Halloween party ideas 2015

 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने 77 वें स्वतंत्रता  दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।

CM Dhami hoisting flag on 15 august2023


      मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामना  दी। मुख्यमंत्री ने देश की आजादी एवं मां भारती की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले महानायकों का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि अमर बलिदानियों के सपनों के अनुरूप देश को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के  नेतृत्व  में सराहनीय कार्य हो रहे हैं। आज भारत समर्थ, समरस एवं शक्तिशाली भारत के रूप में आगे बढ़ रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी मानसून सक्रिय है, प्रदेश में अतिवृष्टि से काफी नुकसान हुआ है। अतिवृष्टि से प्रदेश में हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने  प्रदेश में अतिवृष्टि से हताहत हुए लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है एवं उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है।

CS uttarakhand hoisting  flag


मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने सचिवालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण करते हुए सभी को 77 वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्य सचिव ने कहा कि भारत की आजादी को 100 वर्ष पूर्ण होने तक अर्थात वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है।

 

   मुख्य सचिव ने कहा कि सचिवालय प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसके लिए हम सभी को एक सॉल्यूशन फाइंडर की भूमिका निभानी होगी। जब भी कोई फाईल या प्रकरण ऐसा आता है जिसके कारण प्रदेश और प्रदेशवासियों के हित में कार्य में रूकावट आ रही है, ऐसे में हमें सॉल्यूशन फाइंडर की भूमिका निभानी है। उन्होंने कहा कि सॉल्यूशन फाइंडर के साथ ही नवाचार को अपनाकर प्रदेश के विकास में अपना योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश और प्रदेश के नागरिकों से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए हमें हर सम्भव प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश हिमालयी क्षेत्र के सबसे अधिक आपदा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है। प्रदेशवासी प्राकृतिक आपदाओं से जूझते रहते हैं। इस दिशा में सबसे अधिक प्रयोग करने हेतु हिमालय हमारे पास है। उन्होंने कहा कि भूस्खलन आदि के लिए प्रदेश में एक अलग इंस्टीट्यूट बनाया गया है। हमारी कोशिश है कि इसे इस गुणवत्ता का बनाया जाए कि सिर्फ भारत के अन्य राज्य ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के देश हमसे भूस्खलन का समाधान मांगने आएं।


    मुख्य सचिव ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए भारत के सभी प्रदेशों को विकसित होना होगा। इसके लिए हमें अपनी ताकत अपनी खूबियों को पहचानना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश को प्रकृति ने बहुत से प्राकृतिक संसाधन उपहार स्वरूप दिए हैं। इसके कारण हमारा पर्यटन क्षेत्र तेजी से विकास कर रहा है। कुछ पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की संख्या इतनी अधिक होती जा रही है कि हमें पर्यटकों की संख्या सीमित करने पर भी विचार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में दिल्ली देहरादून हाईवे और अन्य महत्वपूर्ण सड़कों के बन जाने से प्रदेश में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ जाएगी। यह प्रदेश के लिए एक और मौका होगा जब हम प्रदेश के अन्य खूबसूरत स्थलों को पहचान कर पर्यटन मानचित्र पर लाकर प्रदेश को विकसित करने में अपना योगदान दें।

 

    इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, श्री एल. फैनई एवं सभी सचिव, अपर सचिव अन्य वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।


Post a Comment

www.satyawani.com @ 2016 All rights reserved

www.satyawani.com @ 2016 All rights reserved
Powered by Blogger.