Halloween party ideas 2015

 सचिव मुख्यमंत्री आरoमीनाक्षी सुंदरम् उत्तरकाशी में करेंगे कैम्प

 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तरकाशी में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की व्यवस्था की करेंगे मॉनिटरिंग

यात्रियों की अधिक भीड़ के चलते लिया गया निर्णय

 यात्रा की स्थिति पर मुख्यमंत्री लगातार बनाये हुए हैं नज़र

Gangotri yamunotri dhaam


चारधाम में इस बार रिकॉर्ड तीर्थयात्री जुट रहे हैं। करीब 6 किमी पैदल दूरी पर यमुनोत्री धाम में भी रिकॉर्ड यात्री दर्शन को पहुंच रहे हैं। यमुनोत्री धाम में 2023 में 28 मई को सर्वाधिक 12045 तीर्थयात्री पहुंचे थे, जो पिछले कई सालों के रिकॉर्ड था। लेकिन इस साल गत दिवस यमुनोत्री में 12148 तीर्थयात्रियों की संख्या ने नया रिकॉर्ड बना लिया है। यमुनोत्री में दर्शन को तीर्थयात्रियों की भीड़ जुटने का सिलसिला जारी है।


 इसके लिए प्रशासन ने बैरियर और गेट सिस्टम लागू कर दिया है।


 अब यमुनोत्री धाम में दर्शन सुचारू रूप से हो रहे हैं। लेकिन यमुनोत्री की भीड़ गंगोत्री धाम में पहुंचने से दबाव बढ़ गया है। यहां दो दिनों से रिकॉर्ड तीर्थयात्रियों ने दर्शन किये हैं। पिछले साल यमुनोत्री के बाद गंगोत्री में 29 मई को रिकॉर्ड 13670 तीर्थयात्री एक दिन में पहुंचे थे, जो इस साल गत दिवस 18973 हो गया है। यह अब तक का सर्वाधिक तीर्थयात्रियों के पहुंचने का रिकॉर्ड कायम हो गया है। 


जबकि आज गंगा सप्तमी पर टिहरी और उत्तरकाशी जिले की देव डोलियों के पहुंचने से दबाव और बढ़ गया है। इससे व्यवस्था बनाने में प्रशासन, पुलिस और मंदिर समिति को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। गंगोत्री धाम में संकरे मार्ग पर बड़ी बसों के फंसने से ज्यादा दिक्कतें उठानी पड़ रही है। इससे वाहनों का दबाव बढ़ने से गंगोत्री तक वाहन कतार में चल रहे हैं। हालांकि यहां भी प्रशासन ने उत्तरकाशी रामलीला मैदान, हीना, भटवाड़ी, गंगनानी, सुक्की, झाला, हर्षिल, धराली से रुक रुक कर वाहन छोड़े जा रहे हैं।


 इससे गंगोत्री धाम में देर रात तक तीर्थयात्रियों के पहुंचने क्रम जारी रहा। प्रशासन के अनुरोध पर देर रात तक गंगोत्री मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं के दर्शन कराए। साथ ही प्रशासन, पुलिस एवं मंदिर समिति ने तीर्थयात्रियों को जलपान कराया गया। गंगोत्री में तीर्थयात्रियों की सुविधा को रात 2 बजे तक बाजार खुला रहा। सुबह तक धाम में तीर्थयात्रियों को व्यवस्थित आवाजाही कराई जा रही है। 


यमुनोत्री धाम में गेट सिस्टम के बाद पूरा ट्रैफिक गंगोत्री मार्ग की तरफ आ गया। इससे कुछ स्थानों पर संकरी सड़क पर बड़ी बसें फंसने से वाहनों का दबाव बढ़ गया। गंगोत्री में देर रात तक दर्शन कराए गए। यात्रा मार्ग पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया गए हैं। साथ ही भोजन, पानी, मेडिकल व्यवस्था तीर्थयात्रियों को उपलब्ध कराई जाने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल दोनों धामों में भीड़ नियंत्रित हैं।

प्रशासन के अनुरोध पर देर रात तक मंदिर में तीर्थयात्रियों के दर्शन कराए गए। मंदिर समिति ने देर पहुंचे श्रद्धालुओं को जलपान की व्यवस्था कराई। गंगा सप्तमी पर्व पर बड़ी संख्या में देव डोलियां और यात्री गंगा स्नान को आते हैं। तीर्थयात्रियों को कोई असुविधा न हो।

गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन जारी है। यमुनोत्री धाम में आज रिकॉर्ड संख्या में 15630 श्रद्धालुओं का आगमन हुआ जबकि गंगोत्री धाम में 11734 श्रद्धालु पहॅुचे। यात्रा मार्गों पर आज आवागमन सुचारू और सुव्यवस्थित रहा तथा गंगोत्री क्षेत्र में रोके गए सभी वाहनों की वापसी का क्रम जारी है। गंगोत्री से वाहनों की वापसी के साथ ही आज निचले इलाकों में रोके गए वाहनों को भी धामों के लिए भेजा गया। जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने यात्रा रूट पर तैनात किए गए अधिकारियों को अपने सेक्टर में ही बने रहकर यात्रा को सुचारू व सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हमेशा मोबाईल फोन खुले रख यात्रियों की सहायता की प्रत्येक कॉल पर तत्परता से कार्रवाई करने की हिदायत देते हुए कहा कि यात्रा मार्गों पर यात्रियों से अधिक कीमत वसूलने के मामलों पर भी कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाय। प्रशासन के द्वारा रोके गए जरूरतमंद यात्रियों के लिए रामलीला मैदान उत्तरकाशी एवं पालीगाड में भंडारे की व्यवस्था भी शुरू की गई है। 

जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने मुख्य विकास अधिकारी जय किशन तथ अन्य अधिकारियों के साथ यात्रा नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण कर तीर्थयात्रियों की टेलीफोन कॉल एवं उनके निस्तारण के ब्यौरे की समीक्षा करने के साथ ही सीसीटीवी फीड के जरिए गंगोत्री व यमुनोत्री धाम तथा यात्रा मार्गों व पड़ावों की स्थिति की निगरानी कर वाहनों के आवागमन एवं यात्रियों की सहायता को लेकर यात्रा मार्गों पर तैनात अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने गंगोत्री मार्ग के सभी होल्ड एरिया व वाहनों के के दबाव से प्रभावित क्षेत्रों तक यात्रियों के लिए भोजन व पानी की आपूर्ति की व्यवस्था का भी अनुश्रवण किया। उन्होंने कहा कि रोके गए यात्रियों को पानी व भोजन की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाय। इस काम में जुटाए गए  विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयं सहायता समूहों व ग्रामीण आजीविका मिशन  की महिला कार्यकर्ताओं को यात्रियों की सहायता के लिए निरंतर तत्पर रहकर काम करने की अपेक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जाम लगने की स्थिति में अगर किसी स्थान पर चार पहिया वाहन के जरिए पानी व भोजन की आपूर्ति करने में कठिनाई हो तो इस काम में दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल किया जाये। जरूरत पड़ने पर घोड़े-खच्चरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। ऐसे क्षेत्रों में प्रशासन के द्वारा मेडीकल टीमों की तैनाती भी की गई है।

जिलाधिकारी ने बीआरओ तथा राजमार्ग डिवीजन सहित पुलिस व परिवहन विभाग को सड़क पर खराब होने वाले वाहनों को तत्काल हटाने के लिए क्रेन व टोईंग मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देने के साथ ही धामों एवं प्रमुख पड़ावों में खाद्यान्न, कुकिंग गैस, डीजल-पेट्रोल आदि ईंधन सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त स्टॉक रखे जाने के भी निर्देश दिए। 

जिलाधिकारी ने कहा कि सुरक्षित व व्यवस्थित यात्रा के लिए गंगोत्री रूट पर भी गेट सिस्टम लागू किया गया है, जिससे यात्रा करने में कुछ समय लग रहा है। यात्रियों की बड़ी तादात को देखते हुए वाहनों की आवाजाही को विनियमित कर जाम की समस्या से निपटने के लिए सभी पक्षों में हित में यह व्यवस्था किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सभी लोगों से इस व्यवस्था में सहयोग करने का आग्रह करते हुए कहा कि वाहनों का दबाव कम होते ही यातायात की समस्या नहीं रहेगी। जिलाधिकारी ने यात्रियों की भीड़ एवं वाहनों के दबाव का गलत फायदा उठाने वाले तत्वों को आगाह किया है कि यात्रियों से दुर्व्यवहार या अधिक कीमत वसूलने तथा भ्रामक सूचना फैलाने के मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने यात्रा रूट पर तैनात सभी अधिकारियों व संबंधित विभागों से वस्तुओं व सेवाओं की कीमतों पर निरंतर नजर रख कार्रवाई करने को कहा है। 

आज सायं 7.00 बजे तक गंगोत्री धाम में 990 वाहनों के जरिए 11734 यात्री पहॅुचे तथा यमुनोत्री में 1262 वाहनों के माध्यम से 15630 यात्रियों का आगमन हुआ। गंगोत्री धाम में देर सायं तक यात्रियों के आवागमन एवं स्नान-पूजन का सिलसिला जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज वाहनों के दबाव को देखते हुए गंगोत्री रूट पर गंगोत्री में 1000, नगुण में 50, धरासू में 25,  गंगनानी में 200,  सोनगाड में 300, लंका में 50 एवं हर्षिल में 150 के करीब वाहनों को रोके रखते हुए नियंत्रित रूप से अगले गंतव्य हेतु रवाना करवाया गया।  


इसी प्रकार यमुनोत्री मार्ग पर डामटा में 100, खरादी में 125, पालीगाड में 400, खरसाली व जानकीचट्टी में 300 और दोबाटा में 100 तथा शिवगुफा ब्रह्मखाल में 250 के करीब वाहनों को रोक कर नियंत्रित रूप से अगले गंतव्य हेतु रवाना करवाया गया।  

गेट सिस्टम के चलते यमुनोत्री मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से सुव्यवस्थित व सुचारू रही है और गंगोत्री मार्ग पर रूक-रूक कर आवाजाही होती रही और देर सायं तक समूचे गंगोत्री मार्ग पर यातायात को सुचारू कर लिए जाने की सूचना है।

इस बीच यात्रा मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात टिहरी जिले के मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी ने भी आज यहां पहॅूंचकर अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है।


एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.