Halloween party ideas 2015


नरेंद्र नगर;
वाचस्पति रयाल
व्यापार मंडल नरेंद्र नगर का चुनाव इस बार शहर में चर्चा का विषय बना रहा ।
इस चुनाव में सबसे बड़ी चौंकाने वाली बात यह रही कि व्यापार मंडल के अब तक हुए चुनाव के इतिहास में व्यापारियों में चुनाव एकजुटता को लेकर इतनी बड़ी जागरूकता व तत्परता कभी नहीं दिखाई दी थी।
यह पहला मौका है जब व्यापारियों में चुनाव को लेकर खास दिलचस्पी दिखाई दी और
यही वजह रही कि 184 व्यापारियों ने सदस्यता ग्रहण कर 168 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जागरूक और कुछ व्यापारी इसके पीछे तर्क देते हैं कि नरेंद्र नगर में व्यापार करने का मतलब समय बर्बादी के अलावा और कुछ नहीं है।
व्यापारी सुंदर सिंह रावत, जयपाल सिंह नेगी, भरत सिंह नेगी, राजेंद्र गुसाईं, प्रेम सिंह नेगी, हीरा सिंह पुंडीर, डीएस पुंडीर व दिलबर सिंह पुंडीर सहित कई व्यापारियों का कहना है कि नरेंद्र नगर के व्यापारी दिनभर बंदरों सामान की सुरक्षा करने में लगे रहते हैं। इन व्यापारियों का कहना है कि दृष्टि हटी और दुर्घटना घटी वाला स्लोगन यहां व्यापारियों पर चरितार्थ हो रहा है, जरा सी नजर हटी नहीं कि तब तक बंदर दुकान में रखे सामान पर खूंखार भेड़िए की तरह टूट पड़ते हैं। इसलिए दिन भर व्यापारी कमाते नहीं गंवाते हैं।


एकजुट होने के पीछे व्यापारियों की पीड़ा बताई जा रही है, व्यापार मंडल को सशक्त बनाने के पीछे उक्त व्यापारियों का कहना है कि बंदरों से खाद्य सामग्री की सुरक्षा के लिए तथा शहर को वानर मुक्त करने की दिशा में ठोस प्रस्ताव पारित करते हुए सरकार को क्रियान्वयन के लिए भेजे जाएंगे। ताकि इस ऐतिहासिक नगरी में दुकानदारी कर रहे व्यापारियों की समस्याओं का समाधान हो सके।
व्यापारियों का यह भी कहना है कि उत्तराखंड बनने के बाद यहां के लिए स्थापित किए गए राज्य स्तरीय जैसे संस्थान एससीईआरटी, वन विकास निगम, डीएफओ कार्यालय और पुलिस लाइन जैसे महकमों को अन्यत्र शिफ्ट किए गए । इससे नरेंद्र नगर वासियों को निराशा ही हाथ लगी है।
उक्त व्यापारियों का कहना है कि नरेंद्र नगर शहर के विकास के साथ ही उनके अपने हित सुरक्षित हैं। इन्हीं तमाम बातों को देख कर इस बार व्यापारी एकजुट हुए हैं।
अब देखना यह है कि व्यापारियों की एकजुटता उनके अपनी कठिनाइयों को दूर करने व शहर के विकास करने को कितनी कारगर साबित होती है।

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.