फेक नैरेटिव और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहें: सीएम धामी
*डिजिटल इंडिया के दौर में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण*
*देवभूमि की संस्कृति और पहचान को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आगे बढ़ाने का आह्वान*
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित “सोशल मीडिया मंथन विथ सीएम धामी” कार्यक्रम में प्रतिभाग कर सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स, डिजिटल वॉलेंटियर्स एवं युवाओ के साथ संवाद किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं ने सोशल मीडिया, उत्तराखंड के विकास, रोजगार, संस्कृति, राष्ट्रवाद और युवाओं की भूमिका से जुड़े विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री श्री धामी से सवाल पूछे, जिनका उन्होंने बेबाकी, स्पष्टता और आत्मीयता के साथ जवाब दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, सकारात्मक परिवर्तन लाने और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का एक प्रभावशाली प्लेटफॉर्म बन चुका है। उन्होंने कहा कि आज का युवा डिजिटल माध्यमों के जरिए अपनी बात पूरी दुनिया तक पहुंचाने की क्षमता रखता है और उत्तराखंड के युवाओं में अपार प्रतिभा मौजूद है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मकता, सत्य और समाजहित के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि फेक नैरेटिव, भ्रामक सूचनाओं और समाज को बांटने वाली ताकतों से सतर्क रहने की आवश्यकता है। सोशल मीडिया पर जिम्मेदार व्यवहार और तथ्यपरक जानकारी साझा करना आज प्रत्येक युवा की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया को जनसंवाद का सशक्त माध्यम बनाया है और निरंतर युवाओं से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया है। इसी भावना के साथ उत्तराखंड सरकार भी युवाओं को आगे बढ़ाने, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, स्टार्टअप, नवाचार, खेल, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णय लेकर युवाओं और प्रदेश के भविष्य को सुरक्षित करने का कार्य किया है। उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और देवभूमि की पहचान को संरक्षित रखते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स ने अपने सुझाव एवं अनुभव भी साझा किए। मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि सरकार युवाओं के सुझावों और सकारात्मक सहभागिता का सदैव स्वागत करती है तथा डिजिटल इंडिया के इस दौर में उत्तराखंड के युवा प्रदेश के ब्रांड एम्बेसडर बनकर दुनिया के सामने राज्य की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करें।
इस अवसर पर सांसद श्री अजय भट्ट, माननीय कैबिनेट मंत्री श्री प्रदीप बत्रा, श्री राम सिंह कैड़ा, माननीय विधायक श्रीमती सरिता आर्या, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री प्रताप सिंह बिष्ट, दायित्वधारी श्री शंकर कोरंगा , महापौर श्री गजराज सिंह बिष्ट , श्री गोविंद सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
*कुमाऊँ में मीडिया सशक्तिकरण की ऐतिहासिक पहल — हल्द्वानी में 6.75 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक मीडिया सेन्टर का शिलान्यास, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बड़ा ऐलान*
हल्द्वानी :
देवभूमि उत्तराखण्ड में पत्रकारों के सशक्तिकरण, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूती प्रदान करने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक पहल की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊँ मीडिया सेन्टर भवन, हल्द्वानी का विधिवत शिलान्यास किया।
*₹6 करोड़ 75 लाख 88 हजार रुपये* की लागत से निर्मित होने वाला यह अत्याधुनिक मीडिया सेन्टर कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों के लिए एक समर्पित, सुसज्जित एवं बहुउद्देश्यीय केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
*लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को समर्पित एक आधुनिक केंद्र*
मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह मीडिया सेन्टर केवल एक भवन नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ—पत्रकारिता—को समर्पित एक जीवंत मंच होगा। यह केन्द्र पत्रकारों की कर्मस्थली, विचार-विमर्श का संगम और जन-जन की आवाज को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करने का माध्यम बनेगा।उन्होंने कहा कि अब तक कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों को कई महत्वपूर्ण कार्यों के लिए देहरादून पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन इस मीडिया सेन्टर के निर्माण के बाद अधिकांश कार्य हल्द्वानी से ही संचालित हो सकेंगे, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
*आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा मीडिया सेन्टर*
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि इस भवन में आधुनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनमें प्रमुख रूप से
*आधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल।*
*हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा।*
*डिजिटल स्टूडियो।*
*समृद्ध लाइब्रेरी।*
*कैंटीन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ दूरस्थ क्षेत्रों—मुनस्यारी, बागेश्वर, कपकोट, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा एवं रानीखेत आदि क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों के लिए आवासीय गेस्ट रूम की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे उन्हें आवागमन की कठिनाइयों से राहत मिल सके।
*समाचार पत्रों के निरीक्षा कार्य होंगे सुगम*
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि समाचार पत्रों से संबंधित निरीक्षा कार्य अब इसी मीडिया सेन्टर से संपन्न किए जाएंगे। इससे पारदर्शिता, दक्षता एवं त्वरित कार्यप्रणाली को बढ़ावा मिलेगा और पत्रकारों को प्रशासनिक प्रक्रियाओं में आसानी होगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण एवं सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सरकार द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि
*पत्रकार कल्याण कोष में वृद्धि:* कोष की राशि बढ़ाकर ₹5 करोड़ कर दी गई है, जिससे आकस्मिक निधन या गंभीर बीमारी की स्थिति में पत्रकारों के परिजनों को त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।अधिस्वीकृत पत्रकारों एवं उनके आश्रितों के लिए ₹5 लाख तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा लागू की गई है। इसके साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को ₹8000(आठ हजार) प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह मीडिया सेन्टर हल्द्वानी को कुमाऊँ क्षेत्र का एक प्रमुख मीडिया हब बनाएगा। यहां से संचालित होने वाली पत्रकारिता न केवल क्षेत्रीय बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रभावी भूमिका निभाएगी।
उन्होंने पत्रकारों से आह्वान किया कि वे सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा दें, विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं तथा जहां कहीं कमियां हों, वहां निष्पक्ष रूप से सरकार को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि “आपकी कलम ही सरकार के लिए मार्गदर्शक है और लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है।”
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि चंपावत जनपद के टनकपुर में मीडिया सेंटर गेस्ट हाउस का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिससे सीमांत क्षेत्रों के पत्रकारों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इस अवसर पर मा० सांसद अजय भट्ट, मा०कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल, विधायक सरिता आर्या,अध्यक्ष मीडिया सलाहकार समिति उत्तराखंड गोविन्द सिंह,मेयर हल्द्वानी गजराज सिंह,ब्लॉक प्रमुख हल्द्वानी मंजू गौड़, ब्लॉक प्रमुख भीमताल हरीश बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट,
उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री डॉ अनिल कपूर डब्बू, ध्रुव रौतेला, दिनेश आर्या, सुरेश भट्ट, शंकर कोरंगा, नवीन वर्मा,दीपक मेहरा,दिनेश मानसेरा,
के अतिरिक्त महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल,एसएसपी डॉ मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे,उपनिदेशक सूचना बद्रीचंद्र, जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी, सूचना अधिकारी अहमद नदीम, व्यवस्था अधिकारी रामपाल उत्तराखंड पेयजल निर्माण निगम के महाप्रबंधक कुमाऊं अनूप कुमार पाण्डे, परियोजना प्रबंधक एस पी बड़ौनी
सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार बंधु कार्यक्रम में मौजूद रहे।
*कुमाऊँ मीडिया सेन्टर का निर्माण उत्तराखण्ड में मीडिया इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। यह पहल पत्रकारों को आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ राज्य में पारदर्शी, जवाबदेह एवं सशक्त लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।यह ऐतिहासिक कदम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व और पत्रकार हितैषी नीतियों का प्रतीक है, जो आने वाले समय में उत्तराखण्ड को मीडिया सशक्तिकरण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।*
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए प्रदान की 20.79 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति*
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के तहत विभिन्न सड़कों एवं शासकीय आवासों के निर्माण तथा सार्वजनिक सुविधाओं से संबंधित योजनाओं के लिए 20.79 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं से संबंधित निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ तेजी लाए जाने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क, आवास एवं जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से स्थानीय जनता को बेहतर आवागमन, आधारभूत सुविधाएं एवं विकास का लाभ प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री द्वारा जनपद चम्पावत के टनकपुर में न्यायिक अधिकारियों के 01 टाईप v आवास निर्माण हेतु कुल ₹ 1.29 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करते हुए प्रथम किश्त के रूप में 60 प्रतिशत धनराशि ₹ 77.61 लाख, जिसमें केन्द्रांश ₹ 69.85 लाख तथा राज्यांश ₹ 7.76 लाख सम्मिलित है की स्वीकृति के साथ होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा मुख्यालय के नागरिक सुरक्षा कार्यालय हेतु अनावासीय भवन निर्माण कार्य के लिए ₹ 2.24 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में ₹ 89.80 लाख की वित्तीय स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखण्ड थौलधार के अंतर्गत कमान्द-थौलधार मोटर मार्ग के 5.410 किलोमीटर पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण कार्य हेतु ₹ 3.52 करोड़, जनपद बागेश्वर के विकासखण्ड गरुड़ में बिनातोली से गरकोट तक मोटर मार्ग निर्माण कार्य हेतु वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹ 4.01 करोड़ के साथ ही जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के अंतर्गत विकासखण्ड पाबों में चपलोडी-फल्द्वाड़ी मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य हेतु ₹2.22 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा जनपद नैनीताल के विकासखण्ड बेतालघाट में दूनीखाल-रातीघाट पैदल मार्ग के 5.50 किलोमीटर सी०सी० एवं सुधारीकरण कार्य हेतु ₹ 4.01 करोड़, जनपद देहरादून के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-72 (लच्छीवाला) से गुलर स्पोर्ट्स स्टेडियम होते हुए रायपुर (महाराणा प्रताप चौक) तक 04 लेन एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर निर्माण कार्य हेतु ₹ 1.03 करोड़ तथा जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र पौड़ी के अंतर्गत बिल्केदार-गौरीकोट मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्य हेतु ₹ 3.67 करोड़ के साथ ही जनपद चमोली, उधमसिंहनगर एवं उत्तरकाशी में पुरुष, महिला, ट्रांसजेंडर एवं दिव्यांगजनों हेतु पृथक शौचालय सुविधाओं के निर्माण के लिए ₹ 66.02 लाख की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
.png)

एक टिप्पणी भेजें