Halloween party ideas 2015

*उत्तरकाशी: SDRF उत्तराखंड की टीम ने जंगल की आग पर पाया काबू*





दिनांक 20 मई 2026 को देर रात्रि SDRF उत्तराखंड को सूचना प्राप्त हुई कि ज्ञानसू से साल्ड रोड बासुगांव के समीप जंगल में आग लगी हुई है, जिसके आवासीय क्षेत्र तक फैलने की संभावना बनी हुई थी।


सूचना प्राप्त होते ही पोस्ट उजेली में व्यवस्थापित SDRF टीम हेड कांस्टेबल दुर्गेश रतूड़ी के नेतृत्व में आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल हेतु रवाना हुई। मौके पर SDRF टीम द्वारा वन विभाग, फायर सर्विस एवं NDRF की टीम के साथ मिलकर संयुक्त रूप से आग बुझाने का अभियान चलाया गया।


सभी टीमों के समन्वित एवं अथक प्रयासों से जंगल में लगी आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया तथा आग को आवासीय क्षेत्र तक फैलने से रोक दिया गया। समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ी घटना टल गई।


 *सोनप्रयाग, रुद्रप्रयाग — भूस्खलन के बीच SDRF उत्तराखंड ने 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला* 



श्री केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग–गौरीकुंड के मध्य मुनकटिया क्षेत्र में अचानक भूस्खलन होने से मुख्य सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया। मार्ग बाधित होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु बीच रास्ते में फंस गए। रात्रि का समय, खराब मौसम, पहाड़ी क्षेत्र में लगातार गिरता मलबा तथा यात्रियों की भारी भीड़ के कारण स्थिति अत्यंत चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी।


घटना की सूचना DCR रुद्रप्रयाग द्वारा समय 21:16 बजे SDRF को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक श्री आशीष डिमरी के नेतृत्व में SDRF सोनप्रयाग टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर SDRF एवं NDRF की संयुक्त टीम द्वारा राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया।


सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी के निर्देशनुसार SDRF टीमें पूर्व से ही यात्रा मार्ग पर संभावित आपदाओं एवं आपात परिस्थितियों से निपटने हेतु पूर्ण रूप से तैयार एवं सतर्क थीं। इसी पूर्व तैयारी, त्वरित रिस्पॉन्स एवं प्रभावी समन्वय के चलते SDRF टीमों द्वारा इतने विशाल स्तर पर सफल रेस्क्यू अभियान संचालित किया जा सका।


संयुक्त टीमों द्वारा अत्यंत जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में सूझबूझ, धैर्य एवं साहस का परिचय देते हुए सड़क के दूसरी ओर फंसे लगभग 10,450 श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से मार्ग पार कराया गया। लगातार बारिश और अंधेरे के बीच जवानों ने श्रद्धालुओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।


रेस्क्यू कार्य पूर्ण होने के उपरांत जेसीबी मशीनों की सहायता से मार्ग पर आए मलबे को हटाने का कार्य किया गया, जिसके बाद सड़क मार्ग को पुनः सुचारु कर वाहनों की आवाजाही शुरू कराई गई।


SDRF एवं NDRF द्वारा समन्वित रूप से किए गए इस राहत एवं बचाव कार्य ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में हजारों श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा एक बार फिर आपदा की घड़ी में सुरक्षा बलों की तत्परता, मानवता एवं सेवा भावना को प्रदर्शित किया।

 पूर्व मुख्यमंत्री/मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब*


*खड़खड़ी श्मशान घाट में राजकीय सम्मान के साथ किया गया अंतिम संस्कार*

*सेना एवं पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर दी अंतिम सलामी*

*पुत्र मनीष खंडूड़ी ने दी पिता भुवन खंडूरी को दी मुख्यग्नि*

*केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्रीयो सहित मंत्रीगण एवं जनप्रतिनिधि हुए शामिल  *

हरिद्वार 20 मई 2026;
Former CM khanduri cremation

  
          उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय सेना के मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) श्री भुवन चंद्र खंडूड़ी को आज खड़खड़ी श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा और हर वर्ग के लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंतिम संस्कार के दौरान सेना एवं पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर दिवंगत नेता को अंतिम सलामी दी। उनके पुत्र श्री मनीष खंडूड़ी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।
      इस अवसर पर केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी जी का जीवन सादगी, अनुशासन और ईमानदारी का उदाहरण रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सेना अधिकारी के रूप में हर दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाया। उनके कार्यों को उत्तराखंड ही नहीं, पूरा देश हमेशा याद रखेगा। सुशासन और लोकपाल जैसे महत्वपूर्ण विचारों को आगे बढ़ाने में उनका योगदान प्रेरणादायक रहा।
मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

   इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी जी का निधन राज्य और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सेना, केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री के रूप में शुचिता, पारदर्शिता और अनुशासन के साथ उत्कृष्ट कार्य किए।
       उन्होंने कहा कि वह हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रहेंगे। उनके साथ काम करने का अवसर मिला, उनकी कमी एक अभिभावक के रूप में हमेशा महसूस होगी।उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिजनों व शुभचिंतकों को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
      उन्होंने कहा कि उनका जाना उत्तराखंड के लिए यह बहुत बड़ी क्षति है, लेकिन उनके द्वारा स्थापित आदर्श हमें हमेशा मार्गदर्शन देते रहेंगे।”
                इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री सहित सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों मंत्रीगणों, विधायकों, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर,जनप्रतिनिधि, आधिकारियों, सेना के अधिकारियों जवानों एवं आमजन द्वारा दिवंगत आत्मा को पुष्पचक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित कर अंतिम सलामी दी।
            इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र/पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड भगत सिंह कोश्यारी,पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ,पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक,पूर्व मुख्यमंत्री तीर्थ सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी,अजय भट्ट ,अजय टम्टा,कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सतपाल महाराज,धन सिंह रावत,गणेश जोशी,सौरभ बहुगुणा,मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा,खजान दास,राष्ट्रीय महासचिव भाजपा अजय कुमार,विधायक आदेश चौहान,विधायक प्रेम चंद्र अग्रवाल,विनोद चमोली ,सुरेश गड़िया, अरविंद पाण्डे, रवि बहादुर,मेयर रुड़की अनीता देवी,पूर्व विधायक संजय गुप्ता, अखाड़ा परिषद अध्यक्ष व निरंजनी अखाड़ा के महासचिव श्रीमहंत रवीन्द्र पुरी एवं निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशनंद महाराज, जयराम आश्रम पीठाधीश्वर स्वामी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी,जिलाधिकारी मयूर दीक्षित,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर,अपर जिलाधिकारी पी आर चौहान,एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एचआरडीए सचिव मनीष कुमार, उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी ट्रैफिक निशा यादव सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधि,आमजन मौजूद रहे।

 

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को बलवीर रोड, देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें नम आंखों से विदाई दी। मुख्यमंत्री ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी।

cremation of former CM Khanduri , CM dhami, vice president CP Radhakrishnan


मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी जी का संपूर्ण जीवन अनुशासन, सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने उत्तराखंड के विकास एवं जनसेवा में जो योगदान दिया, उसे यह प्रदेश सदैव याद रखेगा। मुख्यमंत्री ने उनके निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया। 


इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती रितु खंडूरी भूषण, महामंत्री ( संगठन) श्री अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत, श्री खजान दास, पूर्व मुख्यमंत्री श्री तीरथ सिंह रावत, मेयर श्री सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल, एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


उपराष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल श्री गुरमीत सिंह (से.नि) एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को वसंत विहार, देहरादून में पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। 


उपराष्ट्रपति श्री सी.पी राधाकृष्णन ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की


हरिद्वार 

asst labour commissioner uttarakhand sidcul haridwar


          प्रशान्त कुमार, सहायक श्रम आयुक्त, हरिद्वार, ने अवगत कराया है कि उनके द्वारा एवं श्रीमती मीनाक्षी भट्ट तथा अनिल कुमार पुरोहित, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, हरिद्वार द्वारा सिडकुल हरिद्वार स्थित एक कंपनी में श्रमिकों के साथ कम्पनी की कैन्टीन में भोजन किया गया साथ ही श्रमिको के साथ भोजन के दौरान श्रमिक समस्याओं के संबन्ध में सवांद भी किया गया तथा भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया गया।

 सहायक श्रम आयुक्त, ने अवगत कराया कि जिलाधिकारी, हरिद्वार एवं श्रम आयुक्त तथा उप श्रम आयुक्त, हरिद्वार के निर्देशों के अनुपालन में श्रमिकों के साथ भोजन किया गया तथा श्रमिक समस्याओ के संबन्ध में चर्चा एवं संवाद किया गया तथा भविष्य में चरणबद्ध तरीके से सिडकुल स्थित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में आकस्मिक रूप से श्रमिकों के साथ कैन्टीन में भोजन तथा संवाद कर श्रमिक समस्याओं के संबन्ध में चर्चा की जायेगी व उनका समाधान किया जायेगा तथा भोजन की गुणवत्ता भी देखी जायेगी। साथ ही सभी श्रमिक भाईयों एवं बहनों से पुनः यह अपील की गई है, कि किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि किसी प्रकार की कोई समस्या वेतन, आदि के संबन्ध में हो तो उसको लिखित रूप में श्रम कार्यालय रोशनाबाद में प्रस्तुत करें। वर्तमान में सिडकुल हरिद्वार क्षेत्र में औद्योगिक शान्ति बहाल है एवं समस्त औद्योगिक प्रतिष्ठानों में उत्पादन कार्य सुचारू रूप से गतिमान है।

