Halloween party ideas 2015


मुख्यमंत्री  धामी के निर्देश पर सभी विभागों को जारी हुए विस्तृत दिशा-निर्देश*

*प्रमुख सचिव आर के सुधांशु द्वारा जारी किए गए निर्देश*



मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिमंडल बैठक में राज्य में ऊर्जा संरक्षण, ईंधन बचत एवं सतत विकास को लेकर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों के क्रम में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु द्वारा सभी विभागों, मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों तथा विभागाध्यक्षों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों विशेषकर कोविड महामारी के बाद उत्पन्न आर्थिक चुनौतियों, रूस-यूक्रेन युद्ध तथा पश्चिम एशिया में जारी तनाव को देखते हुए ऊर्जा दक्षता और संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग अत्यंत आवश्यक हो गया है। सरकार का उद्देश्य ऊर्जा खपत में कमी लाते हुए पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास को जनआंदोलन का स्वरूप देना है।


*सरकारी कार्यालयों में ऊर्जा दक्षता पर विशेष जोर*

जारी निर्देशों के अनुसार सभी सरकारी कार्यालयों में एयर कंडीशनर का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखा जाएगा। अनावश्यक बिजली, रोशनी तथा ऊर्जा उपकरणों के उपयोग पर नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा। विभागों को ऊर्जा बचत के प्रति संवेदनशील बनाते हुए नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग तथा साझा वाहन व्यवस्था अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) के उपयोग को बढ़ावा देने तथा चार्जिंग नेटवर्क के विस्तार पर भी विशेष बल दिया गया है।


*“वर्क फ्रॉम होम” और “नो व्हीकल डे” को मिलेगा बढ़ावा*

ईंधन की खपत कम करने के उद्देश्य से सभी विभागों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आधारित बैठकों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। अनावश्यक भौतिक बैठकों को सीमित किया जाएगा तथा वर्चुअल माध्यम से प्रशासनिक कार्यों को बढ़ावा दिया जाएगा।

इसके साथ ही “वर्क फ्रॉम होम”, “नो व्हीकल डे”, कर्मचारी बस सेवाओं तथा साइकिल शेयरिंग जैसी व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। निजी संस्थानों को भी ऊर्जा संरक्षण के इन प्रयासों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।


*पर्यटन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा प्रोत्साहन*

राज्य सरकार द्वारा “Visit My State / Holiday in India” अभियान के माध्यम से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। धार्मिक, सांस्कृतिक, ग्रामीण एवं ईको-टूरिज्म आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ “डेस्टिनेशन वेडिंग” हेतु सिंगल विंडो क्लियरेंस व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया गया है।

सरकार का मानना है कि स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने से ईंधन की अनावश्यक लंबी दूरी की यात्राओं में कमी आएगी तथा राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।


*“Made in Uttarakhand” अभियान से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा*

स्थानीय उद्योगों एवं उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए “Made in Uttarakhand” अभियान संचालित किया जाएगा। ODOP, Amazon Karigar तथा Flipkart Samarth जैसे प्लेटफॉर्मों के माध्यम से MSMEs तथा स्वयं सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराया जाएगा।

राज्य सरकार स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों तथा GI टैग उत्पादों के प्रचार-प्रसार को भी प्राथमिकता दे रही है, जिससे स्थानीय रोजगार एवं स्वरोजगार को नई गति मिलेगी।


*प्राकृतिक खेती और जैविक कृषि को प्रोत्साहन*

कृषि क्षेत्र में प्राकृतिक खेती, जैविक खेती तथा Bio-input आधारित कृषि को बढ़ावा देने का निर्णय लिया गया है। किसानों को Natural Farming एवं Zero Budget Farming का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

FPOs एवं सहकारी समितियों के माध्यम से Bio-input Resource Centres स्थापित किए जाएंगे, जिससे रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होगी तथा पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा।


*सौर ऊर्जा, PNG और CBG परियोजनाओं को मिलेगी गति*

राज्य में PNG, LPG तथा सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत रूफटॉप सोलर परियोजनाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त Compressed Bio Gas (CBG) परियोजनाओं को गति देने तथा नगर निकायों को ठोस अपशिष्ट से CBG उत्पादन की संभावनाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।


