Halloween party ideas 2015


मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में विधायक श्री सहदेव पुंडीर, श्री खजान दास, श्री सुरेश चौहान, श्री भरत चौधरी, श्री संजय डोभाल, श्री अनिल नौटियाल, श्री प्रीतम पंवार एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने शिष्टाचार भेंट की

 

CM Dhami MLA and representatives

शिष्टाचार भेंट के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की विभिन्न विकासपरक मांगों एवं स्थानीय समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने सभी मांगों के शीघ्र समाधान हेतु सम्बन्धित विभागों को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया।  


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य जनता को त्वरित और पारदर्शी सेवाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से समस्याओं का समाधान और विकास कार्य और अधिक प्रभावी होंगे।  


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हाल ही में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आई प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित क्षेत्रों का स्वयं भ्रमण करने और जरूरतमंद परिवारों तक समयबद्ध सहायता पहुँचाने में सहयोग का विधायकगणों से आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आपदा प्रभावित सभी परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी और राहत-पुनर्वास कार्यों की गति तेज़ की जाएगी।  


मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा, पर्यटन, पेयजल एवं ऊर्जा जैसे बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का संतुलित और सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब जनप्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं को निकटता से सरकार तक पहुंचाएं और सभी मिलकर प्रदेश की प्रगति में भागीदारी सुनिश्चित करें।

विभिन्न  योजनाओं को  वित्तीय स्वीकृति प्रदान की मुख्यमंत्री धामी ने

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत के विधानसभा क्षेत्र चम्पावत में जिला मुख्यालय के निकट मुडियानी में उद्यान फार्म बनाये जाने हेतु रू. 37.51 लाख तथा अमोडी में हाऊस ऑफ हिमालयाज के विपणन केन्द्र की स्थापना हेतु रू. 49.82 लाख की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।

 


मुख्यमंत्री ने जनपद देहरादून के विधानसभा क्षेत्र धर्मपुर में वार्ड 86, सेवला कलां के अन्तर्गत विभिन्न गलियों में पुरानी जीर्णशीर्ण पाईप लाईन बदलने हेतु रू. 60.00 लाख की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।



मुख्यमंत्री ने जनपद बागेश्वर के विधानसभा क्षेत्र कपकोट के अन्तर्गत शिखर मूल नारायण परिसर अलखनाथ मंदिर किलपारा भनार बज्यैण, काण्डा सिमकुला, घटवारिया, शिव मंदिर सुन्दरगुफा कांडा, बज्यैण मंदिर ढाई ईजर, नन्दा देवी मंदिर दोफाड को पर्यटन के रूप में विकसित किये जाने तथा अलखनाथ मंदिर किलपारा के सौन्दर्यीकरण हेतु रू. 58.64 लाख की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।



मुख्यमंत्री ने जनपद टिहरी के विधानसभा क्षेत्र धनौल्टी के अन्तर्गत द्वारिकापुरी में यात्रियों के लिए यात्री विश्राम गृह बनाये जाने हेतु रू. 60.00 लाख की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।



मुख्यमंत्री द्वारा 15वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के क्रम में ग्रामीण पी.एच.सी. एवं एस.सी.(उपकेन्द्र) को स्वास्थ्य और आरोग्य केन्द्र में परिवर्तित करने सम्बन्धी योजना के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में रु. 35.50 करोड़ की धनराशि अवमुक्त किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

मुख्यमंत्री द्वारा 15वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के क्रम में समस्त शहरी स्थानीय निकायों को अनाबद्ध/अनिर्दिष्ट अनुदान के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 की प्रथम किस्त रू. 39.41 करोड की धनराशि अवमुक्त किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।


मुख्यमंत्री द्वारा 15वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के क्रम में समस्त शहरी स्थानीय निकायों को आबद्ध अनुदान/निर्दिष्ट अनुदान के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 की प्रथम किश्त रू. 59.11 करोड की धनराशि अवमुक्त किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.