Halloween party ideas 2015

 मुख्यमंत्री का चंपावत उपचुनाव में ऐतिहासिक विजय के बाद देहरादून में हुआ भव्य स्वागत

      मुख्यमंत्री ने चंपावत उपचुनाव की विजय को बताया प्रदेश की जनता के भरोसे की जीत

CM Dhaani welcome by public after victory in bye election


मुख्यमंत्री ने की चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा

मुख्यमंत्री ने बतायी पर्यावरण संरक्षण के लिये सामूहिक प्रयासों की जरूरत।



मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक प्रयासों की जरूरत बताई हैं। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें सामूहिक रूप से प्रकृति के संरक्षण की दिशा में भी चिन्तन करना होगा। पर्यावरण संरक्षण को जीवन से जुड़ा विषय बताते हुए उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में उत्तराखण्डवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रदेश सरकार समृद्ध जैव संसाधनों के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध हैं। उत्तराखण्ड अपनी वन सम्पदा और नदियों के कारण पर्यावरण संरक्षण की मुहिम का ध्वज वाहक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी प्रयासों के साथ ही जनता, जन प्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं का पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन चेतना जागृत करने और इसके संवर्द्धन में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के साथ ही नदी और जल स्रोतों की साफ सफाई के लिए भी पूरा प्रयास जरूरी है।



उपचुनाव की विजय देगी प्रदेश के विकास की प्रेरणा

बड़ी जीत, बड़ी जिम्मेदारी की भी प्रतीक।

उनका हर पल जनता की सेवा के लिये समर्पितः मुख्यमंत्री





मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का चंपावत उपचुनाव में ऐतिहासिक विजय के बाद देहरादून पहुंचने पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आम जनता द्वारा गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को पंतनगर से स्टेट प्लेन से जौलीग्रांट एयरपोर्ट आए तथा वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा परेड ग्राउण्ड पहुंचे।

परेड ग्रांउण्ड में हेलीकॉप्टर से उतरते ही मुख्यमंत्री का पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आम जनता द्वारा भव्य रूप से किया गया स्वागत भी ऐतिहासिक रहा। परेड ग्राउण्ड से मुख्यमंत्री खुले वाहन में सवार होकर भारी जन समूह के साथ बलबीर रोड़ स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। इस पूरे रास्ते सर्वे चौक, ई.सी रोड़, आराघर चौक आदि स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिये मौजूद रहे। इस रोड शो में मुख्यमंत्री के जयकार के साथ  भी बड़ी संख्या में  पार्टी कार्यकर्ता एवं आम जनता साथ चलती रही। इस खुले वाहन में कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, विधायक एवं भाजपा अध्यक्ष श्री मदन कौशिक, विधायक श्री खजान दास, मेयर श्री सुनील उनियाल गामा तथा अन्य पदाधिकारी मुख्यमंत्री के साथ रहे।

