Halloween party ideas 2015

 


अंकिता पर चारित्रिक लांछन लगाने वाले विनोद आर्य एवं मोबाइल चौट लीक करने वाले अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग

देहरादून 25 नवम्बर

harish rawat gabesh godiyal ankita bhandari


अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर आज अंकिता के माता-पिता द्वारा देहरादून के गांधी पार्क में धरना देकर अंकिता पर चारित्रिक लांछन लगाने वाले मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य तथा अंकिता के मोबाइल फोन की निजी चौट सार्वजनिक करने वाले अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई।

अंकिता के माता-पिता के धरने को समर्थन देने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं चुनाव प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष डॉ0 हरक सिंह   रावत, प्रदेश महिला कंाग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी के साथ हुई जघन्य घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। आज भी अंकिता के माता-पिता अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्हें न्याय की मांग को लेकर बार-बार सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल ने कहा कि एक बेटी, जो अब इस दुनिया में नहीं है, उसके चरित्र पर सवाल उठाकर उसकी गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास अत्यंत निंदनीय है। अंकिता के निजी मोबाइल की चौट सार्वजनिक करना भी उसकी निजता और गरिमा का गंभीर उल्लंघन है। इस प्रकार की घटनाएं न केवल पीड़ित परिवार की पीड़ा को बढ़ाती हैं, बल्कि समाज में भी गलत संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता की मांग पूरी तरह न्यायसंगत है। कानून सबके लिए समान होना चाहिए और किसी भी व्यक्ति को अपने प्रभाव अथवा राजनीतिक रसूख के बल पर कानून से बचने का अवसर नहीं मिलना चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने अंकिता के माता-पिता के साथ गांधी पार्क से डीजीपी कार्यालय तक मार्च किया तथा पुलिस महानिदेशक कार्यालय पहुंचकर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने और निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

श्री गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंकिता के माता-पिता के साथ मजबूती से खड़ी है। अंकिता को न्याय दिलाने और उसके परिवार को सम्मान एवं न्याय का अधिकार दिलाने की लड़ाई में कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया जाए तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय मिलना केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि उत्तराखंड की अस्मिता, बेटियों की गरिमा और महिला सम्मान से जुड़ा सवाल है।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनेक पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। 


दिनेश पैन्यूली ने खिलाड़ियों को खेल किट प्रदान कर दीं शुभकामनाएं, प्रदेश का नाम रोशन करने का किया आह्वान।


ऋषिकेश:

tug of war , uttarakhand


 महाराष्ट्र के पालघर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय टग ऑफ वॉर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए उत्तराखंड की विभिन्न आयु वर्गों की टीमें रवाना हो गई हैं। प्रतियोगिता में प्रदेश के खिलाड़ी 39वीं जूनियर बीच नेशनल टग ऑफ वॉर चैंपियनशिप एवं 38वीं सब-जूनियर बीच श्रेणी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।


प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 28 नवंबर 2026 तक पालघर, महाराष्ट्र में किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड की ओर से कुल पांच टीमें प्रतिभाग कर रही हैं, जिनमें 50 खिलाड़ी एवं उनके साथ प्रशिक्षक शामिल हैं।


इस अवसर पर उत्तराखंड टग ऑफ वॉर एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक दिनेश पैन्यूली ने सभी खिलाड़ियों को खेल किट प्रदान कर प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी अनुशासन, खेल भावना एवं टीम भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाएं।


उत्तराखंड की टीमों का विवरण


1. अंडर-19 मिक्स (जूनियर वर्ग)

खिलाड़ी: जॉयदीप, दक्ष, दिव्यांशु, लव सिंह, वेदांश, सोनिया शर्मा, अक्षिता, आकांक्षा, ट्विंकल एवं गायत्री।

टीम कोच: करण शाही।


2. अंडर-17 मिक्स (सब-जूनियर बीच वर्ग)

खिलाड़ी: सानिया, आरुषि बिष्ट, अनन्या, दिया, सिया, कन्हैया, मनप्रीत, हिमांशु, सुजल एवं वैष्णव।

