Halloween party ideas 2015

देहरादून :




 मसूरी रोड स्थित मैक्स अस्पताल एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में आ गया है। इलाज में भारी लापरवाही के चलते मरीज की मौत के मामले में उत्तराखंड राज्य मेडिकल काउंसिल ने कड़ा रुख अपनाया है। काउंसिल ने अस्पताल पर 10 लाख रुपये का जुर्माना ठोकते हुए दो डॉक्टरों का पंजीकरण दो महीने के लिए निलंबित कर दिया है।

पूरा मामला 4 अप्रैल 2025 का बताया जा रहा है। कर्नल अमित कुमार दोउली ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी बिन्देश्वरी देवी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि न्यूरोसर्जरी वार्ड में भर्ती मरीज को समय पर इलाज नहीं मिला और डॉक्टरों ने जरूरी सतर्कता नहीं बरती।

राज्य मेडिकल काउंसिल की जांच में मैक्स अस्पताल की गंभीर चूक सामने आई। इसके बाद काउंसिल ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया।

साथ ही डॉक्टर डॉ. आनंद मोहन ठाकुर और डॉ. मुकेश बिष्ट का पंजीकरण दो महीने के लिए निरस्त कर दिया गया है। इस अवधि में दोनों चिकित्सक इलाज नहीं कर सकेंगे।

अन्य डॉक्टरों को भी चेतावनी

मामले की गंभीरता को देखते हुए काउंसिल ने अस्पताल के अन्य चिकित्सकों को भी चेतावनी जारी की है।

मैक्स अस्पताल प्रबंधन ने सफाई देते हुए कहा है कि उन्हें अभी तक कोई आधिकारिक आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। आदेश मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

देहरादून में निजी अस्पतालों की मनमानी पर अब सवाल खड़े हो रहे हैं ,क्या मरीजों की जान की कीमत सिर्फ जुर्माने तक सीमित रह जाएगी?

 

छापेमारी में 146 सिलेंडर जब्त, पांच मोटर किट और 15 बासुरी बरामद                     

ऋषिकेश : 


gas refiling scam


श्यामपुर क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और कालाबजारी का बड़ा खुलासा हुआ है। ग्राम पंचायत खदरी खड़क माफ के लक्कड़घाट स्थित गली नंबर तीन में पूर्ति विभाग की टीम ने छापेमारी कर गैस के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया।

टीम ने मौके से कुल 146 घरेलू व व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। इसके साथ ही गैस भरने के लिए इस्तेमाल हो रही पांच बिजली से चलने वाली रिफिलिंग किट, 15 बासुरी तथा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार सीएम पोर्टल पर लक्कड़घाट क्षेत्र में गैस की कालाबजारी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली और शिव मोहन भट्ट ने टीम के साथ निर्माणाधीन भवन पर छापा मारा।

टीम को देखकर मौके पर मौजूद युवक फरार हो गए। जब टीम भवन के भीतर पहुंची तो गैस सिलेंडरों का जखीरा देख अधिकारी भी हैरान रह गए।

भवन व लोडर वाहनों से मिला सिलेंडरों का जखीरा

छापेमारी के दौरान भवन से 71 व्यावसायिक और 12 घरेलू सिलेंडर बरामद हुए। वहीं पास खड़े दो लोडर वाहनों में 63 व्यावसायिक सिलेंडर और मिले।

कुल 146 सिलेंडरों को जब्त कर ऋषिकेश स्थित गैस एजेंसी के गोदाम में सुरक्षित रखवाया गया है। लोडर वाहनों को क्रेन की मदद से आईडीपीएल पुलिस चौकी भेजा गया।

कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं।

बताया जा रहा है कि यह गैस रिफिलिंग अड्डा कभी भी इलाके में बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता था।

 

भाजपा की महिला विरोधी नीतियों से त्रस्त होकर --

डोईवाला;



भाजपा नेत्री रीता क्षेत्री ने आज कई महिलाओं के साथ परवादून जिला कांग्रेस कार्यालय,डोईवाला में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में महिलाओं को न तो सम्मान मिल रहा है और न ही सुरक्षा। महिलाओं के शोषण, लगातार बढ़ती महंगाई, महिलाओं के विरुद्ध बढ़ती हिंसक घटनाएं तथा अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे मामलों ने भाजपा का महिला विरोधी चेहरा उजागर किया है। इन्हीं कारणों से हताश होकर उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ने का निर्णय लिया।


रीता क्षेत्री ने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और समान अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस के नेतृत्व में ही महिलाओं का सशक्तिकरण संभव है।


परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा शासन में महिलाओं के साथ अन्याय, शोषण और अत्याचार चरम पर है। सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है। अंकिता भंडारी हत्याकांड आज भी न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है, जो भाजपा सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं की आवाज़ को मजबूती से उठाती रही है और आगे भी महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी। रीता क्षेत्री सहित सभी महिलाओं का कांग्रेस परिवार में स्वागत है।


इस कार्यक्रम में परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल के साथ कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद कपरूवान शास्त्री, कांग्रेस प्रदेश सचिव सागर मनवाल, पूर्व ग्राम प्रधान राजेश गुरुंग, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष देवराज सावन, राहुल सैनी, सुशील सैनी, राजेन्द्र सेमवाल सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के दौरान लक्ष्मी थापा, गंगा क्षेत्री, गीता थापा, लता सिंह, सीता थापा, यशोदा क्षेत्री, पिंकी थापा, ऊषा थापा व अन्य महिलाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

रीता क्षेत्री 2025 में वार्ड न 20 से डोईवाला नगरपालिका सभासद पद की प्रत्याशी रही है।


 *सनातन संस्कृति और राष्ट्र चेतना के प्रतीक थे  सत्यमित्रानंद गिरी महाराज    : मुख्यमंत्री धामी* 

 *उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी व दंगारोधी कानून लागू : सीएम* 

saint seminar haridwar 5 feb 2026 CM dhami


मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार स्थित सप्तऋषि आश्रम मैदान (भारत माता मंदिर के समीप, सप्त सरोवर मार्ग) में आयोजित ‘संत सम्मेलन’ में प्रतिभाग किया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी  ने हरिद्वार के कनखल स्थित आश्रम पहुंचकर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव भी उपस्थित रहे |

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सनातन चेतना के जीवंत प्रतीक आप सभी संत-महात्मा, धर्मगुरु एवं श्रद्धालुजन, माँ गंगा के पावन तट पर स्थित सप्तऋषि क्षेत्र में एकत्र होकर राष्ट्र और संस्कृति के लिए अपना अमूल्य योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन महापुरुषों ने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रधर्म, सेवा, त्याग और करुणा के लिए समर्पित किया, वे केवल संन्यासी नहीं बल्कि राष्ट्र चेतना से जुड़े दिव्य संत थे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्यमित्रानंद गिरी महाराजने आध्यात्मिक ज्ञान को सामाजिक सेवा से जोड़ते हुए ऐसा जीवन दर्शन प्रस्तुत किया, जिससे अनगिनत लोगों को सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिली। उन्होंने भारत माता मंदिर की स्थापना कर सनातन संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का कार्य किया, जो आज भी श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणा का केन्द्र बना हुआ है। वर्ष 1998 के कुंभ मेले में उन्हें आचार्य महामंडलेश्वर बनाया गया, जिसके बाद अब तक 10 लाख से अधिक नागा साधुओं को दीक्षा प्रदान की गई।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्यमित्रानंद गिरी महाराज की मूर्ति स्थापना नई पीढ़ी के लिए आध्यात्मिक जागरण का माध्यम बनेगी। संत परंपरा किसी एक पंथ या संप्रदाय तक सीमित न होकर वसुधैव कुटुंबकम के भाव से सम्पूर्ण विश्व को जोड़ने का कार्य करती है। सनातन धर्म मानव निर्मित नहीं, बल्कि शाश्वत सिद्धांतों पर आधारित है, जो समय के साथ चलता है और कभी पराजित नहीं होता।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून, सख्त दंगारोधी कानून, तथा लैंड जिहाद, लव जिहाद और थूक जिहाद जैसी जिहादी मानसिकताओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू कर सभी नागरिकों के लिए समान कानून की स्थापना की गई है। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने हेतु सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिसके परिणामस्वरूप 28 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी प्राप्त हुई है।


प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सांस्कृतिक उत्थान का नया युग प्रारंभ हुआ है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण तथा बदरीनाथ धाम मास्टर प्लान जैसे कार्य भारत को पुनः विश्व गुरु के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।



मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव ने कहा कि हरिद्वार में गंगा तट पर स्थित भारत माता मंदिर देश की सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 2027 के कुंभ मेले की तैयारियाँ की जा रही हैं और महाराज जी का जीवन निरंतर सद्कर्म और साधना से प्रेरित रहा।


जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा ने कहा कि भारत में बीते वर्षों में अभूतपूर्व परिवर्तन हुआ है और आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने कहा कि जल, थल और वायु मार्गों का तीव्र विकास हुआ है तथा युवा शक्ति देश को विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर कर रही है। संत समाज भारतीय संस्कृति को सुदृढ़ करने और देश को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य कर रहा है।


