Halloween party ideas 2015



*राज्य की 25 साल की विकास यात्रा एवं शीतकालीन धार्मिक यात्रा व पर्यटन है झांकी की प्रमुख विषयवस्तु*


tableau for republic day by uttarakhand


गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड देहरादून में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में सूचना विभाग द्वारा ‘‘रजत जयंती एवं शीतकालीन धार्मिक यात्रा व पर्यटन’’ विषयक झांकी का प्रदर्शन किया जाएगा। इस झांकी में राज्य के पच्चीस वर्षों की विकास यात्रा के साथ ही तीर्थाटन एवं पर्यटन विकास से जुड़े पहलुओं की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी। इन दिनों परेड ग्राउंड में इस झांकी का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। 


सूचना विभाग के महानिदेशक श्री बंशीधर तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप गणतंत्र दिवस के राज्य स्तरीय समारोह के लिए सूचना विभाग की झांकी को विभाग के संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी के.एस. चौहान की देखरेख में तैयार किया जा रहा है। 


उन्होंने बताया कि झांकी के प्रथम भाग में गंगा मन्दिर, मुखवा को प्रदर्शित किया गया है, जो माँ गंगा का शीतकालीन प्रवास है। झांकी के अग्रिम केबिन में उत्तराखण्ड गठन के 25 गौरवशाली वर्ष प्रदर्शित किए गए हैं, जो राज्य की विकास यात्रा, सांस्कृतिक पहचान और निरंतर प्रगति को दर्शाते हैं। 


झांकी के ट्रेलर भाग में उत्तराखण्ड को आयुर्वेद के अग्रणी राज्य के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जो राज्य की औषधीय पौधों एवं जड़ी-बूटियों की प्राचीन चिकित्सा पद्धति को रेखांकित करती है। ट्रेलर के द्वितीय खंड में उत्तराखण्ड की होम स्टे योजना को दर्शाया गया है। यहां यह प्रदर्शित किया गया है कि किस प्रकार देश-विदेश से आने वाले पर्यटक स्थानीय परिवारों के साथ ठहरने को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे पर्यटन को बढ़ावा, स्थानीय रोजगार और सतत विकास को बल मिल रहा है। इसके पश्चात् झांकी में खरसाली स्थित यमुना मन्दिर को प्रदर्शित किया गया है, जो माँ यमुना का शीतकालीन धाम है। यह मंदिर अपनी पौराणिक मान्यताओं, आध्यात्मिक महत्व एवं हिमालय की गोद में स्थित शांत वातावरण के लिए विशेष रूप से प्रसिद्ध है। 


झांकी के अंतिम भाग में उठते हुए स्तंभों (पिलर्स) के माध्यम से उत्तराखण्ड की वर्ष-दर-वर्ष प्रगति को दर्शाया गया है, जो राज्य के सतत विकास का प्रतीक है। झांकी के पार्श्व भाग में उत्तराखण्ड में लागू किये गये नये कानूनों को प्रदर्शित किया गया है, जो राज्य की कानून व्यवस्था एवं सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पृष्ठभूमि में की गई ऐंपण कला की सजावट, उत्तराखण्ड की पारंपरिक लोक कला को आधुनिक दृष्टिकोंण से जोड़ती है। 


सूचना विभाग की यह झांकी राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस का प्रमुख आकर्षण होगी।  उल्लेखनीय है कि परेड ग्रांड देहरादून में सूचना विभाग के द्वारा पिछले पन्द्रह वर्षों से झांकी का आयोजन किया जा रहा है और वर्ष 2024 व 2025 में सूचना विभाग की झांकी को प्रथम पुरस्कार मिला था।


दिनांक:- 24 जनवरी, 2026



पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड द्वारा 46 अपर उपनिरीक्षक स.पु. एवं अपर गुल्मनायक पीएसी/आईआरबी से गुल्मनायक पीएसी/आईआरबी के पद पर पदोन्नति प्रदान की गयी है।


