Halloween party ideas 2015

 *कैबिनेट बैठक में लिए गए निर्णय*



1. विभाग का नामः-पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तराखण्ड शासन।


विषयः- उत्तराखण्ड जैव विविधता बोर्ड की वार्षिक रिपोर्ट-2024-25 के संबंध में।


उत्तराखण्ड जैव विविधता बोर्ड की वित्तीय वर्ष 2024-25 के क्रियाकलापों के संपूर्ण लेखे-जोखे को राज्य विधान मण्डल के पटल पर रखे जाने की स्वीकृति । 


2. विभाग का नाम- अभियोजन विभाग, उत्तराखण्ड (गृह विभाग)।


विषयः- अभियोजन विभाग, उत्तराखण्ड में अभियोजन संवर्ग के ढ़ांचे के पुनर्गठन के सम्बन्ध में।


प्रस्ताव :- राज्य गठन के उपरान्त समय-समय पर अभियोजन विभाग में अभियोजन संवर्ग के कुल 142 पद के सापेक्ष सहायक अभियोजन अधिकारी के कुल 91 पद सृजित है। मा० न्यायालयों में वादों के सम्बन्ध में प्रभावी पैरवी किये जाने हेतु अभियोजन संवर्ग के ढाँचें को पुनर्गठित करते हुए प्रथम चरण में राज्य के चार जनपदों कमशः देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर एवं नैनीताल हेतु सहायक अभियोजन अधिकारी के कुल 46 अतिरिक्त पदों को सृजित किये जाने प्रस्ताव पर मंत्रिमण्डल द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया है।


3. विभाग का नाम ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा विभाग, उत्तराखण्ड शासन।


विषय :- उत्तराखण्ड जल विद्युत निगम लि० (यूजेवीएन लि०) के वर्ष 2022-23 के वार्षिक वित्तीय प्रतिवेदन को विधानसभा पटल पर प्रस्तुत किये जाने के सम्बन्ध में।


भारत सरकार के राजपत्र में प्रकाशित कम्पनी एक्ट-2013 की धारा-395 के अन्तर्गत उत्तराखण्ड जल विद्युत निगम लि० (यूजेवीएन लि०) के वर्ष 2022-23 के वार्षिक वित्तीय प्रतिवेदन को विधानसभा पटल पर रखे जाने का प्राविधान है, जिसके अनुपालन में यूजेवीएन लि0 के वर्ष 2022-23 के वार्षिक वित्तीय प्रतिवेदन को आगामी विधानसभा सत्र में विधानसभा पटल पर रखे जाने सम्बन्धी प्रस्ताव पर मा० मंत्रिमण्डल का अनुमोदन प्राप्त किया गया।


4. वि भाग का नामः- आवास विभाग (अनुभाग-2)


विषय : प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत मानचित्र स्वीकृति की अनिवार्यता किये जाने के संबंध में। पुनः परीक्षण किए जाने का निर्णय किया गया। 


5. राज्य की दुकानों एवं स्थापनों में महिला कर्मकारों को रात्रि पाली (रात्रि 9.00 बजे से प्रातः 6.00 बजे तक) कार्य करने की सशर्त छूट प्रदान की गयी है, जिसमें महिला कर्मकारों की सुरक्षा का पर्याप्त प्रावधान किया गया है। इस प्रावधान से महिला कर्मकारों को कार्य करने के अधिक अवसर प्राप्त होगें तथा महिला कर्मकारों का आर्थिक सशक्तिकरण होगा। रात्रि पाली में महिला कर्मकारों को कार्य में तभी लिया जा सकता है जब उनके द्वारा इस संबंध में पूर्व में ही लिखित सहमति प्राप्त कर ली जाय। इससे महिला कर्मकारों को पुरूष कर्मकारों के समान कार्य करने के अवसर प्राप्त होगें तथा लैंगिक समानता की व्यवस्था भी प्रभावी होगी।