*निवेश परियोजनाओं के लिए त्वरित निर्णय व्यवस्था*

खनन, सौर ऊर्जा तथा अन्य बड़े निवेश परियोजनाओं के लिए सिंगल विंडो क्लियरेंस व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाएगा। राज्य स्तरीय सशक्त समितियों के माध्यम से परियोजनाओं पर त्वरित निर्णय सुनिश्चित किए जाएंगे।

राज्य सरकार ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि ऊर्जा संरक्षण एवं ईंधन बचत से जुड़े इन उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को सफल बनाया जाए।

 

उत्तराखंड में19 लाख घरों तक पहुंची टीम, शत प्रतिशत लक्ष्य के लिए प्रयास तेज

-महा रजिस्ट्रार ने जिलाधिकारियों के साथ की वर्चुअल मीटिंग

-शेष दस दिनों में लक्ष्य पूरा हो जाने की संभावना प्रकट की


देहरादून, 14 मई:



जनगणना के राष्ट्रीय अभियान में उत्तराखंड की जोशीली भागीदारी सामने आ रही है। मकानों के सूचीकरण और आवास जनगणना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। अभी तक यह कार्य 70 फीसदी तक पूरा हो गया है। 24 मई तक इस कार्य के लिए डेडलाइन तय की गई है। जनगणना कार्य में लगी टीमों ने अभी तक 19 लाख घरों में दस्तक दी है और डाटा संग्रहित किया है। इस लिहाज से 86 लाख की आबादी को कवर किया गया है।

भारत के महा रजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने बृहस्पतिवार को प्रमुख सचिव आरके सुधांशु के साथ जनगणना कार्य की समीक्षा की। उन्होंने वर्चुअल मीटिंग कर जिलाधिकारियों और नगर आयुक्तों से फीडबैक लिया। मीटिंग में बताया गया कि पर्वतीय जिलों में चंपावत जैसे जिले में बेहतर कार्य हुआ है। देहरादून जिले में कई जगह कार्य शुरू न होने के संबंध में जब डीएम सविन बंसल से पूछा गया, तो उन्होंने जानकारी दी कि अब सभी जगह पर काम शुरू हो गया है। देहरादून नगर निगम की आयुक्त नमामि बंसल ने स्पष्ट किया कि कई जगहों पर डाटा संग्रहित कर लिया गया है, लेकिन उसकी फीडिंग का कार्य शेष है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार से पोर्टल पर सभी जगह काम शुरू दिखाई देगा। पिथौरागढ़ डीएम आशीष कुमार भटगई और बागेश्वर डीएम आकांक्षा कोंडे ने भी अपने अपने जिले में जनगणना कार्य की स्थिति स्पष्ट की।


आंकड़ों की गुणवत्ता की सबसे ज्यादा अहमियत

-मीटिंग में महा रजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने कहा कि जनगणना के कार्य में आंकड़ों की गुणवत्ता की सबसे ज्यादा अहमियत है। क्योंकि इसी पर परिसीमन से लेकर जनकल्याणकारी योजनाओं का आधार टिका हुआ है। उन्होंने सभी से अपील की कि आंकड़ों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए डाटा की जांच पर बहुत ध्यान दिया जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तराखंड जनगणना कार्य में शेष बचे एक तिहाई कार्य को भी समयबद्ध ढंग से पूरा कर लेगा। उन्होंने कहा कि पहले चरण में किया गया अच्छा काम ही दूसरे चरण की सफलता का मजबूत आधार साबित होगा।

मीटिंग में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने कहा कि जनगणना का कार्य राष्ट्रीय अभियान है, जिसका देश की प्रगति और विकास से गहरा नाता है। उन्होंने कहा कि इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए पूरा करना है। मीटिंग में जनगणना कार्य के सचिव दीपक कुमार, निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव, अपर सचिव सुरेश जोशी आदि उपस्थित थे।


 - पुलिस महानिदेशक की हाईलेवल समीक्षा: अपराधियों और आसामाजिक तत्वों के विरुद्ध जारी रहेगा अभियान*

