Halloween party ideas 2015

 बारिश को लेकर आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह अलर्ट मोड पर: मंत्री मदन कौशिक



 आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री श्री मदन कौशिक ने कहा कि प्रदेश में मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए राज्य का आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। राज्य एवं जनपद स्तर पर मौसम और बारिश की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है तथा सभी संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।


उन्होंने कहा कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों के माध्यम से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात फील्ड टीमें सतर्क हैं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखे गए हैं।


श्री कौशिक ने कहा कि नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों एवं संवेदनशील सड़क मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिलाधिकारियों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाने तथा किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।


उन्होंने आमजन से अपील की कि मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों एवं बरसाती गदेरों के आसपास न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेशवासियों की सुरक्षा है और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


सचिव आपदा प्रबंधन ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्रदेश में बारिश की स्थिति की समीक्षा की*

*मुख्यमंत्री ने भी लिया बारिश एवं आपदा प्रबंधन की स्थिति का अपडेट*

*फील्ड में सभी अधिकारी अलर्ट मोड पर*

देहरादून;


 सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने शनिवार को पूरे दिन राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में उपस्थित रहकर प्रदेश में जारी बारिश की स्थिति की लगातार समीक्षा की। उन्होंने राज्य के विभिन्न जनपदों के अधिकारियों के साथ बैठक कर वहां की स्थिति, वर्षा एवं संभावित चुनौतियों के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्रदेश की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जनपदों से निरंतर फीडबैक लिया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा भी प्रदेश में बारिश की स्थिति एवं तैयारियों के संबंध में अपडेट लिया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में सभी जनपदों एवं संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि फील्ड में सभी टीमें एवं अधिकारी अलर्ट मोड पर हैं तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक संसाधनों को तैयार रखा गया है।


सचिव आपदा प्रबंधन ने जिलाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों, भूस्खलन संभावित स्थलों, नदी-नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को सक्रिय रखते हुए किसी भी घटना की सूचना तत्काल राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव टीमों को तत्काल रवाना करने के निर्देश दिए गए हैं।


उन्होंने कहा कि मौसम विभाग द्वारा 27 सितंबर के लिए जारी चेतावनी को देखते हुए सभी जनपद विशेष सतर्कता बरतें। 27 सितंबर को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल में रेड अलर्ट, तथा शेष सभी जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 


उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान नदी-नालों एवं गदेरों के आसपास अनावश्यक आवाजाही को रोका जाए तथा स्थानीय लोगों और यात्रियों को मौसम की स्थिति के संबंध में लगातार जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, पेयजल एवं अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।


श्री सुमन ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में सभी अधिकारी एवं फील्ड टीमें पूरी तरह सतर्क रहें। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और राहत-बचाव कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा प्रदेश की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


*उधम सिंह नगर में सर्वाधिक वर्षा, गुलरभोज में 91.5 मिमी बारिश दर्ज* 


 प्रदेश में आज हुई वर्षा के आंकड़ों के अनुसार उधम सिंह नगर जनपद में सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई। जनपद के गुलरभोज में 91.5 मिमी, काशीपुर में 89.0 मिमी तथा गदरपुर में 86.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से लगातार हर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मौसम विज्ञान विभाग के साथ लगातार संपर्क स्थापित किया गया है। मौसम संबंधी सभी अलर्ट को आम जनमानस तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि वह समय रहते सचेत रह सके और एहतियाती कदम उठा सकें।


वहीं नैनीताल जनपद में कोश्याकुटोली में 87.5 मिमी, नैनीताल में 78.5 मिमी तथा धारी में 66.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

चंपावत जनपद में पाटी में 72.5 मिमी, लोहाघाट में 68.5 मिमी तथा चंपावत में 60.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

पौड़ी गढ़वाल जनपद में नैनीडांडा में 65.0 मिमी, लैंसडौन में 54.0 मिमी तथा कालागढ़ में 52.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

अल्मोड़ा जनपद में जैंती में 63.0 मिमी, सितलाखेत में 61.5 मिमी तथा रानीखेत में 57.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

देहरादून जनपद में निरंजनपुर में 57.0 मिमी, रायवाला में 20.5 मिमी तथा चकराता में 18.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

पिथौरागढ़ जनपद में गनाई गंगोली में 47.5 मिमी, गंगोलीहाट में 46.0 मिमी तथा बेरीनाग में 38.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

बागेश्वर जनपद में डंगोली में 47.0 मिमी, कांडा में 44.5 मिमी तथा लिटी में 34.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

उत्तरकाशी जनपद में जानकी चट्टी में 43.0 मिमी, गंगोत्री में 41.0 मिमी तथा हर्षिल में 33.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

चमोली जनपद में पोखरी में 42.0 मिमी, औली में 40.0 मिमी तथा गौचर में 38.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

रुद्रप्रयाग जनपद में अगस्त्यमुनि में 26.0 मिमी, जखोली में 25.5 मिमी तथा सोनप्रयाग में 25.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

हरिद्वार जनपद में खानपुर में 23.5 मिमी, लक्सर में 21.5 मिमी तथा हरिद्वार में 19.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

टिहरी गढ़वाल जनपद में चंबा में 19.5 मिमी, कनाताल में 18.5 मिमी तथा नई टिहरी में 16.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।


एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.