Halloween party ideas 2015

केंद्रीय सचिव चंचल कुमार ने की उत्तराखंड की फिल्म नीति की सराहना*



गोवा, 21 नवंबर 2026। गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के अंतर्गत आयोजित WAVES Film Bazaar-2026 में उत्तराखंड पवेलियन देशी-विदेशी फिल्मकारों एवं फिल्म उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। पवेलियन में बड़ी संख्या में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्देशक, निर्माता तथा फिल्म उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि पहुंच रहे हैं और उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं एवं राज्य की फिल्म नीति में विशेष रुचि दिखा रहे हैं।


आज भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव श्री चंचल कुमार ने उत्तराखंड पवेलियन का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड की फिल्म नीति की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड की फिल्म नीति भारत के अन्य राज्यों की तुलना में सबसे बेहतरीन है। उन्होंने प्रदेश के खूबसूरत प्राकृतिक शूटिंग लोकेशंस की भी विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग के लिए बेहद शानदार एवं आकर्षक लोकेशंस उपलब्ध हैं। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा फिल्म शूटिंग को प्रोत्साहित करने तथा फिल्मकारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।


मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार की गई उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 की WAVES Film Bazaar-2026 में देश-विदेश से पहुंचे फिल्मकारों, निर्देशकों, निर्माताओं, फिल्म उद्योग के प्रतिनिधियों एवं अन्य आगंतुकों द्वारा सराहना की जा रही है। पवेलियन में पहुंच रहे प्रतिनिधि फिल्म नीति के प्रावधानों, शूटिंग के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे प्रोत्साहनों में विशेष रुचि दिखा रहे हैं। उत्तराखंड के खूबसूरत प्राकृतिक शूटिंग लोकेशंस और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण को लेकर भी आगंतुकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।


उल्लेखनीय है कि 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 का विधिवत शुभारंभ गत दिवस दीप प्रज्वलन के साथ आयोजित समारोह में गोवा के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रसार भारती के अध्यक्ष श्री प्रसून जोशी एवं समारोह निदेशक श्री आशुतोष गोवारिकर सहित प्रसिद्ध अभिनेता कार्तिक आर्यन और अभिनेत्री साई पल्लवी भी उपस्थित रहे।


संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी, उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद श्री के.एस. चौहान ने कहा कि IFFI-2026 में उत्तराखंड पवेलियन को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया प्रदेश के लिए उत्साहजनक है। देशी-विदेशी फिल्मकारों की बढ़ती रुचि से उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं को नए आयाम मिलेंगे। परिषद का उद्देश्य उत्तराखंड को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना तथा फिल्म पर्यटन के माध्यम से प्रदेश में स्थानीय रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।


इस अवसर पर उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के प्रतिनिधि के रूप में संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी श्री के.एस. चौहान तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्री चेतन कुमार पाण्डेय उपस्थित रहे।


*विभिन्न देशों के अधिकारियों ने सतत विकास के लिए परिसंपत्ति प्रबंधन पर की चर्चा*


*तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पीयर लर्निंग कार्यशाला का समापन* 


सुद्धोवाला, देहरादून में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पीयर लर्निंग कार्यशाला (सतत विकास के लिए अवसंरचना परिसंपत्ति प्रबंधन) का समापन हो गया है। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने प्राथमिकता वाली परिसंपत्तियों की पहचान, प्रदर्शन मानकों का निर्धारण, अंतर विश्लेषण एवं प्राथमिकता आधारित कार्यवाही, अंतरराष्ट्रीय अनुभवों का आदान-प्रदान, संस्थागत एवं वित्तीय व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करना एवं अवसंरचना परिसंपत्ति प्रबंधन के कार्यान्वन पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।


अंतिम दिवस पर विभिन्न सार्वजनिक परिसंपत्तियों के लिए अवसंरचना परिसंपत्ति प्रबंधन का प्रस्तुतीकरण किया गया। इनमें प्रमुख रूप से इंफ्रास्ट्रक्चर एसेट मैनेजमेंट प्लान कंजर्वेशन ऑफ हेरिटेज फोर्ट्स इन घाना, स्टॉर्मवॉटर ड्रेनेज नेटवर्क हल्द्वानी, आईएसबीटी हाउसिंग सोसाइटी देहरादून, आईटी एंड क्लिनिकल इक्विपमेंट इन स्टेट आयुष हेल्थ फैसिलिटीज, एसडब्लूएम शीशमबाड़ा फैसिलिटी देहरादून, 33/11 केवी पावर ट्रांसफार्मर एवं उत्तराखण्ड ग्रामीण रोड इंफ्रास्ट्रक्चर की कार्ययोजनाओं का उल्लेख किया गया। प्रत्येक कार्ययोजना पर विशेषज्ञों एवं अन्य प्रतिभागियों द्वारा फीडबैक दिए गए।


समापन अवसर पर अपर सचिव डॉ.आशीष श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी विभागों को अपनी एसेट मैनेजमेंट प्लान  को सुव्यवस्थित एवं सुदृढ़ तरीके से तैयार करना चाहिए। 


केन्या एवं घाना के विशेषज्ञों ने यूएनडीईएसए (UNDESA) एवं सीपीपीजीजी (CPPGG) और उत्तराखण्ड सरकार को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस तरह की कार्यशालाओं से ज्ञान का आदान प्रदान एवं दूसरे देशों में संचालित  बेस्ट प्रैक्टिस को जानने का अवसर भी प्राप्त होता है। 


अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मनोज पंत ने प्रतिभागियों का आभार जताते हुए कहा कि गत वर्ष की कार्यशाला के दौरान बनाई गई आठ कार्ययोजनाओं में से कुछ योजनाओं को क्रियान्वित किया गया है।


इस अवसर पर प्रतिभागियों को यूएनडीईएसए एवं सीपीपीजीजी द्वारा प्रमाण पत्र दिए गए। कार्यशाला में यूएनडीईएसए के डॉ. डेनियल प्लात्ज सहित नेपाल, श्रीलंका, भूटान, केन्या, घाना देशों से प्रतिनिधियों, उत्तराखण्ड के विभिन्न विभागों के प्रतिभागियों एवं दून विश्वविद्यालय के शहरी विकास विभाग के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.