*सचिव आपदा प्रबंधन ने की राज्य में बारिश तथा बर्फबारी से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा*

*अधिकारियों को 24 * 7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश*


देहरादून:

alert mode instruction by disaster department uttarakhand


सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने शनिवार को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से राज्य में वर्षा, बर्फबारी एवं कोहरे के दृष्टिगत विभिन्न जनपदों में उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जन सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने तथा अधिकारियों को 24 * 7 अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और नियमित तौर पर अपडेट ले रहे हैं। माननीय मुख्यमंत्री ने जन सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए कार्य करने के निर्देश दिए हैं। 


माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बंद मार्गों, बिजली एवं पेयजल आपूर्ति की स्थिति तथा विभिन्न स्थानों पर वाहनों एवं व्यक्तियों के फंसे होने की घटनाओं की विस्तार से समीक्षा की।


सचिव आपदा प्रबंधन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बर्फबारी से प्रभावित मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर सुचारु किया जाए तथा सड़क खोलने की मशीनरी एवं संसाधनों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति बहाल करने के लिए विभागीय टीमें लगातार फील्ड में तैनात रहें, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


उन्होंने कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में वाहन या व्यक्ति फंसे होने की सूचना प्राप्त होती है, तो जिला प्रशासन तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करे। दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सचिव ने शीतलहर एवं बर्फबारी को देखते हुए बुजुर्गों, बच्चों तथा अन्य संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा एवं आवश्यक देखभाल सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।


सचिव श्री विनोद कुमार सुमन ने यह भी निर्देश दिए कि सभी जनपद आपातकालीन संसाधनों, मानव बल एवं उपकरणों को पूर्ण रूप से तैयार अवस्था में रखें तथा राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को स्थिति से निरंतर अवगत कराते रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात परिस्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सक्रिय है।


सचिव श्री सुमन ने आम नागरिकों से अपील की कि वे मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में जिला प्रशासन या संबंधित आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करें।


इस अवसर पर सचिव श्री आनंद स्वरूप, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद ओबेदुल्लाह अंसारी के साथ ही उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विशेषज्ञ उपस्थित रहे।




एवलांच की चेतावनी, चमोली की लिए श्रेणी 03 का अलर्ट

देहरादून। रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (DGRE), चंडीगढ़ द्वारा दिनांक 24 जनवरी 2026 को जारी Avalanche Warning Bulletin (AWB) के अनुसार उत्तराखंड राज्य के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमस्खलन की संभावनाओं को देखते हुए सतर्कता बरतने की आवश्यकता जताई गई है। यह चेतावनी 24 जनवरी 2026 सायं 5:00 बजे से 25 जनवरी 2026 सायं 5:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।


DGRE द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार जनपद उत्तरकाशी में 2800 मीटर से अधिक ऊँचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन का खतरा स्तर–2 (येलो) दर्शाया गया है। वहीं जनपद चमोली में 3000 मीटर से अधिक ऊँचाई वाले क्षेत्रों में खतरा स्तर–3 (ऑरेंज) अंकित किया गया है। इसके अतिरिक्त रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ एवं बागेश्वर जनपदों में 2800 मीटर से अधिक ऊँचाई पर हिमस्खलन खतरा स्तर–2 (येलो) बताया गया है।


DGRE के अनुसार इन क्षेत्रों में बर्फ की स्थिति आंशिक रूप से अस्थिर है तथा कुछ स्थानों पर प्राकृतिक हिमस्खलन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। विशेष रूप से चमोली जनपद के ऊँचाई वाले क्षेत्रों में मध्यम आकार के हिमस्खलन संभावित हैं।


इस चेतावनी के दृष्टिगत राज्य आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा संबंधित जनपदों को अलर्ट पर रखा गया है। जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि वे ऊंचाई वाले संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही पर नियंत्रण रखें, पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक करें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों एवं राहत-बचाव दलों को तैयार अवस्था में रखें।


सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों, ट्रेकर्स, चरवाहों एवं स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचें, प्रशासन द्वारा जारी परामर्शों का पालन करें तथा मौसम की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन अथवा राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई है।

राज्य सरकार द्वारा स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है तथा DGRE एवं मौसम विभाग से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



- राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर देहरादून समेत कईं जिलों में हो रहे मतदाता जागरूकता के आयोजन

- राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य पर देहरादून में 500 से अधिक ‘माय भारत स्वयंसेवक’ कर रहे प्रतिभाग

- 25 जनवरी 2026 को ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी एवं महन्त इंद्रेश मोथरोवाला, देहरादून में होगा आयोजन

- माय भारत टिहरी गढ़वाल एवं जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर की ओर से पूर्णानंद स्पोर्टस स्टेडियम, ऋषिकेश में होगा आयोजन

- पदयात्रा का उद्देश्य मेरा भारत मेरा वोट के संदेश के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी को अधिकतम करना है




रविवार, 25 जनवरी 2026 को मेरा युवा भारत (माय भारत) उत्तराखंड, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। 


जो  ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी एवं महन्त इंद्रेश मोथरोवाला में होगा, जिसमें 500 से अधिक माय भारत स्वयंसेवक प्रतिभाग कर रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य मेरा भारत मेरा वोट (माय भारत माय वोट) के संदेश के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी को अधिकतम करना है। यह कार्यक्रम एक राष्ट्रव्यापी युवा लामबंदी पहल है , जिसका उद्देश्य विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए सूचित नैतिक और सहभागी चुनावी जुड़ाव को बढ़ावा देना है।


 मतदाता जागरूकता को शारीरिक फिटनेस और सामुदायिक भागीदारी के साथ जोड़कर इस पहल का लक्ष्य राष्ट्रीय मतदाता दिवस को युवाओं के नेतृत्व वाले एक जीवंत जन आंदोलन में बदलना है।


#MyBharatMyVote के तहत फिट इंडिया संडेज ऑन साइकल का आयोजन टिहरी गढ़वाल में भी किया जा रहा है। जो पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, ऋषिकेश में होगा। फिट इंडिया संडेज ऑन साइकल का आयोजन माय भारत टिहरी गढ़वाल एवं जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर, टिहरी गढ़वाल की ओर एकसाथ कराया जा रहा है।


इस कार्यक्रम के प्रमुख उद्देश्यों में से एक युवा नागरिकों को मतदान के महत्व के बारे में संवेदनशील बनाना मतदाता पंजीकरण और चुनावी विवरणों में सुधार के लिए प्रोत्साहित करना और जमीनी स्तर पर लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना है। यह पदयात्रा  सामूहिक नागरिक कार्रवाई के माध्यम से मतदाता जागरूकता संदेश फैलाने के लिए एक दृश्यमान और सहभागी मंच के रूप में कार्य करेगी।


इस कार्यक्रम में 'MY Bharat' के स्वयंसेवकों और पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी देखी जाएगी। गतिविधियों में पदयात्रा कार्यक्रम पहली बार मतदाता बनने वालों का सम्मान मतदाता जागरूकता संवाद शपथ ग्रहण समारोह और सार्वजनिक आउटरीच शामिल हैं।


राष्ट्र निर्माण के लिए इस तरह के लोकतांत्रिक अभ्यासों में युवाओं की भागीदारी एक महत्वपूर्ण घटक है। युवा नागरिकों को जागरूकता जिम्मेदारी और चुनावी प्रक्रिया में स्वामित्व की भावना के साथ सशक्त बनाना लोकतंत्र की नींव को मजबूत करता है। इस पहल के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता के दूत के रूप में उभरने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।


मेरा युवा भारत सभी युवा नागरिकों से राष्ट्रीय मतदाता दिवस पदयात्रा में सक्रिय रूप से भाग लेने और भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने में सार्थक योगदान देने का आह्वान करता है।


