Halloween party ideas 2015

 उत्तराखंड में UCC के खिलाफ विरोध शुरू,राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी (RRP) कल सौंपेगी ज्ञापन,सप्ताह भर बाद विरोध तेज करने का ऐलान


देहरादून:



 उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू होने के बाद इसका विरोध शुरू होने लगा है,पर्वतीय मूल निवासी इस कानून के कुछ प्रावधानों को लेकर नाराज़ हैं और इसमें संशोधन की मांग कर रहे हैं,इसी कड़ी में सबसे पहले राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी क्षेत्रीय पार्टी ने कल एक दिवसीय उपवास करने का निर्णय लिया है,उपवास के बाद पार्टी राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी,जिसमें सरकार को 1 सप्ताह का अल्टीमेटम दिया जाएगा।


*क्या है विरोध का कारण?*


UCC में स्थायी निवासी की परिभाषा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नए प्रावधानों के तहत –


1. जो व्यक्ति कम से कम एक वर्ष से उत्तराखंड में निवास कर रहा है,उसे स्थायी निवासी माना जा सकता है।



2. राज्य सरकार या उसके किसी उपक्रम में कार्यरत कर्मचारी भी स्थायी निवासी होंगे।



3. राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थी भी इस श्रेणी में आएंगे।




पर्वतीय मूल निवासी इस नियम का विरोध कर रहे हैं, उनका कहना है कि इससे बाहरी लोगों को आसानी से स्थायी निवासी का दर्जा मिल जाएगा,जिससे स्थानीय संस्कृति,भूमि अधिकार और सामाजिक संरचना प्रभावित होगी।


*कल ज्ञापन सौंपेगी राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी,1 सप्ताह का देगी अल्टीमेटम*


राष्ट्रवादी क्षेत्रीय पार्टी कल एक दिवसीय उपवास करेगी और इसके बाद राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी,इस ज्ञापन में सरकार को 1 सप्ताह का समय दिया जाएगा ताकि वह पर्वतीय मूल निवासियों की मांगों पर विचार करे।


पार्टी प्रवक्ता का कहना है –

"हम सरकार से उम्मीद करते हैं कि वह पर्वतीय मूल निवासियों की भावनाओं को समझेगी और UCC के विवादित प्रावधानों पर पुनर्विचार करेगी, यदि हमारी मांगें अनसुनी की गईं, तो हम एक बड़े आंदोलन की तैयारी करेंगे।"


*उत्तराखंड क्रांति दल और सामाजिक संगठनों का समर्थन संभव*


सूत्रों के अनुसार, उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) से भी इस आंदोलन में शामिल होने की अपील भविष्य में की जा सकती है इसके अलावा, राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी अन्य सामाजिक संगठनों, स्थानीय समूहों और जनप्रतिनिधियों से भी इस आंदोलन में जुड़ने की अपील करेगी।


*क्या होगा आगे?*


कल एक दिवसीय उपवास के बाद पार्टी सरकार को ज्ञापन सौंपेगी।


ज्ञापन में सरकार को 1 सप्ताह का समय दिया जाएगा ताकि वह पर्वतीय मूल निवासियों की मांगों पर विचार करे।


यदि सरकार चुप रहती है, तो राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी जनआंदोलन शुरू करेगी और मूल निवासियों को साथ जोड़ेगी।


क्योंकि यह पर्वतीय समाज से जुड़ा मुद्दा हैं तो संभवतः माना जा सकता हैं कि उत्तराखंड क्रांति दल और अन्य सामाजिक संगठन भी इस विरोध का हिस्सा बन सकते हैं।



*निष्कर्ष*


UCC लागू होने के बाद उत्तराखंड में इसका विरोध अब शुरू हो रहा है,पर्वतीय मूल निवासी इसे अपने अधिकारों और पहचान के लिए खतरा मान रहे हैं,कल होने वाले उपवास और ज्ञापन के बाद सरकार पर दबाव बढ़ सकता है,अब देखना यह होगा कि सरकार अगले 1 सप्ताह में क्या कदम उठाती है,या फिर राज्य में एक बड़े जन आंदोलन की शुरुआत होती है।