बिहार के राज्यपाल श्री आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि संतों का सान्निध्य जीवन के दुखों का समाधान है। भारत की पहचान सनातन संस्कृति से है। शंकराचार्य द्वारा स्थापित चार मठ देश की आध्यात्मिक एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि परमात्मा एक है, उसकी अभिव्यक्ति विभिन्न आस्थाओं के माध्यम से होती है।



कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा, बिहार के राज्यपाल श्री आरिफ मोहम्मद खान, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव,  शंकराचार्य श्री राजराजेश्वराश्रम महाराज, योग गुरु बाबा रामदेव,  सहित बड़ी संख्या में साधु-संत, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।


 भिक्षावृत्ति व कूड़ा बिनते बालक  रेस्क्यू; 


देहरादून,:

beggar child rescued  by DM dehradun order


. जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के क्रम में जनपद में भिक्षावृत्ति एवं बाल श्रम के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आज भिक्षावृत्ति निषेध टीम द्वारा नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से भिक्षावृत्ति/कूड़ा बिनने में संलग्न एक नाबालिग बालक को रेस्क्यू किया गया।

रेस्क्यू के उपरांत बालक की सामान्य डायरी (GD) दर्ज कराई गई तथा नियमानुसार उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। समस्त औपचारिकताओं की पूर्ति के पश्चात बालक को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

बाल कल्याण समिति के आदेशानुसार बालक के संरक्षण, देखभाल एवं पुनर्वास हेतु उसे शिशु निकेतन में सुरक्षित रूप से प्रवेशित कराया गया है।

जिलाधिकारी  द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जनपद में किसी भी परिस्थिति में बच्चों से भिक्षावृत्ति अथवा कूड़ा बिनवाने जैसे अमानवीय कृत्य स्वीकार्य नहीं हैं। ऐसे मामलों में तत्काल रेस्क्यू, संरक्षण एवं पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए।

जिला प्रशासन आमजन से भी अपील करता है कि यदि कहीं भी बच्चों को भिक्षावृत्ति, बाल श्रम या असुरक्षित परिस्थितियों में कार्य करते हुए देखा जाए, तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन या चाइल्ड हेल्पलाइन को दें, ताकि समय रहते बच्चों को सुरक्षित भविष्य प्रदान किया जा सके।



◼️ *परिवार का पक्ष सुनकर जुटाई अहम जानकारी, निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा*

◼️ *कोतवाली और खुड़बुड़ा चौकी के रिकॉर्ड की गहन समीक्षा, महिलाओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: विशाखा अशोक भदाणे (IPS)*


देहरादून के कोतवाली नगर क्षेत्र में युवती की जघन्य हत्या से संबंधित प्रकरण में नामित जांच अधिकारी *पुलिस अधीक्षक, श्रीमती विशाखा अशोक भदाणे IPS* द्वारा आज प्रकरण की विस्तृत समीक्षा की गई।


पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने *घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण* कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं का गहन परीक्षण किया। उन्होंने *पीड़ित परिवार से भेंट कर उनके पक्ष को गंभीरतापूर्वक सुना तथा बयान दर्ज किए। घटना से संबंधित प्रत्येक महत्वपूर्ण बिन्दु पर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।*


*उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि प्रकरण की जांच पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तथ्यपरक ढंग से की जा रही है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि यदि किसी भी स्तर पर कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही अथवा त्रुटि पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।*


उन्होंने कोतवाली नगर और पुलिस चौकी खुड़बुड़ा पहुंचकर प्रकरण से *संबंधित अभिलेखों, प्राप्त सूचनाओं एवं पुलिस रिस्पॉन्स से जुड़े दस्तावेजों का भी विस्तृत अवलोकन किया और कहा कि जांच के दौरान घटना के समय पुलिस रिस्पॉन्स, प्राप्त सूचनाओं पर की गई कार्यवाही* जैसे सभी पहलुओं का गहन परीक्षण किया जा रहा है।


*श्री सुनील कुमार मीणा, पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखण्ड ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा इस संवेदनशील प्रकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए जांच की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।*

आज का राशिफल

दिनाँक -05 फरवरी,2026

दिन - गुरुवार


मेष

rashifal today 05 feb 2026

अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो

पार्टी व पिकनिक का आनंद मिलेगा। रचनात्मक कार्य सफल रहेंगे। व्यवसाय ठीक चलेगा। प्रसन्नता रहेगी। जीवनसाथी के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। पारिवारिक उन्नति होगी। सुखद यात्रा के योग बनेंगे। स्वविवेक से कार्य करना लाभप्रद रहेगा।


