छिद्दरवाला में चाय-पकौड़ी का लिया स्वाद, स्थानीय लोगों के साथ ताजा की पुरानी यादें
ऋषिकेश :
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत गुरुवार को छिद्दरवाला में उस समय चर्चा का विषय बन गए, जब उन्होंने अचानक रामू पकौड़े वाले की दुकान पर रुककर न केवल पकौड़ी और चाय का स्वाद लिया, बल्कि खुद हाथ में छलनी थामकर पकौड़े भी तलने लगे। उनके इस सहज अंदाज को देखकर वहां मौजूद लोग भी उत्साहित नजर आए।
दरअसल, हरीश रावत गुरुवार दोपहर देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान छिद्दरवाला में पुलिस चेकपोस्ट के समीप स्थित रामू पकौड़े वाले की दुकान पर उनकी नजर पड़ी। उन्होंने अपना वाहन रुकवाया और दुकान के भीतर पहुंच गए। यहां उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत की और क्षेत्र से जुड़ी पुरानी यादों को भी ताजा किया।
कुछ देर बाद हरीश रावत ने खुद पकौड़े तलने की इच्छा जताई और दुकान संचालक के साथ खड़े होकर झारा हाथ में ले लिया। उन्होंने अपने हाथों से पकौड़े तले और बाद में वहीं बैठकर पकौड़ी का स्वाद लिया तथा चाय की चुस्की भी ली।
इस दौरान उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “वाह रे रामू, तेरे पकौड़े। यहां पकौड़ी खाई, चाय-नाश्ता किया और पुरानी यादें भी ताज़ा हो गयी।”
उन्होंने आगे लिखा कि अपनों के बीच बैठकर चाय की चुस्की और पकौड़ी का स्वाद ही अपनेपन की मिठास है।
पूर्व मुख्यमंत्री का इस तरह आम लोगों के बीच बैठकर चाय-पकौड़ी का आनंद लेना और खुद पकौड़े तलना स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
.png)

एक टिप्पणी भेजें