Halloween party ideas 2015


आज का राशिफल

*दिनांक:- 08/05/2025, गुरुवार*

एकादशी, शुक्ल पक्ष, 

वैशाख

Rashifal today 08 may 2025


*💮🚩    विशेष जानकारी   🚩💮*


 *मोहिनी एकादशी व्रत (सर्वेषां)


*श्री हित हरिवंशचन्द्र महाप्रभु जन्म उत्सव राधावल्लभ जी 


*💮🚩💮   शुभ विचार   💮🚩💮*


गन्धः सुवर्णे फलभिक्षुदंडे-

नाऽकारि पुष्पं खलु चन्दनस्य ।

विद्वान् धनी भूपतिदीर्घजीवी

धातुः पुरा कोऽपि न बुध्दिदोऽभूत् ।।

।। चा o नी o।।


  शायद किसीने ब्रह्माजी, जो इस सृष्टि के निर्माता है, को यह सलाह नहीं दी की वह ...

सुवर्ण को सुगंध प्रदान करे.

गन्ने के झाड को फल प्रदान करे.

चन्दन के वृक्ष को फूल प्रदान करे.

विद्वान् को धन प्रदान करे.

राजा को लम्बी आयु प्रदान करे.


*🚩💮🚩  सुभाषितानि  🚩💮🚩*


गीता -:श्रद्धात्रयविभागयोग :- अo-17


तस्मादोमित्युदाहृत्य यज्ञदानतपः क्रियाः।,

प्रवर्तन्ते विधानोक्तः सततं ब्रह्मवादिनाम्‌॥,


इसलिए वेद-मन्त्रों का उच्चारण करने वाले श्रेष्ठ पुरुषों की शास्त्र विधि से नियत यज्ञ, दान और तपरूप क्रियाएँ सदा 'ॐ' इस परमात्मा के नाम को उच्चारण करके ही आरम्भ होती हैं॥,24॥,


*💮🚩   दैनिक राशिफल   🚩💮*


देशे ग्रामे गृहे युद्धे सेवायां व्यवहारके।

नामराशेः प्रधानत्वं जन्मराशिं न चिन्तयेत्।।

विवाहे सर्वमाङ्गल्ये यात्रायां ग्रहगोचरे।

जन्मराशेः प्रधानत्वं नामराशिं न चिन्तयेत ।।


🐏मेष

दूर से शुभ समाचार प्राप्त होंगे। घर में मेहमानों का आगमन होगा। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। व्यापार में लाभ होगा। निवेश शुभ रहेगा। संतान पक्ष से आरोग्य व अध्ययन संबंधी चिंता रहेगी। दुष्टजनों से दूरी बनाए रखें। हानि संभव है। भाइयों का साथ मिलेगा।


🐂वृष

किसी आनंदोत्सव में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। विद्यार्थी वर्ग सफलता हासिल करेगा। मनपसंद भोजन का आनंद मिलेगा। व्यापार में वृद्धि के योग हैं। परिवार व मित्रों के साथ समय प्रसन्नतापूर्वक व्यतीत होगा। शारीरिक कष्ट संभव है, सावधान रहें। निवेश शुभ रहेगा। तीर्थयात्रा की योजना बन सकती है।


👫मिथुन

व्ययवृद्धि से तनाव रहेगा। बजट बिगड़ेगा। दूर से शोक समाचार मिल सकता है, धैर्य रखें। किसी महत्वपूर्ण निर्णय लेने में जल्दबाजी न करें। भागदौड़ रहेगी। बोलचाल में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। पुराना रोग उभर सकता है। व्यापार में अधिक ध्यान देना पड़ेगा। जोखिम न उठाएं।


🦀कर्क

कष्ट, भय, चिंता व तनाव का वातावरण बन सकता है। जीवनसाथी पर अधिक मेहरबान होंगे। कोर्ट व कचहरी के कार्यों में अनुकूलता रहेगी। लाभ में वृद्धि होगी। पारिवारिक प्रसन्नता तथा संतुष्टि रहेगी। निवेश शुभ रहेगा। व्यय होगा। मित्रों से मेलजोल बढ़ेगा। नए संपर्क बन सकते हैं। धनार्जन होगा।