▪️ *40,000 से अधिक सत्यापन से संदिग्धों पर कड़ी निगरानी*

▪️ *15,000 वाहनों के चालान और 2,000 वाहन सीज- कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्यवाही*

▪️ *आतंकी नेटवर्क, अवैध हथियार, बांग्लादेशी घुसपैठ, साइबर ठगी एवं नशा तस्करी के विरुद्ध बहुआयामी कार्यवाही*



*पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड- श्री दीपम सेठ* द्वारा आज पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में गढ़वाल एवं कुमाऊँ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षकों तथा सभी जनपदों, एसटीएफ एवं जीआरपी के वरिष्ठ/पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विगत एक माह से संचालित *राज्यव्यापी विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” की विस्तृत समीक्षा* की गई।


*ऑपरेशन प्रहार के अन्तर्गत की गयी प्रभावी और व्यापक कार्यवाही-:*


*अपराधियों पर निर्णायक प्रहार*: अभियान के अन्तर्गत 1,400 से अधिक वांछित, फरार, इनामी एवं पेशेवर अपराधियों की गिरफ्तारी की गयी है। संगठित अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए *गैंगस्टर एक्ट* के तहत 40 अभियुक्तों को गिरफ्तार एवं *गुण्डा एक्ट* के अंतर्गत 130 से अधिक व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्यवाही की गयी है।


*अवैध हथियारों के विरुद्ध कार्यवाही* करते हुए राज्यभर से 66 अवैध शस्त्र बरामद कर सम्बन्धित के विरुद्ध आर्म्स एक्ट में अभियोग पंजीकृत करते हुए सप्लाई चेन पर कार्यवाही की जा रही है।


*आतंकवादी नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध गिरफ्तार*: ऊधमसिंहनगर पुलिस द्वारा अभियुक्त हरेंद्र सिंह उर्फ हनी और निखिल वर्मा को भारी मात्रा में अवैध असलाह एवं कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया गया। इनके तार आतंकी संगठन “अल बदर” से जुड़े प्रकरण से पाए गए। वहीं, एसटीएफ ने पाकिस्तानी आतंकी संगठन “अल बरक ब्रिगेड” के संपर्क में रहे अभियुक्त विक्रांत कश्यप को देहरादून से अवैध पिस्टल एवं कारतूसों सहित गिरफ्तार किया।


*बांग्लादेशी घुसपैठियों पर कार्यवाही*: राज्य में विभिन्न स्थानों पर फर्जी पहचान एवं दस्तावेजों के साथ अवैध रूप से निवासरत 3 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया।


*असामाजिक तत्वों पर शिकंजा*: सार्वजनिक स्थलों पर कानून-व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से असामाजिक तत्वों एवं शांति भंग करने वाले 4000 से अधिक व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्यवाही की गई।


*यातायात एवं सड़क सुरक्षा अभियान*: रैश ड्राइविंग, ड्रंकन ड्राइविंग, फर्जी नंबर प्लेट और हूटर के दुरुपयोग एवं संदिग्ध वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाकर पर 15,000 से अधिक वाहनों के चालान, 900 से अधिक अभियुक्तों को गिरफ्तार एवं 2,000 से अधिक वाहन सीज की कार्यवाही अमल में लायी गयी।

 

*होटल, बार, पब एवं ढाबों की सघन जांच*: अभियान के अन्तर्गत 18000 से अधिक बार, पब, क्लब, स्पा, होटल एवं ढ़ाबों इत्यादि की चेकिंग गयी एवं नियमों के उल्लंघन करने वाले 1200 से अधिक व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की गयी।


*व्यापक सत्यापन अभियान*: किराये के मकान, मल्टी स्टोरी अपार्टमेंट्स, फ्लैट, पीजी, होम-स्टे, होटल, धर्मशाला एवं आश्रमों आदि में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन के दौरान 40,000 से अधिक व्यक्तियों का सत्यापन कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गयी।


