*एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय जौलीग्रांट में आयोजित हुआ मासिक सम्मेलन, जवानों की समस्याओं के समाधान एवं आगामी यात्राओं/मानसून तैयारियों को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश*
दिनांक 15 मई 2026 को एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय जौलीग्रांट में मासिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी द्वारा की गई, जिसमें वाहिनी के समस्त अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
सम्मेलन के दौरान जवानों की व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
आगामी हेमकुंड साहिब यात्रा के दृष्टिगत घांघरिया एवं हेमकुंड साहिब स्थित एसडीआरएफ पोस्टों को संचालित किए जाने हेतु आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रा अवधि में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सहायता सुनिश्चित की जा सके।
इसके अतिरिक्त आरटीसी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नए प्रशिक्षुओं को आपदा प्रबंधन, खोज एवं बचाव कार्यों का व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रभावी रूप से प्रदान किए जाने हेतु निर्देशित किया गया, जिससे भविष्य में आपदा परिस्थितियों में उनकी दक्षता और अधिक सुदृढ़ हो सके।
वहीं आगामी मानसून सत्र को दृष्टिगत रखते हुए समस्त पोस्ट प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि सभी रेस्क्यू, संचार एवं अन्य आवश्यक उपकरणों को पूर्णतः कार्यशील अवस्था में रखा जाए तथा मानसून से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं, ताकि किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सम्मेलन के दौरान सभी कार्मिकों को अनुशासन, शारीरिक फिटनेस एवं ड्यूटी के प्रति सजगता बनाए रखने हेतु विशेष रूप से प्रेरित किया गया तथा नियमित अभ्यास एवं प्रशिक्षण जारी रखने पर जोर दिया गया।
संचार व्यवस्था को किसी भी आपदा की स्थिति में प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से समस्त संचार उपकरणों एवं नेटवर्क की नियमित टेस्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
मानसून अवधि में संभावित आपदाओं को ध्यान में रखते हुए बारिश एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की पूर्व समीक्षा कर आवश्यक संसाधनों एवं टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
सम्मेलन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया गया तथा भविष्य में भी इसी समर्पण एवं सेवा भाव के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया।
सम्मेलन में उपसेनानायक श्री शान्तनु पाराशर, इंस्पेक्टर प्रमोद रावत, निरीक्षक संचार श्री रामगोपाल, निरीक्षक RTC श्रीमती मधु रावत, सूबेदार मेजर श्री जयपाल राणा सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
.png)

एक टिप्पणी भेजें