Halloween party ideas 2015

श्रीनगर:




​बीते रविवार 26 अप्रैल 2026 को समय लगभग 16:20 बजे कोतवाली श्रीनगर के माध्यम से SDRF को सूचना प्राप्त हुई थी कि श्रीनगर स्थित अलकनंदा नदी के NIT घाट के पास एक युवक नदी में नहाने के दौरान डूब गया है। सूचना मिलते ही निरीक्षक श्रीमती मंजरी नेगी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।


लापता छात्र की पहचान *आनंद सोहम (उम्र 21 वर्ष), पुत्र श्री सोभन सोहम निवासी आंध्रप्रदेश* के रूप में हुई, जो NIT श्रीनगर में छठे सेमेस्टर (6th Sem) का छात्र था।​ 


पिछले कुछ दिनों से निरीक्षक मंजरी नेगी,उप निरीक्षक ललित मोहन भट्ट और अपर उप निरीक्षक तेजपाल राणा  के नेतृत्व में टीमें लगातार सर्चिंग में जुटी रहीं ,​रेस्क्यू ऑपरेशन में SDRF की 2 टीमें और आपदा राहत दल (40 PAC) की टीम द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाया गया।


​नदी की गहराई में डीप डाइविंग और विभिन्न संभावित स्थानों पर सघन तलाशी ली गई। लगातार जारी सर्च अभियान के दौरान, आज दिनांक 30 अप्रैल 2026 को निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में टीम द्वारा पुनः सर्चिंग शुरू की गई, सर्चिंग के दौरान टीम द्वारा उक्त छात्र के शव को नदी से बरामद कर लिया गया। शव को अग्रिम वैधानिक कार्यवाही हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया।



​देहरादून | 30 अप्रैल, 2026




​आज शाम 16:18 बजे, आपदा कंट्रोल रूम देहरादून के माध्यम से SDRF को सूचना प्राप्त हुई कि गुच्चूपानी में नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाने के कारण कुछ पर्यटक वहां फंस गए हैं। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट सहस्त्रधारा से अपर उपनिरीक्षक मनोज जोशी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।


​​प्रारंभिक सूचना 03 व्यक्तियों के फंसे होने की थी, किंतु मौके पर पहुँचने के बाद टीम ने पाया कि कुल 07 पर्यटक उफनती नदी और टापू जैसी स्थिति में फंसे हुए थे। पानी का बहाव तेज होने के कारण पर्यटक घबराए हुए थे।


​SDRF टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी सातों व्यक्तियों को एक-एक कर सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया। 


 *रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों का विवरण:* 

1-​रोहित, पुत्र श्री राम कुमार, उम्र 27 वर्ष, निवासी  डोईवाला।

2-​मनीष, पुत्र  श्री अशोक कुमार, उम्र 41 वर्ष, निवासी तिलक रोड, ऋषिकेश।

3-​सागर थापा, पुत्र  श्री तेग बहादुर थापा, उम्र 22 वर्ष, निवासी डोईवाला।

4-​अंकित, पुत्र  श्री राकेश कुमार, उम्र 40 वर्ष, निवासी चन्द्र विहार, काली चौक।

5-​नवजोत, पुत्र  श्री  मोहन सिंह, उम्र 31 वर्ष, निवासी  प्रेमनगर।

6-​सौरभ सिंह, पुत्र  श्री रमेश सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी बडोवाला, देहरादून।

7-​मनीष, पुत्र श्री हरिप्रसाद, उम्र 32 वर्ष, निवासी डोईवाला।

डोईवाला:



icse high school result topper doiwala


क्षेत्र में आईसीएससी  हाई स्कूल का परीक्षा परिणाम घोषित हुआ है, जिसमे क्षेत्र के तीनों स्कूलों प्रेसीडेंसी स्कूल भानियावाला, दून पब्लिक स्कूल ,क्राइस्ट स्कूल में से प्रेसीडेंसी स्कूल भनियावाला की छात्रा दिया गोयल ने 95.20 प्रतिशत अंक लाकर   डोईवाला में टॉप किया है।

 होनहार छात्रा  दिया गोयल  स्वर्गीय श्री पन्ना लाल गोयल जी की पौत्री है जिनका हाल ही में असामयिक निधन हो गया था।

 दिया की दादी ममता गोयल ,पिता अमित गोयल एवं माता  पूजा गोयल ने उसकी कठिन मेहनत, अध्यापकों के सहयोग  को इसका श्रेय दिया है। दिया  ने अपनी इस सफलता का श्रेय  अपने स्वर्गीय दादा , माता पिता एवं अध्यापकों के सहयोग को देते हुए मेडिकल क्षेत्र में जाने की इच्छा जताई है।