*चारधाम यात्रा साइबर सुरक्षा*: चारधाम यात्रा में यात्रियों को साइबर ठगी से सुरक्षित करने के क्रम में लगभग 200 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया लिंक को ब्लॉक एवं 50 से अधिक संदिग्ध मोबाइल नंबरों को बंद कराया गया, जिनके द्वारा यात्रा रजिस्ट्रेशन, हेली टिकट, होटल बुकिंग आदि के नाम पर यात्रियों से ठगी का प्रयास किया जा रहा था। इसके साथ ही संगठित रूप से धोखाधड़ी करने वाले गैर राज्य के 147 लिंक ऑपरेटरों एवं 27 फर्जी मोबाइल धारकों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।


* *पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने कहा*: उत्तराखण्ड पुलिस राज्य के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के लिए सतर्क, सक्रिय और प्रतिबद्ध है।  अपराधियों की धरपकड़, सघन चेकिंग, व्यापक सत्यापन अभियान और संगठित अपराध पर कठोर कार्यवाही आगे और अधिक तीव्रता, प्रभावशीलता और दृढ़ता के साथ *ऑपरेशन प्रहार* के रूप में निरंतर जारी रहेगी।


बैठक में *अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था श्री वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन श्री ए.पी. अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक पी एंड एम/कार्मिक श्रीमती विम्मी सचदेवा,  पुलिस महानिरीक्षक, दूरसंचार श्री कृष्ण कुमार वी.के., पुलिस महानिरीक्षक, साइबर श्री नीलेश आनन्द भरणे, पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र श्री राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था श्री सुनील कुमार मीणा, श्री धीरेन्द्र गुंज्याल, पुलिस उप महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण* उपस्थित रहे।


 


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस जनों के प्रतिनिधिमंडल ने आज राज्यपाल ले.जन. गुरमीत सिंह से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन प्रेषित करते हुए राज्य में ध्वस्त पड़ी कानून व्यवस्था में सुधार लाये जाने तथा नसिंग अभ्यर्थियों के मामले में स्वास्थय महानिदेशक द्वारा भेजे गये प्रस्तावानुसार निर्णय लिये जाने हेतु राज्य सरकार को निर्देर्शित करने की मांग की। 


कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक लखपत सिंह बुटोला, मीडिया चेयरमैंन राजीव महर्षि, महामंत्री राजेन्द्र शाह, महानगर अध्यक्ष जसविन्दर सिंह गोगी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ0 प्रतिमा सिंह, अमरेन्द्र सिंह बिष्ट, अश्विनी बहुगुणा, विरेन्द्र पोखरियाल, ओमप्रकाश सती, अमरजीत सिंह, अखिलेश उनियाल शामिल थे।


 

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे  एवं अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव  का आकस्मिक निधन हो गया है। वह फिटनेस के शौकीन थे।



अचानक तबीयत खराब होने के बाद  प्रतीक यादव को लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल लाया गया था,जहां उन्हें मृत घोषित किया गया।

प्रतीक यादव भारतीय जनता पार्टी की नेता अपर्णा यादव के पति है।उनकी माता का  निधन 2022 में हुआ था।

प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव भाजपा नेत्री के साथ साथ  राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष भी हैं।


 निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी की छात्रा इशिता सिंह बनी ऋषिकेश सिटी टॉपर 98.4% के साथ रचा इतिहास।


इस उपलब्धि पर निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी के संचालक संत बाबा जोध सिंह महाराज जी ने मिठाई खिला कर दी इशिता को बधाई। एनजीए परिवार मैं दौड़ी खुशी की लहर।


ऋषिकेश:

rishikesh city topper NGA school


. निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी (एनजीए) के विद्यार्थियों ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2025–26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया है। विद्यार्थियों की इस अभूतपूर्व सफलता से विद्यालय परिसर में हर्ष, उत्साह एवं गर्व का वातावरण व्याप्त है।


विद्यालय की मेधावी छात्रा इशिता सिंह ने 98.4% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्वेता यादव ने 98.2% अंकों के साथ द्वितीय, प्रीतिका ने 96.8% अंकों के साथ तृतीय, निहारिका निषाद ने 96.6% अंकों के साथ चतुर्थ तथा अंशिका ने 96.2% अंकों के साथ पंचम स्थान प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ा।


