Halloween party ideas 2015

ऋषिकेश:


भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने वरिष्ठ व महिला कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया।

आशुतोष नगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डॉ अग्रवाल ने कहा कि आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। कहा कि आजादी के इस अमृत काल में हमने सैचुरेशन यानि जनकल्याण की हर योजना को शत प्रतिशत लाभार्थियों तक पहुंचाने का जो संकल्प लिया है, वो बहुत विराट है। सैचुरेशन तक पहुंचने के इस अभियान का मतलब है- भेदभाव की सारी गुंजाइश को खत्म करना, तुष्टिकरण की आशंकाओं को समाप्त करना, स्वार्थ के आधार पर लाभ पहुंचाने की प्रवृत्ति को खत्म करना और समाज की आखिरी पंक्ति में खड़े आखिरी व्यक्ति तक सरकारी लाभ पहुंचे, ये सुनिश्चित करना।


डॉ अग्रवाल ने कहा कि हमारे देश में दशकों तक कुछ राजनीतिक दलों ने सिर्फ वोटबैंक की राजनीति की। कुछ लोगों को ही वायदे करो, ज्यादातर लोगों को तरसाकर रखो, भेदभाव-भ्रष्टाचार ये सब वोटबैंक की राजनीति का साइड इफेक्ट था। लेकिन भाजपा ने इस वोटबैंक की राजनीति को ना सिर्फ टक्कर दी है, बल्कि इसके नुकसान, देशवासियों को समझाने में भी सफल रही है।


डॉ अग्रवाल ने कहा कि हमारी सरकार राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए काम कर रही है। आज देश के पास नीतियाँ भी हैं, नियत भी है। आज देश के पास निर्णयशक्ति भी है, और निश्चयशक्ति भी है। इसलिए आज हम लक्ष्य तय कर रहे हैं, उन्हें पूरा भी कर रहे हैं। आज दुनिया के सामने एक ऐसा भारत है जो बिना किसी डर या दबाव के, अपने हितों के लिए अडिग रहता है। जब पूरी दुनिया दो विरोधी ध्रुवों में बंटी हो, तब भारत को ऐसे देश के रूप में देखा जा रहा है, जो दृढ़ता के साथ मानवता की बात कर सकता है।


डॉ अग्रवाल ने कहा कि इस अमृत काल में भारत की सोच आत्मनिर्भरता की है, लोकल को ग्लोबल बनाने की है, सामाजिक न्याय और समरसता की है। इन्हीं संकल्पों को लेकर एक विचारबीज के रूप में हमारी पार्टी की स्थापना हुई थी। इसलिए ये अमृत काल भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए कर्तव्य काल है।


इस मौके पर अशोक पाहवा, माधव नौटियाल, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा कविता शाह, मण्डल अध्यक्ष महिला मोर्चा माधवी गुप्ता, अनिता तिवाड़ी, आशा सेमवाल, रेखा चौबे, सुनीता, सुमित्रा, सरस्वती रौतेला, विश्वेश्वरी रावत, अरुण जुगलान सहित आदि उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.