*SDRF वाहिनी मुख्यालय जॉलीग्रांट में क्रेच का शुभारंभ, जवानों के परिवारों के लिए एक और संवेदनशील पहल*
SDRF वाहिनी मुख्यालय जॉलीग्रांट, देहरादून में आज दिनांक 11 सितंबर 2026 को जवानों एवं कर्मचारियों के छोटे बच्चों की देखभाल एवं सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए SDRF क्रेच का विधिवत शुभारंभ किया गया। क्रेच का उद्घाटन सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी द्वारा किया गया।
SDRF जैसे विशिष्ट एवं चुनौतीपूर्ण बल में जवानों को वर्षभर विभिन्न आपदा एवं रेस्क्यू अभियानों के साथ-साथ चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा, आपदा प्रभावित क्षेत्रों, नदी एवं पर्वतीय रेस्क्यू तथा अन्य महत्वपूर्ण ड्यूटियों में अपनी सेवाएं देनी पड़ती हैं। कई अवसरों पर जवानों को लंबे समय तक अपने परिवार से दूर रहकर कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी का निर्वहन करना पड़ता है। ऐसे में जवानों के परिवारों, विशेषकर छोटे बच्चों की देखभाल एवं सुविधाओं को बेहतर बनाना बल के मनोबल और कार्यक्षमता के लिए महत्वपूर्ण है।
इसी उद्देश्य से SDRF वाहिनी मुख्यालय जॉलीग्रांट में क्रेच की स्थापना की गई है। यह क्रेच छोटे बच्चों के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यहां बच्चों की देखभाल के साथ-साथ उनके आराम, मनोरंजन एवं दैनिक आवश्यकताओं का ध्यान रखा जाएगा, जिससे ड्यूटी पर तैनात जवान एवं कर्मचारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन अधिक निश्चिंत होकर कर सकें।
उद्घाटन के अवसर पर सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी ने कहा कि SDRF के जवान कठिन से कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी प्रतिबद्धता के साथ करते हैं। बल के जवानों की कार्यक्षमता और मनोबल को मजबूत बनाए रखने के लिए उनके परिवारों एवं बच्चों की सुविधाओं का ध्यान रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। क्रेच की यह सुविधा जवानों के परिवारों के प्रति विभाग की संवेदनशील सोच और कर्मचारी कल्याण की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
SDRF वाहिनी मुख्यालय में क्रेच की सुविधा प्रारंभ होने से महिला कार्मिकों सहित ऐसे जवानों एवं कर्मचारियों को विशेष सुविधा मिलेगी, जिन्हें छोटे बच्चों की देखभाल से संबंधित जिम्मेदारियों के कारण अतिरिक्त चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
इस मौके पर उपसेनानायक श्री शुभांक रतूड़ी , शिविरपाल श्री आनंद सिंह रावत, सूबेदार सैन्यसहायक श्री योगेन्द्र भंडारी और अन्य अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे ।
SDRF द्वारा भविष्य में भी अपने जवानों एवं कर्मचारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कल्याणकारी एवं सुविधाजनक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।
.png)

एक टिप्पणी भेजें