विद्यालय के अधिकांश विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं कठिन परिश्रम का उत्कृष्ट परिचय दिया। कला वर्ग में इशिता सिंह, वाणिज्य वर्ग में सूरज राम तथा विज्ञान वर्ग में रतन सिंह राणा ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।


विद्यालय के संस्थापक महंत बाबा राम सिंह जी महाराज एवं संचालक संत जोध सिंह जी महाराज ने विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों के समर्पण, अनुशासन एवं अथक परिश्रम का परिणाम बताया।


विद्यालय के चेयरमैन डॉ. एस. एन. सूरी, प्रधानाचार्या डॉ. सुनीता शर्मा एवं प्रधानाध्यापिका अमृतपाल डंग ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ प्रेषित कीं।


विद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी प्रकार सफलता के नए आयाम स्थापित कर विद्यालय, समाज एवं राष्ट्र का नाम गौरवान्वित करते रहेंगे।


"परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे मजबूत नींव हैं — और एनजीए के विद्यार्थियों ने इसे एक बार फिर सिद्ध कर दिखाया।"




- आकाशवाणी पिछले नौ दशकों से भारत की आवाज रहा है : श्री हेमंत बी० आड़े, निदेशक, भारतीय मानक ब्यूरो

- ⁠कार्यक्रम में आकाशवाणी देहरादून की कलाकार शरण्या जोशी ने ठुमरी, दादरा और चैती की प्रस्तुत दी




भारत के लोक सेवा प्रसारक आकाशवाणी की स्थापना के ऐतिहासिक 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को आकाशवाणी देहरादून द्वारा 'शास्त्रीय एवं उप-शास्त्रीय संगीत संध्या' का आयोजन किया गया। दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के सभागार में आयोजित कार्यक्रम ने भारतीय संस्कृति और संगीत की समृद्ध विरासत को जीवंत कर दिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री हेमंत बी० आड़े,  निदेशक, भारतीय मानक ब्यूरो (देहरादून) एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। स्वागत संबोधन में दूरदर्शन उत्तराखंड के उपनिदेशक (अभि०) श्री कुलभूषण कुमार ने कहा कि आकाशवाणी के 90 वर्षों का सफर भारतीय चेतना का सफर है। उन्होंने कहा कि यह संगीत संध्या केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी कला और भावनाओं का उत्सव है।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, भारतीय मानक ब्यूरो (देहरादून) के निदेशक श्री हेमंत बी० आड़े ने आकाशवाणी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आकाशवाणी पिछले नौ दशकों से भारत की आवाज रहा है। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक इसकी भूमिका अतुलनीय है। संगीत की विरासत को संरक्षित करने में आकाशवाणी का योगदान अनुकरणीय है; यह संगीत मन को शांति और जीवन को नई ऊर्जा प्रदान करता है।


कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जनगणना कार्य निदेशालय (उत्तराखंड) के उपनिदेशक आर० के० बनवारी ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संगीत से जोड़ने में सहायक सिद्ध होते हैं।


कार्यक्रम में आकाशवाणी देहरादून की कलाकार शरण्या जोशी ने ठुमरी, दादरा और चैती प्रस्तुत की। तबले पर प्रदीप्त डे ने संगत की और हारमोनियम पर माहिर अहमद ने प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंत में पार्थो राय चौधरी ने संतूर पर राग पूरिया धनाश्री प्रस्तुत किया।


इस अवसर पर आकाशवाणी की कार्यक्रम प्रमुख श्रीमती मंजुला नेगी, कार्यक्रम अधिशासी श्री संकल्प मिश्रा, विख्यात सितार वादक श्री रोबिन करमाकर और दूरदर्शन के कार्यक्रम प्रमुख श्री अनिल कुमार भारती सहित विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ उद्घोषिका कल्पना पंकज द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सहायक निदेशक (कार्यक्रम/संगीत) श्री रमेश चन्द्रा ने सभी कलाकारों, अतिथियों और संगीत प्रेमियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।


इस संगीत संध्या में भारी संख्या में युवाओं, रेडियो प्रेमियों, उद्घोषकों और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.