मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने वाहन दुर्घटना में घायल क्रिकेटर श्री ऋषभ पंत के बारे में अधिकारियों से जानकारी लेते हुए उनके समुचित ईलाज की सभी सम्भव व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने क्रिकेटर ऋषभ पंत के सड़क दुर्घटना में घायल होने पर उनकी माता जी से दूरभाष पर वार्ता कर हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने क्रिकेटर ऋषभ पंत के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की, उन्होंने सरकार की तरफ से हर संभव सहयोग एवं सहायता का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने ऋषभ पंत के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि उनके ईलाज का सारा व्यय राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। अगर एयर एम्बुलेंस की आवश्यकता होती है तो उसकी भी व्यवस्था की जाए।
गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार का प्रातः लगभग 5:30 बजे कोतवाली मंगलोर क्षेत्रांतर्गत मोहम्मदपुर जट के पास एक्सीडेंट हो गया था। मौके पर 108 व हरिद्वार पुलिस द्वारा घायल को सर्वप्रथम रुड़की अस्पताल में शिफ्ट किया तत्पश्चात देहरादून रेफर किया गया है।
एक सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती क्रिकेटर ऋषभ पंत का कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने हाल जाना। यहां चिकित्सकों से डा. अग्रवाल ने बातचीत की। साथ ही उनकी माता से वार्ता कर इलाज का संपूर्ण खर्च राज्य सरकार द्वारा दिये जाने का आश्वासन दिया।
परिजनों से हुई वार्ता के बाद डा. अग्रवाल ने बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार का एक्सीडेंट हुआ था। घटना के वक्त वह स्वयं कार चला रहे थे और अकेले थे। सड़क हादसा नारसन से एक किलोमीटर आगे रुड़की की ओर जाते वक्त हुआ।
डा. अग्रवाल ने मैक्स अस्पताल देहरादून में घायल ऋ़षभ पंत का इलाज कर रहे चिकित्सकों की टीम से वार्ता भी की। उन्होंने कहा कि ऋषभ पंत के इलाज का संपूर्ण खर्च राज्य सरकार उठाएगी।
Post a Comment