उत्तराखंड की बेटी गार्गी उनियाल ने बढ़ाया प्रदेश का मान, भारतीय वायु सेना में बनीं फ्लाइंग ऑफिसर
चमोली जिले के जोशीमठ की रहने वाली गार्गी उनियाल ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। गार्गी का चयन भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर हुआ है। खास बात यह है कि उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में AFCAT (एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट) परीक्षा उत्तीर्ण कर सफलता का परचम लहराया। गार्गी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा और इंटरमीडिएट की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय, जोशीमठ से पूरी की। इसके बाद उन्होंने गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग कॉलेज, घुड़दौड़ी, पौड़ी गढ़वाल से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की डिग्री वर्ष 2024 में हासिल की। उनकी मेहनत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह इससे पहले दो बार CDS की परीक्षा भी पास कर चुकी हैं। गार्गी के पिता दिनेश उनियाल साहसिक खेलों के क्षेत्र से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। गार्गी ने अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उनकी उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ जोशीमठ और पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर है। पहाड़ की इस होनहार बेटी की सफलता युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा है कि लगन और मेहनत से बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। गार्गी उनियाल को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।
.png)

एक टिप्पणी भेजें