Halloween party ideas 2015


डोईवाला:




 क्षेत्र में हाल ही में राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेशम माजरी चौक पर सड़क पार करते समय एक दुखद दुर्घटना में माजरी निवासी एक महिला की मृत्यु हो गई। यह घटना अत्यंत हृदयविदारक है। इस स्थान पर पूर्व में भी कई सड़क दुर्घटनाएँ हो चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में गहरी चिंता और आक्रोश व्याप्त है।


आज इसी गंभीर विषय को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय अधिकारी दिनेश कुमार चतुर्वेदी से बलबीर रोड,देहरादून स्थित NHAI कार्यालय में मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में रेशम माजरी के दोनों चौक पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाने की मांग की गई, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


इस अवसर पर परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि रेशम माजरी क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएँ बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में इस मुद्दे को लेकर डोईवाला उपजिलाधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा गया था। प्रशासन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को जनहित में शीघ्र ठोस कदम उठाने चाहिए, जिससे लोगों की जान बचाई जा सके। 


रिटायर आईटीबीपी अधिकारी धर्म सिंह पाल ने कहा कि क्षेत्रीय जनता लंबे समय से सड़क सुरक्षा की मांग कर रही है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक सिग्नल लगना क्षेत्र की आवश्यकता बन चुका है।


परवादून कांग्रेस जिला सचिव मनोज पाल ने कहा कि सड़क पार करने के दौरान आमजन, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।


जनहित में सड़क सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है तथा अपेक्षा है कि संबंधित विभाग इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा।


ज्ञापन सौंपने के दौरान परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, धर्म सिंह पाल, परवादून कांग्रेस जिला सचिव मनोज पाल सहित क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.