Halloween party ideas 2015

देहरादून ;

मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शनिवार को देर सांय सचिवालय स्थित आपदा प्रबन्धन केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिलों से प्राप्त होने वाली सूचनाओं के संकलन तथा उनपर की जाने वाली त्वरित कार्यवाही से सम्बंधित जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि प्रदेश में पिछले दो दिन से हो रही लगातार वर्षा के दृष्टिगत आपदा प्रबन्धन केन्द्र को चौबीसो घंटे सक्रिय बनाये रखा जाय। राज्य में कहीं भी किसी प्रकार की आपदा घटित होने पर त्वरित राहत की व्यवस्था सुनिश्चित हो इसकी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। 

मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने इस सम्बंध में सचिव आपदा प्रबन्धन श्री अमित नेगी को दूरभाष पर निर्देश दिये कि राज्य स्तरीय आपदा प्रबन्धन केन्द्र में हर समय अनुभवी ड्यूटी आफिसर की तैनाती रखी जाय, जो सभी सम्बंधित विभागों से सम्पर्क कर व्यवस्थायें सुनिश्चित करा सकें। उन्होंने सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों की तैनाती आपदा प्रबन्धन केन्द्र में किया जाना भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये तथा सभी जिलों के आपदा प्रबन्धन केन्द्रों से निरन्तर सम्पर्क बनाये रखने तथा सभी विभागों से बेहतर समन्वय पर भी ध्यान देने को कहा। 
साथ ही मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शनिवार देर सांय दून चिकित्सालय के आकस्मिक चिकित्सा वार्ड (इमरजेंसी वार्ड) का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती बीमार व्यक्तियों का हाल चाल जाना तथा उनकी समस्यायें सुनी। मुख्यमंत्री ने इमरजेंसी मेडिकल आफिसर डॉ0 नरेश से भी इमरजेंसी वार्ड में भर्ती लोगों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिये कि इमरजेंसी में भर्ती सभी मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाय। मुख्यमंत्री ने कहा कि वार्ड में सफाई व्यवस्था के साथ ही बेड शीट सहित साफ सुथरे बिस्तरों की व्यवस्था की जाय। उन्होंने यह  भी निर्देश दिये कि आपदा के दृष्टिगत इस अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में हर समय अतिरिक्त बेडो की भी व्यवस्था रखी जाय। 

 

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.