आज का राशिफल

*दिनांक:-28/01/2025, मंगलवार*

चतुर्दशी, कृष्ण पक्ष, 

माघ

Rashifal today 28 jan 2025


*💮🚩    विशेष जानकारी   🚩💮*


 *लाला लाजपतरॉय जयंती 


*💮🚩💮   शुभ विचार   💮🚩💮*


मूर्खश्चिरायुर्जातोऽपि तस्माज्जातमृतो वरः ।

मृतः स चाऽल्पदुःखाय यावज्जीवं जडोदहेत् ।।

।। चा o नी o।।


एक ऐसा बालक जो जन्मते वक़्त मृत था, एक मुर्ख दीर्घायु बालक से बेहतर है. पहला बालक तो एक क्षण के लिए दुःख देता है, दूसरा बालक उसके माँ बाप को जिंदगी भर दुःख की अग्नि में जलाता है.


*🚩💮🚩  सुभाषितानि  🚩💮🚩*


गीता -:  क्षेत्र-क्षेत्रज्ञविभागयोग अo-13


अन्ये त्वेवमजानन्तः श्रुत्वान्येभ्य उपासते ।,

तेऽपि चातितरन्त्येव मृत्युं श्रुतिपरायणाः ॥,


परन्तु इनसे दूसरे अर्थात जो मंदबुद्धिवाले पुरुष हैं, वे इस प्रकार न जानते हुए दूसरों से अर्थात तत्व के जानने वाले पुरुषों से सुनकर ही तदनुसार उपासना करते हैं और वे श्रवणपरायण पुरुष भी मृत्युरूप संसार-सागर को निःसंदेह तर जाते हैं॥,25॥,


*💮🚩   दैनिक राशिफल   🚩💮*


देशे ग्रामे गृहे युद्धे सेवायां व्यवहारके।

नामराशेः प्रधानत्वं जन्मराशिं न चिन्तयेत्।।

विवाहे सर्वमाङ्गल्ये यात्रायां ग्रहगोचरे।

जन्मराशेः प्रधानत्वं नामराशिं न चिन्तयेत ।।


🐏मेष

प्रसन्नता रहेगी। व्यवसाय व कारोबार में लाभ की स्थिति रहेगी। भाइयों, जीवनसाथी से मनोनुकूल सहयोग प्राप्त होगा। कानूनी अड़चन दूर होकर लाभ की स्थिति बनेगी। घर-परिवार में कोई मांगलिक कार्य का आयोजन हो सकता है। शत्रुभय रहेगा। विरोध हो सकता है। विवाद न करें।


🐂वृष

नौकरी में अधिकार वृद्धि हो सकती है। पूजा-पाठ में मन लगेगा। ज्ञान में वृद्धि होगी। कोर्ट व कचहरी के कार्यों में अनुकूल वातावरण बनेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। भाइयों तथा मातहतों का सहयोग मिलेगा। व्यस्तता रहेगी। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। प्रमाद न करें। पुराने रुके कार्यों में गति आएगी।


👫मिथुन

कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। जरूरी निर्णयों में सावधानी आवश्यक है। आय में कमी हो सकती है। नौकरी में सहकर्मियों से विवाद हो सकता है। क्रोध न करें। व्यवसाय ठीक चलेगा। पुराने मित्रों से सहयोग प्राप्त होगा। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में लापरवाही न करें। स्त्रियां घर में सावधानी रखें।


🦀कर्क

जोखिम व जमानत के कार्य बिलकुल न करें।अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। कर्ज लेना पड़ सकता है। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। अपरिचित व्यक्ति की बातों में न आएं। कुसंगति से बचें। बेवजह विवाद हो सकता है। लोगों की अपेक्षा पर आप खरे नहीं उतर पाएंगे। व्यवसाय ठीक चलेगा।


🐅सिंह

पार्टी व पिकनिक का आनंद प्राप्त हो सकता है। विद्यार्थी वर्ग सफलता हासिल करेगा। अध्ययन में मन लगेगा। मार्गदर्शन प्राप्त होगा। उत्साह में वृद्धि होगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। पारिवारिक सुख-शांति बनी रहेगी। नए-नए विचार मन में आएंगे। जल्दबाजी न करें। व्यस्तता रहेगी। धनार्जन होगा।


