Halloween party ideas 2015



नई दिल्ली:


प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व वित्त मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता अरुण जेटली के निधन पर दुख व्यक्त किया है।
अपने शोक संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा, “अरुण जेटली जी असाधारण राजनीतिज्ञ, बुद्धिजीवी और कानून के जानकार थे। वह स्पष्टवादी नेता थे जिन्होंने भारत को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जाना बेहद दुखद है। मैंने उनकी पत्नी संगीता जी और पुत्र रोहन से बात की है, और अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। ओम शान्ति।
जीवन से भरपूर, हाजिरजवाब, विनोदी स्वभाव के और प्रतिभावान, अरुण जेटली जी को समाज के हर वर्ग के लोग चाहते थे। वह बहुमुखी प्रतिभा के धनी, भारत के संविधान, इतिहास, शासकीय नीति, शासन और प्रशासन के बारे में गहरी जानकारी रखते थे।
अपने लंबे राजनीतिक जीवन के दौरान, अरुण जेटली जी ने अनेक मंत्रालयों में जिम्मेदारियां संभाली, जिससे वह भारत के आर्थिक विकास, हमारी रक्षा क्षमताओं को मजबूत बनाने, लोगों के अनुकूल कानून बनाने और अन्य देशों के साथ व्यापार बढ़ाने की दिशा में योगदान देने में सक्षम हुए।

केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री अरूण जेटली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा  “मैं श्री अरूण जेटली के असमय निधन से अत्यंत दुखी हूँ। उनका निधन मेरे लिए एक व्यक्तिगत क्षति है। मैंने न केवल संगठन का एक वरिष्ठ नेता बल्कि परिवार का एक अभिन्न सदस्य भी    खो दिया है जिनका समर्थन और दिशा निर्देश मैं वर्षों से प्राप्त करता आ रहा था। आज उनके निधन ने देश की राजनीति और भारतीय जनता पार्टी में एक शून्य पैदा कर दिया है जिसे जल्द भरना संभव नहीं होगा ।”
गृह मंत्री ने यह भी कहा कि “ अपने अनूठे अनुभव और विलक्षण क्षमता के साथ, अरूण जी ने पार्टी और सरकार में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। एक शानदार वक्ता और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने देश के वित्त मंत्री, रक्षा मंत्री और राज्यसभा में विपक्ष के नेता जैसे महत्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया।”
श्री अमित शाह ने कहा कि “अरूण जी ने एनडीए सरकार के 2014-19 के कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री के गरीबों के कल्याण के विज़न को धरातल पर उतारने और भारत को विश्व की सबसे तेज गति से बढने वाली अर्थव्यवस्था बनाने के द्वारा देश के वित्त मंत्री के रूप में एक अमिट छाप छोड़ी है। वह लोकोन्मुखी व्यक्ति थे और हमेशा आम लोगों के कल्याण की बात सोचते थे। उनका प्रत्येक निर्णय - चाहे काले धन पर कार्रवाई करने के मामला हो या ‘ जीएसटी- एक राष्ट्र, एक कर’ के स्वप्न को साकार करने का या नोटबंदी हो, इस गुण को प्रदर्शित करता है। देश हमेशा उन्हें उनके अत्यंत सरल और संवेदनशील व्यक्ति के रूप में याद रखेगा।”


    पूर्व वित्तमंत्री व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली का अंतिम संस्कार आज निगम बोध घाट पर अपराह्न दो बजे किया जाएगा। पार्टी कार्यकता और अन्य लोग अरुण जेटली के अंतिम दर्शन कर सकें, इसके लिए आज सुबह 10 बजे भाजपा मुख्यालय में उनका पार्थिव शरीर रखा जाएगा। जेटली का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को दिल्ली के एम्स में 66 वर्ष की आयु में निधन हो गया। सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद जेटली को नौ अगस्त को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। यहां उनकी हालत लगातार बिगड़ती रही और उन्हें बाद में लाइव सपोर्ट सिस्टम पर रखना पड़ा। जेटली का गुरुवार को डायलिसिस हुआ था। निधन के बाद अरुण जेटली के पार्थिव शरीर को शनिवार उनके कैलाश कॉलोनी स्थित आवास पर ले जाया गया था। इससे पहले शनिवार को एम्स की मीडिया और प्रोटोकॉल प्रमुख आरती विज ने जेटली के निधन की घोषणा की। उन्होंने कहा, 'बहुत ही दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि पूर्व वित्तमंत्री व सांसद अरुण जेटली जी का शनिवार दोपहर 12.07 बजे निधन हो गया। वह एम्स में नौ अगस्त से भर्ती थे और उनका इलाज वरिष्ठ डॉक्टरों की निगरानी में हो रहा था।' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले मंत्रिमंडल में भाजपा के दिग्गज नेता ने वित्तमंत्री का कार्यभार 2014 से 2018 तक संभाला। इससे पहले वह राज्यसभा में 2009 से 2014 तक नेता प्रतिपक्ष रहे।
वित्त मंत्रालय में अपने कार्यकाल के दौरान, अरुण जेटली ने भारत के अप्रत्यक्ष कर ढांचे को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा उनके कार्यकाल के दौरान ही नोटबंदी का निर्णय भी लिया गया था। उन्हें उनके आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान, सांसद हंसराज हंस, दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता शामिल रहे। इससे पहले जेटली के निधन की खबर सुनकर एम्स पहुंचने वालों में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी, हरदीप पुरी, जितेंद्र सिंह, अनुराग ठाकुर, भाजपा नेता राज्यवर्धन सिंह राठौड़, मनोज तिवारी एवं रमेश बिधूड़ी प्रमुख रूप से शामिल रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक सबसे भरोसेमंद सहयोगी और एक कुशल वकील जेटली के लिए सभी ने शोक संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि जेटली के निधन ने बौद्धिक पारिस्थितिकी तंत्र में एक बहुत बड़ा शून्य छोड़ दिया है।
उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने उनके निधन को राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उपराष्ट्रपति नायडू को चेन्नई से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जाना था। उन्होंने अपनी यात्रा बीच में छोड़ कर वापस दिल्ली लौटने का फैसला किया। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्होंने एक मूल्यवान दोस्त खो दिया है और भाजपा व जेटली का एक अटूट रिश्ता था।

एक टिप्पणी भेजें

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.