🐅सिंह

तरक्की के अवसर प्राप्त होंगे। भूमि व भवन संबंधी बाधा दूर होगी। आय में वृद्धि होगी। मित्रों के साथ बाहर जाने की योजना बनेगी। रोजगार प्राप्ति के योग हैं। परिवार व स्नेहीजनों के साथ विवाद हो सकता है। शत्रुता में वृद्धि होगी। अज्ञात भय रहेगा। थकान महसूस होगी। व्यवसाय ठीक चलेगा।


🙍‍♀️कन्या

यात्रा सफल रहेगी। शारीरिक कष्ट हो सकता है। बेचैनी रहेगी। नई योजना बनेगी। लोगों की सहायता करने का अवसर प्राप्त होगा। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। काफी समय से अटके काम पूरे होने के योग हैं। भरपूर प्रयास करें। आय में मनोनुकूल वृद्धि होगी। पार्टनरों का सहयोग मिलेगा। निवेश शुभ रहेगा।


⚖️तुला

अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। कर्ज लेने की स्थिति बन सकती है। पुराना रोग बाधा का कारण बन सकता है। अपेक्षित कार्यों में विलंब हो सकता है। चिंता तथा तनाव रहेंगे। प्रेम-प्रसंग में जल्दबाजी न करें। प्रतिद्वंद्विता में वृद्धि होगी। व्ययसाय लाभप्रद रहेगा। कार्य पर ध्यान दें।


🦂वृश्चिक

कोई राजकीय बाधा हो सकती है। जल्दबाजी में कोई भी गलत कार्य न करें। विवाद से बचें। काफी समय से अटका हुआ पैसा मिलने का योग है, प्रयास करें। या‍त्रा लाभदायक रहेगी। आय के नए स्रोत प्राप्त हो सकते हैं। नौकरी में कार्य की प्रशंसा होगी। वस्तुएं संभालकर रखें।


🏹धनु

किसी की बातों में न आएं। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। नवीन वस्त्राभूषण पर व्यय होगा। अचानक लाभ के योग हैं। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। व्यापार में वृद्धि से संतुष्टि रहेगी। नौकरी में जवाबदारी बढ़ सकती है। पारिवारिक सहयोग मिलेगा। उत्साह से काम कर पाएंगे।


🐊मकर

परिवार की आवश्यकताओं के लिए भागदौड़ तथा व्यय की अधिकता रहेगी। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में विशेष सावधानी की आवश्यकता है। दूसरों के झगड़ों में न पड़ें। कार्य की गति धीमी रहेगी। चिंता तथा तनाव रहेंगे। निवेश करने का समय नहीं है। नौकरी में मातहतों से अनबन हो सकती है, धैर्य रखें।


🍯कुंभ

जोखिम व जमानत के कार्य टालें। शारीरिक कष्ट संभव है। व्यवसाय धीमा चलेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी की नाराजी झेलनी पड़ सकती है। परिवार में मनमुटाव हो सकता है। सुख के साधनों पर व्यय सोच-समझकर करें। निवेश करने से बचें। व्यापार ठीक चलेगा। आय बनी रहेगी। मित्रों का सहयोग मिलेगा।


🐟मीन

किसी अपरिचित की बातों में न आएं। धनहानि हो सकती है। थोड़े प्रयास से ही काम सफल रहेंगे। मित्रों की सहायता करने का अवसर प्राप्त होगा। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। लाभ के अवसर प्राप्त होंगे। किसी प्रबुद्ध व्यक्ति का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। नौकरी में उच्चाधिकारी प्रसन्न रहेंगे।


🙏आपका दिन मंगलमय हो🙏

🌺🌺🌺🌺🙏🌺🌺🌺🌺

*आचार्य  पवन  पाराशर (वृन्दावन)*


*शादियों के सीजन में रहती है एडवांस बुकिंग*

*इस साल अब तक 500 से अधिक शादियां हुईं* 

Wed in trijuginarayan popular all over world


रुद्रप्रयाग जनपद में स्थित, शिव- पार्वती का विवाहस्थल त्रिजुगीनारायण वैश्विक वेडिंग डेस्टिनेशन के तौर पर उभर रहा है। जहां देश विदेश से लोग सनातन परम्पराओं के अनुसार विवाह करने के लिए पहुंच रहे हैं। शादियों के सीजन में अब यहां हर महीने 100 से अधिक शादियां हो रही हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई मौकों पर डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए उत्तराखंड की ब्रांडिंग कर चुके हैं। इसका असर, त्रिजुगीनारायण मंदिर में साफ तौर पर नजर आ रहा है। जहां लोग देश विदेश से डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए पहुंच रहे हें। इससे यहां होटल कारोबारियों से लेकर पंडे पुजारियों, वेडिंग प्लानर, मांगल टीमों और ढोल दमौ वादकों सहित कई अन्य लोगों को काम मिल रहा है। 


