Halloween party ideas 2015


*20 नवंबर को देहरादून समेत टिहरी गढ़वाल में 6 जगहों पर आयोजित होगा डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 4.0* 

- 30 नवंबर 2025 तक जारी रहेगा राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र (डीएलसी) अभियान 4.0

- यह अभियान सरकार के दृष्टिकोण के तहत पेंशनभोगियों के डिजिटल सशक्तिकरण के लिए एक प्रमुख पहल है

- डीएलसी अभियान 4.0 का उद्देश्‍य 2,000 से ज़्यादा शहरों और कस्बों में दो करोड़ पेंशनभोगियों तक पहुंचना है। 

- आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के उपयोग पर ज़ोर देता है यह अभियान

- डीएलसी अभियान 4.0 में पेंशनभोगी बिना बायोमेट्रिक उपकरणों के आसानी से अपना जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकते हैं



पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (डीओपीपीडब्लू), कार्मिक, लोक शिकायत तथा पेंशन मंत्रालय 1 से 30  नवंबर, 2025 तक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र (डीएलसी) अभियान 4.0 का आयोजन कर रहा है। यह अभियान सरकार के दृष्टिकोण के तहत पेंशनभोगियों के डिजिटल सशक्तिकरण के लिए एक प्रमुख पहल है, जो डिजिटल इंडिया और जीवन को आसान बनाने के मिशनों के साथ संरेखित है।


20 नवंबर 2025 को भारतीय स्टेट बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, देहरादून और चंबा (टिहरी गढ़वाल) में डीएलसी अभियान 4.0 आयोजित करेंगे। देहरादून में, भारतीय स्टेट बैंक अपनी आईएमए शाखा में सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक डीएलसी मेगा कैंप आयोजित करेगा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया अपनी राजपुर रोड मुख्य शाखा में दोपहर 12:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक इसी तरह का कैंप आयोजित करेगा। पेंशनर्स कल्याण संघों के सहयोग से (इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक) देहरादून के प्रधान डाकघर में दोपहर 3:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक डीएलसी कैंप का आयोजन करेगा।


20 नवंबर 2025 को ही चंबा (टिहरी गढ़वाल) में भारतीय स्टेट बैंक अपनी चंबा शाखा में सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक डीएलसी मेगा कैंप आयोजित करेगा, और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया अपनी मुख्य बाजार शाखा, चंबा में दोपहर 12:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक कैंप आयोजित करेगा। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक चंबा डाकघर में दोपहर 2:00 बजे से 3:00 बजे तक डीएलसी शिविर का आयोजन भी करेगा।


डीएलसी अभियान 4.0 का उद्देश्‍य संतृप्ति-आधारित आउटरीच दृष्टिकोण के ज़रिए 2,000 से ज़्यादा शहरों और कस्बों में दो करोड़ पेंशनभोगियों तक पहुंचना है। यह अभियान आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के उपयोग पर ज़ोर देता है, जिससे पेंशनभोगी बिना बायोमेट्रिक उपकरणों के आसानी से अपना जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकें। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की डोरस्टेप डीएलसी सेवा के माध्यम से अति-वरिष्ठ और दिव्यांग पेंशनभोगियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।


माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम (24 नवंबर, 2024)  और संविधान दिवस (26 नवंबर, 2024)  के संबोधन में भी इस बात पर बल दिया कि कैसे डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जैसे डिजिटल भारत की नई पहलों ने देशभर के वरिष्ठ नागरिकों के लिए पेंशन प्रक्रिया को आसान बनाया जा रहा है।

राष्‍ट्र-व्‍यापी डीएलसी अभियान के हिस्से के तौर पर, निदेशक सुश्री दिव्या ए.बी. 20 नवंबर, 2025 को देहरादून, उत्तराखंड में डीएलसी अभियाान का दौरा करेंगी ताकि व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सकें और फेस ऑथेंटिकेशन और डोरस्टेप सर्विस के माध्‍यम से डीएलसी सेवाओं का फ़ायदा उठाने वाले पेंशनभोगियों से बातचीत करेंगी। अधिकारी शिविरों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए बैंकों,  इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (डीओपी), यूआईडीएआई, एनआईसी और स्‍थानीय पेंशनभागी कल्‍याण संघों के बीच समन्‍वय की समीक्षा करेंगी।


