Halloween party ideas 2015

देहरादून

राज्यपाल डाॅ.कृष्ण कान्त पाल व मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने म्ंागलवार को लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित ‘रन फाॅर यूनिटी’ को हरी झण्डी दिखाकर विधानसभा से रवाना किया। राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने भी इस दौड़ में प्रतिभाग किया। इससे पूर्व राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने घंटाघर के समीप सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पाजंलि अर्पित की।

पुलिस लाईन में ‘रन फाॅर यूनिटी’ के समापन पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल डाॅ. पाल ने सभी प्रतिभागियों व उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता व अखण्डता की शपथ दिलाई। राज्यपाल ने कहा कि देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाले लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की जयंती के मौके पर ‘रन फाॅर यूनिटी’ द्वारा आज सारा देश अपने महान नेता को श्रद्धांजलि दे रहा है। अपने महापुरूषों की स्मृति को चिरस्थायी रखकर ही कोई देश तरक्की की राह पर आगे बढ़ सकता है। जब 130 करोड़ लोग देश की रक्षा व एकता के लिए दृढ़ संकल्प लेते हैं तो देश की तरफ आंखें उठाकर देखने की किसी भी ताकत की हिममत नहीं हो सकती है।

राज्यपाल ने कहा कि आजादी के समय देश में पांच सौ से अधिक देशी रियासतें थीं। इनका भारतीय संघ में विलीनिकरण आसान नहीं था। यह सरदार पटेल की दृढ़ संकल्प शक्ति, राजनीतिक सूझबूझ व दूरदर्शिता थी जिससे असम्भव से लगने वाले काम को बिना किसी खून-खराबे के कर दिखाया गया। केवल हैदराबाद रियासत में सेना की टुकड़ी भेजनी पड़ी परंतु वहां भी विशेष हिंसात्मक प्रतिरोध का सामना नहीं करना पड़ा। ऐसा विश्व के इतिहास में कभी नहीं हुआ।

राज्यपाल ने कहा कि आजादी के लिए संघर्ष के दौरान सरदार पटेल द्वारा बारदोली में सशक्त सत्याग्रह के कारण वहां के लोगों ने इन्हें ‘सरदार’ की उपाधि दी। बाद में पूरे देश में उन्हें ‘सरदार’ कहा जाने लगा। उनकी मजबूत संकल्प शक्ति के कारण उन्हें लौह-पुरूष की संज्ञा भी दी गई।

राज्यपाल ने कहा कि ‘रन फाॅर यूनिटी’ में बड़ी संख्या में स्कूल व काॅलेजों के बच्चे प्रतिभाग करने आए हैं। इनके जोश को देखकर बड़ी खुशी होती है। हमारी युवा पीढ़ी बहुत ही प्रतिभावान है। इनमें अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना है तो आगे बढ़ने की ललक भी है। लगन और कठिन परिश्रम, सफलता की कुंजी है। ऊंची सोच रखें, परंतु पांव जमीन पर रहें। तमाम विविधताओं के होते हुए भी पूरा भारत देश एक है। ‘‘भारतीयता’’ हमारी पहचान है। हमें एकजुटता बनाए रखकर अपनी इस पहचान को बरकरार रखना है।

मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने विशाल जनसमूह के साथ एकता की प्रतीक के रूप में आयोजित इस पूरी दौड़ में स्वयं प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने अपने संबोधन में कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अपनी सूझबूझ एवं राष्ट्र की एकता के लिए देश की आजादी से पूर्व कई देसी रियासतों को भारत में मिलाने का कार्य आरंभ कर दिया था।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम गृहमंत्री एवं प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर देश की एकता और अखंडता के प्रतीक के रूप में आज पूरा देश दौड़ रहा है।

मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने कहा कि उनके जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं को आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिरों में भारत के महापुरुषों के जन्मदिवस पर उनके जीवन वृत्त एवं कार्यों तथा संस्कारों की विस्तृत जानकारी दी जाए। जिससे युवा पीढ़ी ऐसे महापुरुषों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें। देश के सर्वांगीण विकास के लिए हमें नौजवानों को देश भक्ति से जोड़ना होगा।