टीम कोच: रोशन पंत।


3. अंडर-17 बालिका वर्ग (सब-जूनियर बीच)

खिलाड़ी: काव्या, उपास्टि, कंचन, समृद्धि, रितिका, माधवी, निहारिका, सृष्टि, अर्पिता एवं अदिति।

टीम कोच: पूजा गुसाईं।


4. अंडर-15 बालिका वर्ग (सब-जूनियर बीच)

खिलाड़ी: अंशिका बिष्ट, अनिशा, प्रणिता, कल्पना, वंशिका, शालिनी, आयुषी, वान्या, अंजलि एवं मानवी।

टीम कोच: विदुषी भट्ट।


5. अंडर-15 बालक वर्ग (सब-जूनियर बीच)

खिलाड़ी: सिद्धार्थ रतूड़ी, शौर्य चंद, प्रियांशु सिंह, आदर्श खंडूड़ी, अंशुल डिमरी, संतोष, अयान सिंह, समर, व्योम एवं आयुष राणा।

टीम कोच: पिंकी पायल।


प्रदेश संयोजक दिनेश पैन्यूली ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड के खिलाड़ी अपनी मेहनत, लगन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर प्रतियोगिता में शानदार उपलब्धियां हासिल करेंगे।


इस अवसर पर शेर सिंह थापा,  नरेंद्र सिंह जेठुडीं, कुलवीर सिंह, हिमांशु, पंवार, रशमि कुडियाल, कुलभूषण द्विवेदी, सुमन, नीलम आदि उपस्थित थे। धन्यवाद। 




*प्रसार भारती ने इफ्फी 2026 में अपनी पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब ‘पेज से पिच तक’ के विजेताओं की घोषणा की* 


अविशेष झा ने ‘मिर्ची केक’ के लिए पहला पुरस्कार जीता; सत्य व्यास और जितेश ठाकुर ने क्रमशः दूसरा और तीसरा पुरस्कार हासिल किया

prasar bharti


प्रसार भारती ने आज पणजी की कला अकादमी में 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के दौरान, अपनी पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब ‘पेज से पिच तक’ के विजेताओं की घोषणा की। प्रसार भारती के अध्यक्ष श्री प्रसून जोशी की परिकल्पना पर आधारित, इस पहल का उद्देश्य उभरते लेखकों के लिए एक ऐसा वार्षिक राष्ट्रीय मंच स्थापित करना है, जहां वे फीचर फिल्मों, वृत्तचित्रों और लघु फिल्मों की श्रेणियों में दस भारतीय भाषाओं में अपनी मौलिक कहानियों को प्रस्तुत कर सकें।




इस पहल को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। घोषणा के महज दस दिनों के भीतर ही लगभग 1,000 स्क्रिप्ट जमा हुईं। यह देश भर के युवा लेखकों की बेहतरीन कहानी कहने की क्षमता और रचनात्मक आकांक्षाओं को दर्शाती है।


अविशेष झा को उनकी स्क्रिप्ट ‘मिर्ची केक’ के लिए प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया और उन्हें 5 लाख रुपये का नकद इनाम मिला। सत्य व्यास ने ‘संहार’ के लिए दूसरा पुरस्कार जीता और उन्हें 3 लाख रुपये मिले।  जबकि जितेश ठाकुर ने ‘शरद पूर्णिमा’  के लिए तीसरा पुरस्कार जीता और उन्हें 2 लाख रुपये मिले।


ये पुरस्कार एक समारोह में प्रदान किए गए, जिसमें सूचना और प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री पृथुल कुमार और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के प्रबंध निदेशक श्री धीरज सिंह शामिल हुए।