यह अभियान  बैंकों, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, यूआईडीएआई, एमईआईटीवाई, एनआईसी, सीजीडीए, रेलवे और पेंशनभोगी कल्‍याण संघ समेत सभी प्रमुख हितधारकों को एक साथ लाएगा ताकि पेंशनभोगियों को डिजिटल रूप से शामिल करने के लिए मिलकर काम किया जा सके। एनआईसी डीएलसी पोर्टल अलग-अलग संस्‍थाओं द्वारा डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र  बनाने की रियल-टाइम मॉनिटरिंग करता है।


पेंशन विभाग निरंतर सुधारों और डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान जैसी प्रौद्योगिकी-संचालित पहलों के माध्यम से पेंशनभोगियों के जीवन को सुविधापूर्ण बनाने और डिजिटल सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

एमडीडीए ने लैंड बैंक बढ़ाने पर किया फोकस किया, आवासीय योजनाओं के विस्तार की है तैयारी*

*एमडीडीए की समीक्षा बैठक में उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी सख्त,  विकास कार्यों में समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण प्रगति के दिए निर्देश*

 

mdda meeting regarding schemes aamwala and dholas

 

देहरादून :


 मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में आज प्राधिकरण की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन करना और लंबित योजनाओं में गति लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करना था। उपाध्यक्ष तिवारी ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करना प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

बैठक में धौलास आवासीय योजना में निर्माणाधीन ईडब्ल्यूएस यूनिटों की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया गया। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने निर्देश दिया कि सभी यूनिटों का निर्माण 31 मार्च 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए। इसी क्रम में आमवाला तरला आवासीय योजना के फ्लैटों के एलॉटमेंट की प्रक्रिया को भी मार्च 2026 तक शुरू करने के आदेश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि यह योजनाएँ सीधे सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के हितों से जुड़ी हैं, इसलिए इनमें पारदर्शिता और समयबद्धता अत्यंत आवश्यक है।

 

बैठक में सभी सेक्टरों के सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं को प्रत्येक माह कम से कम पाँच पत्रावलियाँ को कम्पाउंडिंग करते हुए निस्तारित करने का लक्ष्य सौंपा गया। इसके साथ ही अन्य मानचित्र पत्रावलियों को भी ससमय निस्तारित करने के निर्देश दिए गए, ताकि नागरिकों की लंबित फाइलों का समय रहते समाधान हो सके। इसके अलावा लैंड पूलिंग नीति के तहत भूमि क्रय की प्रक्रिया को तेज करने और उपयुक्त भूखंडों के चयन के लिए भी निर्देश दिए गए। जिससे की प्राधिकरण का लैंड बैंक बढ़ाया जा सके।

 

बैठक में यह भी तय किया गया कि देहरादून जनपद में एमडीडीए द्वारा निर्मित व निर्माणाधीन पार्कों का संयुक्त निरीक्षण उपाध्यक्ष एवं सचिव द्वारा दिसंबर माह के प्रथम सप्ताह में किया जाएगा। उपाध्यक्ष ने कहा कि हरित क्षेत्र, पार्क और सार्वजनिक स्थान गुणवत्ता और सुरक्षा के साथ तैयार किए जाएँ, ताकि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएँ मिल सकें। बैठक में प्राधिकरण सचिव मोहन सिंह बर्निया, मुख्य अभियंता एस.सी.एस. राणा, वित्त नियंत्रक संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता गण, सहायक अभियंता गण, अवर अभियंता एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी गण उपस्थित रहे।


*उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बयान* 

 

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण का लक्ष्य देहरादून और मसूरी क्षेत्र में योजनाबद्ध, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि किसी भी कार्य में अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं है। आवासीय योजनाएँ आम जनता के हित और अपेक्षाओं से सीधे जुड़ी होती हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में पारदर्शिता और तत्परता अनिवार्य है। तिवारी ने कहा कि कम्पाउंडिंग, भूमि चयन और पार्क विकास के कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएँ।

