Halloween party ideas 2015

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश की ओर से बुधवार को स्वास्थ्य सेवाओं से विहीन यमकेश्वर प्रखंड के गंगा भोगपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य परीक्षण एवं जनजागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें संस्थान के चिकित्सकीय दल ने 80 से अधिक मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान रोगियों को निशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गई। बुधवार को एम्स के आउटरीच सेल के तत्वावधान में उन्नत भारत अभियान की पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक से विधिवत शुरू कर दिया गया। इस अवसर पर अपने संदेश में एम्स निदेशक पद्मश्री प्रो.रवि कांत ने कहा कि संस्थान स्वास्थ्य सुविधाओं से विहीन सुदूरवर्ती इलाकों में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कृत संकल्पित है। निदेशक एम्स प्रो.रवि कांत ने बताया कि इसी के तहत संस्थान के आउटरीच सेल की ओर से नगर व समीपवर्ती विभिन्न मलीन बस्तियों के अलावा पीपलकोटी, नारायणकोटी,टिहरी कोटेश्वर, हरिद्वार, मुजफ्फरनगर आदि क्षेत्रों में नियमिततौर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। एम्स निदेशक पद्मश्री प्रो.रवि कांत ने बताया कि संस्थान द्वारा उन्नत भारत अभियान के तहत इस क्षेत्र से नई स्वास्थ्य जनजागरुकता मुहिम शुरू कर दी गई है, जिसके तहत जल्द ही स्वास्थ्य शिविरों का दायरा बढ़ाया जाएगा, जिससे और अधिक लोगों तक चिकित्सा सेवा पहुंचाई जा सके। इस दौरान एम्स के आउटरीच सेल के नोडल अधिकारी डा.संतोष कुमार की अगुवाई में संस्थान की चिकित्सकीय टीम ने गंगाभोगपुर गांव में रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें दवा उपलब्ध कराने के साथ ही स्वास्थ्य के प्र​ति जागरुक भी किया। साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज गंगाभोगपुर की छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान होने वाली परेशानियों को लेकर जागरुक किया गया और सेनेट्री पैड वितरित किए गए। नोडल अधिकारी ने बताया कि संस्थान अ​भियान के तहत शीघ्र ही स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित अन्य इलाकों में भी स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करेगा।  ​शिविर के आयोजन में स्त्री रोग विशेषज्ञ डा.अनुपमा, डा. दीपक, डा.कलावती, दिव्य प्रेम मिशन के संस्थापक डा. आशीष गौतम, स्वयंसेवी संस्था श्रृंखला के संस्थापक विकास,  डा. सुनिल श्रीवास्तव, अखिलेश असवाल, विकास के अलावा पीजी ऑटोनोमस कॉलेज के एमएलटी विभाग के स्वयंसेवकों ने भी सहयोग किया।

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.