Halloween party ideas 2015

रुद्रप्रयाग :

       


            केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ  सुदूरवर्ती गांवों में निवासरत ग्रामीणों को उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से सरकार द्वारा सुशासन दिवस के अवसर पर ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया है जिसमें सरकार द्वारा जनपद हेतु नामित चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव डाॅ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में ग्राम क्वांली में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया जिसमें स्थानीय ग्रामीणों एवं न प्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी, सड़क आदि समस्याओं को रखा गया जिसमें अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया।

             आयोजित चौपाल कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान क्वांली संजय चौधरी ने ग्राम क्वांली में खेल मैदान न होने से क्षेत्र में बच्चों को काफी परेशानी हो रही है जिससे खेल मैदान की मांग की गई तथा क्षेत्र में जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा हेतु घेरबाड़ किए जाने की मांग की तथा आयुर्वेदिक चिकित्सालय में चिकित्साधिकारी तथा स्वच्छक की नियुक्ति की तैनाती की मांग की। इसके साथ ही क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को भी दुरस्त करने की मांग की तथा पीएमजीएसवाई द्वारा नवनिर्मित सड़क से क्षेत्र वासियों के भूमि दबान का मुआवजा एवं क्षतिग्रस्त रास्तों को दुरस्त करने की भी मांग की। ग्राम प्रधान जसोली अर्चना चमोली ने जीआईसी चमकोट में दो साल से अंग्रेजी विषय का शिक्षक न होने से काॅलेज में शिक्षक की नियुक्ति की मांग की। इसके साथ ही स्कूल में खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के उचित मार्गदर्शन व प्रशिक्षण के लिए कोच तैनात करने की मांग की गई। जसोली विद्यालय में सड़क न होने के कारण छात्र-छात्राओं को आवाजाही में परेशानी होने से सड़क की मांग की गई। दिग्पाल सिंह चौधरी ने गांव से हो रहे पलायन की रोकथाम के लिए बुजुर्ग व्यक्तियों के लिए गांव में बुजुर्ग पार्क निर्माण की भी मांग की गई। ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र में पानी की समस्या से भी अवगत कराया गया तथा पेयजल की समस्या से अवगत कराते हुए पेयजल व्यवस्था सुचारू कराने की भी मांग की गई। श्रीमती माहेश्वरी देवी ने वृद्धावस्था पेंशन लगाने के लिए मांग की गई। शरद सिंह द्वारा बीपीएल कार्ड बनाने की मांग की गई।

          ग्राम चौपाल को संबोधित करते हुए सचिव स्वास्थ्य ने ग्रामीणों से कहा कि सरकार की मंशा है कि दुरस्त क्षेत्रों में रह रहे लोगों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं उनका लाभ उपलब्ध कराने तथा ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण कराने के उद्देश्य से सुशासन दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जनपदों में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया है जिसके माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का तत्परता से समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने क्षेत्र के ग्रामीणों एवंज न प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया है कि उनके द्वारा जो भी समस्याएं दर्ज कराई गई हैं उनका यथासंभव निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला स्तर की समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है तथा शासन स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार  द्वारा जो भी जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं उन योजनाओं को पात्र व्यक्तियों तक उपलब्ध कराने के लिए इस दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन व्यक्तियों द्वारा निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने हेतु आयुष्मान कार्ड नहीं बनाए गए हैं वह अपना आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बना लें इसके लिए उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कैंप लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में तैनात आशा, एएनएम को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य संबंधी जानकारी सभी महिलाओं को समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए तथा नियमित रूप से सभी गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य जांच कराया जाए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी से भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया।  

              इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. एचसीएस मार्तोलिया, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग अपर्णा ढौंडियाल, खंड विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट, प्रधान लदोली श्रीमती सीता रौथाण सहित जन प्रतिनिधि एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामवासी मौजूद रहे।

     

जनपद पौड़ी के प्रभारी सचिव श्री दिलीप जावलकर ने सुराज दिवस के अवसर पर यमकेश्वर में सुनी लोगों की समस्याएं।



    सुराज दिवस के उपलक्ष्य में आज यमकेश्वर विधानसभा के ग्राम पंचायत मराल रत्तापानी में जनपद के प्रभारी सचिव श्री दिलीप जावलकर और स्थानीय विधायक यम्केश्वर श्रीमती रेनू बिष्ट की संयुक्त अध्यक्षता में चौपाल का आयोजन किया गया।   

  आयोजित चौपाल में लोगों की विभिन्न समस्याओं की सुनवाई की गई और सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सभी को एक समृद्ध और खुशहाल उत्तराखंड बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी  का आह्वान किया गया। 