*2025 में हुई पांच सौ शादियां* 

क्षेत्र की वेडिंग प्लानर रंजना रावत के मुताबिक, 07 से 09 मई के बीच सिंगापुर में कार्यरत भारतीय मूल की डॉक्टर प्राची, यहां शादी करने के लिए पहुंच रही है। इसके लिए उन्होने जीएमवीएन टीआरएच बुक किया हुआ है। उन्होंने बताया कि इस साल अप्रैल माह तक ही यहां करीब पांच सौ शादियां हो चुकी हैं, जबकि 2024 में कुल छह सौ शादियां ही हुई थी। उन्होंने बताया कि अब तक यहां इसरो के एक वैज्ञानिक, अभिनेत्री चित्रा शुक्ला, कविता कौशिक, निकिता शर्मा, गायक हंसराज रघुवंशी, यूट्यूबर आदर्श सुयाल, गढ़वाली लोकगायक सौरभ मैठाणी के साथ ही कई, जानी मानी हस्तियां सात फेरे ले चुके हैं। 


*रजिस्ट्रेशन होना अनिवार्य* 

मंदिर के पुजारी सच्चिदानंद पंचपुरी ने बताया कि यहां सनातन मतावलंबियों का विवाह वैदिक परंपराओं के अनुसार सम्पन्न होता है, इसके लिए पहले से रजिस्ट्रेशन होना अनिवार्य है। साथ ही माता-पिता या अभिभावकों की मौजूदगी में ही विवाह समपन्न होता है। उन्होने बताया कि सात फेरों के लिए मंदिर परिसर में ही वेदी बनाई गई है, इसके बाद अखंड ज्योति के साथ पग फेरा लिया जाता है। इसके अलावा अन्य सभी आयोजन, नजदीकी होटल और रिजॉर्ट में सम्पन्न किए जाते हैं। सीतापुर तक के होटल में अन्य विवाह समारोह भी स्थानीय पुजारियों द्वारा सम्पन्न कराए जाते हैं, इसके लिए दक्षिणा की दरें तय की गई हैं।   


*त्रिजुगीनारायण मंदिर का महत्व* 

त्रिजुगीनारायण मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित है। मान्यता है कि यहां भगवान शिव और देवी पार्वती का विवाह संपन्न हुआ था। स्वयं भगवान विष्णु ने इस विवाह में देवी पार्वती के भाई (कन्यादानकर्ता) का कर्तव्य निभाया था। मंदिर प्रांगण में एक पवित्र अखंड अग्नि है, मान्यता है कि शिव पार्वती ने इसी अग्नि के सात फेरे लिए थे। मंदिर की बनावट केदारनाथ मंदिर से मिलती-जुलती है।।


*प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद, उत्तराखंड में देश विदेश के लोग डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए पहुंच रहे हैं। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिल रहा है। सरकार उत्तराखंड में डेस्टिनेशन वेडिंग को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहायता दे रही है। देवभूमि उत्तराखंड आपका स्वागत करने के लिए तैयार है।*

*पुष्कर सिंह धामी



*कैबिनेट मंत्री बोली पराक्रम के साथ ही भारत ने महिला सशक्तिकरण का भी दिया संदेश*

*भगवानपुर में किया कामकाजी  महिला छात्रावास का भूमि पूजन*

भगवानपुर/ हरिद्वार :

Women workers  hostel  lay foinded in Bhagwanpur by minister Rekha Arya


 कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि जिन आतंकियों और उनके आकाओं ने कुछ भारतीय महिलाओं की मांग का सिंदूर उजाड़ने का दुस्साहस किया था, भारत नें *ऑपरेशन सिंदूर* के जरिए उन्हें ही मिट्टी में मिला दिया। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने बुधवार को भगवानपुर में कामकाजी महिला छात्रावास का भूमि पूजन किया।


 महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि यह कामकाजी महिला छात्रावास 279.05 लाख रुपए की लागत से बनकर तैयार होगा और यह लगभग 750  वर्ग मीटर के एरिया में फैला होगा। उन्होंने कहा कि छात्रावास के बनने से भगवानपुर और आसपास के क्षेत्र में कामकाजी महिलाओं को आवास संबंधी समस्या से मुक्ति मिलेगी। 


 कैबिनेट मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा करते हुए कहा कि आज हर भारतवासी के लिए गर्व का दिन है, क्योंकि हमारी बहादुर सेना ने आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने इसे ऑपरेशन सिंदूर का नाम भी इसीलिए दिया ताकि कोई आतायी भविष्य में ऐसी वारदात करने का दुस्साहस न कर सके।


पत्रकारों से वार्ता करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि इस अभियान की सफलता के बाद इसकी जानकारी देने के लिए भी सेना की दो महिला अधिकारी सामने आई, जिससे पूरी दुनिया में संदेश गया कि भारत की नारियां कितनी सशक्त हैं।


इस अवसर पर राज्य मंत्री  श्याम वीर सैनी, विधायक ममता राकेश, उपनिदेशक विक्रम सिंह, डीपीओ सुलेखा सहगल, राज्य परियोजना अधिकारी आरती बलोदी, धर्मवीर सिंह आदि मौजूद रहे



 *महालक्ष्मी किट और किशोरी किट का वितरण*


 कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने पात्र महिला और किशोरियों को महालक्ष्मी किट और किशोरी किट का वितरण भी किया इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत छात्रावास निर्माण स्थल पर पौधा भी रोपा।


 

◾ *राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से मॉक ड्रिल की मॉनीटरिंग*


◾ *गृह सचिव श्री शैलेश बगौली, डीजीपी श्री दीपम सेठ व सचिव आपदा प्रबंधन श्री विनोद सुमन पहुंचे SEOC*

◾ *ड्रिल संचालन पर ली विस्तृत जानकारी, दिए आवश्यक निर्देश*

DGP and secretary disaster management observed mock drill


बुधवार को *गृह मंत्रालय, भारत सरकार* के दिशा-निर्देशों के तहत देहरादून में *नागरिकों की सुरक्षा* के उद्देश्य से आयोजित *सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल* की निगरानी यूएसडीएमए स्थित राज्य व जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से की गई।


*सचिव गृह श्री शैलेश बगौली, पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ व सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद सुमन ने SEOC से मॉक ड्रिल की बारीकी से निगरानी की।*


ड्रिल के दौरान *सचिव श्री शैलेश बगौली* ने जिला आपातकालीन केंद्र में मौजूद डीएम श्री सविन बंसल से घटनाओं की स्थिति, राहत कार्यों की प्रक्रिया, शेल्टर की क्षमता, स्टेजिंग एरिया की व्यवस्थाएं व आईआरएस की सक्रियता पर विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आईआरएस एक सशक्त व्यवस्था है, जिसके तहत राज्य से लेकर तहसील स्तर तक हर अधिकारी की भूमिका स्पष्ट होनी चाहिए।


*डीजीपी श्री दीपम सेठ* ने फील्ड अधिकारियों से रिजर्व संसाधनों व उपकरणों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली व ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।


*सचिव आपदा प्रबंधन श्री विनोद सुमन* ने निर्देश दिए कि मॉक ड्रिल में सामने आई ऑब्सर्वशन्स की पहचान कर डीब्रीफिंग के साथ विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए।

ड्रिल के दौरान SEOC से यह भी सुनिश्चित किया गया कि घटनास्थलों पर आवश्यक संसाधन व सहायता समय पर पहुंचे।



 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मेयर देहरादून श्री सौरभ थपलियाल सहित हरिद्वार मेयर एवं  विभिन्न नगर पालिका अध्यक्षों ने मुलाक़ात की | 

Local bodies chairman and mayor meet to CM at his hounse


इस अवसर पर उक्त स्थानीय निकाय के जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को अपनी विभिन्न मांगों से अवगत कराया | मुख्यमंत्री ने  उन्हें इस विषय पर  हर संभव उचित सहायता का आश्वासन दिया | 