  


*सचिव मोहन सिंह बर्निया का बयान*

 

सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि एमडीडीए विकास कार्यों में गुणवत्ता और गति दोनों सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि विभागीय टीम को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं कि सभी योजनाएँ तय समयसीमा में धरातल पर उतरें। बर्निया ने कहा कि कम्पाउंडिंग मामलों के त्वरित निस्तारण, लैंड पूलिंग प्रक्रिया में तेजी और पार्कों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्राधिकरण जनता को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य कर रहा है।

आज का राशिफल

19 नवम्बर,2025

दिन बुधवार

rashifal today 19 nov 2025


आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो

भागदौड़ अधिक रहेगी। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। मेहनत अधिक होगी। लाभ में कमी रह सकती है। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। व्यवसाय-व्यापार मनोनुकूल चलेगा। आय बनी रहेगी। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा, सावधानी रखें। बुरी खबर मिल सकती है।

वृषभ

ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो

मान-सम्मान मिलेगा। मेहनत का फल मिलेगा। कारोबार में वृद्धि के योग हैं। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। निवेश शुभ रहेगा। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। शत्रु तथा ईर्ष्यालु व्यक्तियों से सावधानी आवश्यक है। समय की अनुकूलता है। सामाजिक कार्य करने का मन लगेगा।


मिथुन

का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह

पुरानी संगी-साथियों से मुलाकात होगी। उत्साहवर्धक सूचना प्राप्त होगी। फालतू खर्च होगा। स्वास्थ्य कमजोर रह सकता है। आत्मसम्मान बना रहेगा। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। भाइयों का सहयोग मिलेगा। कारोबार से लाभ होगा। नौकरी में कार्यभार रहेगा। जल्दबाजी न करें।

कर्क

ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

बेरोजगारी दूर करने के प्रयास सफल रहेंगे। भेंट व उपहार की प्राप्ति संभव है। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। शेयर मार्केट व म्युचुअल फंड से मनोनुकूल लाभ होगा। नौकरी में प्रभाव वृद्धि होगी। कोई बड़ा काम होने से प्रसन्नता रहेगी। जल्दबाजी न करें। उत्साह रहेगा।


सिंह

मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे

दुष्टजनों से सावधानी आवश्यक है। फालतू खर्च पर नियंत्रण नहीं रहेगा। हल्की मजाक करने से बचें। अपेक्षित काम में विलंब होगा। बेकार की बातों पर ध्यान न दें। अपने काम से काम रखें। लाभ के अवसर मिलेंगे। विवेक का प्रयोग करें। आय में वृद्धि होगी।


कन्या

ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो

यात्रा लाभदायक रहेगी। संतान पक्ष से बुरी खबर मिल सकती है। डूबी हुई रकम प्राप्त होगी। व्यापार-व्यवसाय से मनोनुकूल लाभ होगा। नौकरी में प्रशंसा मिलेगी। जल्दबाजी से काम बिगड़ सकते हैं। नए उपक्रम प्रारंभ करने संबंधी योजना बनेगी।


तुला

रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

सामाजिक कार्य करने में मन लगेगा। योजना फलीभूत होगी। कार्यस्थल पर परिवर्तन हो सकता है। कारोबार मनोनुकूल लाभ देगा। नौकरी में अधिकार बढ़ सकते हैं। शेयर मार्केट, म्युचुअल फंड से लाभ होगा। आय में वृद्धि होगी। मान-सम्मान मिलेगा। स्वास्थ्‍य का ध्यान रखें।


वृश्चिक

तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू

चोट व रोग से कष्ट हो सकता है। बेचैनी रहेगी। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। पूजा-पाठ में मन लगेगा। सत्संग का लाभ मिलेगा। राजकीय बाधा दूर होकर लाभ की स्थिति बनेगी। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। परिवार तथा मित्रों का सहयोग मिलेगा। प्रसन्नता बनी रहेगी।


