्तदान करा,

कैम्प में महिलाओ ने भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया और रक्तदान किया,

इस मौके पर ब्लड बून के संयोजक पियूष मौर्य ने युवाओं से रक्तदान करने की अपील की, और युवाओं को नशे से दूर रहने की भी अपील करी,

नशा मीठा जहर है, जिसका आने वाले समय में परिणाम घातक होगा, 

इस मौके पर होलसेल कैमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री संजीव तनेजा, महासचिव श्री आकाश प्रभाकर, कोषाध्यक्ष श्री शैलेन्द्र रावत, गोपाल भोला, संजय नंदा, उमेश भाटिया, वैशाली तनेजा, पूजा नंदा,अनुभव जैन, नीरज जैन, राजेश बक्शी, अशोक अरोड़ा, भारत भूषण अरोड़ा, इत्यादि उपस्थित रहे!

 *प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए करता है प्रेरित -मुख्यमंत्री*


*प्रधानमंत्री द्वारा ‘मन की बात’ में उत्तराखण्ड के माणा और बगोरी गांव का उल्लेख प्रदेश के लिए गौरव का विषय - मुख्यमंत्री*


*मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास में सुना प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 138वां संस्करण*





 

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 138वां संस्करण सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों के सकारात्मक प्रयासों, उपलब्धियों और प्रेरक कार्यों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के साथ ही लोगों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा ‘मन की बात’ में उत्तराखण्ड के सीमांत क्षेत्रों का विशेष उल्लेख किया जाना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। प्रधानमंत्री ने बताया कि देश में जनगणना के प्रथम चरण के तहत उत्तराखण्ड के दुर्गम और बर्फीले क्षेत्रों में भी जनगणना का कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में उत्तराखण्ड के चमोली जनपद स्थित देश के प्रथम गांव माणा का विशेष उल्लेख करते हुए बताया कि यहां जनगणना की शुरुआत 83 वर्षीय पूर्णिमा रावत से की गई। उन्होंने उत्तरकाशी जनपद के बगोरी गांव का भी उल्लेख किया, जहां होमस्टे संचालक हरदेव सिंह राणा ने डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर स्व-गणना की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा माणा और बगोरी जैसे सीमांत गांवों के उदाहरण देश के सामने रखना उत्तराखण्ड के लिए सम्मान की बात है। यह राज्य के सीमांत क्षेत्रों में हो रहे बदलाव, डिजिटल जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में वहां के लोगों की सक्रिय भागीदारी को भी दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने जनगणना को प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए देशवासियों से इसमें सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने भी प्रदेशवासियों से जनगणना में अपनी सही जानकारी दर्ज कराने और इस राष्ट्रीय दायित्व में पूर्ण सहयोग देने की अपील की।


प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में वर्ष 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक के दस वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए भारतीय सेना के शौर्य और आतंकवाद के विरुद्ध भारत की दृढ़ नीति का स्मरण किया। उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्त युवा अभियान, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, पोषण, स्थानीय उत्पादों और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे विषयों पर भी देशवासियों से जनभागीदारी का आह्वान किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन जैसे विषय उत्तराखण्ड के लिए भी विशेष महत्व रखते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के संदेशों को आत्मसात करते हुए विकसित भारत और विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।


इस अवसर पर सांसद श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी शाह, अन्य जनप्रतिनिधि एवं मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी उपस्थित थे।


आज दिनांक 27 सितंबर 2026 को प्रातः DCR चमोली के माध्यम से SDRF पोस्ट गौचर को सूचना प्राप्त हुई कि सगर गांव के पास रुद्रनाथ ट्रैक पर लगभग 4 किलोमीटर आगे एक व्यक्ति पहाड़ी से नीचे गिर गया है।




सूचना प्राप्त होते ही उप निरीक्षक मनोहर कन्याल के नेतृत्व में SDRF टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम द्वारा सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाते हुए लगभग 150 मीटर गहरी खाई से उक्त व्यक्ति का शव बरामद किया गया।

SDRF टीम द्वारा शव को सुरक्षित रूप से रोड हेड तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

