Halloween party ideas 2015

नरेंद्र नगर:
वाचस्पति रयाल 

महिला मंडल दल की तदर्थ समिति गठित


 नगर में बढ़ती नशे की लत के खिलाफ व लंबे समय से शहर की लंम्बित समस्याओं के निराकरण के लिए यहां महिलाओं ने कमर कस ली है। इसके लिए  फौरी तौर पर महिला मंडल दल की तदर्थ समिति का गठन कर दिया गया है। साथ ही निर्णय लिया गया कि आगामी 28 मई को कुमार खेड़ा में होने वाली महिला मंडल दल की बैठक में स्थाई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
आंगनबाड़ी केंद्र कुमार खेड़ा में वयोवृद्ध सामाजिक कार्यकर्ता बेताल सिंह गुसाईं की अध्यक्षता एवं अखिल भारतीय पंचायत विकास संगठन के प्रदेश प्रवक्ता वाचस्पति रयाल के संचालन में आयोजित महिला मंडल की बैठक में महिलाओं ने नगर में बढ़ती नशे की लत पर बेहद चिंता व्यक्त की तथा इसे नियंत्रण करने की मांग करती हुए शहर में लंबे समय से लंबित समस्याओं को हल करने के लिए एकजुटता पर बल देते हुए महिलाओं का संगठित समूह बनाने की बात की। महिलाओं ने नगर की बदहाली पर बेहद चिंता जताते हुए कहा कि अब महिलाओं को नगर की समस्याओं को हल करने के लिए एकजुटता के साथ आगे आकर कमर कसने की जरूरत है और इसके लिए महिला मंगल दल का गठन करना जरूरी है।
महिलाओं का कहना था कि नशे की बढ़ती लत ने कई घरों को बर्बाद कर के रख दिया है, युवा पीढ़ी नशे की आदि होती जा रही है, देर रात तक खुली दुकानों में पियक्कड़ों का जमावड़ा लगा रहता है और इससे घर में महिलाओं को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रस्ताव पारित कर निर्णय लिए गए कि  शराब ठेके के लिए पलास्डा़ बाईपास रोड के मोड़ पर दुकानें बनाकर शराब का ठेका शहर के बीच से हटाकर वहां ले जाया जाए और दुकानें रात्रि को 10 बजे बंद करवाई जायं ताकि पियक्कड़ों को शराब पीने का ठिकाना देर रात्रि  तक उपलब्ध न हो सके, शहर में शिविर लाइन का निर्माण कराया जाए, कुमार खेड़ा में वाहन पार्किंग निर्माण कराया जाए व शहर की गायों के लिए शहर में एक गाय बाड़ा बनाया जाए। तथा शहर में घूम रहे आवारा कुत्तों की व्यवस्था की जाए ,शहर को उत्पाती बंदरों से निजात दिलाई जाए।
 साथ ही महिलाओं ने नरेंद्र नगर जिला बनाओ संघर्ष समिति के जिला बनाने व यहां हाईकोर्ट की बेंच प्रस्तावित करने की मांग को अपना भारी समर्थन देने की बात कही है।
बैठक में पारित प्रस्तावों की प्रति प्रदेश सरकार व जिला अधिकारी, उप जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, पुलिस क्षेत्राधिकारी व थाना अध्यक्ष को भेजने का निर्णय लिया गया है।
बैठक को वाचस्पति रयाल,बेताल सिह गुसाईं, राजेंद्र सिंह गुसाईं, सरोजिनी देवी व लक्ष्मी थपलियाल आदि ने संबोधित किया।
तदर्थ समिति के गठन में लक्ष्मी थपलियाल ,पूर्व प्रधान सुनीता भंडारी ,सरोजिनी देवी ,दिगंबरी रयाल, दर्शनी देवी, सत्येश्वरी, सुषमा कैंतुरा, सीतादेवी, विमला व बीना देवी सहित अन्य महिलाएं शामिल हैं।

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.