                                   इस दौरान जनपद के प्रभारी सचिव श्री दिलीप जावलकर ने उपस्थित विभिन्न विभागीय अधिकारियों को लोगों की आजीविका और आर्थिकी में सुधार लाने,  उनकी छोटी-मोटी समस्याओं को उनके ही द्वार पर उचित गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ निस्तारित करने तथा लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के लिए उनको जागरूक करते हुए विभिन्न योजनाओं का समुचित लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए। 

   

     उन्होंने कहा कि सर्विस डिलीवरी फास्ट होनी चाहिए, सेवा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत मानक के अनुरूप जो सेवाएं दी जानी चाहिये उन्हें गुणवत्तापूर्ण दी जाए तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का तेजी से निराकरण किया जाए।  

   

    उन्होंने लोगों को ऐसी स्वरोजगारपरक गतिविधियों पर अधिक ध्यान देने का आह्वान किया जिसमें उनको परंपरागत बेहतर ज्ञान प्राप्त है और उसको करने का उन्हें अच्छा अनुभव भी है साथ ही जिसका वर्तमान समय में मार्केट में डिमांड भी अधिक है। 

     

    इस अवसर पर होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं के निराकरण से संबंधित ज्ञापन सचिव श्री दिलीप जावलकर को सौंपा। 

        

   इस अवसर पर विधायक यमकेश्वर ने लोगों को सरकार द्वारा दी जा रही जन कल्याणकारी और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं की जानकारी देते हुए विभिन्न अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोगों को पेंशन योजना, खाद्य सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, पर्यटन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ स्वास्थ्य और बाल विकास के अंतर्गत बच्चों और महिलाओं को समर्पित विभिन्न योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित करें। 

  

   इस अवसर पर विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 23 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से अधिकतर का मौके पर ही निराकरण किया गया। प्राप्त शिकायतों में अधिकतर शिकायतें पेयजल, सड़क, विद्युत, रोजगार, पेंशन से जुड़ी हुई थी।   


    इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पौड़ी अपूर्वा पांडे, परियोजना निदेशक डीआरडीए संजीव कुमार रॉय, ज्येष्ठ उप प्रमुख दिनेश भट्ट, उप जिलाधिकारी संदीप कुमार, ग्राम प्रधान मराल संदीप कुमार, कोठार गाँव नीरज पयाल,  दमांद ध्यान पाल सिंह, तोली राजकुमारी देवी, जुडड़ा मीनाक्षी देवी, भादसी डबल सिंह सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी  -कार्मिक तथा स्थानीय जनमानस उपस्थित थे।

चंपावत:

सुराज दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने चंपावत के ग्राम उचौलीगोठ में आयोजित चौपाल में किया प्रतिभाग।

जन समस्यायें सुनी तथा अधिकारियों को समस्याओं के तत्काल निस्तारण के दिये निर्देश।


     मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सुराज दिवस के अवसर पर जनपद चम्पावत के टनकपुर स्थित रामलीला मैदान, ग्राम - उचौलीगोठ में चौपाल कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जन समस्याएं सुनी एवं संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में दिवंगत दान सिंह के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 1 लाख का चेक प्रदान किया एवं 2 दिव्यांगजनों को व्हील चेयर प्रदान की।

     मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत रत्न  स्व.अटल जी की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए चौपाल कार्यक्रम में आए सभी लोगों का स्वागत किया। उन्होंने कहा अटल जी ने उत्तराखण्ड राज्य का गठन किया था, लंबे संघर्ष के बाद मिला यह राज्य आज विकास की राह पर लगातार आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दिशा निर्देशन में अटल जी के सपनों का उत्तराखंड बनाने हेतु संकल्पबद्ध है। हमारा संकल्प उत्कृष्ट उत्तराखंड बनाने का है और इसके लिए राज्य सरकार प्रदेश के कोने-कोने को विकसित करने का कार्य कर रही है। हमारा मुख्य लक्ष्य है कि उत्तराखंड को भारत का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना। सभी के सहयोग और समर्थन से सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड बनाने का जो महायज्ञ हमने शुरू किया है, वह निश्चित ही सफल होगा। मुख्य सेवक के रूप में उन्होंने अपने प्रत्येक क्षण को जनसेवा, जन कल्याण और सुशासन के लिए समर्पित किया है। राज्य सरकार का लक्ष्य भी अंत्योदय है, हमारा प्रण भी अंत्योदय है और हमारा पथ भी अंत्योदय है।

