Halloween party ideas 2015


चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी द्वारा दिनांक 23 मई 2026 को श्री बद्रीनाथ धाम पहुंचकर ग्राउंड जीरो पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने धाम क्षेत्र में तैनात SDRF टीमों, सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं यात्रा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

sdrf head arpan yaduvasho reached badrinath dhaam


सेनानायक महोदय द्वारा मंदिर परिसर, मुख्य यात्रा मार्गों, पार्किंग क्षेत्रों, भीड़ नियंत्रण प्वाइंट्स एवं अन्य संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने ड्यूटी में तैनात जवानों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों से संवाद कर मौके पर मौजूद चुनौतियों, भीड़ प्रबंधन एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाए जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान सेनानायक SDRF ने धाम क्षेत्र में तैनात SDRF टीमों की कार्यप्रणाली, रेस्क्यू तैयारियों एवं उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा करते हुए जवानों को सतर्कता एवं समर्पण के साथ ड्यूटी निर्वहन करने के निर्देश दिए। SDRF कार्मिकों से वार्ता के दौरान जवानों द्वारा कुछ व्यवस्थागत समस्याएं एवं आवश्यकताएं उनके समक्ष रखी गईं, जिनके त्वरित निस्तारण हेतु मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही कार्मिकों को ड्यूटी संचालन एवं आपातकालीन रिस्पॉन्स को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक सुझाव भी दिए गए।


इस दौरान सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी द्वारा ITBP अधिकारियों एवं जवानों के साथ संयुक्त रूप से यात्रा व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने SDRF, जिला पुलिस एवं ITBP कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कठिन भौगोलिक परिस्थितियों एवं चुनौतीपूर्ण वातावरण में किए जा रहे उनके समर्पित कार्यों की सराहना की। उत्कृष्ट ड्यूटी निर्वहन करने वाले SDRF कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा सभी जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें आगामी यात्रा अवधि में भी पूर्ण समन्वय एवं तत्परता के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया।


उल्लेखनीय है कि आज श्री हेमकुंड साहिब के कपाट भी श्रद्धालुओं हेतु खोल दिए गए हैं। यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से SDRF द्वारा पोस्ट हेमकुंड एवं घांघरिया में विशेष टीमें व्यवस्थापित की गई हैं, जो यात्रा अवधि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता एवं आपदा प्रबंधन कार्यों हेतु निरंतर तैनात रहेंगी।


गौरतलब है कि एक दिन पूर्व सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी द्वारा स्वयं सोनप्रयाग-गौरीकुंड से पैदल मार्ग के जरिए श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर वहां की यात्रा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया था।


सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी ने कहा कि चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, त्वरित सहायता एवं प्रभावी समन्वय SDRF की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं तथा यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु SDRF निरंतर प्रतिबद्ध है।

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.