Halloween party ideas 2015

 

पांच साल बाद भवन बनकर तैयार, फिर भी एक कमरे में चल रहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र

ऋषिकेश ;



आडवाणी प्लॉट स्थित छिद्दरवाला का नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बनकर पूरी तरह तैयार हो चुका है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक पुराने भवन से नए भवन में स्थानांतरण नहीं किया गया है। इसके चलते क्षेत्र के लोगों को आज भी सीमित संसाधनों के बीच स्वास्थ्य सेवाएं लेने को मजबूर होना पड़ रहा है।

पूर्व में देहरादून-हरिद्वार हाईवे चौड़ीकरण की जद में आने से पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन प्रभावित हो गया था। इसके बाद पिछले पांच वर्षों से स्वास्थ्य केंद्र एक कमरे में संचालित किया जा रहा है। भवन निर्माण के लिए भूमि संबंधी विवाद के कारण भी परियोजना लंबे समय तक अटकी रही, लेकिन अब सभी बाधाएं दूर होने के बाद नया भवन पूरी तरह तैयार है।

इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक नए भवन में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू नहीं की हैं। नए भवन में स्वास्थ्य केंद्र संचालित होने से चार ग्राम सभाओं के हजारों ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

क्षेत्र में चर्चा है कि किसी जनप्रतिनिधि या माननीय के औपचारिक उद्घाटन के बिना नए भवन में स्वास्थ्य केंद्र का संचालन शुरू नहीं किया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि उद्घाटन की औपचारिकताओं से पहले आम जनता की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए नये भवन में जल्द से जल्द स्वास्थ्य सेवाएं शुरू की जाएं, ताकि वर्षों से चली आ रही अस्थायी व्यवस्था समाप्त हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.