*समानता और न्याय की दिशा में एतिहासिक कदम का 01 साल पूरा, 

*यूसीसी दिवस का भव्य उत्सवः देहरादून में राज्य स्तरीय कार्यक्रम, मुख्यमंत्री करेंगे शिरकत,*

*सेवा, समपर्ण और उत्कृष्टता का सम्मान, यूसीसी दिवस पर अनेक होंगे सम्मानित,*

*यूसीसी दिवस की तैयारियों को लेकर सीडीओ ने ली वर्चुअल समीक्षा बैठक, नोडल अधिकारियों को दिए निर्देश*

देहरादून:



उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू हुए एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 27 जनवरी 2026 को ‘समान नागरिक संहिता दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम), नीबूंवाला, देहरादून में एक भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी प्रतिभाग करेंगे।


यूसीसी दिवस की तैयारियों को लेकर मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव शाह ने वर्चुअल माध्यम से विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं।


कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम को अधिक रोचक एवं सहभागितापूर्ण बनाने के उद्देश्य से ऑन-द-स्पॉट क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा।


मुख्य विकास अधिकारी ने संयुक्त निदेशक, उच्च शिक्षा को निर्देश दिए कि विभिन्न विश्वविद्यालयों में विधि (कानून) की पढ़ाई कर रहे छात्रों की कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित की जाए। वहीं शिक्षा अधिकारी को यूसीसी दिवस के परिप्रेक्ष्य में विद्यालयों में निबंध, वाद-विवाद एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित कराने तथा विजेता विद्यार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने-ले जाने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।


इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में बार काउंसिलिंग एवं स्थानीय बार एसोसिएशन के प्रमुख पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।


लोक निर्माण विभाग को मंच, हॉल, साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन एवं टेंटेज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा, यातायात एवं वाहन पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ रखने को कहा गया है। वहीं परियोजना निदेशक को आमंत्रित अतिथियों को समय से निमंत्रण पत्र वितरित करने के निर्देश दिए गए।


कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सूक्ष्म जलपान, पेयजल, विद्युत, परिवहन एवं स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित नोडल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।


समान नागरिक संहिता दिवस का यह राज्य स्तरीय आयोजन उत्तराखंड की ऐतिहासिक पहल को जन-जन तक पहुंचाने एवं सामाजिक समरसता के संदेश को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।




*होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री खरीद से जुड़ा घोटाला*

*भ्रष्टाचार पर CM धामी की जीरो टॉलरेंस ऑन करप्शन की नीति*

*भ्रष्टाचार के मामले में सीएम धामी ने फिर की उच्च स्तरीय अधिकारी पर कार्रवाई


CM Dhami suspended DIG , vardi scam


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री खरीद से जुड़े घोटाले में संलिप्त पाए जाने पर निदेशक होमगार्ड (डिप्टी कमांडेंट) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए मामले की जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। 


प्रकरण वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए वर्दी सामग्री की खरीद प्रक्रिया से जुड़ा है, जिसमें टेंडर प्रक्रिया में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे। महानिदेशक, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, देहरादून की ओर से शासन को भेजी गई रिपोर्ट में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता के अभाव और नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई। 


महादिनदेशक की संतुति पर सीएम धामी ने डिप्टी कमांडेंट को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए संयुक्त जांच समिति गठित करने  के निर्देश दिए हैं।  


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्ट आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 आज का राशिफल

दिनाँक - 24 जनवरी,2026

दिन शनिवार


rashifal today 24 jan 2026


मेष

अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो

कम प्रयास से काम बनेंगे। धनार्जन होगा। प्रतिष्ठा बढ़ेगी। स्वास्थ्य कमजोर रहेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा। परिवार से संबंध घनिष्ठ होंगे। नए संबंधों के प्रति सतर्क रहें। भूल करने से विरोधी बढ़ेंगे। रुके धन की प्राप्ति में अड़चनें आएंगी।