*आईटीआई श्रीनगर में लगेगा रोजगार मेला, ऑटोमोबाइल सेक्टर की बड़ी कंपनियां लेंगी हिस्सा*



कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के तत्वावधान में दिनांक 5 मई, 2026 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), श्रीनगर (गढ़वाल) में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला पूर्वाह्न 11 बजे से प्रारंभ होगा।


क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी, लैंसडाउन उत्तम कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोजगार मेले में हरिद्वार परिक्षेत्र की ऑटोमोबाइल सेक्टर की प्रतिष्ठित कंपनियां जैसे जेके टायर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज मोटर्स, रॉकमैन, शिवम ऑटोटेक तथा मुंजाल शोवा सहित लगभग 10 से 12 औद्योगिक इकाइयों के प्रतिभाग करने की संभावना है। उन्होंने बताया कि मेले के माध्यम से लगभग 700 से 800 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी, हालांकि रिक्तियों की संख्या आवश्यकता के अनुसार परिवर्तनीय हो सकती है।


सेवायोजन अधिकारी ने कहा कि रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई (फिटर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर, ऑटोमोबाइल), डिप्लोमा (इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल) तथा बीएससी स्नातक निर्धारित की गयी है। उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थियों से अपेक्षा की गयी है कि वे अपने साथ नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, अद्यतन बायोडाटा, सभी शैक्षिक प्रमाण पत्र एवं सेवायोजन पंजीकरण प्रमाण पत्र लेकर निर्धारित तिथि एवं समय पर मेले में उपस्थित हों।



 जल जीवन मिशन 2.0 के अन्तर्गत पेयजल एवं स्वच्छता विभाग,राष्ट्रीय जल जीवन मिशन, जल शक्ति मंत्रालय और उत्तराखण्ड सरकार के मध्य एम.ओ.यू पर हस्ताक्षर किये गये। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इस कार्यक्रम में वर्चुअल प्रतिभाग किया। 



मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी.आर. पाटिल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह एमओयू उत्तराखण्ड में जल जीवन मिशन के कार्यों को नई गति प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय एवं सीमावर्ती राज्य में जल जीवन मिशन केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि लगभग 14 लाख ग्रामीण परिवारों के जीवन, स्वास्थ्य और सुविधा से जुड़ा हुआ महत्वपूर्ण अभियान है। राज्य में जल जीवन मिशन के अंतर्गत लगभग 16,500 योजनाएं स्वीकृत हुई हैं। अधिकांश योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं तथा शेष पर कार्य तेजी से गतिमान है। 


मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाला राज्य है। दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र, दूरस्थ गांव, भूस्खलन एवं आपदा संवेदनशीलता के कारण उत्तराखंड में योजनाओं का क्रियान्वयन सामान्य राज्यों की तुलना में अधिक जटिल है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार हिमालय संरक्षण एवं जल स्रोत संवर्धन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम, ग्लेशियर रिसर्च सेंटर, जल स्रोत संरक्षण अभियान और जनभागीदारी कार्यक्रमों के माध्यम से हिमालय के दीर्घकालिक संरक्षण की दिशा में निरंतर कार्य किये जा रहे हैं। पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए राज्य में बड़े स्तर पर पौधारोपण, जल संरक्षण और जन-जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के नौले, धारे एवं वर्षा आधारित नदियों जैसे पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए राज्य में स्प्रिंग एंड रिवर रिजुविनेशन अथॉरिटी का गठन किया है। विगत एक वर्ष में सारा के माध्यम से राज्य के 6,500 से अधिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं उपचार का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। साथ ही, लगभग साढ़े तीन मिलियन घन मीटर वर्षा जल संचयन कर जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है। जल शक्ति अभियान के माध्यम से 1000 गांवों में तालाबों एवं पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन का कार्य भी संचालित किये जा रहे हैं। 


केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी.आर. पाटिल ने राज्य सरकार द्वारा स्प्रिंग एंड रिवर रेजुवनेशन के माध्यम से जल स्रोतों और नदियों के पुनर्जीवीकरण एवं जल शक्ति अभियान के तहत एक हजार गांवों में तालाबों के पुनर्जीवन की दिशा में राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जल शक्ति मंत्रालय द्वारा राज्य को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जायेगी। 


