Halloween party ideas 2015


हरिद्वार, 15 अगस्त





 स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शिव शक्ति वेलनेस फाउंडेशन, हरिद्वार द्वारा कुष्ठ आश्रम, चंडीघाट में सेवा कार्यक्रम आयोजित कर आश्रम में निवासरत जरूरतमंद परिवारों को राशन एवं आवश्यक खाद्य सामग्री वितरित की गई।


फाउंडेशन की अध्यक्षा शिप्रा गुप्ता ने कहा कि सेवा किसी एक दिन तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे जीवन का निरंतर संकल्प बनाना चाहिए।


सचिवा पूनम पांडेय ने कहा कि जरूरतमंदों को सामग्री के साथ सम्मान और अपनत्व देना भी सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।


वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप खन्ना ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों के साथ खड़ा होना चाहिए, जबकि उपाध्यक्ष भूपेश चंद्र पांडेय ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता को भी सेवा का अभिन्न हिस्सा बताया।


मनोज सैनी ने कहा कि छोटा-सा सहयोग भी किसी जरूरतमंद परिवार के लिए बड़ी राहत बन सकता है। मुकेश गोयल ने सामूहिक सहभागिता को सेवा की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।


वरिष्ठ फार्मासिस्ट संदीप धीमान, शुभ गुप्ता, मनीषा गुप्ता, हिमांशु अरोड़ा, विपुल गोयल, निष्ठा गुप्ता एवं जितेंद्र परमार ने भी सेवा को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।


इस सेवा कार्य में अध्यक्षा शिप्रा गुप्ता, सचिवा पूनम पांडेय, मनोज सैनी एवं मुकेश गोयल की विशेष सहभागिता रही। वहीं सीमा शर्मा, मधुर वासन, विकास सक्सेना, वरिष्ठ प्रवक्ता तरुणा गुप्ता, वरिष्ठ प्रवक्ता नीलम श्रीवास्तव, सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रवक्ता रेणुका श्रीवास्तव, संगीता सचदेवा, जितेंद्र परमार एवं संजय विश्वकर्मा का वित्तीय सहयोग रहा।


फाउंडेशन ने कहा कि भविष्य में भी रक्तदान, खाद्य सामग्री वितरण, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा एवं अन्य सामाजिक सेवा कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे।


“मानव सेवा ही सच्ची सेवा है—आइए, जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने का संकल्प लें।”



 

*गंगा घाटों के विकास में लोक सहभागिता का नया अध्याय—सीएसआर के माध्यम से घाटों के निर्माण और रख-रखाव की पहल*


हरिद्वार:



आगामी कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के लिए हरिद्वार में घाटों के विकास, विस्तार, जीर्णोद्धार और बेहतर रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हरिद्वार कुंभ क्षेत्र में वर्तमान में छोटे-बड़े कुल 104 घाट हैं, जिनकी कुल लंबाई लगभग साढ़े बारह किलोमीटर है। आगामी कुंभ मेले की आवश्यकताओं और श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को देखते हुए राज्य सरकार ने घाटों के विस्तार और सुधार को प्राथमिकता दी है। वर्तमान में हरिद्वार में चार नए घाटों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि कुंभ क्षेत्र में तीन नए घाटों के निर्माण को स्वीकृति भी प्रदान की जा चुकी है। इन नए घाटों की कुल लंबाई करीब तीन किलोमीटर है। इसी क्रम में राज्य सरकार ने घाटों के निर्माण, विस्तार, स्वच्छता और संरक्षण में लोक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के माध्यम से सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र की संस्थाओं को जोड़ने की भी पहल की है। इसके तहत विभिन्न संस्थाओं से घाटों के निर्माण, जीर्णोद्धार और रख-रखाव के लिए प्रस्ताव प्राप्त किए जा रहे हैं। 


गंगा के पावन तट पर बसा हरिद्वार देश-दुनिया के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। कुंभ मेले के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान, पूजा-अर्चना और आध्यात्मिक अनुभूति के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों की पर्याप्त उपलब्धता, स्वच्छता, सुरक्षा और सुगम आवागमन मेला व्यवस्थाओं का महत्वपूर्ण आधार है। घाटों के विस्तार और नए घाटों के निर्माण से न केवल श्रद्धालुओं के लिए स्नान के अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होंगे, बल्कि प्रमुख घाटों पर भीड़ का दबाव कम करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को अधिक व्यवस्थित करने में भी मदद मिलेगी।