6. उत्तराखण्ड दुकान और स्थापन (रोजगार विनियमन और सेवा-शर्त) (संशोधन) अध्यादेश, 2025 के माध्यम से उत्तराखण्ड दुकान और स्थापन (रोजगार विनियमन और सेवा-शर्त) अधिनियम, 2017 की धारा 1(2), 8, 9 एवं धारा 19 में संशोधन किया जा रहा है। इन संशोधनों से छोटे प्रतिष्ठानों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा और वे अपनी आर्थिक गतिविधि सुचारू रूप से संचालित कर सकेंगे जबकि बड़े प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मकारों को कानून के अन्तर्गत सभी लाभ प्राप्त होंगे। इससे निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा, दुकानों एवं स्थापनों में काम करने के समय में लचीलापन आयेगा, प्रशासनिक बोझ कम होगा। उक्त के अतिरिक्त इससे दुकानों एवं स्थापनों की कार्यक्षमता बढ़ेगी एवं कर्मकारों को ज्यादा काम करने का अवसर मिलेगा, जिसके परिणामस्वरूप उनकी आर्थिकी में सुधार होगा।


7.  : देहरादून शहर में प्रस्तावित मेट्रो नियो परियोजना के सम्बन्ध में।


उत्तराखण्ड मेट्रो रेल एवं शहरी अवस्थापना एवं भवन निर्माण निगम की सम्पन्न आहूत 34वीं बोर्ड बैठक के एजेण्डा बिन्दु संख्या-34/3 में पारित प्रस्ताव के अनुक्रम में देहरादून शहर में प्रस्तावित मेट्रो नियो परियोजना के प्रस्ताव पर आवासन एवं शहरी विकास मामलों के मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा दिये गये परामर्श / सुझाव से मा० मंत्रिमण्डल को अवगत करने एवं मार्गदर्शन प्राप्त किये जाने का प्रस्ताव प्रस्तावित किया गया है।


8. विषय- मानव वन्यजीव संघर्ष राहत वितरण निधि (संशोधन) नियमावली, 2025 का प्रख्यापन।


वर्तमान में मानव वन्यजीव संघर्ष के प्रकरणों में प्रभावितों को अनुग्रह राशि का भुगतान "मानव वन्यजीव संघर्ष राहत वितरण निधि नियमावली-2024" के प्रावधानों के अनुसार किया जाता है। उक्त नियमावली के प्रावधानों के अनुसार वर्तमान में मानव मृत्यु की दशा में रू0 6.00 लाख की धनराशि मृतक के आश्रितों को प्रदान किये जाने का प्रावधान है। मानव मृत्यु की संवेदनशीलता के दृष्टिगत समय-समय पर इस धनराशि को बढ़ाये जाने की मांग को देखते हुए, टाईगर कन्जर्वेशन फाउण्डेशन फॉर सी०टी०आर० की शासी निकाय की 10वीं बैठक में लिये गये निर्णय के क्रम में मानव वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में मानव मृत्यु की दशा में अनुग्रह राशि की दर को रू0 6.00 लाख से बढ़ाकर रू0 10.00 लाख किये जाने हेतु मूल नियमावली के नियम-9 के उप नियम (1) में संशोधन करते हुए अब मानव मृत्यु की दशा में प्रति व्यक्ति रू0 10.00 लाख की अनुग्रह राशि दी जायेगी। इस संबंध में मा० मुख्यमंत्री जी द्वारा वन्यजीव हमले में जनहानि पर मिलने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर रू0 10.00 लाख किये जाने की घोषणा भी की गयी थी।

 *सीएम धामी ने नैनीताल में मॉर्निंग वॉक के दौरान जनता से की मुलाकात, नैना देवी मंदिर सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण*


नैनीताल :

