Halloween party ideas 2015

 

छापेमारी में 146 सिलेंडर जब्त, पांच मोटर किट और 15 बासुरी बरामद                     

ऋषिकेश : 


gas refiling scam


श्यामपुर क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और कालाबजारी का बड़ा खुलासा हुआ है। ग्राम पंचायत खदरी खड़क माफ के लक्कड़घाट स्थित गली नंबर तीन में पूर्ति विभाग की टीम ने छापेमारी कर गैस के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया।

टीम ने मौके से कुल 146 घरेलू व व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। इसके साथ ही गैस भरने के लिए इस्तेमाल हो रही पांच बिजली से चलने वाली रिफिलिंग किट, 15 बासुरी तथा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार सीएम पोर्टल पर लक्कड़घाट क्षेत्र में गैस की कालाबजारी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली और शिव मोहन भट्ट ने टीम के साथ निर्माणाधीन भवन पर छापा मारा।

टीम को देखकर मौके पर मौजूद युवक फरार हो गए। जब टीम भवन के भीतर पहुंची तो गैस सिलेंडरों का जखीरा देख अधिकारी भी हैरान रह गए।

भवन व लोडर वाहनों से मिला सिलेंडरों का जखीरा

छापेमारी के दौरान भवन से 71 व्यावसायिक और 12 घरेलू सिलेंडर बरामद हुए। वहीं पास खड़े दो लोडर वाहनों में 63 व्यावसायिक सिलेंडर और मिले।

कुल 146 सिलेंडरों को जब्त कर ऋषिकेश स्थित गैस एजेंसी के गोदाम में सुरक्षित रखवाया गया है। लोडर वाहनों को क्रेन की मदद से आईडीपीएल पुलिस चौकी भेजा गया।

कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं।

बताया जा रहा है कि यह गैस रिफिलिंग अड्डा कभी भी इलाके में बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता था।

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.