इस अवसर पर केन्द्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री श्री वी. सोमन्ना, सचिव जल शक्ति मंत्रालय श्री अशोक कुमार मीणा, अपर सचिव जल शक्ति मंत्रालय श्री कमल किशोर सोन, संयुक्त सचिव स्वाति मीणा, रेजिडेंट कमिश्नर श्री अजय मिश्रा, वर्चुअल माध्यम से सचिव पेयजल श्री रणवीर सिंह चैहान एवं प्रबंध निदेशक जल जीवन मिशन श्री रोहित मीणा उपस्थित थे।


देहरादून:

*मेहुवाला माफी में 15 से 20 बीघा अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर, जाखन और कुठाल गेट क्षेत्र में सीलिंग की कार्रवाई*

Illegal plot destroyed by MDDA in mehuwala

Illegal plot destroyed by MDDA in mehuwala


मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ व्यापक अभियान लगातार जारी है। प्राधिकरण ने सेक्टरवार टीमों का गठन कर प्रत्येक दिन निरीक्षण और कार्रवाई सुनिश्चित की है, जिससे शहर के नियोजित विकास को गति मिल सके और अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। एमडीडीए के अधिकारियों के निर्देशों के तहत मेहुवाला माफी, राजपुर, जाखन तथा कुठाल गेट डोईवाला क्षेत्रों में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए। संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के आदेशों के अनुपालन में कई स्थानों पर ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई की गई, जिससे अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।


*जाखन और कुठाल गेट क्षेत्र में सीलिंग की कार्रवाई*

प्राधिकरण द्वारा जाखन जोहड़ी रोड के निकट एसबीआई के पास मनीष कौशल द्वारा निर्मित अवैध बहुमंजिला भवन को सील किया गया। इसके अतिरिक्त, कुठाल गेट क्षेत्र में भी दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई। दिलशाद हुसैन द्वारा बेस्ट ग्रीन वैली, मसूरी रोड के निकट किए गए अवैध निर्माण को सील किया गया। वहीं, कुलदीप सलूजा द्वारा कुठाल गेट के समीप किए गए दो अवैध निर्माणों पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। इन सभी कार्रवाइयों को सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत, अवर अभियंता सचिन कुमार एवं सुपरवाइजर की मौजूदगी में विधिवत अंजाम दिया गया।


*मेहुवाला माफी में अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर*

एमडीडीए ने मेहुवाला माफी क्षेत्र में भी बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 15 से 20 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृत मानचित्र के की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। यह प्लॉटिंग सुरेश कुमार एवं अन्य द्वारा दुर्गा विहार कॉलोनी के निकट विकसित की जा रही थी। इस कार्रवाई को सहायक अभियंता विजय सिंह रावत, अवर अभियंता मुनेश राणा, सुपरवाइजर तथा पुलिस बल की उपस्थिति में अंजाम दिया गया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध प्लॉटिंग में संलिप्त लोगों में स्पष्ट संदेश गया है कि नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


*अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति- बंशीधर तिवारी* 

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों के संतुलित और सुव्यवस्थित विकास के लिए यह आवश्यक है कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित नियमों और स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही किए जाएं। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण द्वारा सेक्टरवार टीमों का गठन कर नियमित निगरानी की जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता को प्रारंभिक स्तर पर ही रोका जा सके। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध निर्माण न केवल शहर की संरचना को प्रभावित करते हैं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनते हैं। इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले प्राधिकरण से स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें और नियमों का पालन करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके।


*अवैध प्लॉटिंग या निर्माण की सूचना प्राधिकरण को दें- मोहन सिंह बर्निया* 

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण द्वारा अवैध निर्माणों  से सम्बन्धित गतिविधियों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जा रहा है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर अवैध निर्माणों की पहचान की जा रही है और प्रकरणों पर नियमानुसार तत्काल प्रभाव से सीलिंग व ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्राधिकरण की प्राथमिकता शहर का योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करना है। इसके लिए आम नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अवैध प्लॉटिंग या निर्माण में शामिल न हों और गतिविधि की सूचना प्राधिकरण को दें।

 

मेष

अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो

बु‍द्धि का प्रयोग करें। प्रयास अधिक करना पड़ेंगे। निराशा हावी रहेगी। आय में निश्चितता रहेगी। व्यापार ठीक चलेगा। लाभ होगा। स्वास्थ्य कमजोर रहेगा। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। वाहन, मशीनरी व अग्नि आदि के प्रयोग में विशेषकर स्त्रियां सावधानी रखें। कार्यों की गति धीमी रहेगी।

Rashifal


वृषभ

ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो

कारोबार में वृद्धि के योग हैं। सभी ओर से सफलता प्राप्त होगी। दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। लाभ होगा। आशंका-कुशंका के चलते कार्य की गति धीमी रह सकती है। दिन की शुभता का लाभ मिलेगा। घर-परिवार के किसी सदस्य के स्वास्थ्‍य की चिंता रहेगी। वैवाहिक प्रस्ताव प्राप्त हो सकता है।