प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री का कैबिनेट मंत्री श्री प्रेमचंद अग्रवाल, श्री सुबोध उनियाल, डा0 धन सिंह रावत, चंदन राम दास, श्री सौरभ बहुगुणा, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद डॉ रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, श्री नरेश बंसल, मनोनीत राज्यसभा सांसद डॉ कल्पना सैनी सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उपचुनाव में सहयोग के लिये सभी का व्यक्तिगत रूप से आभार जताते हुए प्रदेशवासियों के साथ ही विशेष रूप से चंपावत की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया तथा जनता के विश्वास एवं भरोसे पर समर्पित भाव से कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत उपचुनाव की बड़ी जीत ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी भी दी है। उनका हर पल प्रदेश की जनता की सेवा के लिये समर्पित है। राज्य वासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का उनका सतत् प्रयास रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की देवतुल्य जनता ने प्रदेश में एक दल की दुबारा सरकार न बनाने के मिथक को तोड़ा है। इसके लिये भी वे प्रदेश की जनता के आभारी है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में सबकी भावनायें जुड़ी थी। यह हम सबका सामूहिक चुनाव था, जिसमें सभी ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने कहा कि सैनिक पुत्र होने तथा साधारण परिवेश में पला बढ़ा होने के नाते वे प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं से परिचित है। हर क्षेत्र का पूरे मनोयोग एवं समर्पित भाव से जन अपेक्षाओं के अनुरूप समग्र विकास ही उनका लक्ष्य रहेगा। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड 2025 तक देश के अग्रणी एवं श्रेष्ठ राज्य के रूप में पहचान बनाये, यह उनका प्रयास रहेगा। अपने अथक प्रयासों और परिश्रम के साथ सबके सहयोग से हम इस दिशा में सफल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी का प्रभाव कम होने के बाद प्रदेश के चार धामों में भारी संख्या में तीर्थयात्री एवं पर्यटक आ रहे है। सबकी यात्रा सुखद, सुगम एवं सुरक्षित हो इसके लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे है। किसी भी तरह की असुविधां श्रद्धालुओं को न हो इसके लिए अधिकारियों को कारगर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिये गए हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखण्ड के प्रति विशेष लगाव सर्वविदित है। उनके कुशल नेतृत्व में देश का मान सम्मान देश व दुनिया में बढ़ा है। आज देश में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की भावना के साथ बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ सभी को प्राप्त हो रहा है। उन्होंने इस ऐतिहासिक जीत के लिये प्रधानमंत्री श्री मोदी का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन ने उन्हें इतना सौभाग्यशाली बनाया कि आज वह समस्त उत्तराखण्ड के स्नेह व आशीर्वाद का पात्र बने है। प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व ने कोरोना महामारी में देशवासियों को कोरोना टीकाकरण के साथ ही निःशुल्क खाद्यान उपलब्ध कराने का कार्य किया जिससे 80 करोड़ लोगों को राहत मिली है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विजय राज्य के अन्तिम छोर पर खड़े व्यक्ति के सपनों को पूर्ण करने में भी प्रेरणादायी बनेगा। उन्होंने कहा कि चंपावत विधानसभा का यह उपचुनाव उत्तराखण्ड निर्माण के लिये अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों की आशाओं को पूर्ण करने, प्रदेश की सम्मानित जनता के हर स्वप्न को सच करने व प्रगति का स्वर्णिम अध्याय लिखे जाने के लक्ष्य को पूर्ण करने की प्रेरणा प्रदान करने वाला भी बनेगा।




चारधामयात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी हेतु एक्सपर्ट कमेटी के गठन के दिये निर्देश


Chaardhaam yatra trends



मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देर सांय मुख्यमंत्री आवास में चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने यात्रा के दौरान यात्रियों के स्वास्थ्य को लेकर चिन्ता व्यक्त करते हुए इस सम्बन्ध में प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने इसके लिये एक्सपर्ट कमेटी गठित किये जाने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान हो रही मृत्यु के वास्तविक कारणों की भी सही स्थिति जनता के समक्ष रखी जाए। ताकि चार धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु आवश्यक एहतियात बरतें।  उन्होंने इसके लिये बुजुर्ग एवं अस्वस्थ लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण की कारगर व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।


मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बुजुर्ग लोग अपना स्वास्थ्य परीक्षण के बाद ही यात्रा पर आए, इसकी व्यवस्था पर ध्यान दिया जाए। इस सम्बन्ध में चारधाम यात्रा से सम्बन्धित व्यवस्थाओं के प्रति नकारात्मक संदेश से बचाव के साथ ही यात्रा के सम्बन्ध में की गई सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के लिये पर्यटन, स्वास्थ्य, परिवहन एवं एस.डी. आर. एफ. के अधिकारी समन्वय से कार्य करते हुए। नियमित रूप से मीडिया को भी वस्तुस्थिति से अवगत कराये जाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराये।


इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, सचिव श्रीमती राधिका झा, पुलिस महानिदेशक श्री अशोक कुमार, महानिदेशक सूचना एवं परिवहन आयुक्त श्री रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव सी. रविशंकर, महानिदेशक स्वास्थ्य के साथ ही सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.