Halloween party ideas 2015


स्वर कोकिला मीना राणा और जागर सम्राज्ञी हेमा नेगी करासी होंगी ‘सावन सेलिब्रेशन–2026’ का मुख्य आकर्षण — डॉ. ममता कुंवर* 


  डोईवाला/देहरादून:




मातृशक्ति अठूरवाला की ओर से रविवार, 9 अगस्त 2026 को गणपति गार्डन, भानियावाला में आयोजित होने वाले ‘सावन सेलिब्रेशन–2026’ को लेकर क्षेत्र की महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोकगायिका स्वर कोकिला मीना राणा और जागर सम्राज्ञी हेमा नेगी करासी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। दोनों लोकप्रिय कलाकारों को अपने बीच देखने, उनसे मिलने और उन्हें सुनने को लेकर महिलाओं एवं युवाओं में खासा उत्साह है।


कार्यक्रम संयोजक डॉ. ममता कुंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन में सावन क्वीन–2026 प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता, उत्तराखंडी संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, गढ़वाली कविता पाठ, उत्तराखंड का पारंपरिक झुमैला नृत्य तथा महिलाओं के लिए अनेक मस्ती भरे गेम्स आयोजित किए जाएंगे। महिलाओं के साथ-साथ किशोरियाँ भी विभिन्न प्रस्तुतियों एवं प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करेंगी।


उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पहली बार इस स्वरूप में आयोजित हो रहे सावन सेलिब्रेशन को लेकर महिलाओं की भागीदारी उत्साहजनक है। महिलाएं न केवल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आगे आ रही हैं, बल्कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की तैयारियों में भी पूरे उत्साह के साथ जुटी हुई हैं। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने के लिए मंच देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति से जोड़ना है।


कार्यक्रम में माननीय विधायक, डोईवाला श्री बृजभूषण गैरोला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। नगर पालिका अध्यक्ष, डोईवाला श्री नरेंद्र सिंह नेगी (नंदू प्रधान) की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।


कार्यक्रम संयोजक डॉ. ममता कुंवर ने कहा, “घर-परिवार की जिम्मेदारियों के बीच महिलाओं की अपनी प्रतिभा, रुचियां और खुशियां भी हैं। सावन सेलिब्रेशन उन्हें एक ऐसा मंच देने का प्रयास है, जहां वे एक-दूसरे से जुड़ें, अपनी प्रतिभा साझा करें, खुलकर उत्सव मनाएं और अपनी उत्तराखंडी संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाएं।”


आयोजन को सफल बनाने के लिए मातृशक्ति अठूरवाला की पूरी टीम तैयारियों में जुटी हुई है। आयोजन समिति में सुमन गुसाईं, मधु डोभाल, शोभा गुसाईं, मीनाक्षी बिष्ट, बबीता पंत, अन्नू रावत, रक्षा, शिवानी, राजबाला डोभाल, सीमा सेमवाल, अम्बिका रावत, ममता जोशी, ममता रावत, कविता, रीता नेगी, नीलम नेगी, कोमल देवी, आरती गुसाईं, संगीता सकलानी, अंजू जोशी, कमला ममगाईं आदि सक्रिय रूप से सहयोग कर रही हैं।


आयोजक


डॉ. ममता कुंवर

मातृशक्ति अठूरवाला, देहरादून


कार्यक्रम विवरण

स्थान: गणपति गार्डन, भानियावाला

दिनांक: 9 अगस्त 2026, रविवार

समय: अपराह्न 02:30 बजे से

Next
This is the most recent post.
Previous
पुरानी पोस्ट

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.