मिथुन

का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह

पारिवारिक सहयोग से कार्य में आसानी होगी। दूसरों के कार्य में दखल न दें। प्रमाद से बचें। जीवनसाथी से कहासुनी हो सकती है। संपत्ति के बड़े सौदे बड़ा लाभ दे सकते हैं। बेरोजगारी दूर होगी। करियर बनाने के अवसर प्राप्त होंगे। नौकरी में प्रशंसा प्राप्त होगी।


कर्क

ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

किसी पारिवारिक आनंदोत्सव में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। स्वादिष्ट भोजन का आनंद प्राप्त होगा। बौद्धिक कार्य सफल रहेंगे। लाभ के असवर हाथ आएंगे। यात्रा में सावधानी रखें। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। शत्रु पस्त होंगे। विवाद न करें। बेचैनी रहेगी।


सिंह

मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे

व्यवसाय ठीक चलेगा। मातहतों का सहयोग नहीं मिलेगा। कुसंगति से बचें, हानि होगी। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। आय में निश्चितता रहेगी। प्रमाद न करें। कोई बुरी खबर प्राप्त हो सकती है। पारिवारिक चिंताएं रहेंगी। मेहनत अधिक तथा लाभ कम होगा। दूसरों से अपेक्षा न करें।


कन्या

ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो

आज के दिन शुभता का लाभ मिलेगा। मान-सम्मान मिलेगा। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। नौकरी में उच्चाधिकारी की प्रसन्नता रहेगी। नया उपक्रम प्रारंभ करने की योजना बनेगी। व्यापार मनोनुकूल लाभ देगा। समय अनुकूल है। प्रसन्नता रहेगी। मित्रों की सहायता कर पाएंगे। मेहनत का फल मिलेगा।


तुला

रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

किसी मांगलिक कार्य का आयोजन हो सकता है। व्यवसाय ठीक चलेगा। शत्रु शांत रहेंगे। प्रसन्नता रहेगी। दूर से अच्‍छी खबर प्राप्त हो सकती है। आत्मविश्वास बढ़ेगा। कोई बड़ा काम करने की योजना बनेगी। पराक्रम व प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। घर में अतिथियों पर व्यय होगा।


वृश्चिक

तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू

यात्रा मनोरंजक रहेगी। नौकरी में अनुकूलता रहेगी। लाभ में वृद्धि होगी। निवेश में जल्दबाजी न करें। पार्टनरों का सहयोग मिलेगा। जरूरी वस्तु गुम हो सकती है। प्रेम-प्रसंग में जल्दबाजी न करें। शारीरिक कष्ट से कार्य में रुकावट होगी। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है।


धनु

ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे

आय में कमी रहेगी। व्यवसाय की गति धीमी रहेगी। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। बेचैनी रहेगी। अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। यात्रा में जल्दबाजी न करें। चिंता तथा तनाव बने रहेंगे। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। स्वास्थ्‍य पर बड़ा खर्च हो सकता है। विवाद को बढ़ावा न दें।


मकर

भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी

रुका हुआ धन मिल सकता है। व्यावसायिक यात्रा मनोनुकूल रहेगी। किसी अपने के व्यवहार से दु:ख होगा। विवेक का प्रयोग लाभ में वृद्धि करेगा। कोई बड़ी बाधा से सामना हो सकता है। राजभय रहेगा। जल्दबाजी व विवाद करने से बचें। नौकरी में उच्चाधिकारी का ध्यान खुद की तरफ खींच पाएंगे।


कुंभ

गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा

नई आर्थिक नीति बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। पुरानी व्याधि से परेशानी हो सकती है। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। व्यापार वृद्धि होगी। ऐश्वर्य पर व्यय होगा। भाइयों का सहयोग मिलेगा। समय अनुकूल है। लाभ लें। प्रमाद न करें। समाजसेवा में रुझान रहेगा। प्रतिष्ठा बढ़ेगी।


मीन

दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची

लाभ के अवसर हाथ आएंगे। धर्म-कर्म में मन लगेगा। व्यापार मनोनुकूल चलेगा। नौकरी में सहकर्मी साथ देंगे। निवेश शुभ रहेगा। प्रभावशाली व्यक्तियों से परिचय होगा। घर-बाहर पूछ-परख रहेगी। प्रसन्नता रहेगी। जल्दबाजी न करें। राजकीय अवरोध दूर होंगे।


www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.