 इस अवसर पर मेयर हरिद्वार श्री विकास शर्मा, अध्यक्ष नगर पालिका डोईवाला  श्री नरेंद्र सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका चमोली श्री संदीप रावत, अध्यक्ष नगर पालिका हरबर्टपुर श्रीमती नीरू देवी, अध्यक्ष नगर पालिका मसूरी श्रीमती मीरा सकलानी मौजूद रहे|


*केंद्रीय गृह मंत्री के साथ आयोजित वर्चुअल बैठक के बाद सीएम धामी ने ली उच्चस्तरीय बैठक* 


*अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती के निर्देश, लोगों से अफवाहों से बचने की अपील* 

 

CM Dhami instructs to alert system for chardhaam and  important places securkty

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिये कि अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की परिस्थितियों को देखते हुए चारधाम यात्रा, उत्तराखंड में स्थित महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और बांधों और ऊर्जा संयंत्रों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतेजाम किये जाएं। उन्होंने शासन, प्रशासन और पुलिस को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिये हैं। 


केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह की वर्चुअल बैठक में प्रतिभाग करने के बाद, मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्तरराष्ट्रीय सीमाओं से लगे राज्य के सभी क्षेत्रों में सुरक्षा की दृष्टि से पुख्ता इंतजाम किए जाएं, सीमांत क्षेत्रों में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि इस समय राज्य में चारधाम यात्रा चल रही है, जिसमें लाखों तीर्थयात्री प्रतिभाग कर रहे हैं, इसलिए यात्रा मार्ग सहित चारों धामों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

 उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कई राष्ट्रीय महत्व के प्रतिष्ठान हैं, इन संस्थानों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। 


मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी तरह की आपात स्थिति के लिए जिला और तहसील स्तर पर खाद्यान सहित आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाये रखी जाए।


अस्पतालों को आपातकालीन परिस्थितियों के लिए अलर्ट रखा जाए। सभी आवश्यक दवाओं का पूर्ण प्रबंध किया जाय। 


उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा दल और स्वयंसेवी संस्थाओं को बचाव और राहत कार्य के लिए प्रशिक्षण दिया जाए।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को भी सही सूचनाओं के साथ सतर्क किया जाए, साथ ही इस बात का ध्यान रखा जाए कि जन सामान्य के पास हर तरह से सही और प्रमाणित सूचनाएं ही पहुंचे, ताकि वो अफवाह से दूर रह सकें।

 साथ ही अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती की जाए। सोशल मीडिया के माध्यम से इस पर लगातार निगरानी रखी जाए।


 मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़ते हुए, कार्मिकों के अवकाश मंजूर न किए जाएं। 


उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को अपने-अपने जिलों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए। लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि शासन – प्रशासन हर तरह से मदद के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के लिए अतिरिक्त केंद्रीय सुरक्षा बल उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का विशेष आभार व्यक्त किया है।


 बैठक में मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर.के सुधांशु, डीजीपी श्री दीपम सेठ, सचिव श्री शैलेश बगोली, श्री वीके सुमन शामिल हुए।


मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी गुरूवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में अर्पित फाउंडेशन द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सवा करोड़ जनता के सहयोग और समर्थन का प्रतीक है, जिन्होंने हर ऐतिहासिक निर्णय में सरकार का साथ दिया। 



मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पहले नकल और पेपर लीक जैसी समस्याओं से युवाओं के सपने टूटते थे, राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पारदर्शिता से परीक्षाएं हो रही हैं और पिछले साढ़े तीन वर्षों में 23 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त करने के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं। संसद में एक तिहाही आरक्षण, उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी योजना जैसी अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी दिशा में उत्तराखंड सरकार ने भी मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना, महालक्ष्मी योजना, वात्सल्य योजना, आंचल अमृत योजना और पोषण अभियान जैसे कई प्रभावी कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड पहला राज्य है जहाँ समान नागरिक संहिता को लागू किया गया है, जिससे समाज में समरसता और महिलाओं को समान अधिकार मिले हैं। लिव-इन रिलेशनशिप का पंजीकरण अनिवार्य कर महिलाओं और बच्चों को कानूनी संरक्षण देने का कार्य किया गया है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में धर्मांतरण, लव जिहाद, लैंड जिहाद जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। दंगारोधी कानून और सख्त भू-कानून लागू कर राज्य को सुरक्षित और संरक्षित बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। ये सभी निर्णय उत्तराखंड को एक आदर्श और सुरक्षित राज्य बनाने की दिशा में मजबूत नींव हैं। राज्य सरकार प्रदेश को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।