 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां पूर्णागिरी यात्रा सुगम सुरक्षित हो इसके लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। पूर्णागिरि में रोपवे बनाए जाने पर भी कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा 2022-23 में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के 723 प्रस्तावित आवासों को जल्दी ही स्वीकृति दी जाएगी। उन्होंने कहा टनकपुर तवाघाट मार्ग तामली मंच से जुड़ जाने के कारण टनकपुर से तामली मंच का सफर महज 1- 2 घंटे का रह जाएगा, जो कि पहले 6 घंटे का हुआ करता था। उन्होंने कहा इससे पूरे तल्लादेश क्षेत्र एवं टनकपुर वासियों को सुविधा होगी। चंपावत जिले को आदर्श जिले के रूप में स्थापित किए जाने पर लगातार कार्य किया जा रहा है साथ ही आने वाले दिनों में यहां सभी अधिकारियों की एक बड़ी बैठक भी की जाएगी।


      मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार उत्तराखंड के चहुंमुखी विकास के लिए पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य कर रही है। आज प्रदेश में इन्फ्रास्क्टचर, पर्यावरण सुरक्षा एवं आधुनिक विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विकास के लिए भी विशेष अभियानों का संचालन किया जा रहा है। राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा करने, पलायन को रोकने, पर्यटन को बढ़ावा देने और आधारभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए हम नीतिगत योजनाओं का खाका तैयार कर रहे हैं। हमारी विकास योजनाओं के केंद्र में हमारे युवा, हमारे किसान और हमारी नारी शक्ति है। हम जानते हैं की जब तक हमारा युवा,हमारे किसान और हमारी महिलाएं आत्मनिर्भर नहीं होंगी तब तक विकसित उत्तराखंड की राह सुनिश्चित नहीं होगी। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का भी विजन यही है और उन्हीं के मार्गदर्शन में हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। जिस गति से आज हमारे प्रदेश में सड़कों का निर्माण हो रहा है, जिस मजबूती के साथ सीमाओं को सुरक्षित किया जा रहा है और जिस समर्पण के साथ हमारे देवस्थानों को और भी अधिक भव्य बनाया जा रहा है वो अभूतपूर्व है।


     मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का सपना  सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड बनाना का है। हम इस लक्ष्य को अपने “विकल्प रहित संकल्प“ के मंत्र के साथ पाने में अवश्य सफल होंगे। जब हम सभी वर्ष 2025 में राज्य का रजत जयंती वर्ष मना रहे होंगे, तब हम सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड के सपने को साकार होता हुआ देखेंगे। आज प्रदेश का प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से चंपावत विधानसभा के लोग सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड बनाने के हमारे संकल्प की पूर्ति के लिए सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य कर रहे है। 


    इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल माहरा, पूर्व दर्जा मंत्री शिवराज कठायत, हयात माहरा, मानी चंद, हर्षवर्धन, अध्यक्ष नगर पालिका विपिन कुमार, दीपक पाठक, मुकेश कालखुडिया, मुकेश महराना, गोविंद सामंत, ग्राम प्रधान गणेश महर, प्रदेश महामंत्री हेमा जोशी, नगर पंचायत अध्यक्ष बनबसा रेनू अग्रवाल एवं अन्य लोग मौजूद रहेमहानिदेशक विद्यालयी शिक्षा एवं निदेशक पंचायती राज चौपाल में हुए शामिल।*


टिहरी:

       महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा एवं निदेशक पंचायती राज श्री बंशीधर तिवारी सुराज दिवस के अवसर पर जनपद देहरादून के थानों तथा टिहरी के कुढारना गांव में आयोजित चौपाल में शामिल हुए। तथा ग्राम सभाओं में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों के मध्य जमीन पर बैठकर ग्रामीणों से गांव की समस्याओं पर चर्चा की तथा समस्याओं से भी अवगत हुए। उन्होंने ग्राम पंचायत थानो में उपस्थित लोगों के साथ प्रधानमंत्री के मन की बात भी सुनी।


     ग्राम पंचायत थानों में पानी की समस्या के बारे में बताये जाने पर उन्होंने कहा कि पानी की समस्या को जल्द ही दूर किया जाएगा। साथ ही स्वयं सहायता समूह से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में प्रतिभाग करने के लिए श्रीमती सुरुचि मनाली को निर्देशित किया। उन्होंने लोगों से आजीविका सुधार के लिए गौपालन एवं पंचायत में गेस्ट हाउस बनाने की बात कही।


     महानिदेशक शिक्षा एवं सूचना श्री बंशीधर तिवार ने ग्राम वासियों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ ही स्वास्थ्य शिक्षा के प्रति जागरूकता पर ध्यान देने को कहा उन्होंने कहा कि गांवों की समृद्धि विकास से जुड़ा विषय है। अतः सभी को गांवों की आर्थिकी के विकास पर ध्यान देना होगा। सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का उद्देश्य भी गांवों को मजबूती देना है।


    इस अवसर पर संयुक्त निदेशक श्री राजीव कुमार नाथ त्रिपाठी, सहायक विकास अधिकारी (पं) श्रीमती सुरुचि मनाली, ग्राम प्रधान श्रीमती बबीता तिवारी एवं अन्य ग्राम वासी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.