वृषभ

ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो

शत्रु सक्रिय रहेंगे। स्वास्थ्य कमजोर होगा। भूमि व भवन संबंधी योजना बनेगी। बेरोजगारी दूर होगी। लाभ होगा। मान-प्रतिष्ठा में कमी आएगी। कामकाज में बाधाएं आ सकती हैं। कर्मचारियों पर व्यर्थ संदेह न करें। आर्थिक तंगी रहेगी।


मिथुन

का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह

पुराना रोग उभर सकता है। शोक समाचार मिल सकता है। भागदौड़ रहेगी। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। अधूरे कामों में गति आएगी। व्यावसायिक गोपनीयता भंग न करें। गीत-संगीत में रुचि बढ़ेगी। आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।


कर्क

ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

यात्रा सफल रहेगी। प्रयास सफल रहेंगे। वाणी पर नियंत्रण रखें। घर-बाहर पूछ-परख रहेगी। लाभ होगा। व्यापार-व्यवसाय में उन्नति के योग हैं। वाणी पर संयम आवश्यक है। जीवनसाथी से मदद मिलेगी। सामाजिक यश-सम्मान बढ़ेगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।


सिंह

मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे

पुराने मित्र व संबंधियों से मुलाकात होगी। शुभ समाचार प्राप्त होंगे। व्यवसाय ठीक चलेगा। मान बढ़ेगा। स्वजनों से मेल-मिलाप होगा। नौकरी में ऐच्छिक पदोन्नति की संभावना है। किसी की आलोचना न करें। खानपान का ध्यान रखें। आर्थिक संपन्नता बढ़ेगी।


कन्या

ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो

रोजगार मिलेगा। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। नौकरी में अधिकार बढ़ेंगे। व्यावसायिक समस्या का हल निकलेगा। नई योजना में लाभ की संभावना है। घर में मांगलिक आयोजन हो सकते हैं। जीवनसाथी से संबंध घनिष्ठ होंगे।


तुला

रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

ऐश्वर्य पर व्यय होगा। स्वास्थ्‍य कमजोर रहेगा। विवाद को बढ़ावा न दें। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। राजकीय कार्य में परिवर्तन के योग बनेंगे। आलस्य का परित्याग करें। आपके कामों की लोग प्रशंसा करेंगे। व्यापार लाभप्रद रहेगा। नई कार्ययोजना के योग प्रबल हैं।

वृश्चिक

तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू

लेन-देन में सावधानी रखें। बकाया वसूली के प्रयास सफल रखें। व्यावसायिक यात्रा मनोनुकूल रहेगी। कानूनी मामले सुधरेंगे। धन का प्रबंध करने में कठिनाई आ सकती है। आहार की अनियमितता से बचें। व्यापार, नौकरी में उन्नति होगी।


धनु

ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे

राजमान प्राप्त होगा। नए अनुबंध होंगे। नई योजना बनेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। प्रसन्नता रहेगी। कार्य में व्यय की अधिकता रहेगी। दांपत्य जीवन में भावनात्मक समस्याएँ रह सकती हैं। व्यापार में नए अनुबंध आज नहीं करें।


मकर

भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी

पूजा-पाठ में मन लगेगा। कोर्ट व कचहरी के काम निबटेंगे। लाभ के अवसर मिलेंगे। प्रसन्नता रहेगी। कुछ मानसिक अंतर्द्वंद्व पैदा होंगे। पारिवारिक उलझनों के कारण मानसिक कष्ट रहेगा। धैर्य एवं संयम रखकर काम करना होगा। यात्रा आज न करें।


कुंभ

गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा

पुराना रोग उभर सकता है। चोट व दुर्घटना से बचें। वस्तुएं संभालकर रखें। बाकी सामान्य रहेगा। व्यापार-व्यवसाय सामान्य रहेगा। दूरदर्शिता एवं बुद्धि चातुर्य से कठिनाइयां दूर होंगी। राज्य तथा व्यवसाय में सफलता मिलने के योग हैं। पठन-पाठन में रुचि बढ़ेगी।

मीन

दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची

बेचैनी रहेगी। वैवाहिक प्रस्ताव मिल सकता है। कोर्ट व कचहरी में अनुकूलता रहेगी। धनार्जन होगा। संतान के स्वास्थ्य पर ध्यान दें। परिवार के सहयोग से दिन उत्साहपूर्ण व्यतीत होगा। योजनानुसार कार्य करने से लाभ की संभावना है। आर्थिक सुदृढ़ता रहेगी।

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.