CM dhami nainital


मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नैनीताल में मॉर्निंग वॉक के दौरान आम नागरिकों, पर्यटकों एवं स्कूली बच्चों से मुलाकात की और सबके साथ आत्मीय वार्ता की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय चाय विक्रेता भरत की दुकान पर चाय का स्वाद भी लिया।


मुख्यमंत्री ने मानस खंड मिशन के अंतर्गत नैना देवी मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। बताया कि मंदिर को और अधिक भव्य व आकर्षक स्वरूप देने हेतु ₹11 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिसके तहत कई महत्वपूर्ण कार्य तेजी से प्रगति पर हैं।


इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मिशन के अन्य विकास कार्यों—डीएसए मैदान के सुधार, वलिया नाला, एवं ठंडी सड़क पर भूस्खलन सुरक्षा कार्यों—की भी जानकारी अधिकारियों से ली और संबंधित विभागों को इन सभी कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।


इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. और अन्य मौजूद  रहे।

 




मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में भारत के संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई और अभियोजन विभाग की पत्रिका का विमोचन भी किया। 


इस अवसर पर उन्होंने सभी को संविधान एवं विधि दिवस की शुभकामनाएं देते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर का भी भावपूर्ण स्मरण किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि नए आपराधिक कानूनों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए अभियोजन विभाग को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। विभाग को डिजिटलीकरण के कार्य के लिए भी सहायता प्रदान की जाएगी। अभियोजन विभाग में उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कार प्रदान करने की व्यवस्था की जाएगी। अभियोजन विभाग के अधिकारियों को राज्य में बोली जाने वाली विभिन्न बोलियों का प्रशिक्षण प्रदान करने की व्यवस्था की जाएगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन सेवा हमारी न्याय व्यवस्था का वह महत्वपूर्ण स्तंभ है, जो सत्य को प्रतिष्ठित करने और न्याय की प्रक्रिया को पारदर्शी व प्रभावी बनाने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 का दिन भारत के इतिहास में सदैव एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज रहेगा। इसी दिन भारत की संविधान सभा ने भारतीय संविधान को औपचारिक रूप से स्वीकार किया था। 26 नवंबर को विधि दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत 1979 में प्रख्यात विधिवेत्ता स्व. डॉ. लक्ष्मीमल्ल सिंघवी के प्रयासों और सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा की गई थी। वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ के रूप में एक राष्ट्रीय पर्व की भांति मनाने का निर्णय लेकर हमारे सभी संविधान निर्माताओं को सच्ची श्रद्धांजलि देने का कार्य किया है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारी न्याय-व्यवस्था को आधुनिक, सशक्त, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं। वर्तमान परिस्थितियों के अनुसार “भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023” लागू करने का ऐतिहासिक कार्य किया गया है। लोगों को सुलभ, सरल और समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। ई-कोर्ट्स प्रोजेक्ट, नेशनल ज्यूडिशियल डेटा ग्रिड, फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट्स, महिला एवं बाल अपराधों के लिए त्वरित न्याय तंत्र, मेडिएशन बिल, टेलीकॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई और डिजिटल केस मैनेजमेंट सिस्टम जैसी सभी पहलें न्याय व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, तीव्र और सुगम बनाने की दिशा में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रही हैं। नए कानूनों के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल रिकॉर्ड को भी सबूत के रूप में मान्यता प्रदान की गई है, जिससे जांच और अभियोजन प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक विश्वसनीय, वैज्ञानिक और प्रमाणिक बनी है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में न्याय व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने के लिए नए न्यायालय भवनों का निर्माण और मौजूदा संरचनाओं का सुदृढ़ीकरण भी किया जा रहा है। डिजिटल कोर्ट्स, ई-फाइलिंग और वर्चुअल हियरिंग की प्रणालियों को और अधिक सशक्त किया जा रहा है। विधि शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और युवा अधिवक्ताओं को मेंटरशिप उपलब्ध कराने के साथ ही महिला अधिवक्ताओं के लिए भी सुरक्षित व अनुकूल वातावरण विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश में सख्त नकल-विरोधी कानून लागू करने, यूसीसी जैसे अनेक ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं।