इस अवसर पर स्वामी चिदानन्द मुनी महाराज, स्वामी यतीन्द्रानन्द गिरी, स्वामी कृष्ण गिरी, स्वामी भरत गिरी,  वरिष्ठ भाजपा नेता श्री श्याम जाजू, विधायक श्री दुर्गेश्वर लाल, अर्पित फाउण्डेशन की अध्यक्ष श्रीमती हनी पाठक और सामाजिक और सैनिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


देहरादून ;

 

During mock drill DM Dehradun reached NIC


Mock drill in dehradun district regarding air attack by civil abd defence security


युद्व के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा, राहत एवं बचाव को लेकर बुधवार को राजधानी देहरादून में सिविल डिफेंस द्वारा हवाई हमले का मॉक अभ्यास किया गया।


जनपद में संचालित जिला आपदा परिचालन केंद्र में अपराह्न 4ः10 बजे शहर में हवाई हमले की सूचना प्राप्त हुई। आईआरएस के रिस्पांसिबल ऑफिसर/जिलाधिकारी सविन बंसल ने घटना पर शहर वासियों को सायरन के माध्यम से अलर्ट करवाते हुए जिले में इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम को सक्रिय किया गया। जिलाधिकारी ने एनआईसी में स्थापित कंट्रोल रूम पहुंचकर आईआरएस की कमान सभाली। हवाई हमले के दौरान पूरे एरिया में ब्लैक आउट किया गया।  


सिविल डिफेंस द्वारा हमला होने पर 4ः15 बजे रेड अलर्ट सायरन बजाया गया। कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि आईएसबीटी और एमडीडीए कॉलोनी देहरादून मे बमबारी की घटना घटित हुई है। मिसाइल हमले से एमडीडीएम कॉलोनी में एक बिल्डिंग ध्वस्त होने से कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना मिली।


 जिलाधिकारी ने आईआरएस से जुड़े सभी नोडल अधिकारियों को अपने कार्यक्षेत्र में उपस्थित होने और राहत एवं बचाव कार्य करने के दिशा निर्देश दिए गए। रेस्क्यू टीम को तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना किया गया। रेस्क्यू टीम द्वारा 4ः36 बजे घटनास्थल पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इस घटना में 05 लोग मृतक और 23 लोग घायल दिखाए गए। घायलों को रेस्क्यू कर एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया। अपराह्न 6.08 बजे एमडीडीए कॉलोनी में सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हुआ। एमडीडीए कॉलोनी से 10 पुरुष, 14 महिलाएं, 12 बच्चे सहित कुल 36 लोगों को बस से शेल्टर होम पहुंचाया गया।  


वही दूसरी घटना में अपराह्न 4.44 बजे आईएसबीटी में बम विस्फोट से भगदढ़ की सूचना प्रसारित की गई। जिलाधिकारी ने तत्काल एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड, मेडिकल सहित टास्कफोर्स को घटना स्थल के लिए रवाना किया। रेस्क्यू टीम ने 4ः54 बजे घटना स्थल पर पहुंच कर भगदढ़ को नियंत्रित कर सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। इस घटना में 02 लोगों को मृत्यु, 05 गंभीर घायल और 01 सामान्य घायल व्यक्ति को रेस्क्यू कर एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया। सायं 6.05 बजे आईएसबीटी में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया गया। 

 

जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह कंट्रोल रूम से दोनों घटना स्थलों पर राहत एवं बचाव कार्याे की पल-पल मॉनिटरिंग कर रहे थे। जिलाधिकारी के निर्देशन पर दोनों घटना स्थल पर क्षति आकलन करते हुए इसकी रिपोर्ट कंट्रोल रूम को दी गई। मॉक अभ्यास में शामिल लोगों को इंस्टीडेंट कमांडर द्वारा ब्रीफ किया गया और मॉक अभ्यास को समाप्त किया गया। मॉक अभ्यास के दौरान जिला प्रशासन की पूरी आईआरएस के नोडल अधिकारी मौजूद थे।

www.satyawani.com @ All rights reserved

www.satyawani.com @All rights reserved
Blogger द्वारा संचालित.