चांदपुरी अध्यक्ष, नरेंद्र महासचिव निर्वाचित
नरेंद्र नगर;
वाचस्पति रयाल
विगत 9 वर्षों के अंतराल के बाद हुए बहुप्रतीक्षित व्यापार मंडल का चुनाव गहमा-गहमी के बीच आखिरकार नगर पालिका टाउन हॉल में विधिवत संपन्न करा लिया गया है।
अध्यक्ष,महासचिव व कोषाध्यक्ष सहित कुल 3 पदों पर 10 प्रत्याशियों के नामांकन से चुनाव रोचक बन गया था। अध्यक्ष व महासचिव पदों पर राजेंद्र सिंह गुसाईं, भरत सिंह नेगी, कपूर सिंह नेगी व निकिता नौटियाल के नाम वापसी के बाद तीनों पदों पर आमने-सामने की टक्कर दिलचस्प रही।
व्यापारियों से खचा-खच भरे टाउन हॉल में व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश कर्णवाल ने पुरानी कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा की।
चुनाव संचालन का जिम्मा अखिल भारतीय पंचायत विकास संगठन के प्रदेश प्रवक्ता वाचस्पति रयाल को सौंपा गया था, जबकि चुनाव पर्यवेक्षक सुरेंद्र सिंह कंडारी, मुख्य चुनाव अधिकारी एडवोकेट सोबन सिंह नेगी, चुनाव अधिकारी सुंदर सिंह रावत, धर्म सिंह चौहान व भरत सिंह राणा ने विधिक प्रक्रिया के तहत चुनाव संपन्न कराए।
व्यापार मंडल के 184 सदस्यों में 168 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अध्यक्ष पद पर जितेंद्र चांदपुरी ने पूर्व अध्यक्ष दिनेश कर्णवाल को 44 मतों के अंतर से हराया, चांदपुरी को 105 तथा कर्णवाल को 55 मत प्राप्त हुए, दो मत अवैध पड़े।
महासचिव पद पर नरेंद्र कुमार ने अंकित कर्णवाल को 18 मतों से पराजित किया, नरेंद्र को 90 अंकित को 72 मत हासिल हुई है जबकि 6 मत अवैध घोषित किए गए। कोषाध्यक्ष पद पर अशोक बजाज ने बाजी मारी उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी कुंवर सिंह नेगी को 50 मतों के अंतर से हराया, बजाज को 105 व नेगी को 55 मतों पर संतोष करना पड़ा ,जबकि 8 मत अवैध पड़े।
विजयी प्रत्याशियों का व्यापारियों ने फूल मालाओं से स्वागत किया।
मतगणना समाप्ति के बाद चुनाव परिणाम घोषित करने के ऐन वक्त पर व्यापार मंडल टिहरी के जिला अध्यक्ष दिनेश डोभाल, ऋषिकेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष हरगोपाल अग्रवाल, महामंत्री नरेश अग्रवाल, रवि जैन, मनोज अग्रवाल चुनाव स्थल पर पहुंचे। ऋषिकेश के अध्यक्ष हरगोपाल अग्रवाल ने विजेता प्रत्याशियों की घोषणा की। तथा व्यापारियों को व्यापार मंडल के उद्देश्य और संगठन के बारे में सविस्तार बताया।
व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित तीनों पदाधिकारियों को बाइलॉज के मुताबिक निर्धारित समय के अंदर कार्यकारिणी का विस्तार करने के निर्देश दिए गए हैं।
व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को नगर पालिका परिषद नरेंद्र नगर के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि नवनिर्वाचित कार्यकारिणी व्यापारियों के हितों के लिए संघर्षशील व समर्पित रहेगी।
इस मौके पर पूर्व पालिका उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह गुसाईं, भरत सिंह नेगी, मोर सिंह रावत, सरफराज, अरुण नेगी, राजवीर पुंडीर, पूर्व प्रधान मंगल सिंह नेगी, हीरा सिंह पुंडीर, पुरुषोत्तम डंग, मदन सिंह पंवार सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे।
....
.png)

एक टिप्पणी भेजें