Halloween party ideas 2015

 मुख्यमंत्री ने प्रदान की 146.19 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं की वित्तीय  स्वीकृति*



मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य योजना के अन्तर्गत जनपद नैनीताल के विधानसभा क्षेत्र कालाढूंगी में राजकीय प्राथमिक विद्यालय, भगवानपुर से राजकीय इंटर कॉलेज लामाचौड़ होते हुए कालाढूंगी मुख्य मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण के कार्य हेतु 3.81 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। 


मुख्यमंत्री ने जनपद बागेश्वर की बागेश्वर शाखा के अन्तर्गत बोड़ी धुराफाट पम्पिंग योजना में पूर्ण कार्यों के साथ-साथ पम्पों/मोटरों की रेट्रोफिटिंग के लिए ऊर्जा कुशUल सेंट्रीफ्यूगल पम्प सेटों की आपूर्ति और स्थापना हेतु 4.73 करोड स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।


मुख्यमंत्री ने जनपद हरिद्वार के रोशनाबाद में अभियोजन विभाग के जनदीय निदेशालय हेतु कार्यालय एवं सदर मालखाने के निर्माण हेतु 7.07 करोड की धनराशि स्वीकृत करते हुए प्रथम किस्त के रूप में 40 प्रतिशत की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।


मुख्यमंत्री ने कुम्भ मेला-2027 से सम्बन्धित विभिन्न नवीन निर्माण कार्यों हेतु कार्यदायी संस्थाओं एवं लगभग 01 अरब, 13 करोड़ की धनराशि की स्वीकृति प्रदान करते हुए इस वित्तीय वर्ष में 10 करोड़ की धनराशि से टोकन राशि अनुपातिक रूप से निर्गत किये जाने हेतु अनुमोदन प्रदान किया है।


मुख्यमंत्री द्वारा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अन्तर्गत उत्तराखण्ड जल संस्थान (कुल 03 योजनाएं लागत 9.22 करोड) एवं उत्तराखण्ड पेयजल निगम (कुल 17 योजनाएं लागत  8.36 करोड) अर्थात कुल लागत 17.58 करोड की पेयजल/ग्रिड सोलर योजनाओं को नाबार्ड के अन्तर्गत स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।


*मुख्यमंत्री ने किया लोकतंत्र सेनानी सम्मान पेंशन अनुमन्य किये जाने का अनुमोदन*


मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीमती देवकी देवी पत्नी स्व0 श्यामदत्त तिवारी, निवासी किच्छा, जनपद उधम सिंह नगर को दिनांक 14.06.2017 से दिनांक 13.10.2022 तक 16 हजार प्रतिमाह पेंशन तथा दिनांक 14.10.2022 से 20 हजार प्रतिमाह बकाये सहित लोकतंत्र सेनानी सम्मान पेंशन अनुमन्य किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।

 *केंद्र सरकार ने  एसडीआरएफ के केंद्रीय अंश के रूप में राज्य को जारी किए 455 करोड़ 60 लाख रुपए*


*मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का आभार*


 केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फंड (एसडीआरएफ) के केंद्रीय अंश के रूप में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 455 करोड़ 60 लाख रुपए की धनराशि अग्रिम तौर पर जारी की है। उक्त धनराशि 15वें वित्त आयोग की संस्तुति के अनुसार की गई हैं। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री श्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि इस राशि को उत्तराखंड में आपदा राहत कार्यों में खर्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड को हर मुश्किल समय में सहारा प्रदान किया है, इसके लिए उत्तराखंड की जनता प्रधानमंत्री का विशेष तौर पर आभारी है।


देहरादून


 *मुख्यमंत्री ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से उत्तराखण्ड में हवाई सेवाओं के विस्तार पर की चर्चा*


*हेली सेवा पुनः प्रारंभ होने से चारधाम यात्रा होगी सुगम*


*मुख्यमंत्री ने जौलीग्रांट में रात्रिकालीन हवाई सेवा आरंभ करने का किया अनुरोध*


मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू से भेंट कर राज्य में विमानन क्षेत्र के विकास, हवाई सम्पर्क में सुधार एवं पर्यटन को नई गति देने से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।


मुख्यमंत्री ने राज्य को विमानन क्षेत्र में मिले सहयोग के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री का प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से प्रदेश के हवाई अड्डों पर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने हेतु अम्ब्रेला ब्राण्ड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के अंतर्गत कियोस्क स्थापित किए जाने की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे राज्य में स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली है।


मुख्यमंत्री ने राज्य में मानसून समाप्ति के बाद चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवाओं को पुनः प्रारंभ करने की योजना से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। यह सेवाएं विशेष रूप से बुजुर्ग, दिव्यांग एवं असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार के संबंधित विभागों के मध्य इस विषय पर समन्वय जारी है। विगत 01 सितम्बर को आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में हेली सेवाओं के संचालन के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करते हुए हेली सेवाओं का पुनः संचालन यात्रा को सहज बनाएगा एवं सड़क मार्गों पर दबाव कम करेगा।


मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि राज्य का 70 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र वनाच्छादित है। राज्य में विशेषकर पर्वतीय जिलों में हवाई सम्पर्क न केवल आवश्यक है, बल्कि पर्यटन, नागरिक आवागमन तथा आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने गौचर (चमोली) एवं चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) हवाई पट्टियों को छोटे विमान संचालन के लिए विकसित करने एवं इन्हें दिल्ली, देहरादून तथा हिंडन से जोड़ने का अनुरोध किया। इससे चारधाम यात्रा की सुविधा बढ़ेगी एवं पर्वतीय क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में भी सुगमता रहेगी। 


मुख्यमंत्री ने जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर रात्रिकालीन हवाई सेवा के संचालन का भी केन्द्रीय मंत्री से अनुरोध किया ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को विमान सेवा का लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री ने पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को लेकर भी चर्चा की और बताया कि राज्य सरकार द्वारा अधिकांश आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। उन्होंने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को शीघ्र कार्य प्रारंभ करने हेतु निर्देशित करने का भी अनुरोध किया।



मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से क्षेत्रीय सम्पर्क योजना के तहत दिल्ली से पिथौरागढ़ के लिए नियमित हवाई सेवा शीघ्र प्रारम्भ करने का अनुरोध करते हुए बताया कि राज्य के पर्यटन के साथ-साथ सामरिक एवं मानवीय दृष्टिकोण से भी हवाई सेवा लाभकारी सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री ने चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टी का निरीक्षण कर हवाई सेवा का संचलान किये जाने हेतु कार्यवाही प्रारंभ करने का भी केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से अनुरोध किया।


मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से उपर्युक्त प्रस्तावों को प्राथमिकता देते हुए स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने मुख्यमंत्री को सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.