इस अवसर पर विधायक श्री विनोद चमोली, सचिव गृह श्री शैलेश बगोली, पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ, निदेशक अभियोजन श्री ए.पी. अंशुमान तथा पुलिस एवं अभियोजन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।



*शौर्य और बलिदान के लिए भारत का हर नागरिक गोरखा सैनिकों का आभारी - मुख्यमंत्री* 


*ऑल इंडिया गोरखा एक्स-सर्विसमेन्स वेलफेयर एसोसिएशन की 75वीं वर्षगांठ कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री* 




मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऑल इंडिया गोरखा एक्स-सर्विसमेन्स वेलफेयर एसोसिएशन की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। 


स्व0 हरबंश कपूर मैमोरियल सभागार, गढी़ कैंट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बैरिस्टर अरि बहादुर गुरूंग की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ ही एसोसिएशन की स्मारिका का भी विमोचन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बैरिस्टर अरि बहादुर गुरूंग ना सिर्फ एक सांसद थे, बल्कि उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सिर्फ एक संगठन का उत्सव नहीं है, बल्कि ये उस अदम्य साहस, समर्पण, राष्ट्रभक्ति और गौरवशाली परम्परा का उत्सव भी है, जिसे गोरखा सैनिकों ने सदियों से अपने पराक्रम से संजोया है। उन्होंने कहा कि गोरखा सैनिकों के पराक्रम और बलिदान की पहचान इस बात से होती है कि दुनिया की कोई भी युद्ध गाथा गोरखाओं के बिना पूर्ण नहीं मानी जाती। इसलिए भारत सरकार द्वारा ऑल इंडिया गोरखा एक्स-सर्विसमेन्स वेलफेयर एसोसिएशन को ऑल इंडिया स्टेटस प्रदान किया जाना इस समुदाय की प्रतिष्ठा और योगदान का सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 75 वर्षों में एसोसिएशन ने ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ अपनी भूमिका निभाई है। आज विभिन्न राज्यों में बसे लाखों गोरखा भूतपूर्व सैनिक, वीर नारी एवं उनके आश्रित इस संस्था के माध्यम से लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 

पिछले अनेक वर्षों में एग्वा द्वारा पूरे भारत में निःशुल्क व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिनमें गोरखा समुदाय के साथ-साथ अन्य समुदायों के युवाओं को भी शामिल किया जाता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखाओं के अदम्य साहस और वीरता की गाथाएँ इतिहास के पन्नों में अंकित हैं, कहा जाता है कि ’’जिस मैदान में गोरखा टिक गए, वहां दुश्मन कभी टिक नहीं पाया है’’। गोरखा जवानों के लिए खुंखरी सिर्फ एक हथियार नहीं, बल्कि मातृभूमि की रक्षा का संकल्प भी है। गोरखा सैनिकों ने सदियों से देश की सीमाओं की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, इस शौर्य, बलिदान और राष्ट्र सेवा के लिए भारत का हर एक नागरिक आपका आभारी है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर वीर मेजर दुर्गा मल्ल के अद्वितीय शौर्य को भुला पाना असंभव है। इसी तरह परमवीर चक्र से सम्मानित धन सिंह थापा और आजाद भारत के प्रथम अशोक चक्र विजेता नर बहादुर थापा जैसे अनगिनत वीरों ने भारत माता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। 


मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हम सबके लिए गर्व की बात है कि आज गोरखा समाज न केवल हमारी सीमाओं की रक्षा में बल्कि हमारे राज्य के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। गोरखा समाज की मेहनत, अनुशासन और निष्ठा प्रत्येक क्षेत्र में स्पष्ट रूप से झलकती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी गोरखा समाज की वीरता और अमूल्य योगदान को हमेशा आदर और सम्मान की दृष्टि से देखती है।