🙍‍♀️कन्या

बेरोजगारी दूर करने के प्रयास सफल रहेंगे। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। नया कार्य प्रारंभ करने की योजना बनेगी। प्रभावशाली व्यक्तियों से सहयोग व मार्गदर्शन प्राप्त होगा। सट्टे व लॉटरी से दूर रहें। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। जल्दबाजी न करें।


⚖️तुला

रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। श‍त्रुता में वृद्धि हो सकती है। क्रोध पर नियंत्रण रखें। भूमि व भवन संबंधी खरीद-फरोख्त की योजना बनेगी। लाभ व उन्नति के अवसर हाथ आएंगे। पार्टनरों से मतभेद दूर होंगे। जीवन सुखमय रहेगा। भाग्य का साथ मिलेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी प्रसन्न रहेंगे।


🦂वृश्चिक

धैर्य रखें। क्रोध व उत्तेजना पर नियंत्रण रखें। बनते काम बिगड़ सकते हैं। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी नाराज रहेंगे। काम पर अधिक ध्यान देना पड़ेगा। भागदौड़ रहेगी। आय में निश्चितता रह सकती है। किसी के व्यवहार से अपमान महसूस होगा। दु:खद समाचार मिल सकता है।


🏹धनु

आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। थकान महसूस होगी। व्यस्तता रहेगी। भाइयों का सहयोग मिलेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। काम में अधिक ध्यान दे पाएंगे। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। परिवार में अतिथियों का आगमन होगा। व्यय होगा। शुभ समाचार प्राप्त होंगे।


🐊मकर

घर-बाहर सम्मान मिलेगा। प्रयास सफल रहेंगे। कार्य की प्रशंसा होगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। पारिवारिक चिंता बनी रहेगी। शत्रु शांत रहेंगे। भाग्य का साथ मिलेगा। प्रमाद न करें। व्यवसाय ठीक चलेगा। आय के नए स्रोत प्राप्त हो सकते हैं। मित्रों का साथ रहेगा। प्रसन्नता में वृद्धि होगी।


🍯कुंभ

नौकरी में उच्चाधिकारी प्रसन्न रहेंगे। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। सामाजिक कार्य करने का अवसर मिल सकता है। भाग्य का साथ मिलेगा। जोखिम उठाने का मन बनेगा। परिवार का सहयोग मिलेगा। आर्थिक नीति में सुधार व परिवर्तन हो सकता है। व्यापार व व्यवसाय में वृद्धि होगी।


🐟मीन

नए कार्य प्रारंभ करने की योजना बनेगी। पार्टनरों का सहयोग मिलेगा। भाग्य का साथ मिलेगा। कानूनी अड़चन आ सकती है। व्यस्तता के चलते स्वास्थ्य खराब हो सकता है। नौकरी में उच्चाधिकारी प्रसन्न रहेंगे। रुका हुआ पैसा मिलने के योग हैं। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी।


🙏आपका दिन मंगलमय हो🙏

🌺🌺🌺🌺🙏🌺🌺🌺🌺

*आचार्य  पवन  पाराशर (वृन्दावन)*

 डोईवाला;


Parwadoon district chairman congress resigned


डोईवाला में हुए स्थानीय निकाय चुनाव में भारी हार का सामना करने के पश्चात परवादून कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित न्यायालय जिला अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे दिया है उन्होंने प्रदेश कांग्रेस को एक पत्र लिखते हुए अवगत कराया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस की  हार की जिम्मेदारी ली हैं।

 अतः जिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहे हैं भविष्य में कार्यकर्ता की भांति कांग्रेस पार्टी के लिए सदेव कार्य करते रहेंगे।

 हरिद्वार:

Yatra to bageshwar dhaam by feet


 श्री बागेश्वर धाम से  पैदल यात्रा पूर्ण कर वापस घर लौटने पर अमन राजपूत  ने असम्भव को सम्भव कर दिखाया तथा श्री बागेश्वर धाम के प्रति आस्था और  श्रद्धा का परिचय दिया है।

 ज्ञात हो कि अमन राजपूत पिछले महीने की 25 जनवरी 2025 को श्री बागेश्वर धाम की पैदल यात्रा पर निकले थे जहां जाकर उन्होंने श्री बागेश्वर धाम धीरेंद्र शास्त्री जी से मुलाकात की और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया तत्पश्चात वह वापस अपने स्थान पर आए हैं.

