Halloween party ideas 2015

 

uttarkashi student union, MLA vijaypal Sajwan


उत्तरकाशी:


गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने आज अपने आवास पर रामचंद्र उनियाल राजकीय महाविद्यालय, उत्तरकाशी के नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने छात्रसंघ अध्यक्ष अमित शाह, महासचिव सरगम रावत, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि आयुष पंवार, सह सचिव श्रुति पंवार एवं कोषाध्यक्ष वर्षा रावत सहित ABVP व ॐ छात्र संगठन के पदाधिकारियों को छात्रसंघ चुनाव में मिली सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी।


इस अवसर पर पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि युवा साथियों से मुलाकात के दौरान महाविद्यालय से जुड़ी उनकी पुरानी स्मृतियां एक बार फिर जीवंत हो उठी। उन्होंने बताया कि उन्हें भी इसी महाविद्यालय में छात्रसंघ के सचिव एवं अध्यक्ष के रूप में छात्र-छात्राओं का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला था। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय उनके सार्वजनिक जीवन की पहली पाठशाला रहा है, जहां से उन्हें नेतृत्व, जिम्मेदारी और जनसेवा की दिशा में आगे बढ़ने की महत्वपूर्ण प्रेरणा मिली।


उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से छात्रहितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम महाविद्यालय की गरिमा, शैक्षणिक वातावरण एवं छात्रहितों को मजबूत करने की दिशा में सार्थक भूमिका निभाएगी।


पूर्व विधायक सजवाण ने सभी नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए कहा कि आज के छात्र ही कल के समाज और राष्ट्र का नेतृत्व करेंगे। इस अवसर पर अनेक छात्र नेता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.