ऋषिकेश :
छिददरवाला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चंदन लैब के माध्यम से मिलने वाली निशुल्क रक्त जांच सुविधाएं बीते एक महीने से पूरी तरह ठप पड़ी हैं। लैब की सेवाएं बंद होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों को स्वास्थ्य लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
छिददरवाला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉ. आकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित तकनीकी कर्मचारी वर्तमान में मातृत्व अवकाश पर गई हुई हैं। उनके अवकाश पर होने के कारण लैब का संचालन बाधित हो गया है। उन्होंने बताया कि इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए संबंधित एजेंसी को वैकल्पिक कर्मचारी उपलब्ध कराने के संबंध में मौखिक और लिखित रूप से कई बार अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद लंबा समय बीत जाने के बाद भी एजेंसी ने अब तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है। नतीजतन प्रतिदिन अस्पताल पहुंचने वाले दर्जनों मरीजों को बिना जांच के ही बैरंग वापस लौटना पड़ रहा है। वरिष्ठ राज्य आन्दोलनकारी डॉ0 कृपाल सिंह रावत सरोज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही लैब का संचालन सुचारू नहीं किया गया, तो वे इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
सीएम पोर्टल पर उठाया छिद्दरवाला स्वास्थ्य केंद्र में जांच सुविधा बंद होने का मुद्दा, उत्तम सिंह ने की शिकायत
ऋषिकेश : प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिद्दरवाला में पिछले एक माह से निशुल्क रक्त जांच की सुविधा बंद पड़ी है। इससे क्षेत्र के गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को सामान्य रक्त जांच के लिए निजी पैथोलॉजी सेंटरों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
इस मामले को लेकर छिद्दरवाला निवासी उत्तम सिंह ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए स्वास्थ्य विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
उत्तम सिंह का कहना है कि सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में खोले गए स्वास्थ्य केंद्रों में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा निशुल्क रक्त जांच जैसी योजनाओं का लाभ देने का उद्देश्य है। लेकिन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिद्दरवाला में एक माह से जांच सुविधा बंद होने के कारण सरकार की इस व्यवस्था का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल के माध्यम से मांग की है कि शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य केंद्र में निशुल्क रक्त जांच की सुविधा जल्द से जल्द बहाल की जाए, ताकि गरीब और जरूरतमंद मरीजों को निजी जांच केंद्रों पर पैसे खर्च न करने पड़ें।
.png)

एक टिप्पणी भेजें