 श्री राम कुटिया हनुमान मंदिर बहादराबादमें उनका युवाओं द्वारा स्वागत किया गया है. उनके द्वारा किया गया यह कार्य निश्चायी युवाओं को प्रेरणा प्रदान करता है। और अपने धर्म के प्रति आस्था रखने का संदेश प्रदान करता है। इस अवसर पर अमित मुल्तानीय ,श्री विवेक वर्मा , पारस गुप्ता  और अन्य बजरंग दल  कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया।


 मंत्री रेखा आर्या ने जारी किया वात्सल्य योजना का पैसा*


*लाभार्थियों के खातों में भेजी गयी 3 करोड 35 लाख से ज्यादा की धनराशि*

*सोमवार को बाल कल्याण मंत्री ने  अपने आवास पर किया डीबीटी*


Vatsalya scheme money  transferred


महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना का पैसा लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर किया। सोमवार को इस मद में 3 करोड 35 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि लाभार्थियों को भेजी गयी।


इस योजना में आच्छादित बच्चों को 3 हज़ार रुपए प्रतिमाह की आर्थिक सहायता  21 वर्ष की आयु होने तक दी जाती है।  साथ ही इनके लिये निशुल्क राशन, निशुल्क शिक्षा की व्यवस्था भी की जा रही है। इन अनाथ बच्चों के लिए नौकरियों में पाँच प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था करने वाला उत्तराखंड पहला राज्य है। इस मद में नवम्बर और दिसम्बर माह 2024 का भुगतान अभी तक नहीं हो पाया था। इस माह यह काम आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण रुका हुआ था। आचार संहिता खत्म होने के बाद मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को अपने कैम्प कार्यालय में डीबीटी का बटन दबाकर यह धन खातों में ट्रांसफर किया। इस योजना के तहत प्रदेश भर में कुल 6544 बच्चे चिंहित थे। जिनमें से कुछ आयु 21 वर्ष से ज्यादा हो जाने, नौकरी मिल जाने  या विवाह हो जाने के कारण से उक्त दो माह के दौरान योजना के दायरे से बाहर हो गये। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि माह नवम्बर के लिए कुल 5603 और माह दिसम्बर के लिए कुल 5581 बच्चों के खातों में धन जारी कर दिया गया है।

 ऋषिकेश  :


Mayor rishikesh shambhu paswan



नवनिर्वाचित मेयर शंभू पासवान तथा भाजपा पार्षदों के साथ नगर भर में विजयी रैली निकाली गई।


 रैली का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने किया। इस दौरान नगरभर में विभिन्न समाज से जुड़े नागरिकों ने विजयी रैली पर पुष्पवर्षा तथा पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। 


रविवार को विजयी रैली आदर्शनगर से प्रारंभ होकर तिलक मार्ग, रेलवे रोड, दून रोड, गोल मार्केट, घाट रोड, मुखर्जी मार्ग स्थित चुनाव कार्यालय पर संपन्न हुई। इस दौरान मंत्री डा. अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश मेयर चुनाव पर विपक्ष द्वारा क्षेत्र की जनता को क्षेत्रवाद के जाल में फंसाने की कोशिश की। मगर, जनता ने राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ विकास कार्यों की झड़ी लगाने वाली भाजपा को अपना समर्थन दिया। 


नवनिर्वाचित मेयर शंभू पासवान ने कहा कि जनता की हर कसौटी पर खरा उतरेंगे। नगर से कूड़ा हटाना उनकी प्राथमिकता में है। साथ ही युवाओं का ध्यान नशा मुक्ति से हटाकर शारीरिक दक्षता की ओर आकर्षित करना रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का क्षेत्रवाद नहीं होगा। नगर निगम ऋषिकेश में स्वच्छता के साथ विकास कार्यों को करेंगे। 


