Halloween party ideas 2015


*ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए बनेंगे ‘क्वालिटी फॉरेस्ट’, मॉनिटरिंग के लिए बनेगा ‘हरित कंट्रोल रूम’*

*16 जुलाई से एक माह तक चलेगा हरेला पर्व, थीमैटिक पौधरोपण से ईको-टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा*

*रस्म अदायगी नहीं, बल्कि धरती को हरा भरा बनाने को चलेगा व्यापक जन आंदोलन-डीएम*

harela , rishikesh multipurpuse camp


*देहरादून 30 जून, 2026(सू.वि.)*

उत्तराखंड की गौरवशाली संस्कृति और प्रकृति के जुड़ाव का प्रतीक ‘हरेला पर्व’ इस वर्ष ऐतिहासिक होने जा रहा है। राज्य की रजत जयंती (25वें वर्ष) के उपलक्ष्य में आगामी 16 जुलाई से शुरू होने वाला यह लोक पर्व पूरे एक माह तक बेहद खास और यादगार अंदाज में मनाया जाएगा। इस बार दून जनपद में थीमैटिक (विषय-आधारित) तरीके से विशेष प्रजातियों के पौधे लगाकर ईको-टूरिज्म को एक नई ऊंचाई देने का संकल्प लिया गया है।


हरेला पर्व की भव्य तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष का महा-अभियान केवल रस्म अदायगी नहीं, बल्कि धरती को हरा-भरा बनाने का एक जन-आंदोलन बनेगा।


*माइक्रो लेवल पर होगी तैयारी, जुड़ेंगे नामचीन संस्थान*

जिलाधिकारी ने सभी सरकारी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे अविलंब अपनी रोपण साइट्स का चयन कर लें। अभियान को पारदर्शी और सफल बनाने के लिए प्रत्येक विभाग में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो ‘माइक्रो लेवल प्रबंधन’ के तहत कार्ययोजना तैयार करेगा। इस महा-अभियान में आम जनमानस के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिला समूहों और स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा देश के प्रतिष्ठित संस्थान जैसे आईएमए, सर्वे ऑफ इंडिया, ओएनजीसी और आईटीबीपी को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा ताकि जिले में क्षेत्र विशेष की मिट्टी के अनुकूल ‘क्वालिटी फॉरेस्ट’ (उच्च गुणवत्ता वाले वन) तैयार किए जा सकें।


*’हरित कंट्रोल रूम’ रखेगा पल-पल की नजर*

अभियान की सफलता केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहे, इसके लिए एक अनूठी पहल की जा रही है। महीने भर चलने वाले इस रोपण अभियान की नियमित और कड़े स्तर पर मॉनिटरिंग करने के लिए एक विशेष ‘हरित कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।


*5 साल तक होगी पौधों की देखभाल*

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष जिले में 15.50 लाख पौधे लगाने का विशाल लक्ष्य रखा गया है। खास बात यह है कि लगाए जाने वाले पौधों में 50 प्रतिशत पौधे फलदार और चारा प्रजाति के होंगे। इन पौधों को सिर्फ लगाया ही नहीं जाएगा, बल्कि अगले 5 वर्षों तक इनके रखरखाव और सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी तय की जाएगी।


*10 जुलाई तक पूरी करनी होंगी तैयारियां*

सभी रेखीय विभागों को आगामी 10 जुलाई तक गड्ढों की खुदाई, जैविक खाद, ट्री-गार्ड और पौधों के परिवहन की सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग के चार प्रभागोंकृमसूरी, कालसी, चकराता और देहरादून के माध्यम से सभी विभागों को पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।


इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, प्रभागीय वनाधिकारी नीरज कुमार शर्मा, वैभव सिंह, मयंक कुमार, एसडीओ अभिषेक मैठाणी सहित कृषि, उद्यान, उद्योग, शिक्षा, खेल, पेयजल और सड़क विभाग के तमाम आला अधिकारी उपस्थित रहे।


*सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने पर 7 दिवसीय जनकल्याणकारी शिविरों का होगा आयोजन*


*4 जुलाई को ऋषिकेश आईडीपीएल मैदान में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में लगेगा वृहद बहुउद्देशीय शिविर*

*जिलाधिकारी ने तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए समयबद्ध व्यवस्थाओं के निर्देश*

*ऋषिकेश से होगा ‘सेवा सप्ताह’ का शंखनाद, सूचना विभाग संभालेगा कमान*


*देहरादून 

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार के पांच वर्ष सफलतापूर्वक पूरे होने के अवसर पर प्रदेशभर में सात दिवसीय विशेष वृहद जन कल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। श्जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारश् के संकल्प के साथ शुरू हो रहे इस अभियान के तहत आगामी 4 जुलाई को ऋषिकेश के आईडीपीएल मैदान में एक विशाल बहुउद्देशीय और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। इस मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं शिरकत करेंगे।


ऋषिकेश में आयोजित होने वाले इस महाशिविर की तैयारियों का जायजा लेने मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल जिले के आला अधिकारियों के साथ आईडीपीएल मैदान पहुंचे। स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि ऋषिकेश भौगोलिक रूप से एक ‘स्ट्रैटेजिक लोकेशन’ (सामरिक स्थान) है। इसे देखते हुए इस शिविर में देहरादून के साथ-साथ पड़ोसी जनपद टिहरी और हरिद्वार से भी बड़ी संख्या में आम जनता और लाभार्थियों के पहुंचने की उम्मीद है। जनता की सुविधा के लिए तीनों जिलों के विभागीय अधिकारी एक साथ मौजूद रहेंगे और एक ‘इंटीग्रेटेड एफर्ट’ (एकीकृत प्रयास) के तहत मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे।


जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ‘त्वरित लाभ और त्वरित समाधान’ होना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान एक विशाल चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा, जहां क्रोनिक (गंभीर व पुरानी) बीमारियों की जांच से लेकर सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के कार्ड मौके पर ही बनाए जाएंगे। बहुउद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों की स्टॉल लगेंगी, जिससे आम जनता को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। महाशिविर में उमड़ने वाली भारी भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी ने सुरक्षा, ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए हैं ताकि आने वाले लोगों को किसी भी तरह की असुविधा न हो।


प्रदेश में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत आगामी 4 जुलाई से शुरू होने वाले ‘सेवा सप्ताह’ के भव्य आयोजन के लिए *उत्तराखंड सूचना विभाग* को नोडल विभाग बनाया गया है। तैयारियों को समय से अंतिम रूप देने के लिए सूचना विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य मंच निर्माण, आम जनता के सुगम आवागमन, पार्किंग और बैठक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। महानिदेशक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में आने वाले आम जनमानस को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी पुख्ता इंतजाम समय रहते दुरुस्त कर लिए जाएं।


निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंन्द्र डोबाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह सहित रेखीय विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।




एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.