Halloween party ideas 2015

रूद्रप्रयाग :


केदारनाथ के दर्शन किये गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज विश्व प्रसिद्व तीर्थ धाम भगवान केदारनाथ के दर्शन किये। अपने चार दिवसीय उत्तराखण्ड दौर के तहत आज गृह मंत्री राजनाथ सिंह गौचर से बीएसएफ के हेलीकाप्टर से केदारनाथ पहुंचे। केदारनाथ पहुंचने पर स्थानीय तीर्थ पुरोहितों, भाजपा कार्यकर्ताओं और जिला प्रशासन ने उनका भव्य स्वागत किया। गृह मंत्री केदार मंदिर में जाकर भगवान केदारनाथ की पूजा-अर्चना की। जिसके बाद वह स्थानीय तीर्थ पुरोहितों व व्यापारियों से भी मिले। इस दौरान गृह मंत्री ने केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने गृह मंत्री को आपदा पुनर्निर्माण कार्यों की जानकारी दी। स्थानीय तीर्थ पुरोहितों ने गृह मंत्री को रूद्राक्ष की मालाएं भेंट की। ग्यारह बजे से दोपहर सवा बारह बजे तक गृह मंत्री केदारनाथ धाम में रहे, जिसके बाद वह बीएसएफ के हेलीकाप्टर से वापस गौचर रवाना हो गए।


पीठसैंण(पौड़ी)/देहरादून:




  • पौड़ी में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के स्मारक का शिलान्यास किया




  • 5 रूपये प्रति किलोग्राम की दर से पिरूल खरीदा जाएगा




  • बूंगीधार  से दिल्ली के लिए परिवहन निगम की बस को हरी झंडी




  • 101 लघु सीमांत एवं गरीब किसानों को एक-एक लाख रुपए का बहुद्देशीय ऋण




  • ग्रामीण विकास एवं पलायन आयोग का मुख्यालय स्थापित किया जाएगा




मुख्यमंत्री  त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रविवार को पीठसैंण, पौड़ी में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की पुण्यतिथि के अवसर पर उनके स्मारक का शिलान्यास किया।


इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने वर्ष 2022 तक प्रदेश में किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना का शुभारंभ भी किया।


इस योजना के तहत किसानों को 02 प्रतिशत की बेहद कम ब्याज दर पर एक लाख रुपए तक का बहुद्देशीय ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। योजना का प्रारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर 101 लघु सीमांत एवं गरीब किसानों को एक-एक लाख रुपए का बहुद्देशीय ऋण प्रदान किया।


मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रविवार को पीठसैंण में पेशावर कांड के नायक व महान क्रांतिकारी वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली की पुण्य तिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पीठसैंण में पेशावर कांड के नायक की स्मृति में जिला योजना के अन्तर्गत वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्मारक तथा पार्क निर्माण और लोक निर्माण विभाग बैजरो के तहत 4 करोड़ 70 लाख 92 हजार की लागत से निर्मित मैखुली-देवराड़ी-कफलेख-कठूरखाल मोटर मार्ग के विस्तारीकरण का शिलान्यास किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने थलीसैंण में 74 लाख 99 हजार की लागत से निर्मित सैनिक विश्राम गृह  का लोकार्पण भी किया।


महाविद्यालय थलीसैंण में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने पेशावर काण्ड के नायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली को याद करते हुए कहा कि युवाओं को उनके आदर्शों का पालन कर आगे बढना होगा।


उन्होंने पं.दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना का शुभारंभ करते हुए योजना के तहत लघु, सीमान्त एवं गरीब किसानों को मुहैया कराये जाने वाले विभिन्न लाभों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में किसानों की आय में वृद्धि करने तथा उन्हें मिश्रित खेती करने के लिए योजना के तहत लाभान्वित किया जाएगा।


मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने कहा कि जिला मुख्यालय पौड़ी में शीघ्र ही ग्रामीण विकास एवं पलायन आयोग का मुख्यालय स्थापित किया जाएगा।


इसका आदेश जारी कर दिया गया है। पलायन आयोग की रणनीति के तहत पहाड़ के भौगोलिक बनावट के आधार पर उसे विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार पहाड़ में पलायन रोकने तथा स्वरोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चीड़ की पत्तियों से तारपीन के तेल निकालने की योजना को जल्द ही क्रियान्वित किया जायेगा, जिसे देश के अलावा विदेशों में भी निर्यात किया जाएगा।


उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों से 5 रूपये प्रति किलोग्राम की दर से पिरूल खरीदा जाएगा। इसके अलावा पहाड़ी सीमांत क्षेत्रों में अखरोट का वृहद स्तर पर उत्पादन किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार शीघ्र ही चार लाख पौध तैयार कर किसानों को निःशुल्क वितरित करेगी।


मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने कहा कि राज्य के अर्द्ध सैनिक शहीदों के आश्रितों को राज्य सरकार नौकरी उपलब्ध करायेगी। उन्होंने राज्य में शीघ्र ही कैंसर सेंटर तथा भूकम्प केंद्र स्थापित करने की भी बात कही। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने बूंगीधार  से दिल्ली के लिए परिवहन निगम की बस को हरी झंडी दिखाई।


कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उत्तराखंड सहकारी बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष श्री दान सिंह नेगी ने पं.दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के उद्देश्यों पर रोशनी डाली।


 इस अवसर पर उच्च शिक्षा, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डाॅ.धन सिंह रावत, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री अजय भट्ट, विधायक श्री मुकेश कोली, श्री दलीप रावत, श्री मगन लाल शाह, श्री सुरेंद्र सिंह जीना, श्री सुरेंद्र सिंह नेगी, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के पौत्र श्री सरोज बिष्ट, जिलाधिकारी श्री सुशील कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री जे.आर.जोशी आदि उपस्थित रहे।


देहरादून:


मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आज तक न्यूज चैनल के संवाददाता श्री दिलीप सिंह राठौर के बडे भाई श्री अवधेश सिंह राठौर के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत की आत्मा की शांति एवं दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनो को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है।


देहरादून:


पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री व गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर श्रद्धांजलि अर्पित की


 मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गांधी जयंती के अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की है। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने कहा कि गांधी जी के सत्य व अहिंसा के सिद्धांत आज भी प्रासांगिक है। उन्होंने विश्व को सत्य व अहिंसा की शक्ति से परिचय कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी जी के दिखाए मार्ग पर चलकर ही विश्व में प्रेम, सद्भाव व शांति कायम की जा सकती है। गांधी जी ने न सिर्फ स्वतंत्रता आंदोलन में देश का नेतृत्व किया वरन तत्कालीन समाज में व्याप्त विभिन्न कुरीतियों के विरूद्ध भी लोगों को जागरूक किया।


मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने कहा स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के लिए 15 सितम्बर, 2017 से 2 अक्टूबर, 2017 तक ’’स्वच्छता ही सेवा’’ कार्यक्रम एक अभियान के रूप में लिया गया है। उन्होंने कहा कि हम सभी सुनिश्चित करें कि अपने आसपास हफ्ते में कम से कम एक दिन स्वच्छता के लिए जरूर दें। अपने घर की तरह हमे अपने मोहल्ले, गली और सड़क के साथ-साथ अन्य सार्वजनिक स्थानों को भी स्वच्छ रखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा स्वच्छता के लिए अभियान की शुरूआत की गई है, किन्तु इसकी जिम्मेदारी आमजन को भी निभानी होगी।


मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सोमवार 02 अक्टूबर, 2017 को प्रातः 8.10 बजे गांधी पार्क, देहरादून में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री  त्रिवेंद्र अपराह्न 12 बजे ओ.एन.जी.सी. ओडिटोरियम, देहरादून में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर स्वच्छ भारत दिवस एवं पुरस्कार वितरण समारोह कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।


देहरादून : पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने कहा कि शास्त्री जी के सिद्धांत एवं आदर्शों का अनुसरण कर हम देश और प्रदेश को उन्नति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ा सकते है। शास्त्री जी ने ‘जय जवान जय किसान’ का नारा देकर राष्ट्र को संकट की घड़ी में स्वाभिमान और एकजुटता के साथ मजबूती से खड़े होने का रास्ता दिखाया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी ने सार्वजनिक जीवन में सादगी, सत्यनिष्ठा, लगन, नैतिकता व राष्ट्र के प्रति समर्पण की जो अदभुत मिसाल कायम की, वह हम सबके लिए प्रेरक है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में उच्च आदर्शों और नैतिकता को सर्वोच्च स्थान दिया। शास्त्री जी का व्यक्तित्व व कृतित्व देश की युवापीढ़ी के लिये सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।



देहरादून:



‘‘जल ही जीवन है‘‘ को जन-जन के मन में पहुंचाने के लिए




मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत रविवार को हरिद्वार के वी0वाई0पी0 घाट में नदी अभियान के समर्थन में ईशा फाउंडेशन के संस्थापक सदगुरु वासुदेव जग्गी जी द्वारा आयोजित नदी अभियान रैली के हरिद्वार पहुंचने पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

प्रदेशवासियों एवं उत्तराखंड सरकार की ओर से सदगुरु का उत्तराखंड में स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि आज पूरा देश एवं पूरी दुनिया पानी को लेकर चिंतित है।

‘‘जल ही जीवन है‘‘ को जन-जन के मन में पहुंचाने के लिए पिछले 2-3 सालों से एक अभियान चलाया जा रहा है।

हमने एक लक्ष्य रखा है कि हमने नदियों को बचाना है, और जो नदियां लगभग मृत हो चुकी हैं, उन नदियों को पुनर्जीवित करना है।

उन्होंने कहा कि अब इस अभियान में हमारे संत भी जुड़ गए हैं, अब जब तक हम अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच जाते यह अभियान नहीं रुकेगा। मैं आपको बताना चाहता हूं कि हमारी सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। हमने अपने अधिकारियों को नदियों को पुनर्जीवित करने का लक्ष्य दिया है।

मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने कहा कि हम गंगा की निर्मलता और पवित्रता की बात करते हैं। बिना जनसहभागिता के नदियों को पुनर्जीवित करना संभव नहीं। राइन नदी को 5 देशों ने मिलकर 27 वर्षों में पुनर्जीवित किया। देश की नदियों को पुनर्जीवित करना 2, 3 या 5 वर्षों का कार्य नहीं है। इसमें भी समय लगेगा, इसलिये हमें आज से ही इसके लिये संकल्प लेना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें नदियों को बचाने और वृक्षों को लगाने के लिए प्रयास करने होंगे। हमें इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करना होगा। अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा। इसके साथ मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण के लिये जनता का आह्वान करते हुए कहा कि हम जीरो बजट में प्रतिदिन प्रदेश में एक करोड़ लीटर पानी बचा सकते हैं। टाॅयलेट के सिस्टर्न में एक लीटर की बोतल डालकर हम प्रत्येक बार एक लीटर पानी बचा सकते हैं।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए स्वामी रामदेव ने कहा कि देश की समृद्धि का मार्ग नदियों के पुनर्जीवन से ही खुलेगा। हमें अधिक से अधिक संख्या में वृक्षारोपण करके और नदियों को पुनर्जीवित करके देश को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि किसान इसमें शामिल होकर औषधीय पौध या फलदार वृक्षारोपण कर लाभ कमा सकते हैं। उनके द्वारा उत्पादित फसलों को पतंजलि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदेगी।

इस अवसर पर सद्गुरु वासुदेव जग्गी ने कहा कि नदियों को पुनर्जीवित करने के लिए अब तक किसी भी प्रकार की कोई नीति तैयार नहीं की गई है। आज नदियों के संरक्षण के लिए एक राष्ट्रीय नीति बनाये जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारत का 25 फीसदी हिस्सा रेगिस्तान बनता जा रहा है और 15 सालों के बाद हमें हमारी जरूरत का सिर्फ आधा पानी ही मिल पाएगा। गंगा, कृष्णा, नर्मदा, कावेरी जैसी हमारी कई महान नदियां बहुत तेजी से सूख रही हैं। अगर हम अभी कदम नहीं उठाते तो हम अपनी विरासत में अगली पीढ़ी को सिर्फ संघर्ष और अभाव ही दे पाएंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान रैली 16 राज्यों से होकर गुजर रही है। जहां लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए देश के कई शहरों और कस्बों में 124 से भी अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रैली में उमड़ते विशाल जनसमूह और जनसमर्थन को देखते हुए यह निश्चित तौर पर कहा जा सकता है कि अपनी सूखती नदियों के पुनर्जीवन के लिए एक सकारात्मक नीति बनाने का समय आ गया है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने ग्राम विकास विभाग द्वारा आयोजित ‘‘ग्राम समृद्धि एवं स्वच्छता पखवाड़ा‘‘ का ध्वजारोहण कर शुभारम्भ किया।

इस अवसर पर स्वामी चिदानन्द मुनि, स्वामी हरिचेतनानंद एवं पटना के प्रमुख जत्थेदार इकबाल सिंह भी उपस्थित थे।


 देहरादून:


मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने डोईवाला नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रेमचंद अग्रवाल के चाचा श्री आत्माराम अग्रवाल के आवास पहुँचकर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत की आत्मा की शांति एवं दुःख की इस घडी में उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय अग्रवाल द्वारा मृत्यु के उपरांत नेत्र दान करने के निर्णय की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे समाज को प्रेरणा मिलेगी।


देहरादून:


राज्यपाल डाॅ. कृष्ण कांत पाल ने ‘गांधी जयंती’ व ‘शास्त्री जयंती’ की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री जी को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।


अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि सत्य व अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी सम्पूर्ण विश्व के लिए प्रेरणास्त्रोत बन चुके हैं। गांधी जी के नेतृत्व में स्वाधीनता आन्दोलन न केवल देश को राजनीतिक आजादी दिलाने का संघर्ष था बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक व भावात्मक संघर्ष भी था जिसने लोगों में वैचारिक चेतना जगाई। उसी का परिणाम है कि हमने अंग्रेजी शासन से आजादी पाने के साथ ही अनेकों सामाजिक बुराईयों से भी आजादी पाई।


पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 लाल बहादुर शास्त्री जी को नमन करते हुए राज्यपाल ने कहा है कि शास्त्री जी का सादगी, सरलता, देशभक्ति तथा ईमानदारी से भरा जीवन-आचरण, हम सभी के लिए प्रेरक है। ‘जय जवान-जय किसान’ के उनके उद्घोष ने सन् 1965 की कठिन स्थितियों में पूरे देश में ऊर्जा व उत्साह का संचार किया था।


‘‘गांधी जी स्वच्छता को ईश्वर की आराधना मानते थे। महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को पूरा करने के लिए इस समय देश में स्वच्छता का महायज्ञ चल रहा है। इसमें हम सभी को अपने योगदान की आहुति देनी है। गांधीजी और शास्त्री जी के प्रति यही हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।’’ 



देहरादून:


राज्यपाल डाॅ.कृष्णकांत पाल ने मुजफ्फरनगर कांड (रामपुर तिराहा) की बरसी पर उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि अमर शहीदों की कुर्बानियों को सदैव याद किया जायेगा।



एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.