विजयी रैली में जिलाध्यक्ष रविंद्र राणा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कविता शाह, संजय शास़्त्री, मंडल अध्यक्ष सुमित पंवार, सुरेंद्र कुमार, सुरेंद्र मोंगा, कृष्ण कुमार सिंघल, दिनेश सती, सफाई आयोग के सदस्य राकेश पारछा, ओबीसी आयोग के सदस्य सतीश पाल, वन विकास निगम के सदस्य देवदत्त शर्मा, हिमांशु संगतानी, इंद्र कुमार गोदवानी, कपिल गुप्ता, नवनिर्वाचित पार्षद राजेश कुमार, संध्या बिष्ट, पायल बिष्ट, राजेश कोटियाल, तनु तेवतिया, राजेंद्र बिष्ट, किरण यादव, रूपा देवी, प्रियंका यादव, पूजा नौटियाल, रीना शर्मा, अजय कुमार दास, अश्वनी डंग आदि उपस्थित रहे।

 स्वतंत्र भारत के इतिहास में उत्तराखण्ड यू.सी.सी लागू करने वाला बना देश का पहला राज्य।

मुख्यमंत्री ने किया समान नागरिक संहिता की अधिसूचना का अनावरण।

यूसीसी पोर्टल ucc.uk.gov.in  का भी किया शुभारंभ।

UCC portal for uttarakhand


मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू होने की अधिकारिक घोषणा करते हुए कहा है कि आज का दिन सिर्फ उत्तराखंड के लिए ही नहीं बल्कि पूरे भारत वर्ष के लिए ऐतिहासिक है। आज से उत्तराखंड में समाज में समानता स्थापित करने के लिए, समान नागरिक संहिता लागू हो गई है। 


सोमवार को सीएम आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत तौर पर समान नागरिक संहिता की अधिसूचना का अनावरण, यूसीसी पोर्टल ucc.uk.gov.in  का भी शुभारंभ और यूसीसी नियमावली बुकलेट का विमोचन किया। यूसीसी पोर्टल पर  मुख्यमंत्री ने सबसे पहले अपने विवाह का पहला पंजीकरण कराया, जिसका  प्रमाणपत्र मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी ने मुख्यमंत्री को सौंपा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यूसीसी के तहत सर्वप्रथम पंजीकरण कराने वाले पांच आवेदकों को भी प्रमाणपत्र प्रदान किए। 


मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट तय करने के लिए विशेषज्ञ कमेटी ने 2.35 लाख लोगों से सम्पर्क साधा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करके राज्य सरकार संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ बी.आर. अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों को सच्ची भावांजलि दे रही है। 


*भावुक होकर की घोषणा*


मुख्यमंत्री ने कहा कि वे बेहद भावुक होकर सवा करोड़ उत्तराखंडवासियों के सामने समान नागरिक संहिता पूर्ण रूप से लागू करने की घोषणा कर रहे हैं। इसके लिए उन्हें हर्ष के साथ ही गर्व की भी अनुभूति हो रही है। इसके साथ राज्य में प्रत्येक नागरिक के संवैधानिक और नागरिक अधिकार एक समान हो गए हैं। साथ ही सभी धर्म की महिलाओं को भी समान अधिकार मिल गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में यूसीसी लागू हो पाई है, इसके लिए उन्होंने पूरे उत्तराखंडवासियों की ओर से प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का आभार व्यक्त किया। 


*पूरा हुआ संकल्प*

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में विधानसभा चुनावों के दौरान 12 फरवरी 2022 को उन्होंने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करने का संकल्प लिया था। तब उन्हें नया-नया दायित्व मिला था, इसके सात महीने बाद ही विधानसभा चुनाव में जाना पड़ा। इसलिए कई लोग तब इस पर विश्वास नहीं कर पा रहे थे। लेकिन उन्हें पूरा भरोसा था कि उत्तराखंड की देवतुल्य जनता इस काम में उनका साथ देगी। उत्तराखंड के इतिहास में पहली बार दुबारा भाजपा की सरकार बनी। सरकार बनने के बाद पहला निर्णय उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करने को लेकर लिया गया। 