घाटों के नव निर्माण, जीर्णोद्धार और साफ-सफाई में सीएसआर के माध्यम से संस्थागत सहभागिता की इस पहल को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। अब तक डेढ़ दर्जन से अधिक प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। विभिन्न सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र की संस्थाओं ने हरिद्वार के गंगा घाटों के विकास, सौंदर्यीकरण और रख-रखाव में सहयोग की इच्छा व्यक्त की है। सीएसआर आधारित व्यवस्था का उद्देश्य सरकारी प्रयासों के साथ सामाजिक और संस्थागत सहभागिता को जोड़ते हुए घाटों के दीर्घकालिक रख-रखाव को सुनिश्चित करना है।


प्रस्तावित व्यवस्था के तहत संबंधित संस्था द्वारा सीएसआर मद से विकसित घाट के रख-रखाव, स्वच्छता और आवश्यक सुविधाओं पर ध्यान दिया जाएगा। वहीं, घाट आम श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के लिए सार्वजनिक रूप से उपलब्ध रहेंगे। 


सीएसआर के तहत प्राप्त प्रस्तावों पर विचार के लिए शासन के निर्देशानुसार मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका द्वारा मुख्य विकास अधिकारी, हरिद्वार की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। समिति द्वारा प्राप्त प्रस्तावों की उपयोगिता, व्यवहार्यता, तकनीकी पहलुओं तथा मेला आवश्यकताओं के अनुरूपता का परीक्षण किया जा रहा है।


इसी क्रम में शुक्रवार को मेला नियंत्रण भवन में मुख्य विकास अधिकारी, हरिद्वार डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में घाटों के निर्माण एवं रख-रखाव से संबंधित अब तक प्राप्त प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया तथा प्रस्तावों के प्रारंभिक परीक्षण की प्रक्रिया संपन्न की गई। बैठक में प्रस्तावित घाटों के विकास और रख-रखाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई तथा आगे की प्रक्रिया के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।


बैठक में अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता श्री अनुभव नौटियाल, उप नगर आयुक्त श्री दीपक गोस्वामी सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 चमोली:

आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने श्रमिक प्रतिनिधिमंडल से की बातचीत

disaster management  minisyer at pipalkoti


मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में राज्य सरकार टीएचडीसी टनल हादसे से प्रभावित श्रमिकों एवं उनके परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। राहत एवं बचाव अभियान के साथ-साथ प्रभावित श्रमिकों एवं उनके परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री, उत्तराखंड सरकार मदन कौशिक ने शनिवार को हाट-सियासैण, मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में कार्यरत हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी ई लिमिटेड, विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना, पीपलकोटी श्रमिकों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं। प्रतिनिधिमंडल ने टनल हादसे के बाद श्रमिकों एवं उनके परिवारों के समक्ष उत्पन्न परिस्थितियों से मंत्री को अवगत कराया तथा प्रभावित परिवारों के लिए उचित आर्थिक सहायता एवं दीर्घकालिक राहत की मांग रखी।


श्रमिक प्रतिनिधिमंडल ने आर्थिक सहायता के साथ, आजीविका की दीर्घकालिक व्यवस्था, घायल श्रमिकों को आर्थिक सहायता देने के साथ निःशुल्क उपचार की मांग के साथ प्रतिनिधिमंडल ने हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग भी रखी है। 


मंत्री श्री मदन कौशिक ने श्रमिक प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा एवं उनके हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं। उन्होंने कहा कि हादसे में प्रभावित श्रमिकों एवं उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से श्रमिकों द्वारा रखी गई मांगों एवं वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।


मंत्री ने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान के साथ-साथ प्रभावित श्रमिकों और उनके परिजनों की आवश्यकताओं का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार, प्रभावित परिवारों से समन्वय तथा उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी न रहे।


इस दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, महामंत्री भाजपा विनोद कनवासी, जिलाधिकार गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, टीएचडीसी के अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी व प्रतिनिधि मण्डल के सदस्य मौजूद रहे।


नैनीताल :



जिला नियंत्रण कक्ष, नैनीताल से समय 13:35 बजे सूचना प्राप्त हुई कि रामगढ़ से लगभग 3 किलोमीटर आगे मुक्तेश्वर की ओर लुक्ताधार के पास एक टेंपो ट्रैवलर (वाहन संख्या UP14 TQ 9690) अनियंत्रित होकर खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में कुल 22 यात्री सवार थे। हादसे में 02 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई, जबकि 20 सवारों को रेस्क्यू कर लिया गया।


सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में सूचना मिलते ही SDRF टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई। उप निरीक्षक मनोज रावत के नेतृत्व में SDRF टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची तथा NDRF एवं जिला पुलिस के साथ संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान प्रारंभ किया।


संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान SDRF टीम द्वारा आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंचकर 20 यात्रियों को सकुशल बाहर निकाला गया। वहीं हादसे में मृत 02 व्यक्तियों के शवों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया तथा जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया।


*घायल व्यक्तियों के  नाम* 

(1) मनीष कुमार उम्र 25 वर्ष 

(2) कुo नंदिनी उम्र 22 वर्ष 

(3) तुषार कुमार उम्र 21 वर्ष

(4) लक्ष्मी उम्र 27 वर्ष 

(5) मयंक उम्र 17 वर्ष 

(6) प्रदीप कुमार उम्र 26 वर्ष 

(7) कुo रितिका उम्र 23 वर्ष 

(8) हर्ष वर्मा उम्र 26 वर्ष 

(9) कुमारी पायल उम्र 22 वर्ष 

(10) आनंद उम्र 27 वर्ष 

(11) अजय उम्र 25 वर्ष 

(12) अंजलि उम्र 22 वर्ष  

(13) कुo मिस्टी उम्र 10 माह 

(14) यश कुमार उम्र 27 वर्ष [चालक]


*मामूली रूप से घायल क्रमश*

(1) धर्मेंद्र उम्र 24 वर्ष 

(2) डॉली उम्र 25 वर्ष 

(3) अंजलि उम्र 23 वर्ष 

(4) धीरज उम्र 25 वर्ष 

(5) अंकित उम्र 26 वर्ष 

(6) सोनिया उम्र 23 वर्ष


*दुर्घटना में मृतक* 

(1) सुमित पाल सिंह पुत्र कनक पाल सिंह उम्र 24 वर्ष निवासी फरीदाबाद 

(2) दूसरे मृतक के बॉडी को रेस्क्यू किया जा रहा है नाम अभी ज्ञात नहीं हो सका है।



भाजपा राष्ट्रीय सहकोषाध्यक्ष एवं सांसद राज्यसभा डा. नरेश बंसल जी ने सभी देशवासियो को स्वंतत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होने अपने आवास पर हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत झंडा फहराया।



डा. नरेश बंसल ने अपने संदेश मे कहा कि देश आज 80वां स्वंतत्रता दिवस मना रहा है। इस अवसर पर आज हर कोई अपने वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद कर रहा है। जिन्होंने अपने जीवन का बलिदान देकर हमारे देश को गुलामी की बेड़ियों से आजादी दिलाई। हमें स्वतंत्र भारत का गौरव प्रदान किया। आज पूरे देश के लिए गर्व का समय हैं। माँ भारती की स्वाधीनता के महायज्ञ में स्वयं की आहुति देने वाली सभी हुतात्माओं को कोटि-कोटि नमन। अपने अमर बलिदानियों के सपनों के भारत का निर्माण हम सभी की शीर्ष प्राथमिकता है। साथ ही, देश की एकता, अखंडता और स्वाभिमान के लिए दिन-रात एक करने वाले वीर जवानों का भी वंदन करता हूं।


डा. बंसल ने स्वंतत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर विभाजन वर्ष 1947 में राजनीतिक स्वार्थ के लिए धर्म के आधार पर किए गए भारत विभाजन की अमानवीय त्रासदी में अपने प्राण गंवाने वाले सभी निर्दोष नागरिकों को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि विभाजन देश के इतिहास का काला अध्याय है। इसे कभी भुलाया नही जा सकता।


डा. नरेश बंसल ने सभी भारतीयो से आह्वान किया कि आइए, आज हम सभी यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के संकल्प के अनुरूप 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। आज के पावन दिन हम सभी वीर स्वतंत्रतता सेनानियों आदर्शों से प्रेरणा लें और एक सुरक्षित, सशक्त और समृद्ध एक भारत-श्रेष्ठ भारत, विकसित भारत-आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए संकल्पित हों व मिलकर काम करें।


*डीएम डॉ. आशीष चौहान ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा; सुरक्षा, यातायात और गरिमापूर्ण आयोजन के दिए सख्त निर्देश*

*स्वतंत्रता सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को किया जाएगा सम्मानित।*


देहरादून :

preparation of 15 august परेड ground


राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। 15 अगस्त को प्रातः 10 बजे मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य मंच पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह को भव्य, गरिमामय, अनुशासित एवं सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।


जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड पहुंचकर स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित नोडल अधिकारियों के साथ समारोह स्थल पर मंच, परेड, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि समारोह से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करते हुए आयोजन को सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए।


मुख्य समारोह के दौरान पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी तथा प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां पुलिस बैंड की मधुर धुन के बीच राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी। समारोह में देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तथा सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित करेंगे।


जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ ही कार्यक्रम को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह स्थल पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस एवं संबंधित विभागों द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।


 

Rashifal

मेष

अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो

आज कार्यक्षेत्र में योजनाएं सफल होंगी। कारोबारी हैं तो आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। प्रेम संबंधों में प्रगाढ़ता आएगी। आर्थिक पक्ष सामान्य रहेगा। दिनभर स्फूर्ति बनी रहेगी।


वृषभ

ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो

कला, फैशन और रचनात्मक क्षेत्र में बड़ा अवसर मिल सकता है। कारोबारी हैं तो सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। लव लाइफ में मिठास घुलेगी। धन लाभ के अच्छे योग हैं। सीने में भारीपन या ब्लड प्रेशर की समस्या हो सकती है।


मिथुन

का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह

नौकरी-पेशा हैं तो पराक्रम से सभी बाधाएं दूर होंगी। व्यावसायिक सौदों के दौरान संयम रखें। रिश्तों में संवादहीनता न आने दें। शॉपिंग में अत्यधिक खर्च से बचें। एलर्जी की समस्या हो सकती है।


कर्क

ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

वर्कप्लेस पर अधिकारियों से प्रोत्साहन मिल सकता है। कारोबारी हैं तो आर्थिक मामलों में सोच-समझकर कदम उठाएं। पारिवारिक मामलों में धैर्य और प्रेम का परिचय दें। अनावश्यक खर्च न करें। मानसिक शांति के लिए ध्यान करें।


सिंह

मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे

नेतृत्व क्षमता का विकास होगा और काम का दबाव बढ़ेगा। व्यापार में लाभ के अवसर मिलेंगे। पार्टनर के साथ रिश्ते में मिठास रहेगी। आय के नए स्रोत सामने आ सकते हैं। आंखों में जलन, थकान या सिरदर्द हो सकता है।


कन्या

ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो

कार्यस्थल पर प्राथमिकताओं को तय कर काम निपटा लें। कारोबारी हैं तो सावधानी से लेनदेन करें। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। पैसों का लेनदेन आज न करें। बजट से बाहर खर्च हो सकता है। पेट से संबंधित समस्याएं हो सकती हैं।


तुला

रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

कार्यस्थल पर भाग्य का साथ मिलेगा। इच्छाओं की पूर्ति होगी। साझेदारी के व्यापार में अच्छा मुनाफा होगा। रोमांटिक लाइफ बहुत शानदार रहेगी। रुका हुआ पैसा वापस मिल सकता है। स्वास्थ्य बेहतरीन रहेगा।


वृश्चिक

तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू

अधिकारियों से प्रोत्साहन मिलेगा। जॉब चेंज के लिए अच्छा दिन है। कारोबारी हैं तो अपने काम को दूसरों के भरोसे न छोड़ें। लव पार्टनर के साथ बहस हो सकती है। अचानक कुछ अप्रत्याशित खर्चे आ सकते हैं। कमर दर्द की समस्या हो सकती है।


धनु

ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे

कार्यस्थल पर किस्मत का भरपूर सहारा मिलेगा। कारोबारी, पढ़ाई और ट्रेनिंग से जुड़े लोगों के लिए अच्छा समय है। पार्टनर के साथ धार्मिक गतिविधियों में समय बीतेगा। धन का प्रवाह अच्छा रहेगा। बाहर के खाने-पीने में एहतियात बरतें।


मकर

भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी

कार्यस्थल पर सकारात्मक माहौल रहेगा। प्रॉपर्टी, कंस्ट्रक्शन या रीसेल के कारोबार से जुड़े लोगों को लाभ मिलेगा। पार्टनर को समय न देने से थोड़ी नाराजगी रहेगी। अनावश्यक खर्चों से बचकर रहें। वाहन सतर्कता से चलाएं और जोड़ों या हड्डियों का दर्द रह सकता है।


कुंभ

गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा

कार्यस्थल पर नए विचार आपके काम को अलग पहचान दिलाएंगे। कारोबारी हैं तो सोच समझकर निवेश करें। जीवनसाथी का पूर्ण सहयोग मिलेगा। फिजूलखर्ची पर नियंत्रण रखना बहुत जरूरी है। मानसिक तनाव दूर होगा।


मीन

दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची

कार्यस्थल पर आपके काम की सराहना होगी। कारोबारी हैं तो प्रतिस्पर्धियों की योजनाएं असफल होंगी। पार्टनर के साथ अच्छा समय बीतेगा। अचानक धन लाभ के योग, बैंक लोन से जुड़े काम पूरे होंगे। मौसम का असर सेहत पर हो सकता है।


www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.