प्रदेश मुख्यालय देहरादून में ‘‘राष्ट्रीय एकता दौड़’’ विधानसभा भवन, पवेलियन ग्राउण्ड, किसान भवन एवं नगर निगम, देहरादून से पुलिस लाईन देहरादून तक आयोजित की गई।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री अरविंद पांडे, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डाॅ.धन सिंह रावत, मेयर/विधायक श्री विनोद चमोली, विधायक श्री हरबंश कपूर, विधायक श्री खजान दास, मुख्य सचिव श्री उत्पल कुमार सिंह, डीजीपी श्री अनिल रतूड़ी, जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



देहरादून:


मुख्य सचिव श्री उत्पल कुमार सिंह ने सचिवालय में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलायी। सचिवालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों को स्मरण करते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान देने की शपथ ली।


रूद्रप्रयाग :


देश के पहले गृहमंत्री ‘लौहपुरूष‘ सरदार वल्लभ भाई पटेल की जंयन्ती व पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में पूरे जिले में धूमधाम से मनाया गया। सरदार वल्लभ भाई पटेल के जन्म दिवस पर 31 अक्टूबर को जिला मुख्यालय सहित तहसील एवं विकासखण्ड स्तर पर भी रन फाॅर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया तथा सरदार बल्लभ भाई पटेल के चित्र पर माल्यपर्ण करते हुए देश की एकता, अखण्डता व सुरक्षा की शपथ ली गयी।
इस अवसर पर प्रातः 7 बजकर 45 मिनट पर गुलाबराय मैदान में उनके चित्रों पर विधायक रुद्रप्रयाग भरत सिंह चैधरी, नगर पालिका अध्यक्ष राकेश नौटियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय कपरवान, जिलाधिकारी मंगेश घिडिल्याल, मुख्य विकास अधिकारी डीआर जोशी, डीएफओ राजीव धीमान, पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा एवं गणमान्य व्यक्तियों सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा माल्यार्पण किया गया। रन फाॅर यूनिटी में गुलाबराय मैदान से नगरपालिका कार्यालय तक जनप्रतिनिधियों, जनपद स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों ने हर्षोल्लास के साथ भाग लिया।
इस अवसर पर टैक्सी स्टैण्ड में उपस्थित लोगों को सम्बोघित करते हुये विधायक रूद्रप्रयाग भरत सिंह चैधरी ने कहा कि आजादी के बाद बिखरे हुये भारत को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य वल्लभ भाई पटेल द्वारा किया गया। आज का अखण्ड, सुदृढ एवं विकसित भारत सरदार पटेल की दूरदर्शिता, बुद्धिमत्ता एवं परिश्रम का परिणाम है। वह विलक्षण प्रतिभा के धनी थे। हमें उनके राष्ट्र निर्माण के आर्दशों एवं देश भक्ति की भावना को आत्मसात करते हुये देश के उत्थान के लिए काम करना चाहिए।
अपने सम्बोधन में विधायक केदारनाथ मनोज रावत ने कहा कि विभिन्न धर्म जाति एवं सम्प्रदाय के इस महान धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने और तत्कालीन भारत के रियासतो को एक मंच पर लाकर भारत का निर्माण करने वाले पटेल युगों-युगों तक याद किया जायेगा।
जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि आजादी के बाद विभिन्न रियासतों में बिखरे भारत के भू-राजनीतिक एकीकरण में केन्द्रीय भूमिका निभाने के लिए पटेल को भारत का बिस्मार्क और लौह पुरूष के रूप में जाना जाता है। सरदार पटेल की स्मृति में उनके जन्म दिवस को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को विकास को लक्ष्य बनाकर ईमानदारी, सत्यनिष्ठा व टीम भावना के साथ कार्य करने को कहा। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डीआर जोशी ने टैक्सी स्टैण्ड में सभी कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को देश की एकता, अखण्डता व सुरक्षा की शपथ दिलायी। इससे पूर्व टैक्सी स्टैण्ड में ध्वजारोहण व राष्ट्रगान गाया गया तथा वल्लभ भाई पटेल की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.