सभा को संबोधित करते हुए, श्री पृथुल कुमार ने कहानी कहने से जुड़ी उभरती हुई प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा भारत की रचनात्मक क्षमता का दोहन करना और उन कहानियों को खोजना आवश्यक है जिन्हें देश के युवा कहना चाहते हैं। फिल्म निर्माण में पटकथा लेखन के महत्व को रेखांकित करते हुए, उन्होंने कहा कि पटकथा तैयार करना फिल्म निर्माण प्रक्रिया का पहला कदम है और योजना बनाना फिल्म निर्माण का मूल आधार है। पटकथा को योजना निर्माण का पर्याय बताते हुए, उन्होंने इस बात पर बल दिया कि एक आकर्षक पटकथा और एक सशक्त कहानी सफल फिल्म निर्माण का आधार होती हैं।




दूरदर्शन की महानिदेशक सुश्री रीना सोनोवाल कौली ने स्वागत भाषण दिया। इस पहल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, उन्होंने कहा कि यह भारत की भाषाई एवं रचनात्मक विविधता को सामने लाने में सहायक है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उभरते लेखकों के लिए ऐसे अवसर सृजित करना जरूरी है ताकि वे राष्ट्रीय मंच पर अपने मौलिक विचारों को प्रस्तुत कर सकें।


पिचिंग सत्रों में चुने गए दस प्रतिभागियों ने एक प्रतिष्ठित जूरी के सामने अपनी मौलिक स्क्रिप्ट पेश की। इस जूरी में अभिनेता एवं ‘सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता श्री मनोज जोशी; भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं साहित्य के लेखक, संपादक और स्वतंत्र शोधकर्ता श्री संदीप बालकृष्ण; ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ और ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाने वाले फिल्मकार एवं संपादक श्री श्रीनारायण सिंह; और राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता पत्रकार, लेखक, फिल्म समीक्षक तथा पुणे स्थित भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) की गवर्निंग काउंसिल के उपाध्यक्ष श्री अनंत विजय शामिल थे।


चुनी गई प्रविष्टियों में उत्कृष्ट कार्य को पहचान देते हुए, इस पहल के तहत चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 50,000 रुपये के ‘विशेष उल्लेख’ पुरस्कार दिए गए। सातवें, आठवें, नौवें और दसवें स्थान पर रहने वालों को प्रशंसा-पत्र दिए गए, जबकि चुने गए  शीर्ष 30 लेखकों को भागीदारी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। 




21 से 23 नवंबर, 2026 के दौरान आयोजित होने वाले ‘पेज से पिच तक’ कार्यक्रम ने उभरते लेखकों और फिल्म उद्योग के बीच की दूरी को पाटने का प्रयास किया। इसने मौलिक विचारों को पर्दे तक पहुंचाने के लिए एक मंच प्रदान किया। एक वार्षिक पहल के रूप में, इसका उद्देश्य होनहार कहानीकारों को फिल्म उद्योग के पेशेवरों से जोड़ना है ताकि उनकी पटकथाओं को फीचर फिल्मों, वृत्तचित्रों और लघु फिल्मों में रूपांतरित करने के अवसर मिल सकें।

 *कुंभ के आयोजन को लेकर अखाड़ो की धार्मिक गतिविधियों का शुभारंभ : जूना अखाड़ा के रमता पंचों ने कुंभ नगरी हरिद्वार में किया प्रवेश*


*पुष्पवर्षा और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच हरिद्वार पहुंचे जूना अखाड़े के रमता पंच*


*चंडी चौक पर बैंड-बाजे के साथ हुआ भव्य स्वागत, कुंभ-2027 की पारंपरिक धार्मिक गतिविधियों का हुआ शुभारंभ*



*हरिद्वार, 24 नवंबर 2026*

ardh kumbh haridwar2026

kumbhmela2026 haridwar

kumbh haridwar 2026

ramta panch juna akhada


हरिद्वार कुंभ-2027 की धार्मिक गतिविधियों का आज श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात के नगर प्रवेश के साथ शुभारंभ हो गया।  जमात ने मंगलवार की सांय कुंभ नगरी हरिद्वार में प्रवेश किया। चंडी चौक पर बैंड-बाजे की मंगल ध्वनि, पुष्पवर्षा और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच रमता पंचों का भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में साधु-संत, श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक इस अद्भुत अवसर के साक्षी बने।