मृतक की पहचान अशोक पुत्र श्रीकांत, उम्र 36 वर्ष, निवासी मद्रास के रूप में हुई है।



देहरादून, 26 सितंबर 2026। 

sdrf uttarakhand  got ISO 9001



आपदा प्रबंधन एवं रेस्क्यू सेवाओं में गुणवत्ता, दक्षता और मानकीकरण की दिशा में SDRF उत्तराखंड पुलिस ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। SDRF वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट द्वारा ISO 9001 Certification की निर्धारित प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई है।


मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में आपदा प्रबंधन एवं रेस्क्यू सेवाओं को अधिक प्रभावी, आधुनिक और मानकीकृत बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड श्री दीपम सेठ के मार्गदर्शन में SDRF द्वारा अपनी कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण, संसाधन प्रबंधन और रेस्क्यू प्रक्रियाओं में लगातार गुणवत्ता सुधार किए जा रहे हैं।


ISO Certification की प्रक्रिया के अंतर्गत 14 जुलाई 2026 को SDRF वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा प्रथम ऑडिट किया गया। पूर्व वैज्ञानिक ‘G’ एवं उप महानिदेशक, BIS, भारत सरकार श्री विष्णु गुप्ता द्वारा सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी की उपस्थिति में वाहिनी की विभिन्न शाखाओं और कार्यप्रणालियों का विस्तृत निरीक्षण किया गया।


ऑडिट के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था, प्रशिक्षण प्रणाली, दस्तावेजीकरण, गुणवत्ता प्रबंधन, संसाधन प्रबंधन तथा मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। निर्धारित मानकों और आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए SDRF उत्तराखंड ने ISO 9001 Certification की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण की है।


SDRF उत्तराखंड पुलिस आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में ISO 9001 Certification प्राप्त करने वाली प्रथम एजेंसी बनने की दिशा में अग्रसर है। यह उपलब्धि बल की कार्यप्रणाली में गुणवत्ता, मानकीकरण, जवाबदेही और निरंतर सुधार के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।


ISO 9001 Certification से SDRF की कार्यप्रणाली के मानकीकरण, बेहतर दस्तावेजीकरण एवं जवाबदेही, संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन तथा प्रशिक्षण और रेस्क्यू प्रक्रियाओं में निरंतर गुणवत्ता सुधार को बढ़ावा मिलेगा। इससे आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी, त्वरित एवं व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलेगी।


सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा से SDRF उत्तराखंड आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ प्रशिक्षण, मानकीकृत प्रक्रियाओं और गुणवत्तापूर्ण आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ कर रहा है। ISO 9001 Certification की दिशा में हासिल यह उपलब्धि SDRF की दक्षता, गुणवत्ता और प्रभावी आपदा प्रबंधन सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।

 बारिश को लेकर आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह अलर्ट मोड पर: मंत्री मदन कौशिक



 आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री श्री मदन कौशिक ने कहा कि प्रदेश में मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए राज्य का आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। राज्य एवं जनपद स्तर पर मौसम और बारिश की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है तथा सभी संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।


उन्होंने कहा कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों के माध्यम से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात फील्ड टीमें सतर्क हैं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखे गए हैं।


श्री कौशिक ने कहा कि नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों एवं संवेदनशील सड़क मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिलाधिकारियों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाने तथा किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।


उन्होंने आमजन से अपील की कि मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों एवं बरसाती गदेरों के आसपास न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेशवासियों की सुरक्षा है और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


सचिव आपदा प्रबंधन ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्रदेश में बारिश की स्थिति की समीक्षा की*

*मुख्यमंत्री ने भी लिया बारिश एवं आपदा प्रबंधन की स्थिति का अपडेट*

*फील्ड में सभी अधिकारी अलर्ट मोड पर*

देहरादून;


 सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने शनिवार को पूरे दिन राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में उपस्थित रहकर प्रदेश में जारी बारिश की स्थिति की लगातार समीक्षा की। उन्होंने राज्य के विभिन्न जनपदों के अधिकारियों के साथ बैठक कर वहां की स्थिति, वर्षा एवं संभावित चुनौतियों के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्रदेश की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जनपदों से निरंतर फीडबैक लिया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा भी प्रदेश में बारिश की स्थिति एवं तैयारियों के संबंध में अपडेट लिया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में सभी जनपदों एवं संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि फील्ड में सभी टीमें एवं अधिकारी अलर्ट मोड पर हैं तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक संसाधनों को तैयार रखा गया है।


सचिव आपदा प्रबंधन ने जिलाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों, भूस्खलन संभावित स्थलों, नदी-नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को सक्रिय रखते हुए किसी भी घटना की सूचना तत्काल राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव टीमों को तत्काल रवाना करने के निर्देश दिए गए हैं।


उन्होंने कहा कि मौसम विभाग द्वारा 27 सितंबर के लिए जारी चेतावनी को देखते हुए सभी जनपद विशेष सतर्कता बरतें। 27 सितंबर को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल में रेड अलर्ट, तथा शेष सभी जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 


उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान नदी-नालों एवं गदेरों के आसपास अनावश्यक आवाजाही को रोका जाए तथा स्थानीय लोगों और यात्रियों को मौसम की स्थिति के संबंध में लगातार जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, पेयजल एवं अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।


श्री सुमन ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में सभी अधिकारी एवं फील्ड टीमें पूरी तरह सतर्क रहें। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और राहत-बचाव कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा प्रदेश की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


*उधम सिंह नगर में सर्वाधिक वर्षा, गुलरभोज में 91.5 मिमी बारिश दर्ज* 


 प्रदेश में आज हुई वर्षा के आंकड़ों के अनुसार उधम सिंह नगर जनपद में सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई। जनपद के गुलरभोज में 91.5 मिमी, काशीपुर में 89.0 मिमी तथा गदरपुर में 86.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से लगातार हर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मौसम विज्ञान विभाग के साथ लगातार संपर्क स्थापित किया गया है। मौसम संबंधी सभी अलर्ट को आम जनमानस तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि वह समय रहते सचेत रह सके और एहतियाती कदम उठा सकें।


वहीं नैनीताल जनपद में कोश्याकुटोली में 87.5 मिमी, नैनीताल में 78.5 मिमी तथा धारी में 66.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

चंपावत जनपद में पाटी में 72.5 मिमी, लोहाघाट में 68.5 मिमी तथा चंपावत में 60.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

पौड़ी गढ़वाल जनपद में नैनीडांडा में 65.0 मिमी, लैंसडौन में 54.0 मिमी तथा कालागढ़ में 52.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

अल्मोड़ा जनपद में जैंती में 63.0 मिमी, सितलाखेत में 61.5 मिमी तथा रानीखेत में 57.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

देहरादून जनपद में निरंजनपुर में 57.0 मिमी, रायवाला में 20.5 मिमी तथा चकराता में 18.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

पिथौरागढ़ जनपद में गनाई गंगोली में 47.5 मिमी, गंगोलीहाट में 46.0 मिमी तथा बेरीनाग में 38.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

बागेश्वर जनपद में डंगोली में 47.0 मिमी, कांडा में 44.5 मिमी तथा लिटी में 34.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

उत्तरकाशी जनपद में जानकी चट्टी में 43.0 मिमी, गंगोत्री में 41.0 मिमी तथा हर्षिल में 33.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

चमोली जनपद में पोखरी में 42.0 मिमी, औली में 40.0 मिमी तथा गौचर में 38.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

रुद्रप्रयाग जनपद में अगस्त्यमुनि में 26.0 मिमी, जखोली में 25.5 मिमी तथा सोनप्रयाग में 25.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

हरिद्वार जनपद में खानपुर में 23.5 मिमी, लक्सर में 21.5 मिमी तथा हरिद्वार में 19.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

टिहरी गढ़वाल जनपद में चंबा में 19.5 मिमी, कनाताल में 18.5 मिमी तथा नई टिहरी में 16.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।


www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.