इस मौके पर सैनिक कल्याण मंत्री श्री गणेश जोशी ने कहा कि गोरखा रेजिमेंट के जवानों ने हर युद्ध में, हर मोर्चे पर अपनी अदम्य बहादुरी और वीरता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि गोरखा समाज न केवल देश की सीमाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, बल्कि राज्य के सर्वांगीण विकास में भी अपना अहम योगदान दे रहा है।


इस मौके पर विधायक श्रीमती सविता कपूर, सचिव केंद्रीय सैनिक कल्याण बोर्ड बिग्रेडियर डीएस बसेड़ा, ऑल इंडिया गोरखा एक्स-सर्विसमेन्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष कर्नल आरएस क्षेत्री, गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पद्म सिंह थापा, ले.ज (रिटायर्ड) एके सिंह, लेज (रिटायर्ड) रामसिंह प्रधान, मेज (रिटायर्ड) सम्मी सब्बरवाल, मेजर (रिटायर्ड) बीएस थापा शामिल हुए।


 


देहरादू


*"भारतीय मूल्य ही प्रशस्त करेंगे विकसित भारत की राह": प्रो राजशरण शाही*


*शिक्षा, समाज परिवर्तन, प्राकृतिक आपदा, विभाजनकारी शक्तियां और बांग्लादेशी घुसपैठ जैसे विषयों पर 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रस्ताव होंगे पारित*



अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की एक-दिवसीय केंद्रीय कार्यसमिति बैठक देवभूमि उत्तराखण्ड के देहरादून में सम्पन्न हुई। बैठक का उद्घाटन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो (डॉ) राजशरण शाही, राष्ट्रीय महामंत्री डॉ वीरेंद्र सिंह सोलंकी तथा राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री आशीष चौहान ने देहरादून के परेड ग्राउंड में बसाए गए 'भगवान बिरसा मुंडा नगर' के 'स्वर्गीय राधेश्याम बैठक कक्ष' में किया, इस बैठक में देशभर से कुल 107 प्रतिनिधि सम्मिलित हुए। 


श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में उनके बलिदान स्थल दिल्ली स्थित गुरुद्वारा शीशगंज साहिब से पवित्र जल-कलश अभाविप दिल्ली के प्रदेश मंत्री व अन्य कार्यकर्ताओं द्वारा अधिवेशन स्थल लाया गया। इस जल-कलश को भव्य स्वागत के पश्चात देश भर के प्रतिनिधियों के दर्शन हेतु राष्ट्रीय अध्यक्ष व महामंत्री द्वारा बैठक के मुख्य सभागार में स्थापित किया गया। इस जल का आगमन श्री गुरु तेग बहादुर जी के अविनाशी बलिदान की स्मृति को युवाओं में जागृत करेगा।  


इस एक-दिवसीय केन्द्रीय कार्यसमिति बैठक में शिक्षा, समाज से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। साथ ही अभाविप के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रस्तुत किए जाने वाले कुल पाँच प्रस्तावों पर विमर्श हुआ। देशभर के सभी प्रमुख विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों, शिक्षाविदों एवं प्रमुख हितधारकों से प्राप्त सुझावों के अनुसार शिक्षा,  समाज परिवर्तन, प्राकृतिक आपदा,  विभाजनकारी शक्तियां और बांग्लादेशी घुसपैठ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर इस बैठक में वृहद संवाद हुआ, जिन्हें आगामी 28 से 30 नवंबर को होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन में पारित किया जाएगा।


अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी द्वारा देशभर के शैक्षिक संस्थानों में अभाविप के जीते हुए विश्वविद्यालयों और महाविद्यायों छात्रसंघो की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। बैठक में सम्मिलित हुए अभाविप के विभिन्न आयाम व गतिविधियों के संयोजकों ने देशभर में  किए जा रहे विशेष कार्यक्रमों का उल्लेख भी बैठक में साझा किया।


अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक कल, दिनांक 27 नवंबर को देहरादून के इसी परेड ग्राउंड में आयोजित की जाएगी। अभाविप द्वारा भगवान बिरसा मुंडा जी के जन्म की 150वीं वर्षगांठ पर उनकी जन्मस्थली उलिहातु (झारखण्ड) से निकाली गई भगवान बिरसा संदेश यात्रा एवं महारानी अब्बक्का की जन्म की 500वीं वर्षगांठ पर उनके जन्मस्थली कर्नाटक से महारानी अब्बक्का कलश यात्रा कल अधिवेशन स्थल पहुंचेगी। 


अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. (डॉ) राजशरण शाही ने कहा कि, "अभाविप की केंद्रीय कार्यसमिति बैठक कई मायनों में अहम है, इस बैठक में प्रतिनिधियों ने महत्वपूर्ण शैक्षिक तथा समाजिक विषयों पर चिंतन व मंथन किया। अभाविप सदैव ही संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्षरत रही है, भारतीय मूल्य ही विकसित भारत की राह प्रशस्त करेंगे।"


अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि," अभाविप की केंद्रीय कार्यसमिति बैठक आज भगवान बिरसा मुंडा नगर में सम्पन्न हुई, जिसमें प्रतिनिधियों ने शिक्षा, समाज, पर्यावरण, सेवा, सुरक्षा, तकनीकी जैसे महत्वपूर्ण समसामयिक विषयों पर गहनता से चर्चा की। शिक्षा, समाज परिवर्तन, प्राकृतिक आपदा,  विभाजनकारी शक्तियां और बांग्लादेशी घुसपैठ जैसे विषयों पर पांच प्रस्ताव पर भी आज की बैठक में वृहद संवाद हुआ एवं इस बैठक में आए सभी महत्वपूर्ण सुझावों को इसमें सम्मिलित कर आगामी राष्ट्रीय अधिवेशन में पारित किया जाएगा। निश्चित ही देशभर के कार्यकर्ता इन प्रस्तावों के पारित होने के उपरांत प्रभावी क्रियान्वयन हेतु अपने कार्यक्षेत्रों तथा शैक्षिक संस्थानों में कार्य करेंगे। साथ ही, इस 71वें अधिवेशन में विभिन्न भाषण, संवाद एवं समानांतर सत्रों के माध्यम से महत्वपूर्ण समसामयिक विषयों पर मंथन किया जाएगा तथा अभाविप आगामी अभियानों व कार्यक्रमों को लेकर पूर्ण ऊर्जा और तन्मयता के साथ आगे बढ़ेगी।"


देहरादून,





सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से आज उनके कैंप कार्यालय में उपनल कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों ने भेंट कर राज्य सरकार द्वारा जारी किए गए 12 साल सेवा से संबंधित आदेश पर आभार व्यक्त किया।


गौरतलब है कि उपनल कर्मचारी लंबे समय से समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग कर रहे थे। उनकी इस लम्बित मांग पर राज्य सरकार ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए कार्मिकों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।


सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के निरंतर प्रयासों और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के फलस्वरूप, राज्य सरकार ने आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि—राज्य सरकार के अधीन विभागों/संस्थानों में उपनल के माध्यम से तैनात ऐसे कार्मिक, जिन्होंने 12 वर्ष या उससे अधिक की निरंतर सेवा पूर्ण की है, उन्हें समान कार्य-समान वेतन के सिद्धांत पर वेतनमान का न्यूनतम वेतन एवं महंगाई भत्ता प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, अन्य उपनल कार्मिक, जिन्होंने चरणबद्ध रूप से अपनी सेवाएं पूर्ण की हैं, उन्हें भी जल्द ही समान कार्य-समान वेतन के अनुरूप न्यूनतम वेतन एवं महंगाई भत्ता प्रदान किया जाएगा।