चंडी चौक पर आयोजित स्वागत समारोह में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती तथा उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह सहित मेला प्रशासन, जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस यात्रा की अगुवाई कर रहे जूना अखाड़े के धार्मिकप्रतीकों,  रमता पंचों एवं जमात में शामिल संत-महात्माओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

इस अवसर पर जूना अखाड़े के अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत प्रेम गिरी जी, उपाचार्य ब्रह्मनिष्ठ सुश्री कपिलपुरी जी महाराज, प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि जी महाराज, वरिष्ठ अध्यक्ष उमाशंकर भारती जी, उपाध्यक्ष विद्यानंद सरस्वती जी, महामंत्री केदार पुरी जी सहित जूना अखाड़े के अनेक वरिष्ठ संत और नागा साधु भी उपस्थित रहे।


*अखाड़ों की परंपराओं के अनुरूप शुरू होंगी धार्मिक गतिविधियां*


रमता पंच अखाड़े के वरिष्ठ संतों एवं प्रतिनिधियों का वह समूह है, जो कुंभ सहित प्रमुख धार्मिक अवसरों पर अखाड़े की परंपराओं के अनुरूप विभिन्न स्थानों की यात्रा करता है। कुंभ में छावनी स्थापना, धार्मिक अनुष्ठानों और अखाड़े की परंपरागत गतिविधियों के संचालन में रमता पंचों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। आराध्य देवताओं, गुरुजनों और संत-महात्माओं के साथ उनका नगर प्रवेश कुंभ की धार्मिक गतिविधियों की शुरुआत का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है।



रमता पंचों के नगर प्रवेश के साथ ही अब कुंभ क्षेत्र में अखाड़ों की छावनियों की स्थापना, भूमिपूजन, धर्मध्वजा स्थापना और पेशवाई की तैयारियां गति पकड़ेंगी। आने वाले दिनों में अन्य अखाड़े भी अपनी परंपराओं के अनुसार कुंभ से जुड़ी धार्मिक गतिविधियां शुरू करेंगे। इससे कुंभ क्षेत्र में साधु-संतों और अखाड़ों की उपस्थिति क्रमशः बढ़ने लगेगी।


जूना अखाड़े के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कुंभ मेला क्षेत्र में छावनी स्थापना के लिए 1 दिसंबर 2026 को भूमिपूजन, 23 दिसंबर 2026 को धर्मध्वजा स्थापना तथा 14 जनवरी 2027 को भव्य पेशवाई निकाली जाएगी।



*अखाड़ों की परंपराओं का सम्मान करते हुए उपलब्ध कराई जाएंगी सभी सुविधाएं: मेलाधिकारी*


मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कहा कि कुंभ-2027 की तैयारियां अखाड़ों, साधु-संतों और सभी संबंधित विभागों के समन्वय से की जा रही हैं। अखाड़ों की धार्मिक परंपराएं कुंभ की विशिष्ट पहचान हैं। मेला प्रशासन इन परंपराओं का पूरा सम्मान करते हुए अखाड़ों को आवश्यक सुविधाएं, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।


उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार कुंभ से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के साथ हरिद्वार कुंभ को उसकी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप दिव्य एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया जा सके।


*कुंभ मेला-2027 की प्रमुख स्नान तिथियां*


- 14 जनवरी 2027 – मकर संक्रांति

- 06 फरवरी 2027 – मौनी अमावस्या

- 11 फरवरी 2027 – बसंत पंचमी

- 20 फरवरी 2027 – माघ पूर्णिमा

- 06 मार्च 2027 – महाशिवरात्रि (अमृत स्नान)

- 08 मार्च 2027 – फाल्गुन अमावस्या (अमृत स्नान)

- 15 मार्च 2027 – देव डोलियों का अमृत स्नान

- 07 अप्रैल 2027 – नव संवत्सर

- 14 अप्रैल 2027 – मेष संक्रांति (अमृत स्नान)

