Halloween party ideas 2015


‘हूल से हेमंत तक’ में आदिवासी आंदोलनों की पड़ताल, ‘द इनविजिबल कूप’ में 149 दिनों की हिरासत से नये जनादेश तक का सफर


रांची:

CM Hemant soran, jharkhand  biography, Dr somnath arya, lakshmi kumari


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शुक्रवार शाम उनके राजनीतिक जीवन पर लिखी हिंदी और अंग्रेजी की दो पुस्तकें भेंट की गयीं। पत्रकार और लेखक डॉ. सोमनाथ आर्य तथा प्रकाशक संस्था ‘और एक प्रयास’ की अध्यक्ष लक्ष्मी कुमारी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें दोनों पुस्तकों की एक-एक प्रति सौंपी।


हिंदी पुस्तक ‘हूल से हेमंत तक — आदिवासी अस्मिता, सत्ता और संघर्ष की अनकही दास्तान’ 470 पृष्ठों की है। अंग्रेजी पुस्तक ‘The Invisible Coup: Hemant Soren, Jharkhand and the Politics of Power’ के 605 पृष्ठों में 48 अध्याय हैं। दोनों पुस्तकों का प्रकाशन ‘और एक प्रयास’ ने किया है।


‘प्रतिरोध की कीमत’ में झारखंड से दुनिया तक के संघर्ष


हिंदी पुस्तक 1855 के संताल हूल, बिरसा मुंडा के उलगुलान और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के आंदोलन से होते हुए हेमंत सोरेन की राजनीतिक यात्रा तक पहुंचती है। ‘प्रतिरोध की कीमत’ अध्याय में लेखक ने दुनिया के मूलनिवासी आंदोलनों के प्रसंगों के साथ झारखंड के अनुभव को रखा है। इसमें जमीन, पहचान और राजनीतिक हिस्सेदारी की मांग उठाने वाले नेताओं की गिरफ्तारियों और कानूनी लड़ाइयों का जिक्र है। ‘मीडिया में हाशिये पर आदिवासी’ अध्याय यह सवाल उठाता है कि आदिवासी समाज और उसके मुद्दों को खबरों में कितनी जगह मिलती है।


साक्षात्कारों में राजनीतिक संकट के दो दौर


अंग्रेजी पुस्तक में 31 जनवरी 2024 को हेमंत सोरेन के इस्तीफे और गिरफ्तारी, 149 दिनों की हिरासत, 28 जून को रिहाई और जुलाई में मुख्यमंत्री पद पर वापसी का घटनाक्रम दर्ज है। यह सिलसिला नवंबर के विधानसभा चुनाव में मिले नये जनादेश तक जाता है। गिरफ्तारी से पहले और रिहाई के बाद के साक्षात्कारों के जरिये पुस्तक उस दौर पर हेमंत सोरेन का पक्ष सामने रखती है। एक अध्याय सत्ता परिवर्तन के दौरान राजभवन, निर्वाचित सरकार और संवैधानिक प्रक्रिया की भूमिका की पड़ताल करता है।


अंग्रेजी पुस्तक का फोटो अध्याय ‘When the Chief Minister Was Just a Son’ दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद हेमंत सोरेन के शोक और एक बेटे के रूप में उनकी पारिवारिक जिम्मेदारियों पर केंद्रित है। राजनीतिक संकट के दिनों में कल्पना सोरेन की सार्वजनिक भूमिका को भी पुस्तक में जगह दी गयी है।

Next
This is the most recent post.
Previous
पुरानी पोस्ट

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.