उपनल कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों ने इस निर्णय को कर्मचारियों के लिए अत्यंत राहतकारी बताते हुए मंत्री गणेश जोशी का धन्यवाद किया।


सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया हुए कहा कि राज्य सरकार कर्मचारी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके कल्याण हेतु निरंतर कार्य कर रही है।


इस अवसर पर उपनल कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद गोदियाल, महामंत्री विनय प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


 आज का राशिफल

दिनाँक  26 नवम्बर 2025

बुधवार

मार्गशीर्ष

rashifal today 26 nov 2025


मेष

आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो

जीवनसाथी के साथ अच्छा समय बीतेगा। व्यवसाय में वृद्धि होगी। नौकरी में सुकून रहेगा। निवेश लाभप्रद रहेगा। कार्य बनेंगे। घर-बाहर सुख-शांति बने रहेंगे। मन की चंचलता पर नियंत्रण रखें। कानूनी अड़चन दूर होकर स्थिति अनुकूल रहेगी। जल्दबाजी में धनहानि हो सकती है।

वृषभ

ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो

पार्टनरों का सहयोग समय पर मिलने से प्रसन्नता रहेगी। नौकरी में मातहतों का सहयोग मिलेगा। व्यवसाय ठीक-ठीक चलेगा। आय में वृद्धि होगी। चोट व रोग से बाधा संभव है। दूसरों के काम में दखलंदाजी न करें। स्थायी संपत्ति की खरीद-फरोख्त से बड़ा लाभ हो सकता है। प्रतिद्वंद्विता रहेगी।


मिथुन

का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह

मित्रों के साथ समय अच्‍छा व्यतीत होगा। स्वादिष्ट भोजन का आनंद मिलेगा। बौद्धिक कार्य सफल रहेंगे। किसी प्रबुद्ध व्यक्ति का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। नौकरी में अनुकूलता रहेगी। पार्टी व पिकनिक की योजना बनेगी। वाणी पर नियंत्रण रखें। शत्रु सक्रिय रहेंगे। जीवनसाथी के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी।

कर्क

ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

जोखिम व जमानत के कार्य टालें। जल्दबाजी न करें। घर-बाहर अशांति रहेगी। कार्य में रुकावट होगी। आय में कमी तथा नौकरी में कार्यभार रहेगा। बेवजह लोगों से कहासुनी हो सकती है। दु:खद समाचार मिलने से नकारात्मकता बढ़ेगी। व्यवसाय से संतुष्टि नहीं रहेगी। पार्टनरों से मतभेद हो सकते हैं।

सिंह

मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे

मित्रों का सहयोग कर पाएंगे। कर्ज में कमी होगी। संतुष्टि रहेगी। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। व्यापार मनोनुकूल चलेगा। अपना प्रभाव बढ़ा पाएंगे। नौकरी में अनुकूलता रहेगी। निवेश शुभ रहेगा। जोखिम व जमानत के कार्य न करें। प्रयास सफल रहेंगे। किसी बड़े कार्य की समस्याएं दूर होंगी।

कन्या

ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो

घर-बाहर स्थिति मनोनुकूल रहेगी। प्रसन्नता का वातावरण रहेगा। वस्तुएं संभालकर रखें। दूर से शुभ समाचार प्राप्त होंगे। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। नौकरी में सहकर्मी साथ देंगे। व्यवसाय में जल्दबाजी से काम न करें। चोट व दुर्घटना से बचें। लाभ के अवसर हाथ आएंगे।


तुला

रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। अप्रत्याशित लाभ के योग हैं। भाग्य का साथ मिलेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। नौकरी में अधिकार बढ़ सकते हैं। जुए, सट्टे व लॉटरी के चक्कर में न पड़ें। निवेश शुभ रहेगा। प्रमाद न करें। उत्तेजना पर नियंत्रण रखें। जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा।