धनु

ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे

चोट व दुर्घटना से बड़ी हानि हो सकती है। पुराना रोग उभर सकता है। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। किसी व्यक्ति विशेष से कहासुनी हो सकती है। स्वाभिमान को ठेस पहुंच सकती है। दौड़धूप रहेगी। नकारात्मकता हावी रहेगी। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें।


मकर

भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी

यात्रा लाभदायक रहेगी। राजकीय सहयोग मिलेगा। सरकारी कामों में सहूलियत होगी। जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा। घर में सुख-शांति रहेंगे। कारोबारी अनुबंध हो सकते हैं। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। पार्टनरों से सहयोग मिलेगा। झंझटों में न पड़ें।


कुंभ

गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा

ऐश्वर्य के साधनों पर खर्च होगा। नौकरी में कार्य की प्रशंसा होगी। मातहतों का सहयोग प्राप्त होगा। स्थायी संपत्ति के कार्य बड़ा लाभ दे सकते हैं। भाग्योन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। शारीरिक कष्ट संभव है। भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। विवेक से कार्य करें।


मीन

दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची

पार्टी व पिकनिक का कार्यक्रम बनेगा। आनंद के साथ समय व्यतीत होगा। मनपसंद व्यंजनों का लाभ मिलेगा। रचनात्मक कार्य सफल रहेंगे। व्यापार मनोनुकूल लाभ देगा। नौकरी में प्रभाव वृद्धि होगी। किसी व्यक्ति से बहस हो सकती है। आशंका-कुशंका से बाधा होगी।


ऋषिकेश  : 




मंगलवार देर शाम एक बार फिर गुलदार चकजोगीवाला गांव में दिखाई दिया, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई। जंगल की ओर से निकला गुलदार कुछ देर तक सड़क किनारे घूमता रहा। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गांव के आसपास गुलदार लगातार नजर आ रहा है, जिसके चलते लोग शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों ने वन विभाग की उदासीनता पर नाराज़गी जताई है। उनका कहना है कि कई बार सूचना देने के बाद भी विभाग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़ी घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।


 खदरी ग्राम सभा चोपड़ा फार्म में एक-दांत वाले गजराज की चहलकदमी, ग्रामीणों में दहशत


ऋषिकेश : 



खदरी ग्राम सभा चोपड़ा फार्म क्षेत्र में मगलवार सुबह एक बार फिर हाथी की चहलकदमी देखने को मिली। जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 7 बजे एक-दांत वाला गजराज आबादी क्षेत्र के निकट घूमता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक यह वही गजराज है जो लंबे समय से इस क्षेत्र में आवागमन करता रहता है। इसकी सबसे खास पहचान इसका टूटा हुआ एक दांत है, जो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त माना जा रहा है।

गजराज के अचानक सड़क पर आने से क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह-सुबह खेतों और रास्तों पर लोगों की आवाजाही शुरू होती है, ऐसे में हाथी का इस तरह घूमना किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा इंतज़ाम बढ़ाने और हाथी की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक के दौरान निर्देश दिये कि राज्य में दुर्घटना प्रभावित लोगों को आयुष्मान योजना के अलावा अन्य अस्पतालों में भी कैशलेस उपचार के लिए परिवहन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रस्ताव बनाया जाए।



 सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए उन्होंने और प्रभावी प्रयास करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए राज्य की सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चौकिंग की जाए। पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि वाहन ओवरलोडिंग न हो।  यातायात के नियमों के पालन के लिए लोगों को नियमित रूप से जागरूक किया जाए। यातायात व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक संसाधनों के अधिकतम इस्तेमाल पर ध्यान दिया जाए। 