 *हीट वेव अलर्ट : नागरिकों की सुरक्षा हेतु प्रशासन सक्रिय*


*डीएम के निर्देश पर हीट वेव से निपटने को DEOC 24×7 अलर्ट मोड पर, चिकित्सा एवं रेखीय विभागों को व्यापक दिशा-निर्देश जारी*


*मौसम विभाग का अलर्ट: दून और मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी के आसार; तापमान 40 डिग्री तक जाने की संभावना*


*डीएम की आमजन से अपील: भीषण गर्मी और लू में बरतें जरूरी सावधानियां, दोपहर की तेज धूप से बचें*


देहरादून:



जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जनपद में लगातार बढ़ते तापमान एवं संभावित लू (हीट वेव) की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने तथा मैदानी क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वित कार्रवाई करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


मौसम विभाग के अनुसार देहरादून नगर सहित आसपास के मैदानी क्षेत्रों में अत्यधिक गर्मी रहने तथा जौलीग्रांट एवं डोईवाला क्षेत्रों में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहने की संभावना है। इसके दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, नगर निकाय, शिक्षा, श्रम एवं आपदा प्रबंधन सहित सभी संबंधित विभागों को आवश्यक सतर्कता एवं राहत उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।


जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को 24×7 सक्रिय रखा जाएगा। स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों, ORS, IV Fluids एवं चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। हीट स्ट्रोक एवं डिहाइड्रेशन से प्रभावित मरीजों के उपचार हेतु विशेष चिकित्सा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।


नगर निकायों को सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन एवं प्रमुख चौराहों पर पेयजल, छायादार स्थल एवं वाटर टैंकर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अस्थायी शेड एवं विश्राम स्थलों की व्यवस्था विकसित की जाएगी।


विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा पेयजल व्यवस्था प्रभावित न होने देने के निर्देश दिए गए हैं। जल संस्थान एवं पेयजल विभाग को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा जल संकट वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त टैंकर उपलब्ध कराने को कहा गया है।


निर्माण स्थलों, औद्योगिक इकाइयों एवं बाहरी कार्यस्थलों पर कार्यरत श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य अवधि को प्रातः एवं सायंकालीन समय तक सीमित रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। श्रमिकों हेतु छाया, पेयजल एवं प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।


शिक्षा विभाग को मौसम की परिस्थितियों के अनुरूप विद्यालय संचालन समय में आवश्यक परिवर्तन अथवा अवकाश के संबंध में निर्णय लेने हेतु निर्देशित किया गया है। आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में बच्चों के लिए पर्याप्त पेयजल एवं प्राथमिक उपचार व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।


जिला प्रशासन द्वारा आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं ग्राम पंचायत स्तर के कार्मिकों के माध्यम से बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों एवं गंभीर रोगियों की नियमित निगरानी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।


इसके अतिरिक्त जनसामान्य को लू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने हेतु सोशल मीडिया, एफएम रेडियो, स्थानीय समाचार पत्र, मोबाइल मैसेज एवं सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से नियमित एडवाइजरी जारी की जाएगी।


पशुपालन विभाग को पशुओं हेतु पेयजल एवं छायादार स्थानों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को सफाई कर्मियों, होमगार्ड, पुलिसकर्मियों एवं फील्ड स्टाफ के लिए सुरक्षा उपाय एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।


जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय स्थापित करते हुए सतत निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु पूर्ण तत्परता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 

मेष

अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो

लाभ के अवसर हाथ आएंगे। रोजगार में वृद्धि होगी। मित्रों की सहायता कर पाएंगे। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। व्यापार लाभदायक रहेगा। शेयर मार्केट में सोच-समझकर निवेश करें। कष्ट, भय, चिंता तथा तनाव का वातावरण बन सकता है। कुसगंति से हानि होगी। कम प्रयास से ही कार्यसिद्धि होगी।

Rashifal


वृषभ

ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो

जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। आय बनी रहेगी। भाइयों का सहयोग मिलेगा। निवेश शुभ रहेगा। आज के काम कल पर नहीं टालें। विवेक का प्रयोग करें। लाभ होगा। दुष्टजनों से सावधान रहें, हानि पहुंचा सकते हैं। जीवनसाथी के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। कहीं से बुरी खबर मिल सकती है।


