\
नई दिल्ली :
आज नॉवेल कोरोनावायरस के कारण दुनिया भर में मरने वालों की संख्या 31,412 हो गई है। कोरोनावायरस से हुई दो-तिहाई से अधिक मौतों को अब यूरोप में दर्ज किया गया है।
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का कहर देश में लगातार बढ़ता जा रहा है। देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 27 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में कुल मरीजों की संख्या 1047 हो गई है। इसमें 95 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में भर्ती मरीजों की संख्या 924 है। मोहाली निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने के बाद पंजाब में कोविड-19 के कुल मामले बढ़कर 39 हो गए हैं। मोहाली के उपायुक्त गिरीश दायलन ने बताया कि इस व्यक्ति को छह दिन पहले पीजीआईएमईआर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उन्होंने बताया कि सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अब वह कोरोना वायरस की जांच में संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि हम उनके संपर्क में आए सभी लोगों का पता कर रहे हैं और उनकी जांच कराई जाएगी। राज्य में कोरोना वायरस से दो लोगों की मौत हो चुकी है। इन 39 मामलों में से 19 नवांशहर, सात मोहाली से, छह होशियारपुर, पांच जालंधर और एक-एक मामला अमृतसर और लुधियाना से सामने आया है। महाराष्ट्र में आज फिर कोरोना के 12 नए मामले सामने आए हैं। इनमें पांच पुणे, तीन मुंबई, दो नागपुर और कोल्लापुर, नासिक में एक-एक मामले शामिल हैं। इसी के साथ राज्य में संक्रमित मामलों की संख्या 215 हो गई है। अभी तक महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से आठ मरीजों की मौत हो चुकी है। यह जानकारी महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने दी है। मध्यप्रदेश विधानसभा सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारी वैश्विक आपदा कोरोना महामारी से निपटने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में संयुक्त रूप से एक दिन का वेतन देंगे। विधान सभा प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि विधानसभा अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा दी गई उक्त राशि कोरोना पीड़ितों के उपचार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए दी जा रही है जो शासन के आपदा प्रबंधन प्रयासों में सहभागिता के रूप में होगी। सिंह ने बताया कि यह राशि इस माह के वेतन से सीधे मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा की जाएगी। पश्चिम बंगाल में आज कोरोना से पीड़ीत एक और मरीज की मौत हो गई। इससे पहले भी राज्य में एक मरीज की मौत हो चुकी है। इसकी पुष्टि राज्य के एक अधिकारी ने की है।
कोरोना वायरस को लेकर लगाए गए 21 दिनों के लॉकडाउन को लेकर लोगों में भ्रम कि स्थिति है कि क्या लॉकडाउन की तिथि आगे बढ़ाई जा सकती है। इन्हीं अफवाहों का खंडन करते हुए केंद्रीय कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने कहा कि मुझे ऐसी रिपोर्टों को देखकर हैरानी हुई, लॉकडाउन का विस्तार करने की कोई योजना नहीं है।
तमिलनाडु में तिरुचिरापल्ली की एक प्राइवेट सॉफ्टवेयर कंपनी ने कोरोना वायरस आइसोलेशन वार्ड में मरीजों को दवाई देने के लिए शहर के सरकारी अस्पताल में ह्यूमनॉइड रोबोट दान किए हैं। इनमें से चार रोबोट वर्तमान में उपयोग के लिए तैयार हैं। अस्पताल के डीन का कहना है कि अगर जिला प्रशासन द्वारा अनुमति दी जाती है तो उनका उपयोग किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने कहा कि तेलंगाना सात अप्रैल तक कोरोना मुक्त हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अभी 70 लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं। जिनमें 11 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और उनकी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें सोमवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राव ने कहा कि सभी जरूरी कार्रवाई के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, अभी 58 लोगों का इलाज चल रहा है। 25937 लोग जो विदेशों से आए हैं, उन्हें सरकारी अधिकारियों की निगरानी में रखा गया है। उनका क्वारंटीन समय सात अप्रैल को खत्म हो जाएगा। अगर कोई नया मामला सामने नहीं आता है तो सात अप्रैल तक राज्य कोरोना से मुक्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान खुद पर संयम रखना बहुत जरूरी है.
.png)

एक टिप्पणी भेजें