वृश्चिक

तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू

आय में निश्चितता रहेगी। अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। व्यवस्था नहीं होने से परेशानी रहेगी। व्यवसाय में कमी होगी। नौकरी में नोकझोंक हो सकती है। पार्टनरों से मतभेद हो सकते हैं। थकान महसूस होगी। अपेक्षित कार्यों में विघ्न आएंगे। चिंता तथा तनाव रहेंगे।


धनु

ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे

व्यावसायिक यात्रा मनोनुकूल रहेगी। धनार्जन होगा। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। अज्ञात भय व चिंता रहेंगे। यात्रा सफल रहेगी। नेत्र पीड़ा हो सकती है। लेन-देन में सावधानी रखें। बगैर मांगे किसी को सलाह न दें। बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे।


मकर

भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी

प्रतिष्ठा वृद्धि होगी। सुख के साधन जुटेंगे। नौकरी में वर्चस्व स्थापित होगा। आय के स्रोत बढ़ सकते हैं। व्यवसाय लाभप्रद रहेगा। निवेश शुभ रहेगा। घर-बाहर सहयोग व प्रसन्नता में वृद्धि होगी। नई योजना बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। सामजिक कार्य करने की इच्छा जागृत होगी।


कुंभ

गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा

लाभ के अवसर हाथ आएंगे। प्रसन्नता का वातावरण रहेगा। मातहतों का सहयोग मिलेगा। किसी सामाजिक कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर प्राप्त हो सकता है। दूसरे के काम में दखल न दें। पूजा-पाठ व सत्संग में मन लगेगा। आत्मशांति रहेगी। कोर्ट व कचहरी के कार्य अनुकूल रहेंगे।


मीन

दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची

व्यवसाय ठीक चलेगा। मित्र व संबंधी सहायता करेंगे। आय बनी रहेगी। जोखिम न लें। क्रोध व उत्तेजना पर नियंत्रण रखें। विवाद को बढ़ावा न दें। पुराना रोग बाधा का कारण रहेगा।  वाहन व मशीनरी के प्रयोग में लापरवाही न करें। छोटी सी गलती से सम


डोईवाला:



 त्रि स्तरीय पंचायतों के सामान्य निर्वाचन के बाद, सतेली ग़ैरवाल नाहीकला की नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान मनीषा तिवारी और ग्राम पंचायत सदस्यों ने मंगलवार को पंचायत भवन रामनगर डांडा में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में अपने-अपने पदों की शपथ ली। इस मौके पर सहायक खण्ड विकास अधिकारी सुनील उनियाल ने ग्राम प्रधान मनीषा तिवारी को शपथ दिलाई। साथ ही, सात ग्राम पंचायत सदस्यों ने भी शपथ ली जिनमें नीलम कोठारी, सुमित मनवाल, विजय लक्ष्मी, सुमन, विजना देवी, मधु तिवारी, और सागर कृषाली शामिल हैं।


इस अवसर पर सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को उनके दायित्वों और उत्तरदायित्वों का पालन निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करने की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर सहायक खण्ड विकास अधिकारी सुनील उनियाल ने  कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधियों ने लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करते हुए ग्राम विकास की दिशा में कार्य करने का संकल्प लिया है।उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत की पहली बैठक 26 नवंबर को आयोजित की जाएगी, जिसमें पंचायत के विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी।


 प्रधान मनीषा तिवारी ने  कहा कि वह सभी ग्राम पंचायत सदस्यों के साथ मिलकर क्षेत्र में विकास योजनाओं को गति प्रदान करने के लिए जरूरी पहल करेंगी।  उन्होंने  कहा कि उनका प्रयास अपनी पंचायत को प्रदेश और देश में भी एक आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में स्थापित करना है।

यह शपथ ग्रहण समारोह ग्राम विकास के प्रति नई उम्मीदों और योजनाओं का संदेश लेकर आया, जिससे गांव के समग्र विकास की दिशा में बड़े कदम उठाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.