मिथुन

का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह

जल्दबाजी में कोई भी लेन-देन न करें। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। फालतू खर्च होगा। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। कारोबार में वृद्धि के योग हैं। पार्टनरों का सहयोग मिलेगा। सट्टे व लॉटरी के चक्कर में न पड़ें। नौकरी में अधिकार बढ़ेंगे। घर-बाहर प्रसन्नता का वातावरण रहेगा।


कर्क

ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

किसी अपरिचित व्यक्ति पर अंधविश्वास न करें। समय नेष्ट है। नकारात्मकता रहेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। आय में निश्चितता रहेगी। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। जीवनसाथी के स्वास्‍थ्य पर खर्च होगा। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। चिंता तथा तनाव में वृद्धि होगी।


सिंह

मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे

शत्रु शांत रहेंगे। धनलाभ के अवसर हाथ आएंगे। व्यावसायिक यात्रा लाभदायक रहेगी। बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। मित्रों का सहयोग मिलेगा। नए कार्य प्रारंभ करने की योजना बनेगी। कारोबार में वृद्धि के योग हैं। निवेश शुभ रहेगा। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। भाग्य का साथ रहेगा।


कन्या

ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो

संतान पक्ष से स्वास्थ्‍य तथा अध्ययन संबंधी चिंता रहेगी। नई योजना बनेगी। तत्काल लाभ नहीं मिलेगा। कार्यशैली में परिवर्तन करना पड़ सकता है। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। शेयर मार्केट व म्युचुअल फंड मनोनुकूल लाभ देंगे।

तुला

रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

थकान व कमजोरी रह सकती है। स्वास्थ्‍य का ध्यान रखें। धर्म-कर्म में रुचि रहेगी। किसी धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने का अवसर प्राप्त हो सकता है। कानूनी अड़चन दूर होकर स्थिति मनोनुकूल होगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। सुख के साधनों की प्राप्ति हो सकती है। धन प्राप्ति सुगम होगी।


वृश्चिक

तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू

प्रेम-प्रसंग में हड़बड़ी न करें। विवाद हो सकता है। नकारात्मकता रहेगी। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में लापरवाही न करें। युवक व युवती विशेष सावधानी बरतें। विवाद को बढ़ावा न दें। स्वाभिमान को ठेस पहुंच सकती है। लेन-देन में सावधानी रखें। आय में निश्चितता रहेगी।


धनु

ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे

कानूनी बाधा संभव है। हल्की हंसी-मजाक करने से बचें। विरोधी सक्रिय रहेंगे। धनहानि किसी भी तरह हो सकती है। जीवनसाथी से सहयोग प्राप्त होगा। कानूनी अड़चन दूर होकर लाभ की स्थिति बनेगी। घर-बाहर प्रसन्नता का वातावरण रहेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। लाभ में वृद्धि होगी।


मकर

भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी

सुख के साधनों पर व्यय होगा। स्थायी संपत्ति में वृद्धि के योग हैं। प्रॉपर्टी के काम बड़ा लाभ दे सकते हैं। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। नौकरी में सुख-शांति रहेंगे। निवेश में सोच-समझकर हाथ डालें। कोई ऐसा कार्य न करें जिससे अपमान हो। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। चिंता तथा तनाव रहेंगे।


कुंभ

गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा

मनोरंजक यात्रा की आयोजना हो सकती है। किसी आनंदोत्सव में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। मनपसंद भोजन का आनंद प्राप्त होगा। मित्र व संबंधियों के साथ समय अच्छा व्यतीत होगा। कारोबार मनोनुकूल रहेगा। जोखिम न लें। आंखों को रोग व चोट से बचाएं। लेन-देन में जल्दबाजी न करें।


मीन

दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची

दूसरों के काम में हस्तक्षेप न करें। दु:खद समाचार प्राप्त हो सकता है। अपेक्षित कार्यों में विलंब होने से खिन्नता रहेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। भागदौड़ रहेगी। जोखिम न लें। कष्ट, भय, चिंता तथा तनाव का वातावरण बन सकता है। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। वाणी पर नियंत्रण रखें।


 

पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी जी की अंत्येष्टि 20 मई को पुलिस सम्मान के साथ सम्पन्न होगी। राज्य सरकार द्वारा 20 मई, बुधवार, को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।

public holiday on 20 may,2026 cremation Bhuvan chander khanduri


पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी जी के आकस्मिक निधन पर प्रदेश में 19 मई से 21 मई तक तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है।

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.