मुख्यमंत्री ने कहा बस अड्डों पर नियमित स्वच्छता और सुरक्षा से संबंधित अभियान चलाये जांय। यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमित कार्रवाई की जाए। सड़क दुर्घटना के बाद घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए रिस्पांस टाइम कम से कम रखा जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि अतिवृष्टि से प्रभावित ऐसे क्षेत्रों जहां भीड़-भाड़ और अधिक आवागमन होता है, वहां सड़कों के मरम्मत कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता में रखा जाए। रोड सेफ्टी के लिए जनपदों में जो अच्छी पहल हुई है, उनको बेस्ट प्रैक्टिस के रूप में लिया जाए। मुख्यतंत्री ने एआई और तकनीक आधारित ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम पर ध्यान दिए जाने के साथ ही सभी जनपदों में ट्रैफिक सिस्टम को ऑटोमेटेड मोड में संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर सड़क चौड़ीकरण के कार्य को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। दुर्घटनाओं से बचाव और त्वरित सहायता के लिए जनमानस को प्रशिक्षित करने के लिए फर्स्ट रिस्पॉन्डर ट्रेनिंग प्रोग्राम नियमित रूप से आयोजित किए जाएं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय मार्गों पर क्रैश बैरियर की स्थापना और अनुरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए। गाड़ियों के रूकने की व्यवस्था ऐसे स्थानों पर की जाए, जहां आस-पास में लोगों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। इसके लिए परिवहन एवं पर्यटन विभाग आपस समन्वय बनाकर योजना बनाएं। शीतकालीन यात्रा और आगामी चारधाम व नंदा राजजात यात्रा के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था को सुदृ़ढ़ बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किये जाएं। सुरक्षा की दृष्टि से बस अड्डों पर नियमित सतर्कता बरती जाए। 


मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क सुरक्षा की दृष्टिगत परिवहन, पुलिस और लोक निर्माण विभाग हर माह बैठक करें। पर्वतीय क्षेत्रों में वन विभाग और संबंधित जिला प्रशासन द्वारा सड़क किनारे पौधारोपण का कार्य  किया जाए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत सराहनीय कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया। 


इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन, सचिव श्री शैलेश बगोली, श्री बृजेश कुमार संत, श्री वी षणमुगम, अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. वी.मुरूगेशन, आईजी श्री राजीव स्वरूप, आयुक्त परिवहन श्रीमती रीना जोशी, अपर सचिव श्री विनीत कुमार, श्री रोहित मीणा और संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नशामुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम को किया संबोधित*


*सीएम ने कहा, नशे को मजबूती से "ना" कहें युवा, साथियों को भी “ना’’ कहने के लिए करें प्रेरित* 


मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने नशामुक्त भारत अभियान के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में युवाओं से अपील की है कि वो स्वयं भी नशे को पूरी मजबूती के साथ "ना" कहें, साथ ही अपने साथियों को भी नशे के लिए “ना’’ कहने के लिए प्रेरित करें।


मंगलवार को  मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित नशामुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने नशामुक्त भारत अभियान के पांच वर्ष पूर्ण होने की बधाई देत हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाने वाले कर्मवीरों के सहयोग से आज समाज नशे की भयावह समस्या से मुकाबला करने में सक्षम हो रहा है। उन्होनें कहा कि नशा केवल एक बुरी आदत नहीं, बल्कि समाज को भीतर से खोखला करने वाली एक भयावह चुनौती है। ये घातक प्रवृत्ति व्यक्ति की चेतना, विवेक और निर्णय लेने की क्षमता को नष्ट कर उसके पूरे भविष्य को विनाश की ओर ले जाती है। 



मुख्यमंत्री ने कहा कि आज नशे का प्रसार वैश्विक स्तर पर एक ‘साइलेंट वॉर’ की तरह हो रहा है, जिसका सबसे बड़ा निशाना हमारी युवा शक्ति है। उन्होंने कहा कि हमारी युवा पीढ़ी ही नए भारत की ऊर्जा, नवाचार, सामर्थ्य और प्रगति का वास्तविक आधार है। यदि यही ऊर्जा किसी नकारात्मक प्रभाव में फँस जाएगी, तो राष्ट्र के विकास की गति भी अवरुद्ध हो जाएगी। इसीलिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2020 में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान की शुरुआत कर पूरे देश से इस सामाजिक बुराई के विरुद्ध एकजुट होने का आह्वान किया और इसे एक व्यापक जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया।


मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से राज्य सरकार भी नशे के विरुद्ध इस महाअभियान के अंतर्गत “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” के संकल्प को साकार करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ मिशन मोड पर कार्य कर रही है।


मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए वर्ष 2022 में त्रिस्तरीय एन्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का गठन किया गया। फोर्स ने बीते तीन वर्ष में 6 हजार से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए, 200 करोड़ रुपए से अधिक के नारकोटिक पदार्थ भी बरामद किए हैं। 

उन्होंने कहा कि सरकार नशे की प्रवृत्ति को रोकने, नशाग्रस्त व्यक्तियों को पुनः मुख्यधारा से जोड़ने तथा उनके पुनर्वास के लिए प्रदेश के सभी जनपदों में नशा मुक्ति केंद्रों को प्रभावी बना रही है। वर्तमान में, प्रदेश में चार इंटीग्रेटेड रिहैबिलिटेशन सेंटर फॉर एडिक्ट्स (IRCA) सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं, जो नशा पीड़ित व्यक्तियों को उपचार, परामर्श और पुनर्वास की बेहतर सुविधाएँ प्रदान कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, AIIMS ऋषिकेश की सहायता से राज्य में एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (ATF) का संचालन भी किया जा रहा है। इसी तरह राज्य के प्रत्येक जनपद के शिक्षण संस्थानों में एंटी-ड्रग कमेटियों का गठन किया गया है, जिनमें जागरूक विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों तथा प्रधानाचार्यों को सदस्य के रूप में सम्मिलित किया गया है।


 मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की गौरवशाली पहचान “ऐपण कला” को भी इस अभियान से जोड़ा गया है, आज नशा-विरोधी संदेशों से सुसज्जित ‘ऐपण’ पेंटिंग्स हमारे शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों की शोभा बढ़ा रही हैं। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए राज्य में ‘दगड़िया क्लब’ भी बनाए हैं।


मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं भी नशे को पूरी मजबूती के साथ "ना" कहें और अपने साथियों को भी नशे के लिए “ना’’ कहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए अपने विकल्प रहित संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। परन्तु ये संकल्प तभी सिद्ध हो सकता है, जब हमारी युवा पीढ़ी अपनी पूरी ऊर्जा, क्षमता और दृढ़ संकल्प के साथ हमारा सहयोग करे और नशे जैसी बुराइयों से स्वयं भी दूर रहे तथा दूसरों को भी दूर रखने का संकल्प ले। 


 मुख्यमंत्री धामी ने उपस्थित युवाओं को नशा मुक्त भारत अभियान की शपथ भी दिलाई, साथ ही स्कूल कॉलेजों में राज्य स्तर पर आयोजित भाषण एवं निंबध प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया।


 कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, विधायक श्रीमती सविता कपूर, उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री संजय नेगी, सचिव समाज कल्याण डॉ श्रीधर बाबू अद्यांकी, अपर पुलिस महानिदेशक डॉ वी मुरुगेशन,निदेशक समाज कल्याण डॉ संदीप तिवारी  एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा विधायक घनसाली श्री शक्ति लाल शाह के अनुरोध पर विधानसभा क्षेत्र घनसाली के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पिलखी विकासखण्ड भिलंगना को भूमि उपलब्धता के अनुरूप उपजिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत किये जाने के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।



अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने जिला कार्यालय परिसर से प्रचार वाहन को हरि झंडी दिखाकर रवाना किया।*


हरिद्वार ;



               मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने अवगत कराया है कि जनपद के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए आईटीसी मिशन सुनहरा कल तथा जिला कौशल विकास एवं सेवायोजन कार्यालय, हरिद्वार के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में दिनांक 21 नवंबर 2025 को दयानंद स्टेडियम गुरुकुल कांगड़ी विवि हरिद्वार में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है,जिसके सफल क्रियान्वयन के लिए प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
        मुख्य विकास अधिकारी ने प्रोग्राम अधिकारी गिरीश तिवारी को निर्देश दिए ही कि रोजगार मेले का जनपद के विभिन्न क्षेत्रों ने व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए है जिससे रोजगार मेले में अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सके ।

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.