वृषभ

ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो

मेहमानों का आगमन होगा। शुभ समाचार प्राप्त होंगे। आत्मसम्मान बढ़ेगा। वाणी पर नियंत्रण रखें। व्यापार में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। अपने काम से काम रखें। दूसरों के विश्वास में न आएं। परिवार में तनावपूर्ण माहौल रह सकता है।


मिथुन

का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह

लेन-देन में सावधानी रखें। रोजगार मिलेगा। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। अचानक लाभ होगा। धन संबंधी कार्यों में विलंब से चिंता हो सकती है। लाभदायक समाचार मिलेंगे। कार्य के विस्तार की योजना बनेगी। संत-समागम होगा।


कर्क

ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

चोट व रोग से हानि संभव है। कुसंगति से हानि होगी। विवाद न करें। फालतू खर्च बढ़ेंगे। आवास संबंधी समस्या का समाधान संभव है। आवेश में कोई कार्य नहीं करें। सामाजिक एवं राजकीय ख्याति में अभिवृद्धि होगी। व्यापार अच्छा रहेगा।

सिंह

मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे

शारीरिक कष्ट संभव है। लेन-देन में सावधानी रखें। सुख के साधन जुटेंगे। रुका हुआ धन मिलेगा। अधूरे काम समय पर सफलता से होने पर उत्साह बढ़ेगा। वाहन चलाते समय सावधानी रखें। व्यापार के कार्य से बाहर जाना पड़ सकता है।


कन्या

ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो

दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। नई योजना बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। आय बढ़ेगी। भोग-विलास में रुचि बढ़ेगी। जीवनसाथी से संबंधों में प्रगाढ़ता आएगी। स्थायी संपत्ति के मामले उलझेंगे। कार्य में मित्रों की मदद मिलेगी। आर्थिक मनोबल बढ़ेगा।

राशि फलादेश

तुला

रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

कोर्ट व कचहरी में अनुकूलता रहेगी। पूजा-पाठ में मन लगेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। थकान रहेगी। परिवार एवं समाज में आपके कामों को महत्व एवं सम्मान प्राप्त हो सकेगा। वाणी पर संयम आवश्यक है। व्यापार-व्यवसाय में लाभ होगा।

वृश्चिक

तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू

चोरी, चोट व विवाद आदि से हानि संभव है। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। धनार्जन होगा। भागदौड़, बाधाओं व सतर्कता के बाद सफलता मिलेगी। पारिवारिक सुख, संतोष बढ़ेगा। उपहार मिलने के योग हैं। अधिक व्यय न करें। खर्चों में कमी करें।

धनु

ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे

पुराना रोग उभर सकता है। बेचैनी रहेगी। जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा। कानूनी बाधा दूर होगी। रुका धन मिलने से धन संग्रह होगा। कार्य में भागीदार सहयोग करेंगे। विकास की योजनाएं बनेंगी। दांपत्य जीवन में गलतफहमी आ सकती है।


मकर

भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी

घर-परिवार की चिंता रहेगी। भूमि व भवन संबंधी योजना बनेगी। बेरोजगारी दूर होगी। आपका सामाजिक क्षेत्र बढ़ेगा। लाभदायक सौदे होंगे। विपरीत परिस्थितियों का सफलता से सामना कर सकेंगे। जीवनसाथी से आर्थिक मतभेद हो सकते हैं।

कुंभ

गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा

शत्रु परास्त होंगे। पार्टी व पिकनिक का आनंद मिलेगा। विद्यार्थी वर्ग सफलता हासिल करेगा। धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। किसी नए कार्य में भाग लेने के योग हैं। विद्वानों के साथ रहने का अवसर मिलेगा। व्यापार में भागीदार सहयोग करेंगे।

मीन

दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची

घर-परिवार की चिंता रहेगी। विवाद को बढ़ावा न दें। स्वास्थ्य कमजोर रहेगा। जोखिम न लें। अचानक यात्रा के भी अच्छे फल मिलेंगे। आमदनी में वृद्धि होगी। प्रसिद्धि एवं सम्मान में इजाफा होगा। नौकरी में उन्नति के योग हैं

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.