- 15 अप्रैल 2027 – श्रीराम नवमी

- 20 अप्रैल 2027 – चैत्र पूर्णिमा


*श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, सेवा और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देती हैं : मुख्यमंत्री*

guru nanak dev gurudwara sahib CM dhami


*धार्मिक स्थलों के विकास एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध*


मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा एवं सिख पंथ के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर खटीमा के पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।


मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा एवं प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से संपूर्ण मानव समाज को सत्य, सेवा, समानता और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनकी शिक्षाएं समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के साथ ही जरूरतमंदों की निःस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करती हैं। उनका संदेश आज भी संपूर्ण मानवता के लिए प्रासंगिक है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार सिख समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा ऐतिहासिक तीर्थस्थलों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उत्तराखण्ड में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं। हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना एवं रीठा साहिब के समीप धर्मशाला निर्माण जैसे कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं के समन्वय की भूमि है। राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।


इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।


इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सरिता राणा, दर्जाधारी राज्य मंत्री श्री गंभीर सिंह धामी एवं श्री किशन सिंह किन्ना, श्रीमती फरजाना बेगम, मेला समिति के अध्यक्ष श्री शेर सिंह दानू, श्री हिमांशु बिष्ट, श्री रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी श्री विनोद कुमार एवं श्रीमती निर्मला बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।

 मुख्यमंत्री ने झनकईया गंगा स्नान मेले का किया शुभारंभ, दो स्थानों पर स्नान घाट निर्माण की घोषणा*

*भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों और लोक परंपराओं का प्रतीक है झनकईया मेला : मुख्यमंत्री*

*सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री*

jhankayiya fair CM dhami


 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर खटीमा में आयोजित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने शारदा तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया एवं काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा की।


मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा एवं श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झनकईया का ऐतिहासिक मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का संगम है। लंबे समय से आयोजित हो रहा यह मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। नई पीढ़ी भी पूरे उत्साह के साथ इन परंपराओं को आगे बढ़ा रही है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा के समीप आयोजित होने वाला यह मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों एवं आपसी सद्भाव को और सुदृढ़ करता है। भारत और नेपाल के बीच सदियों से रोटी-बेटी का संबंध रहा है। दोनों देशों की सांस्कृतिक एवं सामाजिक परंपराएं परस्पर जुड़ी हुई हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में सीमांत क्षेत्रों के साथ ही उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की सहभागिता, पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य और रीति-रिवाज इस मेले को विशेष पहचान प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजन स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर भी प्रदान करते हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक पहचान उसकी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से होती है। राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ पारंपरिक मेलों, महोत्सवों एवं सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है। हाल ही में खटीमा में आदि गौरव महोत्सव तथा देहरादून में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बेहतर आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अटल आवास योजना के अंतर्गत आय सीमा को व्यावहारिक बनाने एवं आवास निर्माण के लिए सहायता राशि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं पीएम-जनमन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई चर्चा के क्रम में उत्तराखण्ड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय एवं सीमांत क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार के लिए आश्रम पद्धति विद्यालयों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, केंद्रीय विद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं छात्रावासों जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने सहित अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान के तहत 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई है। राज्य सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति प्रदान करने के साथ ही समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।


मुख्यमंत्री ने मेले के विस्तार एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के दृष्टिगत जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका खटीमा एवं जिला पंचायत को आपसी समन्वय से स्नान घाटों, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को विकसित किया जाएगा। क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा।


मुख्यमंत्री ने मेला परिसर में स्थानीय दुकानदारों से जलेबी एवं सिंघाड़े खरीदकर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश भी दिया।


इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सरिता राणा, श्री गंभीर सिंह धामी, श्री किशन सिंह किन्ना, श्रीमती फरजाना बेगम, मेला समिति अध्यक्ष श्री शेर सिंह दानू, श्री हिमांशु बिष्ट, श्री रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी श्री विनोद कुमार एवं श्रीमती निर्मला बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.