*पहले छह महीने में नहीं लगेगा शुल्क*

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूसीसी जाति धर्म लिंग के आधार पर कानूनी भेदभाव समाप्त करने का संवैधानिक उपाय है, इसके जरिए सभी नागरिकों को समान अधिकार देने का प्रयास किया गया है। इसके जरिए महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण सुनिचित हो सकेगा। साथ ही हलाला, तीन तकाल, इद्दत जैसी कुप्रथाओं पर रोक लगेगी। साथ ही संविधान के अनुच्छेद 342 के तहत वर्णित अनुसूचित जनजातियों को इसके दायरे से बाहर रखा गया है। इससे उनके रीति रिवाजों का संरक्षण हो सकेगा। जिन पंजीकृत व्यक्तियों का विवाह यूसीसी के लागू होने से पूर्व पंजीकृत हुआ हो या तलाक की डिक्री घोषित हुई हो या विवाह निरस्त हुआ हो, उनसे पहले छह महीने में किसी भी तरह का रजिस्ट्रेशन शुल्क नहीं लिया जायेगा। 


*किसी भी धर्म या पंथ के खिलाफ नही*


मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यूसीसी किसी भी धर्म या पंथ के खिलाफ नहीं है। यह समाज की कुप्रथाओं को मिटाकर, समानता से समरता कायम करने का कानूनी प्रयास है। इसमें किसी की भी मूल मान्यताओं और प्रथाओं को नहीं बदला गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व के प्रमुख मुस्लिम और विकसित देशों में पहले से ही यूसीसी लागू है। इस कानून द्वारा सभी लोगों के लिए विवाह, विवाह विच्छेद, उत्तराधिकार के नियमों को समान किया गया है। सभी धर्म के लोग अपने अपने रीति रिवाजों से विवाह कर सकते हैं। लेकिन अब सभी धर्मों में लड़कों के लिए विवाह की न्यूनतम उम्र 21 और लड़कियों के लिए 18 कर दी गई है। साथ ही पति या पत्नी के रहते दूसरे विवाह को प्रतिबंध किया गया है। समान नागरिक संहिता में बाल अधिकारों को संरक्षित किया गया है, साथ ही बेटियों को सम्पति में समान अधिकार दिए गए हैं। परिवार के सदस्यों के बीच मतभेद न हो इसके लिए मृतक की सम्पत्ति में पत्नी, बच्चे और माता-पिता को समान अधिकार दिए गए हैं। 



*यूसीसी के तहत की गई है, ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था*


मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय को देखते हुए, लिव इन के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है, युगल की सूचना रजिस्ट्रार माता-पिता या अभिभावक को देगा। यह जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी। लिव इन से पैदा बच्चों को भी समान अधिकार दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूसीसी को लागू करने के लिए सरलीकरण के मूल मंत्र पर चलते हुए, ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की गई है, साथ ही स्पष्ट नियमावली भी लागू कर दी गई है। पूरा ध्यान रखा गया है कि इसके लिए किसी भी नागरिक को दिक्कत का सामना न करना पडे। 


*27 जनवरी को मनाया जायेगा यूसीसी दिवस*


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की है कि अब प्रदेश में प्रति वर्ष 27 जनवरी को समान नागरिक संहिता दिवस के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि धारा 370, तीन तलाक, राम मंदिर को लेकर जितने भी संकल्प लिये गये थे, वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे किये गये हैं। 

इस अवसर पर यूसीसी नियमावली समिति के अध्यक्ष श्री शत्रुघ्न सिंह ने यूसीसी नियमावली के बारे में विस्तार से जानकारी दी जबकि सचिव शैलेश बगोली ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। 

  

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री श्री प्रेमचंद अग्रवाल, श्री गणेश जोशी, श्री सुबोध उनियाल, श्रीमती रेखा आर्य, श्री सौरभ बहुगुणा, राज्यसभा सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट,  राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, विधायकगण, मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, यूसीसी नियमावली समिति के सदस्य श्री शत्रुघ्न सिंह, प्रो. सुरेखा डंगवाल, श्री मनू गौड़, श्री अजय मिश्रा, शासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.